
TRENDING NEWS










PMVBRY Scheme | Haldwani News | Employment News | EPFO | Uttarakhand News : केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (पीएमवीबीआरवाई) का असर अब कुमाऊं में भी दिखाई देने लगा है। इस योजना के तहत हजारों युवाओं को रोजगार मिला है…जिससे युवाओं के साथ-साथ स्थानीय संस्थानों को भी बड़ा फायदा हो रहा है।
जानकारी के अनुसार अब तक कुमाऊं के 2721 संस्थानों ने इस योजना का लाभ उठाते हुए 32,818 युवाओं को रोजगार दिया है। योजना का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) और ग्रामीण क्षेत्रों सहित सभी सेक्टरों में रोजगार के अवसर बढ़ाना और कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ना है।
योजना के तहत एक अगस्त 2025 से 31 जुलाई 2027 के बीच दी गई नौकरियों पर सरकार की ओर से प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। पहली बार नौकरी पाने वाले कर्मचारियों को एक महीने के ईपीएफ वेतन के बराबर सहायता राशि मिलती है…जिसकी अधिकतम सीमा 15 हजार रुपये तय की गई है।
ईपीएफओ के अनुसार योजना से जुड़े 2721 संस्थानों में से 2529 संस्थानों को लाभ मिलना शुरू हो चुका है। हालांकि 192 संस्थानों के ट्रेड नेम और पैन में अंतर होने के कारण उन्हें अभी लाभ नहीं मिल पाया है। विभाग ने ऐसे संस्थानों को सुधार के लिए निर्देश दिए हैं।
क्षेत्रीय आयुक्त आकाश वर्मा ने कहा कि योजना को लेकर कुमाऊं में अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। संस्थानों को ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार देने और कर्मचारियों को ईपीएफओ से जोड़ने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
वहीं कर्मचारियों की भविष्य निधि (पीएफ) जमा नहीं करने वाले डिफाल्टर ठेकेदारों पर भी अब सख्ती की जाएगी। ईपीएफओ ने ऐसे ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी शुरू कर दी है। सहायक आयुक्त दयानिधि वत्स ने बताया कि केंद्र सरकार ने हाल ही में वित्तीय नियमों में बदलाव कर इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
Pithoragarh News | Uttarakhand News | Jhulaghat | Police Action | Viral News : सीमांत जनपद पिथौरागढ़ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा महिला और नाबालिग किशोरी के बीच बढ़ी नजदीकियों के बाद दोनों साथ रहने की जिद पर अड़ गईं। परिजनों के विरोध के बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ने काली नदी में कूदकर जान देने की कोशिश की। हालांकि समय रहते पुलिस और परिजनों ने दोनों को सुरक्षित बचा लिया।
जानकारी के अनुसार झूलाघाट क्षेत्र की रहने वाली 28 वर्षीय विवाहिता वर्तमान में पिथौरागढ़ शहर में किराये के मकान में रह रही है। वहीं 17 वर्षीय किशोरी का महिला के गांव और आसपास के क्षेत्र में आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच पहचान हुई…जो बाद में गहरी दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई।
मामला उस समय सामने आया जब विवाहिता खुद झूलाघाट कोतवाली पहुंची और पुलिस से किशोरी को बुलाने की मांग की। पुलिस ने किशोरी और उसके परिजनों को थाने बुलाकर बातचीत की। पूछताछ के दौरान दोनों ने एक-दूसरे के साथ रहने और जीवन बिताने की बात कही…जिसे सुनकर परिजन हैरान रह गए।
पुलिस और परिजनों ने दोनों को काफी समझाने की कोशिश की और बाद में घर भेज दिया गया। लेकिन दोनों घर जाने के बजाय काली नदी किनारे पहुंच गईं। परिजनों को शक होने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को नदी में कूदने से पहले ही बचा लिया।
इसके बाद महिला और किशोरी को महिला पुलिस कर्मियों की निगरानी में रखा गया। पुलिस उपाधीक्षक गोविंद बल्लभ जोशी ने कहा कि विवाहिता को एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया है…जबकि नाबालिग किशोरी को बाल कल्याण समिति के संरक्षण में भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक विवाहिता छह साल की बेटी की मां है और उसका पति दिल्ली में निजी नौकरी करता है। पुलिस ने दोनों पक्षों को कानूनी नियमों, उम्र के अंतर और सामाजिक पहलुओं को लेकर समझाने का प्रयास किया है।
Uttarakhand Weather | Dehradun Rain | Mussoorie Weather | Orange Alert | Uttarakhand News : उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। बीते दिन राज्य के कई इलाकों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। वहीं मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। इसके साथ ही 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी गरज के साथ बारिश, आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने 3800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना भी जताई है। राजधानी देहरादून में दिनभर बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
वहीं मसूरी में मौसम ने अचानक ऐसा करवट ली कि लोगों को मई महीने में ही सर्दियों जैसा एहसास होने लगा। देर रात हुई तेज बारिश, ओलावृष्टि और ठंडी हवाओं के बाद पूरा शहर कोहरे और बादलों से ढका नजर आया। तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्म कपड़े पहनने पड़े।
गर्मी से राहत पाने मसूरी पहुंचे पर्यटक भी मौसम का खूब आनंद लेते दिखाई दिए। मॉल रोड पर पर्यटक बारिश और कोहरे के बीच घूमते नजर आए। कई लोग वीडियो और तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करते दिखे।
राजधानी देहरादून में भी रातभर हुई बारिश के बाद लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिली है। बदलते मौसम के चलते लोगों ने राहत की सांस ली है।
UKPSC Mitra App | UKPSC Exam Update | Uttarakhand News | Competitive Exam | Government Jobs : उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। आयोग ने ‘यूकेपीएससी मित्र’ नाम से नया मोबाइल एप लॉन्च किया है। इस एप के जरिए अब परीक्षाओं से जुड़ी जरूरी जानकारी सीधे अभ्यर्थियों के मोबाइल पर पहुंचेगी।
अब तक आयोग की सभी सूचनाएं केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाती थीं। ऐसे में कई बार अभ्यर्थियों को लगातार वेबसाइट चेक करनी पड़ती थी। इसी परेशानी को कम करने के लिए आयोग ने यह नया एप शुरू किया है…ताकि सभी अपडेट समय पर और आसानी से मिल सकें।
इस एप के माध्यम से अभ्यर्थियों को परीक्षा तिथि, प्रवेश पत्र, परिणाम, साक्षात्कार और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां तुरंत मिल सकेंगी। आयोग की ओर से जारी सूचना, बदलाव और जरूरी निर्देश भी सीधे मोबाइल पर भेजे जाएंगे।
यूकेपीएससी सचिव अशोक कुमार पांडेय ने कहा कि यह एप अभ्यर्थियों और आयोग के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग को देखते हुए यह पहल की गई है…जिससे परीक्षाओं से जुड़ी जानकारी अधिक पारदर्शी और तेज तरीके से अभ्यर्थियों तक पहुंच सके।
एप की खास बात यह है कि इसमें वीडियो और तस्वीरों के जरिए भी जानकारी साझा की जाएगी। इससे छात्रों को सूचनाएं समझने में आसानी होगी। साथ ही यह एप पूरी तरह यूजर फ्रेंडली बनाया गया है…ताकि अभ्यर्थी कहीं भी और कभी भी जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकें।
अभ्यर्थी ‘यूकेपीएससी मित्र’ एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं और इसका लाभ उठा सकते हैं।
Uttarakhand: Weather: Rain: Prediction: उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग की ओर से 28 मई के लिए कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाएं चलने का भी अनुमान जताया गया है। इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, आपदा प्रबंधन टीमों को तैयार रखने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने के लिए जागरूक करने को कहा गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें। बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर न जाएं और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
Uttarakhand: Solar Plant: Cm Dhami: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में काउंसिल ऑन एनर्जी, इन्वायरमेंट एंड वॉटर (CEEW) द्वारा तैयार की गई ‘सौर जागरूकता स्मारिका पुस्तिका’ का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल उत्तराखंड के हरित, आत्मनिर्भर और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरा विश्व जलवायु परिवर्तन और ऊर्जा संकट जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में सौर ऊर्जा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संचालित पीएम सूर्य घर योजना के तहत उत्तराखंड ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा निर्धारित 40 हजार रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने का लक्ष्य तय समय से पहले पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही निर्धारित लक्ष्य का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण उत्तराखंड देश के शीर्ष राज्यों में शामिल हो गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वर्ष 2024 से अब तक राज्य में सौर ऊर्जा क्षमता में लगभग 10 गुना वृद्धि दर्ज की गई है। वर्तमान में उत्तराखंड में करीब 290 मेगावाट क्षमता के रेजिडेंशियल रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जो ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने यूपीसीएल, उरेडा, क्षेत्रीय अधिकारियों और अभियान से जुड़े सभी विभागों की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता “टीम उत्तराखंड” के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सौर कौथिग, जन-जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों में सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सोलर संयंत्र लगाना नहीं, बल्कि हर नागरिक को स्वच्छ ऊर्जा क्रांति का हिस्सा बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तराखंड नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में देश के लिए आदर्श मॉडल बनकर उभरेगा।
इस अवसर पर विधायक सुरेश गड़िया, प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव विनय शंकर पांडेय, CEEW के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अरुणाभ घोष, पिटकुल के प्रबंध निदेशक डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक जी.एस. बुदियाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में राज्य के वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट ने सपरिवार मुलाकात की। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान दोनों के बीच अपने प्रकरण को लेकर विस्तृत बातचीत हुई। पत्रकार हेम भट्ट ने अपने मामले से जुड़े विभिन्न संवेदनशील और आवश्यक बिंदुओं से मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप से अवगत कराया।
वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट की बातों और प्रकरण के समस्त पहलुओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बेहद गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने तुरंत एक्शन लिया और उपस्थित पुलिस अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा इस पूरे प्रकरण में पूरी तरह से निष्पक्ष और न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जांच में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले के सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर ही उचित और पारदर्शी कानूनी कदम उठाए जाएं।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट को पूरी तरह आश्वस्त किया कि उनके साथ न्याय होगा। सीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मामले में तथ्यों की गहनता से जांच करते हुए हेम भट्ट को न्याय दिलाना हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा। सरकार पत्रकारों के हितों और उनकी सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सजग है।
कैंप कार्यालय में हुई इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान उत्तराखंड के सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनकी मौजूदगी में इस पूरे विषय पर चर्चा हुई, जिससे यह साफ है कि शासन और प्रशासन इस मामले पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।
HimanshuBahuguna | PhD | KumaunUniversity | Haldwani | ScienceEducation | Research : नैनीताल स्थित Kumaun University के डीएसबी परिसर में 26 मई 2026 को शोधार्थी हिमांशु बहुगुणा की पीएचडी मौखिकी परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उन्होंने अपना शोधकार्य प्रो. (डॉ.) टी. सी. पाण्डेय के निर्देशन में पूरा किया।
हिमांशु बहुगुणा का शोध विज्ञान शिक्षण से जुड़ा था…जिसमें माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों पर “कॉन्सेप्ट अटेनमेंट मॉडल” और पारंपरिक शिक्षण पद्धति की तुलना की गई। शोध में पाया गया कि कॉन्सेप्ट अटेनमेंट मॉडल विद्यार्थियों की तार्किक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और शैक्षिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने में प्रभावी साबित होता है।
शोध में यह भी बताया गया कि यह शिक्षण मॉडल छात्रों में सक्रिय भागीदारी, विश्लेषण क्षमता और स्व-अध्ययन की भावना को बढ़ावा देता है। विज्ञान शिक्षा को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाने के लिए शोध में कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।
मौखिकी परीक्षा में बाह्य परीक्षक के रूप में प्रो. प्रवीण कुमार तिवारी, दिल्ली विश्वविद्यालय मौजूद रहे…जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा संकाय के डीन प्रो. अतुल जोशी ने की। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डी. एस. रावत ने भी शोधार्थी और शोध निर्देशक को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, शोधार्थी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। वहीं M.B. Government Post Graduate College के प्राचार्य प्रो. एन. एस. बनकोटी सहित कई शिक्षकों ने हिमांशु बहुगुणा को पीएचडी उपाधि मिलने पर बधाई दी।
Uttarakhand: Lalkuan: Mumbai: Train: उत्तराखंड से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। लालकुआं-काठगोदाम और मुंबई सेंट्रल के बीच संचालित होने वाली सुपरफास्ट साप्ताहिक विशेष ट्रेन को अब नियमित एक्सप्रेस ट्रेन का दर्जा दे दिया गया है। नई नियमित सेवा 27 मई 2026 से शुरू हो गई है, जिससे यात्रियों को स्थायी और सुविधाजनक यात्रा विकल्प मिलेगा।
रेलवे द्वारा पहले चलाई जा रही 09075/09076 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट साप्ताहिक विशेष गाड़ी को अब नियमित रूप से गाड़ी संख्या 21907/21908 के रूप में संचालित किया जाएगा।
गाड़ी संख्या 21907 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस 27 मई से प्रत्येक बुधवार को मुंबई सेंट्रल से रवाना होगी। वहीं, गाड़ी संख्या 21908 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस 28 मई से प्रत्येक बृहस्पतिवार को काठगोदाम से संचालित होगी।
रेलवे के अनुसार, 21908 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस काठगोदाम से शाम 5:30 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन हल्द्वानी से शाम 5:48 बजे, लालकुआं से शाम 6:25 बजे और किच्छा से शाम 6:52 बजे रवाना होगी। मार्ग में ट्रेन इज्जतनगर, बरेली जंक्शन, बदायूं, कासगंज, मथुरा, भरतपुर, कोटा, रतलाम, वडोदरा और सूरत समेत कुल 22 स्टेशनों पर ठहराव लेगी। ट्रेन अगले दिन रात 9 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।
इस नियमित सेवा से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। खासतौर पर कामकाजी लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों के लिए यह ट्रेन बड़ी सुविधा साबित होगी।
ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। इनमें दो जीएसएलआरडी कोच, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच, सात शयनयान श्रेणी, चार वातानुकूलित तृतीय श्रेणी तथा एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का कोच शामिल रहेगा।
देहरादून: अमेरिका की तथाकथित धार्मिक स्वतंत्रता आयोग (USCIRF) की हालिया सुनवाई में भारत के तीन प्रमुख मुख्यमंत्रियों—उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा—को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सुनवाई के दौरान कथित वामपंथी-लिबरल एक्टिविस्ट रक़ीब अहमद नाइक ने इन नेताओं पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
सुनवाई में हिंदुत्व विचारधारा, राष्ट्रवादी संगठनों और भारत सरकार की नीतियों को लेकर भी तीखी टिप्पणियां की गईं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS), बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद जैसे संगठनों का नाम लेते हुए उन्हें भी निशाने पर लिया गया।
राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इस घटनाक्रम को लेकर बहस तेज हो गई है। समर्थकों का कहना है कि जिन नेताओं ने अपने-अपने राज्यों में धर्मांतरण, अवैध कब्जों, कट्टरपंथ, घुसपैठ और समान नागरिक संहिता जैसे मुद्दों पर सख्त रुख अपनाया, वही अब विदेशी मंचों पर आलोचना का सामना कर रहे हैं।
उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में उठाए गए कदम, अवैध अतिक्रमण और धर्मांतरण के खिलाफ कार्रवाई चर्चा में रही है। वहीं उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार की माफिया और अपराधियों पर कार्रवाई तथा असम में हिमंता बिस्वा सरमा द्वारा घुसपैठ और जनसंख्या असंतुलन जैसे मुद्दों को लगातार उठाया जाता रहा है।
इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक मंचों पर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। एक वर्ग इसे भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान की आवाज़ को दबाने की कोशिश बता रहा है, जबकि आलोचक इसे अल्पसंख्यकों और मानवाधिकारों से जुड़े मुद्दों से जोड़कर देख रहे हैं।
फिलहाल USCIRF की सुनवाई और उसमें दिए गए बयानों को लेकर देश में राजनीतिक बहस तेज हो गई है।