उत्तराखंड में चुनाव से पहले EC की बड़ी कार्रवाई, चार उम्मीदवार तीन साल के लिए अयोग्य

Election Commission | Uttarakhand Election | Disqualification : उत्तराखंड में अगले विधानसभा चुनाव से पहले भारत निर्वाचन आयोग ने बड़ी कार्रवाई की है। आयोग ने विधानसभा चुनाव-2022 में चुनाव लड़ने वाले चार उम्मीदवारों को तीन साल के लिए चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित किया है।

यह कार्रवाई लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 10क के तहत की गई है। आयोग के आदेश के मुताबिक निरर्हता की अवधि के दौरान ये चारों व्यक्ति संसद के किसी भी सदन या राज्य की विधानसभा अथवा विधान परिषद का सदस्य चुने जाने के लिए पात्र नहीं होंगे।

इन चार उम्मीदवारों पर हुई कार्रवाई

आयोग के आदेश के अनुसार 15-चकराता (अ.ज.जा.) विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले रामानन्द सिंह को तीन वर्ष के लिए निरर्हित किया गया है। वह देहरादून जिले के त्यूनी क्षेत्र के रहने वाले हैं।

18-धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले बलबीर कुमार तलवार को भी तीन साल के लिए चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित किया गया है।

इसी तरह 20-राजपुर रोड (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले कमलेश माथुर पर भी तीन वर्ष की निरर्हता लागू की गई है।

वहीं 24-ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले जगजीत सिंह को भी आयोग ने तीन साल के लिए चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित किया है।

आदेश के बाद तीन साल तक लागू रहेगी निरर्हता

भारत निर्वाचन आयोग ने इन सभी मामलों में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 10क के तहत आदेश जारी किया है। आयोग के अनुसार निरर्हता आदेश जारी होने की तारीख से तीन वर्ष तक प्रभावी रहेगी।

इस कार्रवाई के बाद इन चारों उम्मीदवारों के लिए तय अवधि तक चुनाव लड़ने का रास्ता बंद रहेगा। आयोग के आदेश का असर संसद और राज्य की विधानसभा या विधान परिषद की सदस्यता के लिए पात्रता पर भी पड़ेगा।

थूकने के बाद बांट रहा था दूध…CCTV सामने आया तो रुद्रपुर में भड़का आक्रोश

Rudrapur | CCTV Video | Police Investigation : शहर के रविंद्र नगर इलाके में दूध बांटने वाले एक व्यक्ति का वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दूध बांटने के दौरान उसने डोल को मुंह के पास ले जाकर उसमें थूका। घटना के बाद लोगों ने दूधिए को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

मामला वार्ड नंबर 35 रविंद्र नगर का बताया जा रहा है। बुधवार को दूधिया अपनी बाइक खड़ी करने के बाद घरों में दूध पहुंचा रहा था। इसी दौरान CCTV कैमरे में उसकी गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक दूध देने के बाद जब वह वापस आया तो उसने बड़े डोल से दूध छोटे डोल में डाला। इसी दौरान उसने छोटे डोल को मुंह के पास ले जाया। इस दृश्य को देखकर लोगों ने उस पर दूध में थूकने का आरोप लगाया और मौके पर हंगामा शुरू हो गया।

कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर आवास विकास चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए पुलिस संबंधित व्यक्ति को अपने साथ ले गई…ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता जोगेंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। बताया गया है कि CCTV फुटेज भी पुलिस को सौंपा गया है।

सीओ विभव सैनी ने कहा कि मामला पुलिस के संज्ञान में आया है और संबंधित व्यक्ति को थाने लाया गया है। CCTV समेत पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने दूध बेचने वाले बाहरी लोगों के सत्यापन की मांग भी उठाई है। वहीं पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधि वास्तव में क्या थी और आरोप कितने सही हैं।

CM धामी से मिलने जा रहे थे ठुकराल, पुलिस ने समर्थकों समेत रास्ते में ही हिरासत में लिया

Health Services | Rudrapur Hospital |Rajkumar Thukral : उधम सिंह नगर के रुद्रपुर जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। गुरुवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं से जुड़ा ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें समर्थकों के साथ हिरासत में ले लिया।

राजकुमार ठुकराल अपने समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जिला अस्पताल में खाली पड़े विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों को भरने की मांग करना चाहते थे। उनका कहना है कि रुद्रपुर जिला अस्पताल जिले का प्रमुख सरकारी अस्पताल है…जहां बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं।

ठुकराल के अनुसार अस्पताल में पर्याप्त विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं होने के कारण कई मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त खर्च और परेशानी बढ़ती है।

पूर्व विधायक ने कहा कि उनका उद्देश्य मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में किसी तरह का व्यवधान पैदा करना नहीं था। वह केवल जिला अस्पताल की समस्या को मुख्यमंत्री के सामने रखना चाहते थे। उन्होंने सरकार से अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की जल्द नियुक्ति करने की मांग की।

वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रुद्रपुर दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश को लेकर भी सख्ती बरती गई।

मुख्यमंत्री धामी गुरुवार को रुद्रपुर के जेसीज पब्लिक स्कूल ग्राउंड में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में शामिल हुए। बारिश के बावजूद कार्यक्रम निर्धारित समय के अनुसार आयोजित किया गया।

मुख्यमंत्री के पहुंचने पर विद्यार्थियों ने उनका स्वागत किया। धामी ने भी बच्चों का अभिवादन स्वीकार किया और कार्यक्रम स्थल की ओर जाते समय विद्यार्थियों से हाथ मिलाया। इस दौरान छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कॉमनवेल्थ में भारत का शानदार प्रदर्शन! सीमा ने जीता ब्रॉन्ज, जैस्मिन ने पदक किया पक्का

CommonwealthGames2026 |SeemaKaliraman | JaismineLamboria | IndianAthletes : ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। हरियाणा की दो बेटियों ने देश का मान बढ़ाया है। डिस्कस थ्रो में सीमा कालीरमन ने कांस्य पदक अपने नाम किया…जबकि मुक्केबाज जैस्मिन लम्बोरिया ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर भारत के लिए एक और पदक पक्का कर दिया है।

सीमा कालीरमन ने जीता कांस्य पदक

महिला डिस्कस थ्रो स्पर्धा में हरियाणा की सीमा कालीरमन ने 58.65 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर कांस्य पदक हासिल किया। मुकाबले की शुरुआत उनके लिए आसान नहीं रही और पहला प्रयास फाउल रहा…लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए तीसरे प्रयास में बेहतरीन प्रदर्शन किया और पोडियम पर जगह बनाई।

सीमा की इस उपलब्धि पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। सीमा की जीत के बाद उनके गांव और ससुराल में जश्न का माहौल है। लोगों ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई और उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणा बताया।

सीमा तीन साल के बच्चे की मां हैं और वर्तमान में फिजिकल एजुकेशन में पीएचडी की पढ़ाई भी कर रही हैं। उन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद लगातार मेहनत कर यह उपलब्धि हासिल की है।

जैस्मिन लम्बोरिया ने पक्का किया पदक

वहीं महिला 57 किलोग्राम बॉक्सिंग वर्ग में भारत की जैस्मिन लम्बोरिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड की एलिस ग्लिन को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने भारत के लिए कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित कर दिया है।

जैस्मिन ने पूरे मुकाबले में आत्मविश्वास और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। अब उनकी नजर फाइनल में पहुंचकर स्वर्ण पदक जीतने पर है। उन्होंने कहा कि पिछली बार कांस्य पदक मिला था…लेकिन इस बार वह उससे बेहतर प्रदर्शन कर देश के लिए स्वर्ण जीतना चाहती हैं।

भारतीय खिलाड़ियों के लगातार शानदार प्रदर्शन से कॉमनवेल्थ गेम्स में देश की पदक उम्मीदें और मजबूत हो गई हैं। खेल प्रेमियों को अब सीमा और जैस्मिन से आगे भी बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है।

भारत की अरुंधति चौधरी फाइनल में, अब गोल्ड मेडल से सिर्फ एक जीत दूर

ArundhatiChoudhary | CommonwealthGames | IndianBoxing : भारतीय महिला मुक्केबाज अरुंधति चौधरी ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 70 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने इंग्लैंड की रोजी रसेल को 4-0 से हराकर स्वर्ण पदक की उम्मीदों को और मजबूत कर दिया।

