
TRENDING NEWS










Uttarakhand: Dhami Government:Dhruv Rautela: उत्तराखंड में धामी सरकार के कार्यकाल में बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं की “लॉटरी” खुली है। लगातार अलग-अलग बोर्ड, आयोग और समितियों में दायित्वधारियों की नियुक्तियां की जा रही हैं।
राज्य सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार कई नए चेहरों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। नैनीताल निवासी वरिष्ठ पत्रकार ध्रुव रौतैला को मीडिया सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं टिहरी के विनोद सुयाल को युवा कल्याण सलाहकार समिति में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
चंपावत से मुकेश महराना को चाय विकास सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि कुलदीप सिंह बुटोला को उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद का अध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रमुख खेम सिंह चौहान को उत्तराखंड ओबीसी आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। टिहरी गढ़वाल की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण को जड़ी-बूटी सलाहकार समिति में उपाध्यक्ष बनाया गया है।
चारु कोठारी को राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि चंपावत निवासी सुश्री हरिप्रिया जोशी को उत्तराखंड राज्य महिला आयोग में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लगातार हो रही इन नियुक्तियों को आगामी चुनावी तैयारियों और संगठन को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।
Haldwani: LPG: Distribution: हल्द्वानी के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी गैस वितरण को लेकर शनिवार का रोस्टर जारी कर दिया गया है। काठगोदाम गैस सर्विस, हल्द्वानी गैस सर्विस, क्षितिज इंडियन गैस एजेंसी और आशीर्वाद इंडेन गैस एजेंसी द्वारा यह रोस्टर तैयार किया गया है।
जारी रोस्टर के अनुसार, 26 मार्च तक गैस बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को शनिवार को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। वितरण कार्य ‘फीफो’ यानी पहले बुकिंग, पहले डिलीवरी के आधार पर किया जाएगा।
काठगोदाम गैस सर्विस के अंतर्गत काठगोदाम आदर्श कॉलोनी, हैड़ाखान, पंतनगर कॉलोनी, शांति नगर, मोटिया पड़ाव, सुभाष नगर, आवास विकास, जवाहर नगर, दमुवाढूंगा, चौफुला चौराहा, रानीबाग और शीशमहल सहित कई क्षेत्रों में गैस वितरण किया जाएगा।
वहीं, अन्य एजेंसियों के रोस्टर के अनुसार कठघरिया, बमोरी, हिमालयन कॉलोनी, तल्ली बमोरी, आजाद नगर, कमलुवागांजा, रामपुर रोड, नवाबी रोड, नैनीताल रोड और हिमालयन मल्ला जैसे क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की सप्लाई की जाएगी।
गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपनी बुकिंग की स्थिति के अनुसार निर्धारित दिन पर ही गैस प्राप्त करें, ताकि वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
Uttarakhand: Madarsa Board: Education: उत्तराखंड में मदरसा शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक बड़ा और महत्वपूर्ण बदलाव लागू होने जा रहा है। राज्य सरकार ने 1 जुलाई से मदरसा बोर्ड को भंग करने का निर्णय लिया है, जिसके बाद सभी मदरसों को नई नियमावली के तहत संचालित करना अनिवार्य होगा। नई व्यवस्था के अनुसार, मदरसों को उत्तराखंड अल्पसंख्यक प्राधिकरण की धारा 14 के तहत निर्धारित 11 सख्त शर्तों को पूरा करना होगा, जिनमें मान्यता प्राप्त शिक्षकों की नियुक्ति, राज्य शिक्षा परिषद से संबद्धता, संस्थान का पंजीकरण, पारदर्शी वित्तीय व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना शामिल है।
सरकार का उद्देश्य मदरसों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ना और छात्रों को आधुनिक व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष मुफ्ती शमून काश्मी के अनुसार अब मदरसों में पढ़ाई राज्य शिक्षा बोर्ड के सिलेबस के अनुसार होगी, जिसमें दिन के समय सामान्य विषयों की पढ़ाई और धार्मिक शिक्षा अलग समय में कराई जाएगी। राज्य में वर्तमान में 482 मान्यता प्राप्त मदरसों में 50 हजार से अधिक छात्र अध्ययनरत हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नई व्यवस्था के तहत छात्रों को अब हाईस्कूल और इंटर के समकक्ष प्रमाण पत्र मिलेंगे, जिससे उनके लिए आगे की पढ़ाई और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। सरकार ने यह भी संकेत दिए हैं कि छोटे और बड़े मदरसों के लिए अलग-अलग व्यवस्था लागू की जाएगी और शुरुआती चरण में संस्थानों को नियमों के अनुरूप ढलने के लिए समय भी दिया जा सकता है।
Uttarakhand: Almora: Mahipal: Social Media: देघाट क्षेत्र के ग्राम चक केलानी में एक ऐसा भावुक मिलन देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके को भावुक कर दिया। यहां के निवासी महिपाल सिंह 30 साल बाद अपने परिवार से मिल पाए। यह चमत्कार किसी खोज अभियान से नहीं, बल्कि एक कुमाऊंनी लोकगीत के वीडियो के जरिए संभव हुआ।
जानकारी के अनुसार, महिपाल सिंह वर्ष 1993 में रोजगार की तलाश में दिल्ली गए थे। उस समय उनकी बेटी मात्र दो महीने की थी। इसके बाद उनका परिवार से संपर्क पूरी तरह टूट गया। पत्नी बीना देवी और बेटी दिव्या ने वर्षों तक उनके लौटने का इंतजार किया, लेकिन समय बीतने के साथ उम्मीदें धुंधली पड़ने लगीं।
इस बीच कुमाऊंनी लोक गायिका अनीता रजवार के लोकप्रिय गीत “घुघूती” की शूटिंग महिपाल के घर में भी हुई थी। जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, तो महिपाल, जो उस समय “नंदराम दास” नाम से फेसबुक चला रहे थे, ने अपने घर को पहचान लिया। उन्होंने वीडियो पर बार-बार कमेंट कर दावा किया कि यह उनका ही घर है।
शुरुआत में लोगों को संदेह हुआ, लेकिन अनीता रजवार के पति ने प्रोफाइल की जांच की और मामले को गंभीरता से लिया। इसके बाद महिपाल के परिवार से संपर्क साधा गया और फेसबुक के माध्यम से उनकी लोकेशन प्राप्त की गई।
परिवार के लोग जब महिपाल को लेने पहुंचे और वह अपने गांव लौटे, तो 30 साल बाद पत्नी और पति का मिलन हुआ। सबसे भावुक क्षण तब आया जब उनकी बेटी दिव्या ने पहली बार अपने पिता को देखा। यह दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
यह अनोखी कहानी अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और सोशल मीडिया की ताकत का एक जीवंत उदाहरण भी बन गई है।
Uttarakhand: Weather: Update: News: Rain: Alert: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 3 अप्रैल से 8 अप्रैल तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। इस दौरान प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक 3 अप्रैल को प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बारिश के आसार हैं। देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि हरिद्वार समेत अन्य जिलों में हल्की बारिश दर्ज होने की संभावना है। उधम सिंह नगर में इस दिन मौसम अपेक्षाकृत साफ रह सकता है।
4 अप्रैल को पहाड़ी जिलों—उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। मैदानी जिलों में भी हल्की बारिश हो सकती है।
5 और 6 अप्रैल को पूरे राज्य में मौसम सक्रिय रहेगा। सभी जिलों में कहीं न कहीं हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी। पहाड़ी क्षेत्रों में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रह सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश का दौर रहेगा।
7 अप्रैल को भी मौसम खराब बना रहेगा। खासकर पहाड़ी जिलों में 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी और कई जगहों पर बारिश की संभावना है। वहीं 8 अप्रैल को भी प्रदेशभर में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने बताया कि पहले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद फिर गिरावट दर्ज की जाएगी। ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के बीच सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Uttarakhand News: Railway Updates: Train: पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर मंडल में ऑटोमेटिक ब्लॉक सिगनलिंग कार्य के चलते कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है। रेलवे प्रशासन ने प्री-नॉन इंटरलॉक और नॉन इंटरलॉक कार्य के कारण कुछ ट्रेनों को री-शेड्यूल करने और कुछ को नियंत्रित करने का निर्णय लिया है।
रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पूर्णिया कोर्ट से 2 अप्रैल 2026 को चलने वाली 14617 पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर एक्सप्रेस को 160 मिनट, 3 अप्रैल को 180 मिनट और 4 अप्रैल को 210 मिनट की देरी से चलाया जाएगा। वहीं, अमृतसर से 1 और 2 अप्रैल को चलने वाली 14618 अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस 165 मिनट तथा 3 अप्रैल को 195 मिनट देरी से रवाना होगी।
इसके अलावा, 3 अप्रैल को किशनगंज से चलने वाली 15715 किशनगंज-अजमेर एक्सप्रेस को 120 मिनट री-शेड्यूल किया गया है। नियंत्रित ट्रेनों की बात करें तो 1 और 2 अप्रैल को डिब्रुगढ़ से चलने वाली 15909 डिब्रुगढ़-लालगढ़ एक्सप्रेस को मार्ग में 20 मिनट और 3 अप्रैल को 50 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा।
वहीं, 2 अप्रैल को लालकुआं से चलने वाली 05060 लालकुआं-कोलकाता स्पेशल ट्रेन 45 मिनट और 3 अप्रैल को 15671 कामाख्या-रोहतक एक्सप्रेस को 115 मिनट तक मार्ग में नियंत्रित किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।
Uttarakhand News: Roadways: Bus: Khatima: उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में बुधवार शाम नेशनल हाईवे पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खटीमा से हरिद्वार जा रही रोडवेज बस पर बाइक सवार युवकों ने हमला कर दिया। इस घटना में बस चालक घायल हो गया, जबकि करीब 40 यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई। हालांकि चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, टनकपुर निवासी चालक शारदा शंकर खटीमा डिपो की बस लेकर हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। शाम करीब चार बजे गदरपुर के पास दो बाइक सवार युवकों ने बस को ओवरटेक कर चालक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने बस पर पथराव कर दिया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि गदरपुर और केलाखेड़ा के बीच हमलावरों के 6 से 8 अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बस को घेरकर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में बस के शीशे टूट गए और चालक शारदा शंकर घायल हो गए। बस के अंदर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और माहौल दहशत भरा हो गया।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने साहस दिखाया और बस को तेज गति से निकालते हुए सीधे दोराहा पुलिस चौकी पहुंचा दिया, जहां बस को सुरक्षित खड़ा किया । सीओ विभव सैनी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया, लेकिन इस घटना ने हाईवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Uttarakhand: Congress: Harish Rawat: Harish Dhami: उत्तराखंड कांग्रेस में 28 मार्च को हुई छह नेताओं की ज्वाइनिंग के बाद शुरू हुआ विवाद अब गहराता जा रहा है। पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है और हालात बगावत की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत रामनगर के नेता संजय नेगी को कांग्रेस में शामिल कराना चाहते थे, लेकिन उनकी इस मांग को तवज्जो नहीं दी गई। इससे नाराज होकर हरीश रावत 15 दिन के राजनीतिक अवकाश पर चले गए। उनके इस कदम के बाद पार्टी के भीतर उनके समर्थक नेताओं की सक्रियता बढ़ गई है।
सबसे पहले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने खुलकर हरीश रावत का समर्थन किया। इसके बाद वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत ने पलटवार करते हुए हरीश रावत पर तीखी टिप्पणी कर दी, जिससे विवाद और बढ़ गया।
अब धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने इस मुद्दे पर खुलकर मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर पार्टी नेतृत्व को चेतावनी दी और हरीश रावत के समर्थन में खड़े हो गए। धामी ने साफ कहा कि वे पूर्व मुख्यमंत्री का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे।
इतना ही नहीं, हरीश धामी ने हरीश रावत समर्थकों से सामूहिक इस्तीफे तक की अपील कर दी है, जिससे कांग्रेस के भीतर हलचल और तेज हो गई है। उन्होंने हरक सिंह रावत के बयान को निंदनीय बताते हुए पार्टी में सम्मानजनक व्यवहार की मांग की है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर यह विवाद जल्द नहीं सुलझा, तो आने वाले समय में कांग्रेस को संगठनात्मक स्तर पर बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है। फिलहाल, पार्टी के भीतर जारी यह खींचतान उत्तराखंड की राजनीति में नई हलचल पैदा कर रही है।
Dehradun Brigadier Case | Mukesh Joshi Funeral | CM Dhami | Law And Order | Uttarakhand News : देहरादून में गोलीकांड के शिकार हुए सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी का आज अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके बेटे ने अंतिम संस्कार की रस्में निभाईं। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उनके आवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी।
मुख्यमंत्री धामी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि इस घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को प्रदेश में ऑपरेशन चलाकर असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि 30 मार्च को राजपुर क्षेत्र में हुए विवाद के दौरान फायरिंग में ब्रिगेडियर जोशी इसकी चपेट में आ गए थे…जिससे उनकी मौत हो गई थी।
पुलिस ने मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है और जांच जारी है। घटना के बाद प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठे हैं।
Uttarakhand Farmers | ITBP Agreement | Vibrant Village Program | Pushkar Singh Dhami | Local Products : उत्तराखंड के किसानों के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में ‘वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम’ के तहत ITBP और उत्तराखंड औद्यानिक परिषद के बीच समझौता हुआ है। इस समझौते के तहत अब ITBP को स्थानीय स्तर पर फल और सब्जियों की आपूर्ति की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने इसे किसानों और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास की दिशा में अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे जवानों को ताजा और पौष्टिक खाद्य सामग्री मिलेगी…वहीं किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा।
इस व्यवस्था से चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, चंपावत और देहरादून जैसे क्षेत्रों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
सरकार का मानना है कि इस पहल से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में भी बढ़ोतरी होगी।