
TRENDING NEWS










Uttarakhand Weather | Heavy Rain Alert| Red Alert : उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई जिलों में सड़कें मलबा और भूस्खलन की वजह से बाधित हैं…जबकि मौसम विभाग ने शुक्रवार को कई क्षेत्रों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार उधम सिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल और बागेश्वर में भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट लागू है।
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए चंपावत, उधम सिंह नगर, हरिद्वार, पिथौरागढ़, नैनीताल, चमोली, देहरादून और पौड़ी गढ़वाल में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।
देहरादून में लगातार बारिश के बीच जिलाधिकारी आशीष चौहान ने संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने सहस्रधारा, कार्लीगढ़ और सपेरा बस्ती सहित कई इलाकों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
सहस्रधारा-सरोना मार्ग पर कई स्थानों पर मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने तुरंत जेसीबी मशीनें लगाकर सड़क साफ करने और मार्ग को जल्द बहाल करने के निर्देश दिए हैं। वहीं नदी किनारे रहने वाले परिवारों की सुरक्षा, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।
जिला प्रशासन के अनुसार कई ग्रामीण सड़कें भूस्खलन की वजह से बंद हुई हैं…जिन्हें खोलने का काम लगातार जारी है। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है।
Dehradun | TreePlantation | MDDA : एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने देहरादून में सड़क डिवाइडरों पर चल रहे पौधरोपण अभियान का अचानक निरीक्षण किया। कार्यालय जाते समय उन्होंने पौधरोपण कार्य को देखकर वाहन रुकवाया और मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पौधों की गुणवत्ता, सिंचाई, सुरक्षा और रखरखाव की व्यवस्था देखी। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के साथ स्वयं भी पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पौधरोपण अभियान की सफलता केवल पौधे लगाने में नहीं…बल्कि उन्हें सुरक्षित रखकर वृक्ष बनने तक उनका संरक्षण करने में है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हरित उत्तराखंड के विजन के तहत एमडीडीए ने इस वर्ष देहरादून में एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। इसके तहत शहर के प्रमुख मार्गों, सड़क डिवाइडरों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर बड़े स्तर पर पौधरोपण किया जा रहा है।
एमडीडीए का उद्देश्य देहरादून को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाना है। अधिकारियों का कहना है कि पौधरोपण के साथ-साथ उनकी नियमित सिंचाई और संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है…ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में बड़े वृक्ष बन सकें।
Champawat | HealthDepartment | CMOOrder : जनपद चंपावत के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. देवेश चौहान ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए नया निर्देश जारी किया है। अब विभाग से जुड़ी किसी भी जानकारी, टिप्पणी या बयान को बिना अनुमति मीडिया के सामने नहीं रखा जा सकेगा।
सीएमओ ने कहा कि हाल के दिनों में कुछ अधिकारी और कर्मचारी स्वास्थ्य सेवाओं तथा विभिन्न मामलों को लेकर सीधे मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इसे विभागीय अनुशासन के विरुद्ध मानते हुए स्पष्ट किया गया है कि अब स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक जानकारी, उपलब्धियां और जनजागरूकता से संबंधित सूचनाएं केवल अधिकृत स्तर से ही जारी की जाएंगी।
उन्होंने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने स्तर पर किसी भी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक या अन्य मीडिया को बयान न दें। यदि किसी कर्मचारी ने बिना अनुमति मीडिया से बातचीत की या विभाग की ओर से कोई टिप्पणी की….तो उसके खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य विभागीय सूचनाओं में एकरूपता बनाए रखना और आधिकारिक जानकारी ही सार्वजनिक करना है।
pushkar Singh Dhami | Banking | SLBC | Uttarakhand : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) की 97वीं बैठक में बैंकिंग सेवाओं, ऋण वितरण, वित्तीय समावेशन और स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य के आर्थिक विकास में बैंकों की अहम भूमिका है…और किसानों, युवाओं, महिलाओं तथा उद्यमियों तक ऋण की पहुंच सरल और तेज होनी चाहिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने बागेश्वर, पौड़ी, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और टिहरी जैसे जिलों में कम ऋण-जमा अनुपात पर चिंता जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि इन जिलों में नियमित ऋण शिविर लगाए जाएं और जिला प्रशासन, लीड बैंक तथा संबंधित विभाग मिलकर पात्र लोगों को समय पर ऋण उपलब्ध कराएं। उन्होंने राष्ट्रीय औसत के अनुरूप राज्य का ऋण-जमा अनुपात बढ़ाने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले पात्र लोगों के आवेदन केवल तकनीकी कारणों से निरस्त न किए जाएं। यदि किसी आवेदन में कमी हो तो बैंक आवेदकों का मार्गदर्शन कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य ने वार्षिक ऋण योजना में लगभग 96 प्रतिशत और एमएसएमई क्षेत्र में 111 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है। इसे सकारात्मक बताते हुए उन्होंने बैंकों से और बेहतर प्रदर्शन करने की अपेक्षा जताई।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना-2.0, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्वरोजगार योजना, होम-स्टे योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं में पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन, पर्यटन और स्थानीय उत्पादों से जुड़े उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए बैंकिंग सहयोग बढ़ाने की बात भी कही।
बैठक में डिजिटल बैंकिंग और डिजिटल भुगतान को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा वित्तीय समावेशन को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। वहीं मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने साइबर ठगी पर त्वरित कार्रवाई के लिए हेल्पलाइन 1930 से प्रमुख बैंकों को जोड़ने का सुझाव दिया…ताकि शिकायतों का तेजी से निस्तारण किया जा सके।
Nainital | SchoolHoliday | HeavyRain : मौसम विभाग की ओर से भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद नैनीताल जिला प्रशासन ने 10 जुलाई (शुक्रवार) को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
जिला प्रशासन के अनुसार मौसम विभाग ने जिले में अत्यधिक बारिश, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर की संभावना जताई है। लगातार हो रही वर्षा के कारण नदियों, नालों और गधेरों का जलस्तर बढ़ने के साथ भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई 10 जुलाई को बंद रहेगी। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा गया है कि आदेश की अनदेखी करने पर संबंधित संस्थान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग तथा जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
HaridwarRain | UttarakhandWeather |HeavyRain : उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश का असर हरिद्वार में साफ देखने को मिला। गुरुवार सुबह हुई तेज बारिश से शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया…जिससे लोगों की दिनचर्या और यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। कई प्रमुख चौराहों और सड़कों पर पानी भरने से वाहन फंस गए और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
भगत सिंह चौक, चंद्राचार्य चौक और सिटी अस्पताल के आसपास सड़कों पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया। जलभराव के कारण कई वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए। रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एक निजी बस भी पानी में फंस गई…जबकि एक कार को लोगों ने धक्का लगाकर बाहर निकाला। कई दोपहिया वाहन भी पानी में बंद हो गए।
बारिश का असर बाजारों पर भी पड़ा। कनखल के लाटोवाली क्षेत्र और ज्वालापुर बाजार में सड़कों पर पानी भर गया। कई दुकानों में बारिश का पानी घुसने से व्यापारियों को नुकसान की आशंका है। घरों और दुकानों के बाहर खड़े वाहन भी पानी में आधे डूबे दिखाई दिए।
मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि बारिश से कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी है। नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचकर जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से पानी निकासी का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
वही हरिद्वार-नजीबाबाद मार्ग पर गैंडीखाता क्षेत्र में एक पुलिया का हिस्सा धंस गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही उत्तराखंड रोडवेज की बस पुलिया में फंस गई। चालक की सतर्कता से बस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में बस के टायर क्षतिग्रस्त हो गए…लेकिन सभी यात्री सुरक्षित रहे। फिलहाल मार्ग के आधे हिस्से से यातायात संचालित किया जा रहा है और मौसम सामान्य होने के बाद पुलिया की मरम्मत शुरू की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
Tanmay Verma: Player: Haldwani: क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि खष्टी देवी इंटर कॉलेज, हल्दूचौड़ के कक्षा 10 के छात्र तन्मय वर्मा का चयन भारतीय जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 8 से 13 सितंबर तक चीन में आयोजित की जाएगी, जहां तन्मय भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
तन्मय का चयन एकल (Singles) और युगल (Doubles) दोनों स्पर्धाओं के लिए किया गया है। उनका चयन 29 जून से 7 जुलाई तक बेंगलुरु में आयोजित यूनेस्को सनराइज अखिल भारतीय जूनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ।
तन्मय की इस उपलब्धि से विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। बुधवार को खष्टी देवी इंटर कॉलेज में आयोजित एक सम्मान समारोह में विद्यालय परिवार ने तन्मय को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सच्चिदानंद दुम्का, अध्यक्ष मोहन चंद्र दुर्गापाल, प्रबंधक इंदर बिष्ट, शिक्षक देवेश गुणवंत, राजेश बमेठा, चंद्रशेखर दुम्का सहित अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि तन्मय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर देश और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।
Badrinath Temple | Donation Scam | Uttarakhand News : बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) की चार सदस्यीय जांच टीम ने बुधवार को कई घंटे तक सीसीटीवी फुटेज, दान गणना से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच की। साथ ही गणना प्रक्रिया से जुड़े कर्मचारियों और संबंधित लोगों से भी पूछताछ की गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में 2 जुलाई की दान गणना के समय एक कर्मचारी की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई देने की बात सामने आई है। जांच टीम के अनुसार फुटेज में वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल मोबाइल के नीचे नोटों के बंडल छिपाकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी आधार पर बदरीनाथ कोतवाली में उनके खिलाफ गबन का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में उन्हें पहले ही निलंबित किया जा चुका है।
जांच टीम ने उन कर्मचारियों से भी पूछताछ की…जो सामान्य रूप से दान गणना प्रक्रिया में शामिल रहते हैं। कई कर्मचारियों ने कहा कि 2 जुलाई की गणना के लिए उन्हें सूचना ही नहीं दी गई थी। वहीं साधु-संतों और अन्य संबंधित लोगों के भी बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि पूरी घटना की निष्पक्ष जांच हो सके।
इस बीच शासन द्वारा गठित उच्चस्तरीय जांच समिति ने भी जांच का दायरा बढ़ा दिया है। मंडलायुक्त की अध्यक्षता वाली समिति जल्द बदरीनाथ धाम पहुंचकर मौके पर जांच करेगी और सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूछताछ करेगी।
मामले के बीच अब वीआईपी दर्शन शुल्क भी जांच के घेरे में आ गया है। आरोप है कि 29 जून से कुछ श्रद्धालुओं से वीआईपी दर्शन के नाम पर प्रति व्यक्ति 1,100 रुपये लिए गए…जबकि इस संबंध में बदरी-केदार मंदिर समिति के बोर्ड से कोई औपचारिक प्रस्ताव पारित नहीं हुआ था।
मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने स्पष्ट किया कि बोर्ड बैठक में केवल पूजा शुल्क में संशोधन पर चर्चा हुई थी, वीआईपी दर्शन शुल्क को मंजूरी नहीं दी गई थी। ऐसे में यह भी जांच का अहम विषय बन गया है कि बिना बोर्ड की स्वीकृति के यह शुल्क किस आधार पर लिया गया।
फिलहाल दान हेराफेरी और वीआईपी दर्शन शुल्क दोनों मामलों की अलग-अलग और विस्तृत जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Uttarakhand Rain Alert | School Holiday | Weather Update : उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने 9 जुलाई के लिए कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने देहरादून, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिले में सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चम्पावत जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
देहरादून में कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र 9 जुलाई को बंद रहेंगे। इसी तरह नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में भी सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी स्कूलों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित की गई है।
बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। टिहरी जिले के कद्दूखाल क्षेत्र में भूस्खलन होने से एक पुरानी खाली इमारत ढह गई। राहत की बात यह रही कि प्रशासन ने पहले ही आसपास के भवनों और अस्थायी आश्रयों को खाली करा दिया था….जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा केवल प्रशासन और मौसम विभाग की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है। बारिश के दौरान आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से तुरंत संपर्क करने की भी सलाह दी गई है।
Uttarakhand Weather | Heavy Rain Alert | IMD Forecast : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तराखंड में 9 और 10 जुलाई को कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 9 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चम्पावत जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट रहेगा।
10 जुलाई को पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, चम्पावत और बागेश्वर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से पहाड़ी और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतने, नदी-नालों और बरसाती गधेरों से दूर रहने तथा मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करने की सलाह दी है।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि संभावित आपदा से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन, उपकरण और मानव बल की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए 24 घंटे सतर्क रहें।