शुक्रवार शाम खेले गए मुकाबले में अरुंधति ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले दो राउंड में उन्होंने निर्णायकों का भरोसा जीत लिया। तीसरे राउंड में भी अधिकांश निर्णायकों ने उनके पक्ष में फैसला दिया…जिसके चलते उन्होंने 4-0 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

अब अरुंधति चौधरी का मुकाबला 1 अगस्त को फाइनल में इंग्लैंड की चैंटेल रीड से होगा। चैंटेल ने दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया की लेकीशा पेरगोलिटी को 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया है। भारतीय समयानुसार यह मुकाबला रात 9:30 बजे खेला जाएगा।

अरुंधति की इस उपलब्धि से उनके परिवार और कोटा में खुशी का माहौल है। उनके पिता सुरेश चौधरी ने विश्वास जताया कि उनकी बेटी फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक जीत सकती है। उनकी मां ने भी बेटी की सफलता पर गर्व जताया।

गौरतलब है कि अरुंधति ने इससे पहले क्वार्टर फाइनल में न्यूजीलैंड की मॉर्गन हेंडरसन को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। वर्तमान में वह भारतीय सेना में हवलदार के पद पर कार्यरत हैं और लगातार अपने प्रदर्शन से देश का नाम रोशन कर रही हैं।

अब पूरे देश की निगाहें 1 अगस्त को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं…जहां अरुंधति के पास राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने का सुनहरा मौका होगा।

बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा खुलासा, मुख्य आरोपी ने पूछताछ में कबूला जुर्म

Badrinath | SITInvestigation | Chamoli : बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) को जांच के दौरान बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल ने पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में चोरी की घटना में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है।

जानकारी के मुताबिक आरोपी को चार दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर कई चरणों में पूछताछ की गई। शुरुआत में वह लगातार आरोपों से इनकार करता रहा…लेकिन जांच टीम ने जब उसे सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्य दिखाए तो उसने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

जांच के दौरान पुलिस पहले ही आरोपी के सरकारी आवास से नकदी, सोने के आभूषण, शालिग्राम, चांदी की मूर्ति, चांदी का नाग, नेपाली मुद्रा सहित कई अन्य सामान बरामद कर चुकी है। इसके अलावा चोरी गया सोने का मणि जड़ित मुकुट भी बरामद किया जा चुका है। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ आगे बढ़ाई गई।

हालांकि जांच अभी पूरी नहीं हुई है। SIT अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में आरोपी अकेला था या उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद प्रमोद नौटियाल को न्यायिक अभिरक्षा में पुरसाड़ी जेल भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यदि आगे की जांच में आवश्यकता पड़ी तो दोबारा पुलिस रिमांड लेने के लिए अदालत से अनुमति मांगी जाएगी।

SIT ने स्पष्ट किया है कि जांच अभी जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है…तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उत्तराखंड: शेर सिंह के बाद अब इस पुलिसकर्मी ने भी खोला मोर्चा, विभाग ने तुरंत लिया बड़ा एक्शन

UttarakhandPolice | Pithoragarh | ViralVideo : उत्तराखंड पुलिस के एक और आरक्षी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में पिथौरागढ़ में तैनात आरक्षी अमित कुमार ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए घटनाक्रम का जिक्र करते हुए अपनी नाराजगी व्यक्त की और इस्तीफा देने की बात कही।

जानकारी के अनुसार अमित कुमार वर्तमान में उत्तराखंड पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात हैं। पुलिस विभाग का कहना है कि उन्हें 23 जुलाई को कांवड़ मेला ड्यूटी के लिए हरिद्वार भेजा गया था। 30 जुलाई को उनका पुलिस वर्दी में बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया…जिसके बाद विभाग ने मामले का संज्ञान लिया।

वीडियो में आरक्षी अमित कुमार ने पुलिस कर्मी शेर सिंह का समर्थन करते हुए कहा कि वह भी अपनी नौकरी से इस्तीफा देना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने पुलिस कर्मियों के ग्रेड पे को लेकर भी अपनी बात रखी।

इस मामले में पिथौरागढ़ पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि संबंधित आरक्षी के खिलाफ पहले भी अनुशासनहीनता, ड्यूटी में लापरवाही और विभागीय निर्देशों का पालन न करने से जुड़े मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। विभाग के अनुसार शिकायतों के आधार पर उनका पूर्व में तबादला भी किया गया था।

पुलिस का कहना है कि वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर इस तरह का वीडियो जारी करना विभागीय नियमों, सरकारी सेवक आचरण नियमावली और पुलिस अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरक्षी अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस उपाधीक्षक गोविंद बल्लभ जोशी ने कहा कि विभागीय अनुशासन और सेवा नियमों के विरुद्ध किसी भी प्रकार का आचरण स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कोई कर्मचारी नियमों का उल्लंघन करता है…तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले पुलिस कर्मी शेर सिंह का भी एक वीडियो चर्चा में आया था। उस मामले में भी उत्तराखंड पुलिस ने स्पष्ट किया था कि संबंधित कर्मचारी पहले से निलंबित था और उसके खिलाफ विभागीय एवं अन्य कानूनी मामलों में कार्रवाई चल रही है। पुलिस ने कहा था कि ऐसे मामलों में विभाग कानून और सेवा नियमों के अनुसार ही कार्रवाई करता है।

उत्तराखंड के क्रिकेटर लक्ष्य ने श्रीलंका में लगाया रनों का अंबार, 153 से ज्यादा की औसत से बनाए रन

Lakshya Rai Chandani: Cricket: Uttarakhand: CAU: उत्तराखंड के युवा बल्लेबाज लक्ष्य रायचंदानी ने भारत अंडर-19 टीम के लिए श्रीलंका दौरे पर अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। वनडे और टेस्ट दोनों सीरीज में लक्ष्य ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए कुल 420 रन बनाए और भारतीय टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई। श्रीलंका दौरे पर उन्होंने वनडे सीरीज की दो पारियों में 52 और 61 रन की शानदार पारियां खेलकर 113 रन बनाए। वहीं टेस्ट सीरीज में लक्ष्य का बल्ला और भी ज्यादा गरजा। उन्होंने तीन पारियों में 307 रन बनाए, जिसमें 207 रन की यादगार दोहरी शतकीय पारी और नाबाद 100 रन की शानदार पारी शामिल रही। इस प्रदर्शन के साथ वह टेस्ट सीरीज के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल रहे।

घरेलू क्रिकेट में भी लक्ष्य रायचंदानी लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। उत्तराखंड की ओर से खेले गए 4 प्रथम श्रेणी मुकाबलों में उन्होंने 223 रन बनाए हैं, जिसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं। उनकी निरंतरता और तकनीकी बल्लेबाजी ने उन्हें उत्तराखंड क्रिकेट का उभरता सितारा बना दिया है।

17 वर्षीय लक्ष्य रायचंदानी के इस शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें भारतीय क्रिकेट कहना गलत नही होगा। हालांकि लक्ष्य को लगातार इस तरह का प्रदर्शन करना होगा। अभी उनके सीनियर क्रिकेट करियर की शुरुआत हो रही है और ऐसे में उन्हें भारतीय टीम के लिए अगर दावेदारी करने है तो रनों का अंबार खड़ा करना होगा।

सृष्टि कंडारी मौत मामले में बड़ा एक्शन, CM धामी ने दिए CB-CID जांच के आदेश

SrishtiKandari | PushkarSinghDhami CBCIDInvestigation : सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में अब जांच नए स्तर पर पहुंच गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसकी CB-CID जांच कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की पारदर्शी जांच होना जरूरी है…ताकि सच्चाई सामने आ सके।

मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गृह सचिव को CB-CID से जांच कराने के लिखित आदेश जारी किए। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर की जाए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जांच के दौरान यदि कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

अब इस मामले की जांच CB-CID करेगी और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तार से पड़ताल की जाएगी। इस फैसले के बाद मामले की जांच को लेकर लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं ।