उत्तराखंड में मौसम को लेकर अपडेट, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना

Uttarakhand: Rain: Weather: उत्तराखंड में मौसम विभाग की ओर से नया अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स की मानें तो 10 मई को मौसम साफ रहेगा और तेज बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि ऊंचाई वाले पर्वतीय इलाकों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि 11 मई से एक बार फिर मौसम करवट लेगा। प्रदेश के कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही चमोली, उत्तरकाशी और अल्मोड़ा जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हो सकती है।

प्रदेश में अल्मोड़ा लगातार सबसे ठंडे इलाकों में बना हुआ है। शुक्रवार को यहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 11 और 12 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

वहीं दूसरी ओर मैदानी इलाकों में गर्मी का असर बना हुआ है। हरिद्वार के रुड़की में शुक्रवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 35 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि शनिवार को यहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।

हल्द्वानी में शराब की दुकान में छापेमारी, ओवर रेटिंग पकड़ी गई और हुआ चालान

Haldwani: Raid: Liqour: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में विभिन्न शिकायतों के आधार पर देसी मदिरा दुकान कालाढूंगी रोड पर ओवररेटिंग की शिकायत के संबंध में शुक्रवार को आबकारी विभाग द्वारा आकस्मिक निरीक्षण एवं जांच कार्यवाही की गई।

जांच के दौरान दुकान पर उपलब्ध स्टॉक, विक्रय रजिस्टर एवं निर्धारित मूल्य सूची का निरीक्षण किया गया और ओवर रेट पर चालानी कार्यवाही की गयी।

इसके साथ ही उपस्थित कर्मचारियों को शासन द्वारा निर्धारित मूल्य पर ही मदिरा विक्रय किए जाने हेतु कड़े निर्देश दिए गए। साथ ही उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि न लिए जाने के संबंध में चेतावनी दी गई।


आबकारी विभाग द्वारा जनहित में इस प्रकार की कार्यवाहियां निरंतर जारी रहेंगी।।निरीक्षण टीम में आबकारी निरीक्षक डीएस बिष्ट आदि उपस्थित रहे।

पुश्तैनी जमीन का विवाद,डीएम नैनीताल ने एक और लाइसेंसी शस्त्र निरस्त किया

हल्द्वानी: चंपावत में पुश्तैनी जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस अधीक्षक चंपावत की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 में भैरवा चौराहा, चंपावत निवासी महेंद्र कुमार (मूल निवासी लोहारियासाल, हल्द्वानी) ने अपने लाइसेंसी शस्त्र से दिनेश तड़ागी पर फायरिंग कर दी, जिससे वह घायल हो गए। दोनों पक्ष आपस में बिरादरान बताए जा रहे हैं और लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था।

घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल ललित मोहन रयाल ने महेंद्र कुमार तड़ागी के नाम जारी .38 बोर रिवॉल्वर और सिंगल बैरल बंदूक, दोनों शस्त्र लाइसेंसों को आयुध अधिनियम, 1959 की धारा 17(3) के तहत निरस्त कर दिया है।

पंजाब किंग्स के पुराने खिलाड़ी का हुआ निधन, कोहली ने भी अपने दोस्त के लिए किया पोस्ट

Cricket: Punjab: Cricketer: Amanpreet Singh Gill: पंजाब क्रिकेट जगत से दुखद खबर सामने आई है। पंजाब के पूर्व क्रिकेटर अमनप्रीत सिंह गिल का 36 वर्ष की उम्र में चंडीगढ़ में निधन हो गया। उनके अचानक निधन से घरेलू क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। अमनप्रीत एक मिडियम पेसर थे और अपने शांत स्वभाव व समर्पण के लिए जाने जाते थे।

अमनप्रीत सिंह गिल ने साल 2007 में भारत की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व किया था। इस दौरान उन्होंने विराट कोहली समेत कई युवा खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया। उन्होंने भारत के लिए पांच यूथ वनडे और एक यूथ टेस्ट मैच खेला था। अपने यूथ टेस्ट करियर में उन्होंने श्रीलंका के पूर्व ऑलराउंडर थिसारा परेरा का विकेट भी लिया था। हालांकि वह 2008 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा नहीं बन सके थे।

घरेलू क्रिकेट में अमनप्रीत ने पंजाब की ओर से छह फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले। इसके अलावा वह आईपीएल के पहले सीजन में Punjab Kings (तत्कालीन किंग्स इलेवन पंजाब) टीम का भी हिस्सा रहे। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी वे खेल से जुड़े रहे और पंजाब सीनियर चयन समिति के सदस्य के रूप में सेवाएं दे रहे थे।

Punjab Cricket Association ने आधिकारिक बयान जारी कर उनके निधन पर गहरा दुख जताया। एसोसिएशन ने कहा कि अमनप्रीत ने समर्पण और जुनून के साथ पंजाब क्रिकेट की सेवा की और उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। जानकारी के अनुसार उनका अंतिम संस्कार चंडीगढ़ के मनीमाजरा श्मशान घाट में किया जाएगा।

चंपावत में पुलिस की प्रेस, सामूहिक दुष्कर्म को बताया झूठा

Uttarakhand: Champawat: चंपावत में बीते दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित रेप मामले में अब बड़ा खुलासा सामने आया है। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि नाबालिग लड़की ने न्यायालय के समक्ष रेप की पुष्टि नहीं की है। साथ ही लड़की ने बयान में कहा है कि उसने दबाव में आकर रेप के आरोप लगाए थे।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बताया कि मामले की जांच में राजनीतिक रंजिश का एंगल सामने आया है। पुलिस के अनुसार इस पूरे कथित षड्यंत्र के पीछे पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कमल रावत का हाथ बताया जा रहा है, जो पहले भी गंभीर आरोपों में घिर चुका है। एसपी के मुताबिक आरोपी ने नाबालिग के बुजुर्ग और बीमार पिता का इलाज कराने का झांसा देकर परिवार को अपने प्रभाव में लिया और लड़की को इस मामले में मोहरा बनाया।

पुलिस ने यह भी बताया कि जांच के दौरान जब मेडिकल रिपोर्ट सामने आई तो उसमें रेप की पुष्टि नहीं हो सकी। मेडिकल परीक्षण में न तो शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान मिले और न ही किसी तरह के जबरदस्ती के संकेत पाए गए। इसके बाद पुलिस का शक और गहरा हो गया।

प्रशासन ने कहा है कि मामले की हर पहलू से निष्पक्ष जांच की जा रही है और यदि किसी ने साजिश के तहत झूठा मामला गढ़कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

चंपावत में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म ! पुलिस ने तीन के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

Uttarakhand: Champawat: Police: उत्तराखंड के चंपावत जिले के सल्ली क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ तीन युवकों ने हथियारों के बल पर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने बीमार पिता का इलाज कराने के लिए गांव से चंपावत आई थी। 5 मई 2026 की शाम जब वह घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। पिता द्वारा दी गई तहरीर के मुताबिक, विनोद सिंह रावत नामक युवक उनकी बेटी को शादी के बहाने सल्ली ले गया था। देर रात पीड़िता से संपर्क टूटने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान, अगली सुबह करीब 4:00 बजे नाबालिग एक डेयरी के कमरे में नग्न अवस्था और रस्सियों से बंधी हुई मिली।

पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि सल्ली निवासी तीन आरोपियों—पूरन सिंह रावत, विनोद सिंह रावत और नवीन सिंह रावत—ने उसके गले पर चाकू और बसुला जैसे धारदार हथियार रखकर जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। हैवानियत की हदें पार करते हुए आरोपियों ने वारदात के बाद नाबालिग को रस्सी से बांधकर कमरे में बाहर से ताला लगा दिया और मौके से फरार हो गए। इस जघन्य अपराध की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और फॉरेंसिक टीम ने तत्काल घटनास्थल पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए।

चंपावत पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(2), 127(2), 351(2) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 5/6 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और क्षेत्र में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की है।

बनभूलपुरा हिंसा मामला में सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दी बेल,आत्मसमर्पण के दिए निर्देश

Banbhulpura : Supreme Court: उत्तराखंड के चर्चित बनभूलपुरा हिंसा कांड में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए मामले के दो मुख्य आरोपियों जावेद सिद्दीकी और अरशद अयूब को मिली डिफॉल्ट बेल रद्द कर दी है। सर्वोच्च अदालत ने दोनों आरोपियों को दो सप्ताह के भीतर ट्रायल कोर्ट के समक्ष आत्मसमर्पण करने के निर्देश दिए हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने उत्तराखंड हाईकोर्ट के उस आदेश को निरस्त कर दिया, जिसमें दोनों आरोपियों को डिफॉल्ट बेल दी गई थी। राज्य सरकार ने विशेष अनुमति याचिका दायर कर हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती दी थी, जिस पर सुनवाई के बाद सुप्रीम कोर्ट ने यह आदेश जारी किया।

जावेद सिद्दीकी और अरशद अयूब पर बनभूलपुरा हिंसा के दौरान दंगा भड़काने, साजिश रचने और हिंसा फैलाने जैसे गंभीर आरोप हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ यूएपीए (UAPA) के तहत भी मुकदमा दर्ज है।

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि हाईकोर्ट ने तथ्य और कानून दोनों के स्तर पर गंभीर त्रुटि की। अदालत ने माना कि जांच एजेंसी पर देरी का आरोप उचित नहीं था, क्योंकि मामले की संवेदनशीलता और व्यापकता को देखते हुए जांच तेजी से आगे बढ़ रही थी। कोर्ट ने यह भी कहा कि रिकॉर्ड के अनुसार 90 दिनों के भीतर 65 गवाहों के बयान दर्ज किए गए थे, जबकि हाईकोर्ट ने केवल 12 गवाहों के बयान दर्ज होने की बात मानकर टिप्पणी की थी।

गौरतलब है कि 8 फरवरी 2024 को हल्द्वानी के बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की बड़ी घटना हुई थी। उपद्रवियों ने पुलिस थाने को निशाना बनाया था और पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया था। हिंसा में सार्वजनिक संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा था, जिसके बाद पुलिस ने मामले में यूएपीए समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

बाड़ेछीना: सूबेदार राजेंद्र सिंह को अगले महीने होना था सेवानिवृत्त,तिरंगे में लिपटकर पहुंचे गांव

Uttarakhand: Rajendra Singh Painwal: Almora: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद से एक दुखद खबर सामने आई है। बाड़ेछीना क्षेत्र के रहने वाले भारतीय सेना के सूबेदार राजेंद्र सिंह पैनवाल का मणिपुर में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद हार्ट अटैक आने से उनका देहांत हो गया। इस खबर के बाद परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

सोमवार सुबह जागेश्वर श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया। सेना के जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी दी और श्रद्धासुमन अर्पित किए। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और नम आंखों से वीर सैनिक को विदाई दी।

जानकारी के अनुसार सूबेदार राजेंद्र सिंह पैनवाल अगले महीने सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही उनका निधन हो गया। उनके अचानक चले जाने से परिवार पर गहरा दुख टूट पड़ा है। घर में मातम का माहौल है। उनकी माता देवकी देवी, पत्नी आनंदी देवी, पुत्र भगवान सिंह और सागर पैनवाल तथा पुत्री शिवानी का रो-रोकर बुरा हाल है।

जैसे ही उनके निधन की सूचना पैतृक गांव बाड़ेछीना पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। ग्रामीणों ने उन्हें अनुशासित, बहादुर और देशभक्ति की मिसाल बताया। अंतिम संस्कार के दौरान सेना के कई अधिकारी और जवान मौजूद रहे, जिन्होंने अपने साथी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

देश की सेवा में जीवन समर्पित करने वाले इस वीर जवान को लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। उनकी कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना हमेशा याद की जाएगी।

उत्तराखंड के शहर में पहुंची मिजोरम पुलिस और एक स्पा सेंटर में छापे के बाद हुआ बड़ा खुलासा

Uttarakhand: Rudrapur: Racket: Police: ऊधम सिंह नगर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर की आड़ में संचालित देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने मिजोरम पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी कर गाबा चौक स्थित एक स्पा सेंटर से कई लोगों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि शहर के एक स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। इसके बाद संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए “ब्यूटी क्वीन स्पा एंड सैलून” में छापा मारा। जांच के दौरान सामने आया कि स्पा की आड़ में बाहरी राज्यों से लाई गई युवतियों से देह व्यापार कराया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान संचालक समेत कुल छह लोगों को हिरासत में लिया गया। वहीं मिजोरम की पांच युवतियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। पुलिस अब युवतियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें किन परिस्थितियों में यहां लाया गया और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।

प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि गिरोह काफी समय से सक्रिय था और सुनियोजित तरीके से युवतियों को इस अवैध धंधे में धकेला जा रहा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मानव तस्करी और देह व्यापार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई को अहम बताया है।

उत्तराखंड में बारिश को लेकर नया अपडेट, अपने जिले का जाने हाल

Uttarakhand: Alert: Weather: Rain: उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में मौसम का मिजाज फिलहाल बदला हुआ रहेगा। प्रदेश के पहाड़ों में अगले दो दिनों तक बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को मई महीने में भी ठंड का एहसास हो रहा है।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. रोहित थपलियाल के अनुसार छह और सात मई को उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। खासतौर पर 3600 से 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक आठ से दस मई के बीच अधिकांश मैदानी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ इलाकों में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद 11 मई को एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 7.7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया, जबकि मैदानी इलाकों में भी तापमान में 6.7 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक-दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद पारा तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे गर्मी फिर से बढ़ने लगेगी।