
TRENDING NEWS










UttarakhandPolitics | ElectionNews | DehradunNews : उत्तराखंड में समय से पहले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल मार्च 2027 तक है…लेकिन हरिद्वार कुंभ और उसके बाद प्रस्तावित जनगणना को देखते हुए चुनावी समय को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा है कि बड़े आयोजनों और प्रशासनिक व्यस्तताओं को देखते हुए चुनाव आयोग चुनाव कार्यक्रम में बदलाव कर सकता है। फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है…लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
राजनीतिक हलचल तेज
सत्ताधारी बीजेपी का कहना है कि पार्टी हर स्थिति के लिए तैयार है। बीजेपी नेताओं के अनुसार संगठन लगातार जमीनी स्तर पर मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है। पार्टी का दावा है कि सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं कांग्रेस ने इन अटकलों को ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी पहले से ही जनता के बीच सक्रिय है और सरकार के खिलाफ माहौल बन रहा है..जिसका लाभ उन्हें मिलेगा।
विशेषज्ञों की राय
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कुंभ, जनगणना और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के कारण चुनाव की टाइमलाइन प्रभावित हो सकती है…लेकिन अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
फिलहाल उत्तराखंड की राजनीति में इन चर्चाओं ने हलचल बढ़ा दी है और सभी की नजर आने वाले राजनीतिक फैसलों पर टिकी हुई है।
DehradunNews | UttarakhandNews | IndiGo : उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच हवाई संपर्क को और मजबूत करते हुए अब देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट और नोएडा के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच सीधी उड़ान शुरू होने जा रही है। यह सेवा 1 जुलाई से शुरू की जाएगी…जिससे यात्रियों का सफर और तेज व आसान हो जाएगा।
इस नई हवाई सेवा का संचालन इंडिगो एयरलाइंस करेगी। उड़ान नोएडा एयरपोर्ट से शाम 8:10 बजे रवाना होकर देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेगी…जबकि वापसी उड़ान रात 8:30 बजे देहरादून से नोएडा के लिए रवाना होगी।
रोजाना एक उड़ान से शुरुआत
जौलीग्रांट एयरपोर्ट के उपमहाप्रबंधक नितिन कादयान ने कहा कि शुरुआती चरण में देहरादून और नोएडा के बीच प्रतिदिन एक उड़ान संचालित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कनेक्टिविटी उत्तराखंड के यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगी।
इस सेवा के शुरू होने से देहरादून अब दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, लखनऊ, अहमदाबाद, पुणे और नवी मुंबई जैसे प्रमुख शहरों के साथ-साथ अब औद्योगिक हब नोएडा से भी सीधे जुड़ जाएगा।
यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ
इस नई उड़ान से नोएडा में काम करने वाले कर्मचारी, अधिकारी, उद्योगपति और पर्यटक सीधा लाभ उठा सकेंगे। समय की बचत के साथ-साथ यात्रा भी अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।
अधिकारियों का मानना है कि आने वाले समय में अन्य एयरलाइंस भी इस रूट पर अपनी सेवाएं शुरू कर सकती हैं…जिससे हवाई कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
Tusi sah | Mountaineering | NainitalNews : एवरेस्ट विजेता तूसी साह और पर्वतारोही अनित साह की बेटी नंदा देवी साह ने मात्र 8 वर्ष की उम्र में 5300 मीटर (17,480 फीट) ऊंचाई पर स्थित गौरा माउंटेन को सफलतापूर्वक फतह कर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है।
नैनीताल के ऑल सेंट्स कॉलेज में चौथी कक्षा में पढ़ने वाली नंदा ने अपने पिता अनित साह के नेतृत्व में इस पर्वतारोहण अभियान में हिस्सा लिया। यह अभियान एक्सपीडिशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आयोजित किया गया था…जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से पर्वतारोही शामिल थे।
खराब मौसम बना चुनौती
तीन जून से 15 जून तक चले इस अभियान के दौरान टीम को भारी बर्फबारी और खराब मौसम का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी कठिन हो गई कि 25 सदस्यीय टीम को सुरक्षित रूप से नीचे लौटना पड़ा। इसके बावजूद नंदा ने अपने साहस और आत्मविश्वास से इस कठिन चुनौती को पूरा कर इतिहास रच दिया।
नंदा देवी साह बचपन से ही अपने माता-पिता के साथ ट्रेकिंग और क्लाइंबिंग अभियानों में शामिल होती रही हैं। इस वर्ष उन्होंने सर्दियों में लद्दाख हिमालय में आइस क्लाइंबिंग भी की थी।
अब तक वह दयारा बुग्याल, चंद्रशिला, इंद्रहारा बेस कैंप और छोटा कैलाश जैसे कठिन ट्रेक सफलतापूर्वक कर चुकी हैं। इतनी कम उम्र में उनकी यह उपलब्धि उन्हें देश के युवा पर्वतारोहियों में एक प्रेरणादायक नाम बना रही है।
StartupStory | Mansi Kapri |UttarakhandNews : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ स्थित लक्ष्मण सिंह महार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की बीबीए छात्रा मानसी कापड़ी ने अपनी पारंपरिक कला को एक सफल स्टार्टअप में बदलकर नई मिसाल कायम की है। ऐपन कला जैसी लोकसंस्कृति को व्यवसाय से जोड़कर उन्होंने यह साबित किया है कि सही दिशा और प्रशिक्षण मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र की युवा भी आत्मनिर्भरता की ओर मजबूत कदम बढ़ा सकती हैं।
मानसी की उद्यमिता यात्रा वर्ष 2024 में शुरू हुई…जब उन्होंने उच्च शिक्षा विभाग उत्तराखंड सरकार और भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDI), अहमदाबाद द्वारा संचालित देवभूमि उद्यमिता योजना के बूटकैंप में हिस्सा लिया। इस योजना का उद्देश्य कॉलेजों में पढ़ रहे युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं…बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है।
बचपन से ही ऐपन कला में रुचि रखने वाली मानसी ने इस बूटकैंप के दौरान अपने हुनर को व्यवसायिक रूप देने का निर्णय लिया। उन्होंने अपने विचार को बिजनेस मॉडल कैनवास के माध्यम से प्रस्तुत किया..जिसे निर्णायकों ने सराहा और उन्हें आगे के उद्यमिता प्रशिक्षण के लिए चयनित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मानसी को ब्रांडिंग, पैकेजिंग, मार्केटिंग, ऑनलाइन बिक्री और व्यवसाय संचालन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। इसके बाद उन्होंने अपना स्टार्टअप Homies Vibes शुरू किया..जो पारंपरिक ऐपन कला को आधुनिक उत्पादों के रूप में बाजार में प्रस्तुत करता है।
फरवरी 2025 में आयोजित स्टार्टअप मेगा इवेंट में उनके उद्यम को 75 हजार रुपये का सीड फंड भी मिला…जिससे उन्होंने अपने उत्पादों के विस्तार और मार्केटिंग को गति दी।
आज मानसी का स्टार्टअप लगभग 80 हजार रुपये वार्षिक बिक्री तक पहुंच चुका है और लगातार आगे बढ़ रहा है। उनके काम को स्थानीय स्तर पर सराहना मिल रही है और वह कई अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।
मानसी की सफलता यह दर्शाती है कि अगर युवाओं को सही अवसर, मार्गदर्शन और प्लेटफॉर्म मिले तो वे अपनी परंपरागत कला को भी रोजगार और उद्यम में बदल सकते हैं।
Education News | Haldwani News |Student Achievement : Twin Win Academy के छात्रों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अकैडमी में मंगलवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम में छात्रों की रचनात्मकता, लेखन क्षमता, संवाद कौशल और व्यक्तित्व विकास से जुड़े प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को ऐसा मंच देना था…जहां वे केवल पढ़ाई तक सीमित न रहकर अपने विचारों को वास्तविक रूप में प्रस्तुत कर सकें और आत्मविश्वास के साथ अपनी पहचान बना सकें।
इस अवसर का सबसे बड़ा आकर्षण छात्रों द्वारा लिखी गई छह पुस्तकों का विमोचन रहा। इन पुस्तकों के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह साबित किया कि सही मार्गदर्शन और मेहनत से कम उम्र में भी बड़े स्तर का लेखन कार्य संभव है।
लॉन्च की गई पुस्तकों में शामिल हैं—
इसके साथ ही छात्रों ने “The Indian Resolve Magazine” के माध्यम से भी अपनी लेखन क्षमता का प्रदर्शन किया। इस मैगज़ीन में छात्रों ने अपने विचार, अनुभव और सामाजिक मुद्दों पर लेख लिखकर अपनी सोच को व्यक्त किया। इस प्रक्रिया ने उन्हें शोध, लेखन और प्रभावी अभिव्यक्ति की कला सिखाई।
कार्यक्रम में “Yuvaan Radio” सेगमेंट भी आकर्षण का केंद्र रहा….जहां छात्रों ने रेडियो जॉकी की भूमिका निभाते हुए अपनी आवाज और प्रस्तुति कौशल का प्रदर्शन किया। इस पहल का उद्देश्य छात्रों में आत्मविश्वास और संचार क्षमता को और मजबूत करना था।
कार्यक्रम में Twin Win Academy की नेतृत्व टीम के प्रतिनिधियों ने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज की शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए….बल्कि इसमें रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास को भी समान महत्व मिलना चाहिए।
मेंटर्स ने भी छात्रों की उपलब्धियों की प्रशंसा की और उनके प्रयासों को भविष्य के लिए प्रेरणादायक बताया।
IndianRailways | TrainUpdate | UttarakhandNews : काठगोदाम से दिल्ली जाने वाली उत्तरांचल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (15036) मंगलवार को अचानक बिना पूर्व सूचना के बदले हुए रूट से संचालित की गई…जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार ट्रेन को मुरादाबाद-अमरोहा मार्ग की बजाय लक्सर और रुड़की होते हुए देवबंद मार्ग से दिल्ली की ओर भेजा गया। इस बदलाव के कारण ट्रेन लगभग 150 किलोमीटर लंबे वैकल्पिक मार्ग से गुजरी और कई स्थानों पर घंटों तक रुकी रही।
यात्रियों का कहना है कि उन्हें किसी भी प्रकार की पूर्व सूचना नहीं दी गई…जिससे उनकी यात्रा योजना पूरी तरह प्रभावित हो गई। भीषण गर्मी के बीच ट्रेन के लंबे समय तक रुकने से यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली।
रुड़की स्टेशन पर ट्रेन करीब आधे घंटे तक खड़ी रही…जबकि लक्सर में भी लगभग एक घंटे तक इसका संचालन बाधित रहा। देवबंद के पास भी ट्रेन को रोके जाने की जानकारी सामने आई है…जहां यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
यात्रियों ने रेलवे हेल्पलाइन और ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि इस तरह के रूट डायवर्जन की जानकारी पहले दी जानी चाहिए थी…ताकि असुविधा से बचा जा सके।
फिलहाल रेलवे की ओर से इस रूट बदलाव और देरी को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
IndianRailways | TrainDiversion | Uttarakhan : रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। मुरादाबाद मंडल में रेलवे ट्रैक के रखरखाव और सुधार कार्य के चलते कई ट्रेनों के मार्ग और समय में अस्थायी बदलाव किया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बरेली-शाहजहांपुर रेलखंड के कुछ स्टेशनों पर ट्रैक मेंटेनेंस और सिग्नल संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। इसके लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया…जिससे कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।
इस दौरान कुछ ट्रेनों को उनके सामान्य मार्ग के बजाय नजीबाबाद, लक्सर, रुड़की, सहारनपुर और देवबंद के रास्ते संचालित किया गया। वहीं कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से गंतव्य तक भेजा गया।
रेलवे ने बताया कि ट्रैक कार्य के कारण कुछ ट्रेनें निर्धारित समय से एक से चार घंटे तक की देरी से भी संचालित हुईं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
रेलवे का कहना है कि यह कार्य रेल यातायात को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए किया जा रहा है। कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से शुरू कर दिया जाएगा।
PrakashChandraBhatt | PithoragarhNews | Uttarakhand: रोजगार की तलाश में गुजरात गए उत्तराखंड के एक युवक की दर्दनाक मौत की खबर से पिथौरागढ़ जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। गणाईगंगोली क्षेत्र के धारी धुमलाकोट गांव निवासी 31 वर्षीय प्रकाश चंद्र भट्ट की गुजरात में शेर के हमले में मौत हो गई।
जैसे ही इस घटना की सूचना गांव पहुंची…परिवार और क्षेत्र में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक प्रकाश चंद्र भट्ट अपने परिवार की आर्थिक मदद के लिए गुजरात में काम कर रहे थे।
परिवार के अनुसार प्रकाश चार भाइयों में से एक थे। दो वर्ष पहले ही परिवार ने एक अन्य बेटे को खो दिया था। अब प्रकाश की असमय मौत ने परिवार को एक और बड़ा झटका दे दिया है।
प्रकाश की मां का निधन कई वर्ष पहले हो चुका था। परिवार की जिम्मेदारी बुजुर्ग पिता और बेटों पर थी। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद पिता और दादी गहरे सदमे में हैं। गांव के लोग लगातार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सरकार से उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की है। पूर्व ग्राम प्रधान ने पीड़ित परिवार को 20 लाख रुपये की सहायता देने की मांग उठाई है।
इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग दिवंगत युवक को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
MussoorieNews | MysteryDeath IITEngineer : उत्तराखंड घूमने आई एक नवविवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित एक होमस्टे में मृत मिली महिला की मौत अब पुलिस और फोरेंसिक टीमों के लिए रहस्य बन गई है। परिजनों ने मामले की गहन जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी दंपती 14 जून को मसूरी घूमने पहुंचे थे और टिपड़ीधार क्षेत्र के एक होमस्टे में ठहरे थे। पति के अनुसार दोनों रात में साथ थे और सुबह पत्नी कमरे में अचेत अवस्था में मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी। महिला का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल द्वारा कराया गया है। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं।
पुलिस ने मौत के कारणों का पता लगाने के लिए बिसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेजा है। साथ ही कमरे से मिले सामान, पेय पदार्थों के अवशेष और अन्य वस्तुओं को भी फोरेंसिक परीक्षण के लिए सील कर लिया गया है।
महिला के पिता ने घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष और विस्तृत जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और फोरेंसिक व बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।
DehradunCrime | VinodKashyap | Uttarakhand: सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला में भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला सोशल मीडिया सह-संयोजक विनोद कश्यप की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम खेत में पानी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। आरोप है कि कुछ लोगों ने हथौड़ों, लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें विनोद कश्यप की मौत हो गई। घटना में उनके भाई अशोक कुमार, राजेश और बहन सुषमा भी गंभीर रूप से घायल हुए थे।
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने कई नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है…जबकि सात आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी जनपद से बाहर भी भाग सकते हैं। उनकी तलाश में उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों समेत कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है। गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।