
TRENDING NEWS










Nainital: Almora: Ias Lalit Mohan Rayal: राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह बुधवार अल्मोड़ा के उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया।
इस वर्ष के लिए 32 संस्थानों, संगठनों, व्यक्तियों, समूहों को उनके द्वारा किए गए नवाचारी एवं सतत पहलों के लिए सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त जिला स्तरीय एसडीजी की वार्षिक रैंकिंग में 6 जनपदों को शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कृत किया गया। इसमें जनपद नैनीताल भी शामिल है, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को अल्मोड़ा में मुख्यमंत्री ने सम्मानित करते हुए उन्हें बधाई दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एसडीजी अचीवर्स अवार्ड समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज का यह अवसर उन सभी व्यक्तित्वों और संस्थाओं को सम्मानित करने का है जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार, उत्कृष्ट कार्य एवं समाजहित में अनुकरणीय योगदान दिया है। उन्होंने सभी महानुभावों एवं संस्थाओं का स्वागत और अभिनंदन करते हुए कहा कि ऐसे कर्मयोगियों के बीच उपस्थित होना उनके लिए गौरव का विषय है, जिन्होंने अपने समर्पण, परिश्रम और संकल्प के बल पर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की प्राप्ति की दिशा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 32 ऊर्जावान औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों ने यह सिद्ध किया है कि मजबूत इरादों और सीमित संसाधनों के बावजूद असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं तथा साधारण से असाधारण की यात्रा तय की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य को प्रत्येक वर्ष अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन जब पर्यावरण और विकास साथ-साथ चलते हैं तभी संतुलित एवं स्थायी विकास संभव होता है। यदि दोनों अलग-अलग हो जाएं तो विकास अधूरा रह जाता है। इकोलॉजी और इकोनॉमी की इसी सोच के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में उत्तराखंड 10वें स्थान पर था, जबकि ताजा रिपोर्ट के अनुसार आज राज्य पूरे देश में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि अभी भी कई ऐसे पैरामीटर हैं जिनमें और बेहतर कार्य करने की आवश्यकता है तथा सरकार उन क्षेत्रों में भी तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन, गरीब कल्याण, सीमांत क्षेत्रों के विकास, बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में राज्य सरकार लगातार प्रभावी कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि एसडीजी में प्रथम स्थान प्राप्त करना इस बात का प्रमाण है कि उत्तराखंड की विकास यात्रा सही दिशा में आगे बढ़ रही है। विकसित भारत के निर्माण में उत्तराखंड भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है तथा प्रदेश के समग्र विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। प्रत्येक क्षेत्र के लिए विशेष नीति बनाए जाने से राज्य के समग्र विकास को गति मिली है।
उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों का परिणाम है कि राज्य की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है तथा प्रति व्यक्ति आय में 4.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। साथ ही बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4 प्रतिशत की कमी लाकर उत्तराखंड ने राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है।
उन्होंने कहा कि बीते चार वर्षों में उद्योग, स्टार्टअप, हेलीकॉप्टर सेवा, हाईवे निर्माण, ग्रीन एनर्जी एवं बिजली उत्पादन जैसे क्षेत्रों में हुए सकारात्मक बदलावों का ही परिणाम है कि राज्य में रिवर्स पलायन में वृद्धि दर्ज की गई है। अब लोग अपने पैतृक गांवों की ओर लौट रहे हैं तथा स्थानीय स्तर पर विभिन्न प्रकार के रोजगार एवं स्वरोजगार अपनाकर प्रदेश के विकास में भागीदारी निभा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि स्तरीय एसडीजी की वार्षिक रैंकिंग में प्रथम स्थान रुद्रप्रयाग को मिला। द्वितीय स्थान उत्तरकाशी तथा नैनीताल ने प्राप्त किया। तृतीय स्थान पर बागेश्वर, चमोली तथा टिहरी शामिल हैं।
SummerCamp | EnglishLearning | PMShriSchool | Haldwani | GirlsEducation | EducationNews : हल्द्वानी के पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 7 दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ किया गया। कैंप का उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. नीरज पांडे ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य ने छात्राओं को समर कैंप के उद्देश्य और इसकी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इसके बाद सभी छात्राओं ने अपना परिचय देकर कैंप में उत्साहपूर्वक भागीदारी दिखाई।
कैंप का संचालन संगीता सिलवानो और डॉ. दीपशिखा जोशी द्वारा किया गया। पहले दिन शिक्षिकाओं ने रोल प्ले के माध्यम से छात्राओं को अंग्रेजी भाषा के बेसिक प्रयोग सिखाए। छात्राओं ने भी रोल प्ले में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई।
विद्यालय की छात्राएं कोमल मेलकानी, वंशिका, हिमांशी, जिया, शिवानी और पलक समेत कई छात्राओं ने कैंप की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे कार्यक्रम में छात्राओं का उत्साह देखने लायक रहा।
शिक्षिकाओं ने कहा कि कैंप का मुख्य उद्देश्य छात्राओं की अंग्रेजी भाषा को समझने, सीखने और बोलने में आने वाली कठिनाइयों को दूर करना है…ताकि छात्राएं आत्मविश्वास के साथ संवाद कर सकें।
CMDhami | SocialMedia | Haldwani | UttarakhandNews | DigitalIndia | FakeNarrative | YouthPower | Influencers | ContentCreators | BreakingNews | PushkarSinghDhami | DigitalAmbassador | UttarakhandYouth | SocialMediaManthan : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित “सोशल मीडिया मंथन विथ सीएम धामी” कार्यक्रम में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स, डिजिटल वॉलेंटियर्स और युवाओं के साथ संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक सोच, सत्य और राष्ट्रहित के लिए करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का प्लेटफॉर्म नहीं…बल्कि समाज को जागरूक करने और सकारात्मक बदलाव लाने का बड़ा माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में अपार प्रतिभा है और वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए प्रदेश और देश की सकारात्मक तस्वीर दुनिया तक पहुंचा सकते हैं।
सीएम धामी ने युवाओं को फेक नैरेटिव, भ्रामक सूचनाओं और समाज को बांटने वाली ताकतों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी और तथ्यपरक जानकारी साझा करना हर युवा की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया को जनसंवाद का मजबूत माध्यम बनाया है और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप, नवाचार, खेल, संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवा प्रदेश के डिजिटल ब्रांड एम्बेसडर बनकर राज्य की संस्कृति, परंपरा और देवभूमि की पहचान को दुनिया तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, महापौर गजराज सिंह बिष्ट समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
Haldwani | Kumaon Media Centre | CM Dhami | Journalists | Media Hub | Uttarakhand News : मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में कुमाऊं मीडिया सेंटर भवन का शिलान्यास किया। करीब 6 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक मीडिया सेंटर कुमाऊं मंडल के पत्रकारों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मीडिया सेंटर सिर्फ एक भवन नहीं…बल्कि पत्रकारों के लिए एक आधुनिक और सुविधाजनक कार्यस्थल होगा। उन्होंने कहा कि अब कुमाऊं के पत्रकारों को कई जरूरी कामों के लिए देहरादून नहीं जाना पड़ेगा…जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।
सीएम धामी ने कहा कि मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, हाई-स्पीड इंटरनेट, डिजिटल स्टूडियो, लाइब्रेरी, कैंटीन और गेस्ट रूम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों को भी यहां ठहरने की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों और सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। पत्रकार कल्याण कोष को बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये किया गया है। साथ ही अधिस्वीकृत पत्रकारों और उनके परिवारों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा दी जा रही है। वरिष्ठ पत्रकारों को हर महीने पेंशन भी प्रदान की जा रही है।
उन्होंने पत्रकारों से सकारात्मक पत्रकारिता करने और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारों की कलम लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सरिता आर्या, मेयर गजराज सिंह बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
Uttarakhand: Tila Sen: Mount Everest: उत्तराखंड की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और साहस का परचम लहरा रही हैं। इसी कड़ी में ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र की बेटी तिला सेन ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह कर पूरे उत्तराखंड और देश का नाम रोशन किया है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की पहली सर्व महिला पर्वतारोही टीम का हिस्सा बनकर तिला सेन ने 8,848 मीटर ऊंची एवरेस्ट चोटी पर तिरंगा फहराकर इतिहास रच दिया।
खटीमा क्षेत्र के चारूबेटा गांव निवासी तिला सेन ने कठिन मौसम, बर्फीले तूफानों और दुर्गम रास्तों का सामना करते हुए यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। साधारण परिवार से आने वाली तिला की सफलता आज पूरे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है। उनकी इस उपलब्धि से खटीमा सहित पूरे उत्तराखंड में खुशी और गर्व का माहौल है।
तिला सेन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चारूबेटा से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज नैनीताल और उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा हासिल की। वर्ष 2021 में एसएससी जीडी के माध्यम से उनका चयन भारत-तिब्बत सीमा पुलिस में हुआ। वर्तमान में वह आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी लोहाघाट, चम्पावत में तैनात हैं।
आईटीबीपी की पहली सर्व महिला एवरेस्ट अभियान टीम में शामिल तिला सेन ने नेपाल के साउथ कोल रूट से एवरेस्ट अभियान पूरा किया। 19 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली से शुरू हुए इस विशेष अभियान में कुल 14 सदस्य शामिल थे, जिनमें 11 महिला पर्वतारोही थीं। तमाम कठिनाइयों को पार करते हुए टीम ने 21 मई 2026 को सुबह 6 बजकर 52 मिनट पर एवरेस्ट शिखर पर पहुंचकर तिरंगा फहराया।
तिला सेन के परिवार में पांच बहनें और दो भाई हैं। उनकी एक बड़ी बहन सहायक अभियोजन अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। तिला की इस ऐतिहासिक सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और हौसले के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
Uttarakhand: Weather: Heat Wave: उत्तराखंड इन दिनों भीषण गर्मी और हीट वेव की चपेट में है। राज्य के मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भी पारे में अप्रत्याशित बढ़ोतरी से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक मैदानी क्षेत्रों और उनसे सटे पहाड़ी इलाकों में हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है।
सोमवार को राजधानी देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में दिनभर चटक धूप खिली रही और दोपहर के समय लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। लगातार दूसरे दिन देहरादून का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस महीने अब तक चार दिन तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।
मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ों में भी तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। हालांकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आंशिक बादल छाने, हल्की बूंदाबांदी और यमुनोत्री समेत कुछ चोटियों पर हल्का हिमपात होने की सूचना भी मिली है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन के साथ बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि बाकी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। जिला नियंत्रण कक्षों को 24 घंटे सक्रिय रखने, अस्पतालों में ओआरएस, दवाइयों और जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं नगर निकायों को सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल, प्याऊ, अस्थायी शेड और विश्राम स्थलों की व्यवस्था करने को कहा गया है।
मौसम विभाग ने 29 और 30 मई को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज अंधड़ और ओलावृष्टि की संभावना जताई है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
Pushkar Singh Dhami | Encroachment Action | Land Law | Waqf Property | Monsoon Alert | Char Dham Yatra | Uttarakhand News | Virtual Meeting : मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सोमवार को खटीमा स्थित अपने निजी आवास से सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम सभाओं की सरकारी भूमि की भी जांच की जाए और भू कानून का उल्लंघन पाए जाने पर जमीन को राज्य सरकार में निहित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को वक्फ संपत्तियों का रिकॉर्ड उम्मीद पोर्टल पर नियमित रूप से जांचने और समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। साथ ही शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के लिए सख्त कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंस की जांच, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और वेरिफिकेशन अभियान तेज करने के निर्देश दिए। अवैध राशन कार्ड बनाकर सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने वाले अपात्र लोगों को चिन्हित करने पर भी जोर दिया गया।
आगामी मानसून को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में पहले से तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने और बिजली कटौती की स्थिति में पहले से सूचना देने के आदेश दिए।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की नियमित मॉनिटरिंग करने, श्रद्धालुओं से फीडबैक लेने और यात्रा मार्गों पर पेयजल व ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश भी दिए। वहीं मानसखंड यात्रा के तहत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य अगले महीने तक पूरा करने को कहा गया।
कृषि और बागवानी योजनाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पॉली हाउस, एप्पल मिशन और कीवी मिशन जैसी योजनाओं का लाभ वास्तव में किसानों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने परिणाम आधारित कार्य संस्कृति अपनाने पर जोर दिया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जोशीमठ समेत आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने और मानसून से पहले संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
Pushkar Singh Dhami | Haldwani News | Namaz Issue | Char Dham Yatra | Uttarakhand Politics | Law And Order | Traffic Management | Public Facilities : मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने हल्द्वानी में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून व्यवस्था, चारधाम यात्रा और जन सुविधाओं को लेकर अहम निर्देश दिए। बैठक में ट्रैफिक प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने खुले में नमाज पढ़ने के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि नमाज पढ़ने पर किसी प्रकार की रोक नहीं है…लेकिन यह केवल तय और चिन्हित स्थानों पर ही होनी चाहिए…ताकि आम लोगों और यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय चारधाम यात्रा चल रही है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। ऐसे में सरकार की प्राथमिकता है कि यात्रा मार्गों पर व्यवस्था सुचारु बनी रहे और यातायात बाधित न हो। उन्होंने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, पार्किंग, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार लगातार यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है…ताकि उत्तराखंड आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और उनकी यात्रा सुरक्षित व सुगम बनी रहे।
मुख्यमंत्री के सड़क पर नमाज को लेकर दिए गए बयान के बाद प्रदेश में राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है। विभिन्न राजनीतिक दल इस मुद्दे पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
IAS Apoorva Pandey: DM Bageshwar: उत्तराखंड शासन ने देर शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 19 आईएएस और 10 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। आगामी चुनावों और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से धामी सरकार ने लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियों में व्यापक बदलाव किया है। इस फेरबदल को शासन स्तर पर अहम रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
सबसे चर्चित बदलाव राजधानी देहरादून में जिलाधिकारी स्तर पर हुआ है। शासन ने आईएएस आशीष चौहान को नया जिलाधिकारी देहरादून नियुक्त किया है। वहीं वर्तमान जिलाधिकारी और स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सविन बंसल को सचिव नियोजन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आईएएस अपूर्वा पांडेय को जिलाधिकारी बागेश्वर बनाया गया है। वहीं आईएएस विनय शंकर पांडेय को सचिव स्वास्थ्य एवं नागरिक उड्डयन विभाग का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। स्वास्थ्य सचिव का पद संभाल रहे सचिन कुर्वे को केंद्र सरकार के लिए रिलीव कर दिया गया है।
नगर निगम देहरादून में भी बड़ा बदलाव किया गया है। नगर आयुक्त नमामि बंसल को विद्यालयी शिक्षा विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। उनकी जगह आलोक कुमार पांडेय को नगर आयुक्त देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है।
गढ़वाल मंडल में भी शासन ने बड़ा प्रशासनिक परिवर्तन करते हुए आईएएस आनंद स्वरूप को आयुक्त गढ़वाल मंडल नियुक्त किया है। वहीं आईएएस डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम को सचिव उच्च शिक्षा का दायित्व सौंपा गया है। यह जिम्मेदारी पहले डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा के पास थी, जिसे अब वापस ले लिया गया है।
आईएएस सोनिका से आयुक्त कर का अतिरिक्त प्रभार वापस लिया गया है। शासन ने आईएएस मनुज गोयल से मिशन निदेशक एनएचएम की जिम्मेदारी भी वापस लेते हुए यह दायित्व संदीप तिवारी को सौंप दिया है।
इसके अलावा आईएएस संजय कुमार को निदेशक समाज कल्याण बनाया गया है, जबकि आईएएस अभिषेक रूहेला को मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीएमजीएसवाई की जिम्मेदारी दी गई है। आईएएस सौरभ गहरवार को अपर सचिव आपदा प्रबंधन एवं यू-प्रिपेयर परियोजना निदेशक नियुक्त किया गया है।
आईएएस दीप्ति सिंह को निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम तथा निदेशक खेल एवं युवा कल्याण का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं आकांक्षा कोंडे को महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा एवं निदेशक कर्मचारी बीमा योजना का दायित्व सौंपा गया है।
शासन ने प्रतीक जैन को आयुक्त कर नियुक्त किया है। वहीं प्रवीण कुमार से अपर नगर आयुक्त नगर निगम देहरादून की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है।
पीसीएस अधिकारियों में भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। गिरधारी सिंह रावत को अपर सचिव सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इलागिरी को निदेशक दुग्ध विकास एवं निदेशक महिला डेयरी नियुक्त किया गया है।
सुंदर लाल सेमवाल को अपर सचिव सचिवालय प्रशासन बनाया गया है, जबकि फिंचाराम को अपर जिलाधिकारी पौड़ी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अनिल गर्ब्याल को महाप्रबंधक परिवहन निगम बनाया गया है।
इसके अलावा जितेंद्र कुमार को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार, योगेश मेहरा को डिप्टी कलेक्टर हरिद्वार तथा प्रमोद कुमार को डिप्टी कलेक्टर चंपावत नियुक्त किया गया है।
सचिवालय सेवा के अधिकारियों में महावीर सिंह को अपर सचिव लोक निर्माण विभाग और सुनील सिंह को अपर सचिव गृह विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी चुनावों से पहले प्रशासनिक मशीनरी को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार का फोकस अब विकास योजनाओं की मॉनिटरिंग, तेज क्रियान्वयन और बेहतर प्रशासनिक समन्वय पर दिखाई दे रहा है।
Haldwani: SIR: Voter List: उत्तराखण्ड में आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर ए पी बाजपेयी, नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी अध्यक्षता में गुरुवार को NIC साभगार तहसील हल्द्वानी में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों एवं उनके अधिकृत BLA-2 के साथ भौतिक बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित वर्चुअल माध्यम से अपर जिलाधिकारी प्रशासन द्वारा भी प्रतिभाग किया।
बैठक में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण हेतु निर्धारित संपूर्ण शैड्यूल एवं दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी। उन्होंने बताया कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता वोट के अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने बताया की SIR का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचन में सम्मिलित किया जाना तथा अपात्र मृत स्थानांतरित एवं डुप्लीकेट मतदाताओं को हटाकर निर्वाचक नामावली को शुद्ध एवं विश्वसनीय बनाना है
नगर मजिस्ट्रेट ने सभी पंजीकृत राष्ट्रीय राजनैतिक दलों से अपील की कि वे शत प्रतिशत अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त 25 मई तक कर एसआईआर कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग प्रदान करें उन्होंने बताया कि हल्द्वानी विधानसभा के 183 पोलिंग स्टेशन के सापेक्ष इंडियन नेशनल कांग्रेस द्वारा 127 एवं भारतीय जनता पार्टी द्वारा 178 बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति की गई है
नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि एसआईआर कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए इस कार्य में सभी की सहभागिता आवश्यक है ।
अपर जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विवेक राय ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से शीघ्र ही शतप्रतिशत बूथों में बीएलए नियुक्त करने का अनुरोध किया गया।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तृतीय चक्र में उत्तराखण्ड राज्य हेतु विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-
एस.आई.आर. पात्रता की तिथि 01 जुलाई, 2026
तैयारी प्रशिक्षण एवं मुद्रण 29 मई, 2026 से 07 जून, 2026
बीएलओ द्वारा घर-घर विजिट 08 जून, 2026 ये 07 जुलाई, 2026
मतदान केन्द्रों का युक्तिकरण 07 जुलाई, 2026
मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 14 जुलाई, 2026
दावे-आपत्तियों के दर्ज की अवधि 14 जुलाई, 2026 से 13 अगस्त, 2026
नोटिस फेज दावे-आपत्तियों का निस्तारण 14 जुलाई, 2026 से 11 सितम्बर, 2026
मतदाता सूची का अन्तिम प्रकाशन 15 सितम्बर, 2026
बैठक में तहसीलदार कुलदीप पांडेय, कोंग्रेस से गोविंद सिंह बगडवाल, गिरीश चंद्र पांडेय, भाजपा से मनीष कुमार पाल, बसपा से शिव गणेश, हरीश चंद्र आम आदमी पार्टी से अब्दुल कादिर, यूकेडी से हरीश जोशी एवं गिरीश तिवारी उपस्थित थे।