
TRENDING NEWS










Mutton Rice Shop | GST Registration | Nainital News | State Tax Department | Haldwani Nainital Highway : हल्द्वानी-नैनीताल हाईवे पर नयना गांव के पास स्थित एक प्रसिद्ध मटन-चावल की दुकान राज्य कर विभाग की जांच के दायरे में आ गई है। विभाग की जांच में सामने आया है कि दुकान का सालाना कारोबार 50 लाख रुपये से अधिक है…लेकिन अब तक जीएसटी पंजीकरण नहीं कराया गया है।
राज्य कर विभाग के अधिकारियों के अनुसार हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर दुकान से जुड़ा एक वीडियो काफी चर्चा में रहा था। वीडियो में दुकान पर बड़ी मात्रा में मटन-चावल की बिक्री होने का दावा किया गया था। इसके बाद विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की।
असिस्टेंट कमिश्नर प्रकाश त्रिवेदी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रारंभिक जांच में दुकान का वार्षिक कारोबार जीएसटी पंजीकरण की निर्धारित सीमा से अधिक पाया गया।
विभाग ने दुकान संचालक को 12 जून तक जीएसटी पंजीकरण कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा तक पंजीकरण नहीं कराने पर जीएसटी कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह दुकान पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों के बीच भी काफी लोकप्रिय बताई जाती है। बड़ी संख्या में लोग यहां मटन-चावल का स्वाद लेने पहुंचते हैं…जिसके चलते इसकी बिक्री लगातार बढ़ रही है।
राज्य कर विभाग ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों के अनुसार जीएसटी पंजीकरण और कर संबंधी औपचारिकताएं समय पर पूरी करें…ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।
AnkitaPandey : MPPSC : DentistSelection : Chaukhutiya : UttarakhandNews : SuccessStory : अल्मोड़ा जिले के चौखुटिया की बेटी अंकिता पांडे ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बड़ी सफलता हासिल की है। उनका चयन मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित परीक्षा के माध्यम से दंत चिकित्सक पद पर हुआ है। अंकिता ने परीक्षा में 87वीं रैंक प्राप्त कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अंकिता पांडे चौखुटिया के निवासी और पांडे मेडिकल स्टोर के संचालक ओर पूर्व प्रधान हरीश चंद्र पांडे की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के बाद मध्य प्रदेश में नियुक्ति दी जाएगी। अंकिता भी एक माह के प्रशिक्षण के बाद अपनी सेवाएं दंत चिकित्सक के रूप में देंगी।
अंकिता की इस सफलता पर परिजनों, मित्रों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। लोगों ने उनकी उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
MeriYojana : PushkarSinghDhami : UttarakhandGovernment : PublicWelfareSchemes : DigitalGovernance : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार की गई ‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो संस्करण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अब लोगों तक और अधिक आसानी से पहुंच सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक में केंद्र और राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं को एक ही स्थान पर सरल भाषा में संकलित किया गया है। इसमें स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और अन्य जनहित से जुड़ी योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार नवाचार किए जाएं। साथ ही शासनादेशों और सरकारी सूचनाओं को भी आमजन की समझ के अनुरूप सरल भाषा में जारी किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उत्तराखंड को भी केंद्र सरकार से लगातार सहयोग मिल रहा है…जिसके चलते सड़क, रेल, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मिशन एप्पल, एरोमा वैली और अन्य योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। इन योजनाओं से युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक का ऑडियो संस्करण आकाशवाणी और अन्य रेडियो माध्यमों से भी प्रसारित किया जाएगा…ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें। विभाग द्वारा पुस्तक के कई संस्करण पहले ही प्रकाशित किए जा चुके हैं और इसका डिजिटल संस्करण भी उपलब्ध है।
WeatherUpdate | DehradunWeather | Heatwave | OrangeAlert | RainAlert | UttarakhandNews | MonsoonUpdate | WeatherNews : उत्तराखंड में इन दिनों भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। मौसम शुष्क रहने और तेज धूप के कारण मैदानी इलाकों में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई क्षेत्रों में पारा 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है।
राजधानी देहरादून में भी गर्मी का प्रकोप जारी है। सोमवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से तेज धूप और दिनभर गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल रखा। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक इसी तरह की स्थिति बनी रह सकती है।
हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया…जबकि पहाड़ी जिलों में तापमान सामान्य के आसपास रहा।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले दो से तीन दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है।
मंगलवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गर्जना के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं तेज गर्जना, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
UKMSSB | NursingOfficerRecruitment | UttarakhandJobs | GovernmentJob | NursingVacancy | HealthDepartment | DehradunNews | JobAlert : उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड (यूकेएमएसएसबी) ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में नर्सिंग अधिकारी (महिला एवं पुरुष) के 196 पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। बोर्ड ने भर्ती संबंधी विज्ञप्ति जारी कर पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
इस भर्ती में डिप्लोमा और डिग्रीधारक दोनों अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के तहत लेवल-7 का वेतनमान मिलेगा…जिसमें 44,900 रुपये से लेकर 1.42 लाख रुपये प्रतिमाह तक का वेतन शामिल है।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 12 जून 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 2 जुलाई 2026 की शाम 5 बजे तक आवेदन पत्र भरने और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
बोर्ड ने कहा कि आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर अभ्यर्थियों को संशोधन का अवसर भी दिया जाएगा। इसके लिए 4 जुलाई से 7 जुलाई 2026 तक करेक्शन विंडो खुली रहेगी।
यूकेएमएसएसबी के अनुसार विभागीय आवश्यकताओं के आधार पर रिक्त पदों की संख्या में बदलाव किया जा सकता है। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रक्रिया बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।
Komal Bhatt | Pithoragarh News | Boxing Championship | Sub Junior Boxing | Uttarakhand Sports | National Boxing Championship | Bathinda Punjab | Gold Medal | Young Boxer | Sports Achievement | Uttarakhand Talent | Boxing : उत्तराखंड की युवा बॉक्सर कोमल भट्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है। आईजीआई स्टेडियम, गौलापार में आयोजित सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कोमल भट्ट ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया।
विश्व भारती विद्यालय की छात्रा कोमल भट्ट ने प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनकी इस सफलता के बाद अब उनका चयन राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए हो गया है।
राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन पंजाब के बठिंडा में किया जाएगा…जहां कोमल उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कोमल की इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्य चंद्रकला गोबाड़ी सहित पूरे विद्यालय परिवार ने खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही कोमल को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं भी दी गईं।
कोमल भट्ट की इस सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और युवा खिलाड़ियों को भी नई प्रेरणा मिली है।
Rani Rampal | International Day of Sport for Development and Peace | Mobile Creches | Play For Children | Child Rights | Hockey India | Sports News | Child Development | Women In Sports | Education | Social Impact | India News : अंतर्राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मोबाइल क्रेच ने अपने “खेलते रहो, खिलते रहो” अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों, क्रेच कार्यकर्ताओं और समुदाय के लोगों ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य यह संदेश देना था कि खेल हर बच्चे का अधिकार है और यह उसके विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रहीं Rani Rampal। उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया, अभिभावकों से बातचीत की…और क्रेच कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की।
इस दौरान रानी रामपाल ने कहा कि हर बच्चे को, चाहे वह किसी भी परिस्थिति में रह रहा हो, खेलने और अपने बचपन का आनंद लेने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने बच्चों को खेलों से जुड़ने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान मोबाइल क्रेच की सीईओ सुमित्रा मिश्रा और रानी रामपाल के बीच खेल, बचपन और बच्चों के विकास पर विशेष चर्चा भी हुई। दोनों ने इस बात पर जोर दिया कि समाज के हर वर्ग के बच्चों को सुरक्षित माहौल और खेल के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए।
इस अवसर पर बच्चों के लिए खेल, कला, संगीत और कहानी से जुड़ी कई गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। साथ ही बच्चों की देखभाल और विकास में योगदान देने वाले क्रेच कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया।
मोबाइल क्रेच ने कहा कि देश में बड़ी संख्या में बच्चे निर्माण स्थलों और शहरी बस्तियों में रहते हैं…जहां खेल और विकास की पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पातीं। संस्था का मानना है कि खेल बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास के लिए बेहद जरूरी है।
साल 1969 में स्थापित मोबाइल क्रेच पिछले कई दशकों से बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और सुरक्षा के लिए कार्य कर रहा है। संस्था अब तक लाखों बच्चों तक अपनी सेवाएं पहुंचा चुकी है और हजारों केयर वर्करों को प्रशिक्षण दे चुकी है।
Cyber Fraud | Online Refund | MRM Portal | NCRP | Cyber Crime | 1930 Helpline | Money Restoration Module | STF Uttarakhand | Digital Refund | Cyber Security: साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच पीड़ितों को राहत देने के लिए गृह मंत्रालय ने नई ऑनलाइन सुविधा शुरू की है। अब साइबर अपराध का शिकार हुए लोगों को अपने फ्रीज (होल्ड) किए गए पैसे वापस पाने के लिए पुलिस थाने, बैंक और अन्य कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
गृह मंत्रालय के तहत कार्यरत इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल (MRM) शुरू किया है। इस पोर्टल के माध्यम से पीड़ित घर बैठे ऑनलाइन रिफंड के लिए आवेदन कर सकेंगे।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने कहा कि यह व्यवस्था साइबर ठगी के पीड़ितों को जल्द राहत देने के उद्देश्य से लागू की गई है। इस सुविधा का लाभ वही लोग उठा सकेंगे जिन्होंने समय रहते 1930 हेल्पलाइन या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई हो और जिनकी ठगी गई राशि आरोपियों के खातों में फ्रीज कर दी गई हो।
उन्होंने कहा कि यदि ठगी की रकम अभी भी अपराधियों के खाते में होल्ड है, तभी रिफंड संभव होगा। यदि राशि पहले ही निकाल ली गई है तो इस पोर्टल के जरिए पैसा वापस नहीं मिल सकेगा।
50 हजार रुपये तक के मामलों में बड़ी राहत
नई व्यवस्था के तहत 50 हजार रुपये तक की फ्रीज राशि वापस लेने के लिए एफआईआर या कोर्ट के आदेश की जरूरत नहीं होगी। पुलिस रिपोर्ट और इंडेमनिटी बॉन्ड के आधार पर राशि सीधे पीड़ित के खाते में भेजी जा सकेगी।
यदि कुल राशि 50 हजार रुपये से अधिक है, लेकिन अलग-अलग खातों में फ्रीज हुई है और किसी एक खाते में 50 हजार रुपये से ज्यादा नहीं है…तब भी बिना एफआईआर के रिफंड की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।
हालांकि यदि किसी एक खाते में 50 हजार रुपये से अधिक राशि फ्रीज है तो एफआईआर दर्ज कराना अनिवार्य होगा। आवेदन के बाद संबंधित पुलिस अधिकारी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करेंगे और इसके बाद बैंक पीड़ित के खाते में राशि वापस भेज देगा।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
आवेदन जमा होने के बाद एक यूनिक रिक्वेस्ट आईडी मिलेगी…जिसकी मदद से रिफंड की स्थिति ऑनलाइन देखी जा सकेगी।
Almora News | Lata Sah Death | Vivekanand Puri Almora | UKD Leader Family | Woman Death Case | Uttarakhand News | Almora Breaking News | Police Investigation | Yoga Trainer | Latest News : अल्मोड़ा के विवेकानंदपुरी क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान 38 वर्षीय लता साह के रूप में हुई है…जो एक शिक्षण संस्थान में योग प्रशिक्षक के पद पर कार्यरत थीं। वह अपने पति और बेटे के साथ विवेकानंदपुरी क्षेत्र में रहती थीं।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह उनके पति बेटे को स्कूल छोड़ने गए थे। इसी दौरान घर के अंदर आग लगने की घटना हुई। धुआं उठता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिवार को सूचना दी। लोगों ने दरवाजा और खिड़की तोड़कर महिला तक पहुंचने का प्रयास किया…लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थीं।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया…जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है…हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि महिला कुछ समय से मानसिक तनाव में थीं। परिवार ने कहा कि आज उनकी शादी की 18वीं वर्षगांठ भी थी और घर में इसके लिए तैयारियां चल रही थीं। लेकिन अचानक हुई इस घटना से खुशियों का माहौल शोक में बदल गया।
पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
UttarakhandDevelopment | CMDhami | InfrastructureProjects | ViksitBharat2047 | ProgressReview : देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की विकास परियोजनाओं को लेकर सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को सचिवालय में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने 6940 करोड़ रुपये की 12 प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति का विस्तार से जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि राज्य की विकास योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि काम की गति बढ़ाई जाए और तय समय सीमा के भीतर सभी परियोजनाओं को पूरा किया जाए।
बैठक में परिवहन, ऊर्जा, लोक निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य विभागों की परियोजनाओं की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत-2047” के लक्ष्य को पूरा करने में सभी की जिम्मेदारी तय है।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में 50 प्रतिशत से अधिक कार्य हो चुका है…उन्हें हर हाल में 15 अक्टूबर 2026 तक पूरा किया जाए। साथ ही हर महीने मुख्यमंत्री स्तर पर और हर 10 दिन में मुख्य सचिव स्तर पर प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भूमि हस्तांतरण, वन स्वीकृति और अधिग्रहण जैसे लंबित मामलों को तुरंत निपटाया जाए…ताकि परियोजनाओं में देरी न हो।
उन्होंने प्रगति पोर्टल के जरिए सभी योजनाओं की लगातार निगरानी करने और लंबित मामलों को प्राथमिकता से हल करने के निर्देश दिए।
इस बैठक में कई बड़ी परियोजनाओं जैसे चारधाम सड़क परियोजना, अस्कोट-लिपुलेख मार्ग, माणा पास सड़क और बस टर्मिनल परियोजनाओं की समीक्षा भी की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं राज्य के पर्यटन, रोजगार, व्यापार और निवेश को नई गति देंगी, इसलिए इनके समय पर पूरा होना बेहद जरूरी है।