आज संभलकर निकलें! उत्तराखंड के 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, प्रशासन भी अलर्ट

Weather Alert | Heavy Rain | Uttarakhand : उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर लोगों के लिए परेशानी बढ़ा रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। भारी बारिश के कारण कई जगह जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने आज कई जिलों में बारिश और गरज के साथ बौछारों की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार नैनीताल, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और बारिश के तेज दौर की भी संभावना है।

बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। कई संपर्क मार्गों पर आवाजाही प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है। वहीं नदी और नालों का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन ने इनके आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

देहरादून में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शहर और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है….जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी देखने को मिल सकती है। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी होने पर ही पहाड़ी इलाकों की यात्रा करें। घर से निकलने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है। सभी जिलाधिकारियों को भी अलर्ट रहने और आपदा से निपटने के लिए तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

भारी बारिश की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी अलर्ट मोड पर हैं।

आपदा प्रबंधन विभाग के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इस मानसून सीजन में भारी बारिश और प्राकृतिक आपदाओं से जुड़ी घटनाओं में 55 लोगों की मौत हुई है…जबकि 49 लोगों के घायल होने की सूचना है। प्रदेश में 1,330 से अधिक भवन भी आपदा से प्रभावित हुए हैं।

आंकड़ों के मुताबिक 68 भवनों को अत्यधिक नुकसान हुआ है….23 भवन पूरी तरह ध्वस्त हुए हैं और 1,239 भवनों को आंशिक क्षति पहुंची है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *