उत्तराखंड के इस प्राचीन शिव मंदिर के लिए उठी मांग, सीएम धामी से लगाई गुहार

Uttarakhand | Lakhamandal Temple | CM Pushkar Singh Dhami : उत्तराखंड की प्राचीन शिव नगरी लाखामंडल को धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग उठी है। मंदिर पुजारी समिति ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपील की है। समिति का कहना है कि बेहतर सुविधाएं मिलने से इस ऐतिहासिक स्थल पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ सकती है और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिल सकते हैं।

देहरादून जिले की चकराता तहसील क्षेत्र में स्थित लाखामंडल अपनी धार्मिक मान्यताओं, प्राचीन शिव मंदिर और ऐतिहासिक महत्व के लिए जाना जाता है। यहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। समिति का मानना है कि बुनियादी सुविधाओं में सुधार होने से यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन के साथ शीतकालीन पर्यटन के लिए भी अधिक आकर्षक बन सकता है।

लाखामंडल शिव मंदिर पुजारी समिति के कोषाध्यक्ष बाबूराम शर्मा ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कई मांगें उठाई हैं। उन्होंने लाखामंडल के नजदीकी बरनीगाड़ से सड़क चौड़ीकरण कराने की जरूरत बताई है…ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यहां पहुंचने में सुविधा हो सके।

इसके साथ ही मंदिर क्षेत्र के आसपास पर्याप्त पार्किंग, शौचालय और पेयजल की व्यवस्था करने की मांग भी की गई है। समिति का कहना है कि इन सुविधाओं के अभाव में पर्यटकों और श्रद्धालुओं को परेशानी हो सकती है। बेहतर व्यवस्था होने से यहां आने वाले लोगों का अनुभव भी बेहतर होगा।

समिति ने लाखामंडल के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के महत्वपूर्ण स्थलों के संरक्षण की मांग की है। इसके साथ ही इस पौराणिक नगरी के महत्व का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील भी की गई है।

समिति का मानना है कि लाखामंडल की धार्मिक पहचान और ऐतिहासिक विरासत के बारे में अधिक लोगों को जानकारी मिलेगी….तो यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ सकती है।

लाखामंडल में पर्यटन गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय दुकानदारों, होटल संचालकों और अन्य कारोबार से जुड़े लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं।

बाबूराम शर्मा ने कहा कि इस क्षेत्र में शीतकालीन पर्यटन के लिए भी पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में यदि सड़क, पार्किंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर किया जाता है…तो लाखामंडल को पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *