बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी! 29 जून को यहां लगेगा रोजगार मेला, जानिए पूरी डिटेल

JobFair | Uttarakhand Jobs | EmploymentOpportunity : उत्तराखंड के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय देहरादून द्वारा 29 जून को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में निजी क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी और विभिन्न पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।

रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा। क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने कहा कि मेले में कुल 6 निजी कंपनियां भाग लेंगी और 85 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है…ताकि अधिक से अधिक युवाओं को नौकरी के अवसर मिल सकें।

इस रोजगार मेले में देहरादून समेत प्रदेश के अन्य जिलों के बेरोजगार युवा भी भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में पहले से पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। वहीं मेले के दिन भी ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण कराया जा सकेगा।

ये दस्तावेज साथ लाना होगा

रोजगार मेले में शामिल होने वाले युवाओं को अपना बायोडाटा, मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, उनकी छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीकरण कार्ड और वैध पहचान पत्र साथ लाना होगा।

ये कंपनियां लेंगी हिस्सा

रोजगार मेले में थेटा फार्मा, विंडलास बायो मेडिसिन, आईपीसीए लेबोरेट्रीज, अम्भर, मेंटोरे वॉटर एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड और लाइटेनियम टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड जैसी कंपनियां भाग लेंगी।

सेवायोजन विभाग ने युवाओं से अपील की है कि वे समय रहते पंजीकरण कर रोजगार मेले का लाभ उठाएं और अपने करियर को नई दिशा दें।

धामी सरकार का बड़ा एक्शन! एक अधिकारी की बर्खास्तगी, कई पर गिरी गाज

HaridwarLandCase | Uttarakhand | PushkarSinghDhami : उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार नगर निगम भूमि खरीद प्रकरण में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। सरकार ने मामले में तत्कालीन नगर आयुक्त हरिद्वार वरुण चौधरी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से बर्खास्त करने की संस्तुति की है।

इसके साथ ही तत्कालीन जिलाधिकारी हरिद्वार कर्मेंद्र सिंह को अपने दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही का दोषी मानते हुए उनके खिलाफ मेजर पनिशमेंट की कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है। दोनों अधिकारियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) को प्रस्ताव भेजा जा रहा है।

सरकार ने उस समय तैनात रहे एसडीएम अजयवीर सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उनके सेवा अभिलेख में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने और तीन वार्षिक वेतनवृद्धियां रोकने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि हरिद्वार नगर निगम भूमि खरीद मामले के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने तत्काल सख्त रुख अपनाया था। प्रारंभिक जांच में अनियमितताओं के संकेत मिलने पर कई अधिकारियों को निलंबित किया गया था। इसके बाद पूरे मामले की विशेष जांच और वित्तीय ऑडिट कराई गई।

जांच रिपोर्ट के आधार पर अब दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि राज्य में भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और जनहित से जुड़े मामलों में दोषी पाए जाने वालों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

सरकार का कहना है कि प्रशासनिक पारदर्शिता, जवाबदेही और जनधन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कार्रवाई को राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है…जिससे अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच स्पष्ट संदेश गया है कि सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कपकोट की प्रेमा रावत का भारतीय क्रिकेट टीम के चयन,विश्वकप टीम से जुड़ेंगी

Prema Rawat: Cricketer: India: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले की बेटी और उभरती महिला क्रिकेटर प्रेमा रावत का चयन भारतीय महिला क्रिकेट टीम में हो गया है। आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप 2026 के दौरान ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटिल के चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद प्रेमा रावत को भारतीय टीम में बतौर प्रतिस्थापन खिलाड़ी शामिल किया गया है। आईसीसी की तकनीकी समिति ने भी उनके चयन को मंजूरी दे दी है।

प्रेमा रावत का भारतीय टीम में चयन उत्तराखंड क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। बागेश्वर जिले की कपकोट तहसील के सुमटी (बैसानी) गांव की रहने वाली प्रेमा दाएं हाथ की बल्लेबाज और लेग स्पिन गेंदबाज हैं। उनकी इस सफलता से पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है।

प्रेमा की प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही हुई। उनके पिता केदार सिंह रावत भारतीय वायु सेन में हैं, जबकि उनकी माता बसंती देवी गृहिणी हैं। बचपन से ही क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव था और वह गांव के बच्चों के साथ घंटों क्रिकेट खेला करती थीं।

प्रेमा ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। पिछले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्होंने तीन टी-20 मुकाबलों में सात विकेट हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 9.28 और इकॉनमी रेट 5.41 रहा, जो टी-20 क्रिकेट में बेहद प्रभावशाली माना जाता है।

वहीं वर्ष 2023 में बीसीसीआई के टी-20 टूर्नामेंट में प्रेमा ने 10 मैचों में 16 विकेट लेकर अपनी टीम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। 38 ओवर की गेंदबाजी में उन्होंने केवल 211 रन खर्च किए और उनका इकॉनमी रेट 5.55 रहा। हालांकि उनकी टीम फाइनल मुकाबला नहीं जीत सकी, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में प्रेमा ने अपनी अलग पहचान बनाई।

प्रेमा रावत की यह उपलब्धि उत्तराखंड की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है। उनके चयन से न केवल परिवार बल्कि पूरे बागेश्वर और उत्तराखंड को गर्व का अवसर मिला है।

उत्तराखंड में प्रकृति का अनोखा करिश्मा! गाय ने दिया दो मुंह वाली बछिया को जन्म

HaldwaniNews | Uttarakhand | ViralNews : उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर से एक अनोखा और दुर्लभ मामला सामने आया है। यहां एक गाय ने ऐसी बछिया को जन्म दिया है…जिसके दो सिर, चार आंखें और तीन कान हैं। इस अनोखी बछिया को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट रही है।

जानकारी के अनुसार गोरापड़ाव के डी-क्लास क्षेत्र निवासी महेश चंद्र बचकेती और हंसी बचकेती के यहां बुधवार शाम करीब पांच बजे गाय ने इस बछिया को जन्म दिया। बछिया की शारीरिक संरचना सामान्य नहीं होने के कारण प्रसव के दौरान काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

पशुपालकों ने कहा कि बछिया को जन्म दिलाने के लिए पशु चिकित्सक की मदद लेनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद सफलतापूर्वक प्रसव कराया गया। जन्म के बाद बछिया जीवित और स्वस्थ है…लेकिन दो सिर होने के कारण उसे गर्दन संभालने और शरीर का भार उठाने में परेशानी हो रही है।

परिजनों के अनुसार बछिया फिलहाल दूध पी रही है और उसकी लगातार निगरानी की जा रही है। पशुपालक उसके स्वास्थ्य को लेकर सतर्क हैं और पशु चिकित्सकों की सलाह पर देखभाल कर रहे हैं।

वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. आर.के. पाठक ने कहा कि इस प्रकार की स्थिति को पशु चिकित्सा विज्ञान में “पॉलीसेफली” कहा जाता है। यह एक दुर्लभ जन्मजात स्थिति होती है…जिसमें भ्रूण का विकास पूरी तरह अलग-अलग नहीं हो पाता और एक ही शरीर पर दो सिर विकसित हो जाते हैं।

ऐसे मामले बहुत कम देखने को मिलते हैं। फिलहाल बछिया के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

गाड़ी में बैठे-बैठे सीएम धामी ने सुनी बुजुर्ग महिला की फरियाद, तुरंत लिया बड़ा एक्शन

PushkarSinghDhami | UttarakhandNews | HumanityGesture : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज एक बार फिर संवेदनशीलता और मानवता की मिसाल पेश की। कैबिनेट बैठक समाप्त होने के बाद जब मुख्यमंत्री सचिवालय से अपने आवास के लिए रवाना हो रहे थे….तभी एक बुजुर्ग महिला अपनी समस्या लेकर वहां पहुंची।

मौके पर वरिष्ठ पत्रकार एस.पी. अरोड़ा ने महिला को मुख्यमंत्री से मिलवाया। मुख्यमंत्री धामी ने गाड़ी में बैठते समय ही मानवता दिखाते हुए वाहन से उठकर महिला की बात सुनी और उसका प्रार्थना पत्र स्वीकार किया।

मुख्यमंत्री ने महिला को आश्वस्त किया कि उसकी समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। इसके बाद उन्होंने प्रमुख सचिव डॉ. आर. के. सुधांशु को मामले के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के इस व्यवहार की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की और इसे जनता के प्रति उनकी संवेदनशीलता का उदाहरण बताया।

सावधान! अगले 3 घंटे में इन जिलों में मौसम का बड़ा अलर्ट जारी

UttarakhandWeather | OrangeAlert | Dehradun : मौसम विभाग ने उत्तराखंड के देहरादून और टिहरी गढ़वाल जिलों के लिए अगले तीन घंटों का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट 18 जून 2026 शाम 4:46 बजे से 7:46 बजे तक प्रभावी रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान डोईवाला, लच्छीवाला रेंज, मसूरी, धनोल्टी, सहस्त्रधारा, नरेंद्रनगर, सुधोवाला और आसपास के क्षेत्रों में मौसम अचानक बिगड़ सकता है।

इन इलाकों में तेज से बहुत तेज बारिश, बिजली चमकने, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान आने की संभावना जताई गई है। साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर सुरक्षित रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें। नदी-नालों और पहाड़ी इलाकों में जाने से विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने कहा है कि यह स्थिति कुछ घंटों तक बनी रह सकती है इसलिए सभी लोग सतर्क और सावधान रहें।

धामी कैबिनेट के बड़े फैसले, 12 प्रस्ताव मंजूर; जानिए पूरी डिटेल्स एक क्लिक में

UttarakhandCabinet | DehradunNews | Uttarakhand : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में आयोजित उत्तराखंड कैबिनेट बैठक में कुल 12 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बी.सी. खंडूड़ी और पद्मश्री निशानेबाज जसपाल राणा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट के मौन से की गई।

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय उत्तराखंड को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित करने से जुड़ा रहा। सरकार के अनुसार राज्य की साक्षरता दर 98 प्रतिशत से अधिक पहुंच चुकी है…जिसके आधार पर यह प्रस्ताव आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार का कहना है कि शिक्षा के क्षेत्र में किए गए लगातार प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहा है।

कैबिनेट में उपनल कर्मचारियों को भी बड़ी राहत दी गई है। समान कार्य-समान वेतन के लाभ के लिए कटऑफ तिथि को 12 नवंबर 2018 से बढ़ाकर 15 अगस्त 2024 कर दिया गया है…जिससे बड़ी संख्या में कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।

शिक्षा क्षेत्र से जुड़े प्रस्ताव में उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा संशोधन नियमावली-2026 को मंजूरी दी गई। इसके तहत संस्कृत विद्यालयों की व्यवस्था, पाठ्यक्रम और परीक्षा प्रणाली में सुधार किया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग से जुड़े मुद्दों पर बढ़ती बिटुमेन कीमतों के कारण सड़क निर्माण कार्यों पर पड़ रहे प्रभाव को देखते हुए आवश्यक प्रबंधन के निर्देश दिए गए हैं।

आबकारी विभाग में होलोग्राम दोहराव की स्थिति में दोहरी कर वसूली न करने का निर्णय लिया गया है। कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में सेलाकुई स्थित सगंध एवं हर्बल केंद्र में मिलावट जांच सुविधा विकसित करने और पांच नए पद सृजित करने की मंजूरी भी दी गई है।

पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए अंतरराष्ट्रीय हिमालयन कार रैली के आयोजन को स्वीकृति दी गई है…जिसमें करीब 50 अंतरराष्ट्रीय वाहन शामिल होंगे।

गृह विभाग से जुड़े प्रस्तावों में उत्तराखंड कारागार नियमावली संशोधन और कारागार अधीनस्थ सेवा नियमावली को मंजूरी दी गई है।

राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को भर्ती प्रक्रियाओं में दस्तावेज सत्यापन के दौरान एक बार विशेष अवसर देने का निर्णय भी लिया गया है।

चारधाम यात्रा में घोड़ा-खच्चरों के लिए 5 प्रतिशत बीमा सहायता देने का फैसला लिया गया है। वहीं पशुपालन विभाग में एम्ब्रियो ट्रांसफर तकनीक के माध्यम से गौवंश सुधार और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की पायलट परियोजना को भी मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने बैठक में दोनों दिवंगत हस्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को राज्य के लिए प्रेरणादायक बताया।

उत्तराखंड में स्थापित हुआ 5211 किलो का विशाल पारद शिवलिंग, रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुआ नाम; जानिए क्यों है खास

Haridwar | ParadShivling | Uttarakhand : धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं के लिए एक नया आध्यात्मिक आकर्षण जुड़ गया है। बहादराबाद टोल प्लाजा के पास स्थित श्री साई शिव गंगा धाम में 5211 किलोग्राम वजनी विशाल पारद शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच संपन्न हुई। इस अवसर पर देशभर से आए कई संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।

धाम प्रबंधन के अनुसार यह पारद शिवलिंग अपने आकार और वजन के कारण विशेष महत्व रखता है। इसका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में सबसे बड़े पारद शिवलिंग के रूप में दर्ज किया जा चुका है। अब इसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की प्रक्रिया भी चल रही है।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2021 में इस शिवलिंग के निर्माण का कार्य शुरू किया गया था। इसे तैयार करने के लिए विशेष कारीगरों और विद्वानों की टीम ने लंबे समय तक मेहनत की। कई वर्षों की प्रक्रिया के बाद यह विशाल शिवलिंग तैयार हुआ और अब इसे श्री साई शिव गंगा धाम में स्थापित किया गया है।

धाम के प्रबंधकों का कहना है कि इस शिवलिंग की स्थापना मानव कल्याण, विश्व शांति और सनातन संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से की गई है। उनका मानना है कि आने वाले समय में यह स्थान देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आस्था केंद्र बन सकता है।

प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान कई प्रमुख संतों और धर्माचार्यों ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने इसे सनातन परंपरा और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक बताया। संतों ने कहा कि हरिद्वार पहले से ही विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी है और इस नए आध्यात्मिक केंद्र के जुड़ने से इसकी पहचान और मजबूत होगी।

आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्त हरिद्वार पहुंचेंगे…जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को इस विशाल पारद शिवलिंग के दर्शन का अवसर मिलेगा। धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से यह स्थापना हरिद्वार के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

उत्तराखंड में 21 जून को NEET परीक्षा, अभ्यर्थियों को मिलेगी फ्री बस यात्रा की सुविधा

NEETUG2026 | FreeBusTravel |UttarakhandNews : उत्तराखंड सरकार ने नीट प्रवेश पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को बड़ी राहत दी है। 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को राज्य परिवहन निगम की साधारण बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी।

परिवहन निगम के अनुसार यह सुविधा गुरुवार रात 12 बजे से शुरू होकर 23 जून की रात 12 बजे तक लागू रहेगी। इस संबंध में महाप्रबंधक क्रांति सिंह ने सभी मंडलीय और डिपो प्रबंधकों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।

अधिकारियों ने कहा कि यह सुविधा केवल उत्तराखंड के निवासी परीक्षार्थियों को मिलेगी। छात्र अपने गृह स्थान से परीक्षा केंद्र तक जाने और परीक्षा के बाद वापस घर लौटने के लिए इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। यात्रा की यह व्यवस्था परीक्षा तिथि से दो दिन पहले और परीक्षा के दो दिन बाद तक मान्य रहेगी। यह सुविधा एक बार के लिए उपलब्ध होगी।

निशुल्क यात्रा के लिए अभ्यर्थियों को बस में अपना नीट प्रवेश पत्र दिखाना होगा। प्रवेश पत्र की हार्ड कॉपी के साथ-साथ मोबाइल में मौजूद सॉफ्ट कॉपी भी मान्य होगी। टिकट मशीनों में नीट परीक्षा का विशेष विकल्प उपलब्ध कराया गया है…जिससे निशुल्क टिकट जारी किए जा सकेंगे।

यदि किसी बस में टिकट मशीन पर यह विकल्प उपलब्ध नहीं होता है…तो परिचालक विशेष बिल पर परीक्षार्थी का रोल नंबर, नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करेगा। परिवहन निगम मुख्यालय ने सभी डिपो को परीक्षार्थियों की संख्या के अनुसार पर्याप्त बसें उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।

सरकार के इस फैसले से दूर-दराज के क्षेत्रों से परीक्षा देने आने वाले छात्रों को आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में भी सुविधा होगी।

खुशखबरी: मेरठ से ऋषिकेश तक दौड़ेगी नमो भारत ट्रेन, ढाई घंटे में पूरा होगा सफर

Namo Bharat Train | Meerut Rishikesh RRTS |Pushkar Singh Dhami : उत्तराखंड के लोगों और तीर्थयात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन (आरआरटीएस) चलाने की दिशा में महत्वपूर्ण सहमति बन गई है। उत्तराखंड सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) इस परियोजना को आगे बढ़ाने पर सहमत हो गए हैं। अब जल्द ही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए सर्वे शुरू किया जाएगा।

दिल्ली से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन का संचालन पहले ही शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार इस सेवा को उत्तराखंड तक बढ़ाने की मांग कर रहे थे। उन्होंने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर इस संबंध में प्रस्ताव भी दिया था। इसके बाद ट्रेन को मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक विस्तारित करने पर सहमति बनी।

परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने अपर सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। एनसीआरटीसी ने भी अपना नोडल अधिकारी तय कर दिया है। उत्तर प्रदेश सरकार की सहमति मिलने के बाद अब करीब 150 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित ट्रैक के सर्वे की तैयारी शुरू हो गई है।

प्रस्ताव के अनुसार नया ट्रैक मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होकर मुजफ्फरनगर, रुड़की और हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक जाएगा। इस परियोजना का लगभग 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश और 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखंड में होगा।

नमो भारत ट्रेन शुरू होने से दिल्ली और उत्तराखंड के बीच यात्रा पहले से कहीं अधिक तेज और सुविधाजनक हो जाएगी। वर्तमान में दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचने में सड़क मार्ग से लगभग 5 से 6 घंटे लगते हैं…जबकि हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन के संचालन के बाद यह सफर करीब ढाई से तीन घंटे में पूरा किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन सेवा का विस्तार राज्य की कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगा। इससे तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आधुनिक, सुरक्षित और तेज परिवहन सुविधा मिलेगी। साथ ही राज्य में विकास और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे