
TRENDING NEWS










MartyrTribute | PushkarSinghDhami |AlmoraNews: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को अल्मोड़ा के पांडेखोला स्थित शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के आवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहीद के माता-पिता, भाई और अन्य परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा परिवार के दुख में सहभागी बने।
मुख्यमंत्री ने शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश की रक्षा करते हुए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीद कभी मरते नहीं…बल्कि अपने साहस और देशभक्ति के कारण अमर हो जाते हैं। आने वाली पीढ़ियां भी उनके अदम्य साहस और समर्पण से प्रेरणा लेती रहेंगी।
मुख्यमंत्री ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और उन्हें भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान और उनके परिवारों की देखभाल सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा में शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी की स्मृति में एक भव्य प्रवेश द्वार (गेट) बनाए जाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि यह स्मारक युवाओं को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगा।
गौरतलब है कि लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी हाल ही में जम्मू-कश्मीर के राजौरी क्षेत्र में सेना के एक अभियान के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनकी शहादत से पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद का बलिदान केवल उनके परिवार का नहीं….बल्कि पूरे देश का गौरव है। राज्य सरकार परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी और उनके सम्मान में आवश्यक कदम उठाएगी।
इस दौरान मेयर अजय वर्मा, दायित्वधारी गोविंद सिंह पिलख्वाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
Haldwani | CCTVFootage | TheftCase : शहर में चोरी की घटनाओं के बीच एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। वार्ड नंबर-9 आनंदपुरी महेशनगर क्षेत्र में एक युवक घर के बाहर सूख रहे कपड़े चोरी कर ले गया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई…जिसके बाद यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार तड़के करीब 3:22 बजे एक अज्ञात युवक घर की दीवार फांदकर अंदर घुस गया। इसके बाद उसने बाहर सूख रहे कपड़ों को इकट्ठा किया और मौके से फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में युवक की पूरी गतिविधि साफ दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी ने बिना किसी डर के वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि अब चोर घरों के बाहर रखे सामान के साथ-साथ सूख रहे कपड़ों को भी निशाना बना रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद लोगों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने और संदिग्ध लोगों पर नजर रखने की मांग की है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने की भी मांग की गई है।
कोतवाली पुलिस ने कहा कि वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
Rudraprayag | NihangIssue | SecurityAlert : रुद्रप्रयाग जिले के नगरासू घोलतीर स्थित गुरुद्वारा दमदमा साहिब में रविवार को भी निहंगों की मौजूदगी बनी रही। स्थिति को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस, आईटीबीपी और अन्य सुरक्षा बल लगातार मौके पर तैनात हैं। प्रशासन की ओर से निहंगों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम कुछ निहंग हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान गुरुद्वारे पहुंचे थे। इसके बाद गुरुद्वारे में विवाद की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई थी।
इधर कर्णप्रयाग में भी एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हाल ही में हुई मारपीट और तलवार से हमले की घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिले की सीमाओं और प्रमुख मार्गों पर पुलिस, पीएसी और आईटीबीपी के जवान तैनात किए गए हैं।
प्रशासन ने कर्णप्रयाग क्षेत्र में 27 जून तक निषेधाज्ञा लागू कर दी है। इसके तहत बिना अनुमति बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंटरनेट सेवा भी अस्थायी रूप से बंद की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में स्थिति नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। हेमकुंड साहिब और बदरीनाथ धाम की यात्रा भी सामान्य रूप से जारी है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बल तैयार हैं।
International Yoga Day : Yoga Hub Haldwani : Yoga Camp : 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) मंडल कार्यालय हल्द्वानी और ‘द योग हब ’ के संयुक्त तत्वावधान में कमुलुआगांजा में योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रही। कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों, योग प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में पीएनबी मंडल कार्यालय के प्रमुख सिद्धार्थ अधिकारी, एमबीजीपीजी कॉलेज हल्द्वानी की प्रोफेसर ममता पंत और जिला पंचायत सदस्य डॉ. छवि कांडपाल बोरा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और योग को स्वस्थ समाज की मजबूत नींव बताया।
सुबह आयोजित योग सत्र का संचालन योग विशेषज्ञ प्रभाकर ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान और विश्राम तकनीकों का अभ्यास कराया। योग विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है…मानसिक तनाव कम होता है और बढ़ती उम्र में भी व्यक्ति ऊर्जावान बना रहता है।
इस अवसर पर पीएनबी मंडल प्रमुख सिद्धार्थ अधिकारी ने कहा कि बैंक सामाजिक जिम्मेदारियों के तहत लोगों के स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने के लिए भी लगातार प्रयास करता है। उन्होंने योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन की कुंजी बताया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं…बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से तनाव, चिंता और कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव संभव है।
कार्यक्रम का समापन स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जीने के संकल्प तथा सामूहिक प्रार्थना के साथ हुआ।
DehradunTraffic : MussoorieTourism ; WeekendRush: वीकेंड पर मसूरी, ऋषिकेश और चकराता जाने वाले पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दून पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। रविवार को ट्रैफिक का दबाव बढ़ने पर चरणबद्ध तरीके से डायवर्जन योजना लागू की जाएगी…ताकि लोगों को जाम की परेशानी से राहत मिल सके।
पुलिस ने देहरादून, मसूरी और ऋषिकेश के लिए अलग-अलग ट्रैफिक प्लान तैयार किए हैं। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने पर्यटकों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रैफिक अपडेट लेने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
मसूरी के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार
दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से आने वाले पर्यटकों को मसूरी के लिए आईएसबीटी, शिमला बाईपास, बल्लीवाला फ्लाईओवर, बल्लूपुर और कुठालगेट मार्ग से भेजा जाएगा। यदि वाहनों का दबाव अधिक बढ़ता है तो ट्रांसपोर्ट नगर से किमाड़ी और हाथीपांव मार्ग का उपयोग किया जाएगा।
पार्किंग भरते ही बदलेगी व्यवस्था
मसूरी में पार्किंग की क्षमता 90 प्रतिशत तक भरने पर पर्यटक वाहनों को किंग क्रेग पार्किंग में रोका जाएगा। इसके बाद पर्यटकों को स्थानीय टैक्सी सेवाओं का उपयोग करना होगा। यदि यह पार्किंग भी भर जाती है तो वाहनों को हाथीपांव रोड होते हुए जीरो प्वाइंट की ओर भेजा जाएगा…जहां अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
ऋषिकेश के लिए तीन स्तरीय ट्रैफिक प्लान
ऋषिकेश में यातायात को सुचारु रखने के लिए ए, बी और सी प्लान तैयार किए गए हैं। सामान्य स्थिति में वाहनों को नेपाली फार्म, श्यामपुर, नटराज चौक और भद्रकाली मार्ग से भेजा जाएगा। ट्रैफिक बढ़ने पर लालतप्पड़ और रानीपोखरी मार्ग का इस्तेमाल किया जाएगा।
अत्यधिक दबाव होने पर वाहनों को नरेंद्रनगर और प्लासड़ा चौकी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
शहर में भी रहेगी सख्ती
देहरादून शहर के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में भी जरूरत के अनुसार डायवर्जन लागू किए जाएंगे। नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया जाएगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
भारी वाहनों पर प्रतिबंध
पीक आवर्स के दौरान नेपाली फार्म क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। उन्हें केवल निर्धारित समय के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
इसके अलावा चंद्रभागा पुल से जयराम आश्रम तिराहे तक ऑटो और विक्रम वाहनों के लिए जीरो जोन घोषित किया गया है। बड़े पर्यटक वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा।
पुलिस ने पर्यटकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यातायात नियमों का पालन कर यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाया जा सकता है।
DhamiGovernment : LabourWelfare : DBTTransfer : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के तहत 4,400 से अधिक श्रमिकों को बड़ी राहत दी। मुख्यमंत्री ने एक कार्यक्रम के दौरान डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से करीब 11 करोड़ रुपये की सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी।
मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में वन क्लिक के जरिए यह राशि विवाह सहायता, मृत्यु उपरांत अनुदान, प्रसूति सुविधा और शिक्षा सहायता जैसी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत जारी की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के कल्याण और उनकी सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाए जाएं और पात्र श्रमिकों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि श्रमिकों को जरूरी सामग्री और सुविधाएं उनके कार्यस्थलों के आसपास उपलब्ध कराई जाएं…ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी और बोर्ड से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने पिछले एक वर्ष के दौरान 24,323 श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 93 करोड़ 6 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। इससे हजारों श्रमिक परिवारों को राहत मिली है और उनकी सामाजिक सुरक्षा को मजबूती मिली है।
Tuberculosis Alert | Health Screening | Uttarakhand Health : उत्तराखंड में तपेदिक (टीबी) को लेकर स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ती जा रही है। प्रदेश के कई गांवों में संक्रमण के मामले सामने आने के बाद सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और जांच अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में 4216 ऐसे गांव चिन्हित किए गए हैं जहां टीबी संक्रमण का खतरा अधिक है। इनमें 3947 गांवों को हाई-रिस्क श्रेणी में रखा गया है…हालांकि अब तक केवल 2493 गांवों में ही स्क्रीनिंग का काम पूरा हो पाया है। बड़ी संख्या में गांव अभी भी जांच के दायरे से बाहर हैं।
बताया गया है कि हर वर्ष प्रदेश में करीब 28 हजार नए टीबी मरीज सामने आ रहे हैं। यही वजह है कि सरकार इस बीमारी की रोकथाम और समय पर जांच को लेकर गंभीर नजर आ रही है। स्क्रीनिंग अभियान की धीमी प्रगति वाले जिलों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
उत्तरकाशी, टिहरी, चमोली, पौड़ी, देहरादून, नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और हरिद्वार जैसे जिलों में जांच की रफ्तार अपेक्षाकृत कम है। इन क्षेत्रों में अभी तक लक्षित आबादी के बड़े हिस्से की स्क्रीनिंग नहीं हो सकी है।
केंद्र सरकार ने उत्तराखंड में 14 लाख ग्रामीणों की जांच का लक्ष्य निर्धारित किया है। अब तक करीब पांच लाख लोगों की स्क्रीनिंग पूरी हुई है…जबकि दस लाख से अधिक लोगों की जांच अभी बाकी है।
प्रदेश में टीबी नियंत्रण कार्यक्रम के तहत 13 जिला टीबी केंद्र, 98 ब्लॉक स्तरीय इकाइयां और 157 जांच केंद्र कार्यरत हैं। इसके अलावा 131 आधुनिक जांच मशीनें और 33 पोर्टेबल एक्स-रे मशीनों की मदद से अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। जल्द ही 19 नई मशीनें भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि समय पर जांच और उपचार से टीबी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। इसके लिए लोगों से भी स्वास्थ्य जांच अभियान में सहयोग करने की अपील की गई है।
kashipur | FactoryIncident | SamirCase : उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित एक फैक्ट्री में हुई दर्दनाक घटना में एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सहकर्मियों की कथित शरारत के दौरान एयर प्रेशर मशीन से शरीर में हवा भर दिए जाने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। कई दिनों तक अस्पताल में इलाज चलने के बाद उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार काशीपुर निवासी समीर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में स्थित एक निजी कंपनी में सफाई कर्मचारी के रूप में काम करता था। 16 जून की सुबह वह अपने अन्य साथियों के साथ ड्यूटी पर था। इसी दौरान एक सहकर्मी एयर प्रेशर मशीन से सफाई का काम कर रहा था।
आरोप है कि मजाक के तौर पर सहकर्मी ने समीर के शरीर में प्रेशर पाइप लगाकर हवा छोड़ दी। इसके बाद समीर की हालत अचानक बिगड़ गई…और उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन को सूचना दी गई और घायल समीर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने कहा कि अत्यधिक दबाव के कारण उसकी आंतों को गंभीर नुकसान पहुंचा था। हालत लगातार नाजुक बनी रही…और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। फैक्ट्री प्रबंधन की शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए काशीपुर निवासी दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
परिजनों ने कहा कि समीर परिवार का इकलौता बेटा था और अपनी चार बहनों की जिम्मेदारी संभाल रहा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अंतिम संस्कार के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।
Heatwave | Uttarakhand Weather | Temperature Rise : कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया…जिससे दिनभर लोगों को तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ा।
सुबह से ही सूरज की तपिश महसूस होने लगी थी। दोपहर होते-होते गर्मी का असर इतना बढ़ गया कि जरूरी काम से बाहर निकले लोग पसीने से तरबतर नजर आए। तेज धूप के कारण सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल दिखाई दी।
गर्मी से राहत पाने के लिए कई लोग पेड़ों की छांव और ठंडी जगहों का सहारा लेते दिखे। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी दोपहर के समय लोगों की आवाजाही कम रही।
मौसम विभाग ने कहा कि गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 25 जून तक मौसम शुष्क बना रहेगा और इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में लोगों को गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीने, धूप में निकलते समय सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
Uttarakhand : SOG Constable : Gym Incident : उत्तराखंड पुलिस में तैनात एक एसओजी जवान की जिम में व्यायाम करते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस विभाग और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से पिथौरागढ़ निवासी और वर्तमान में बनबसा के भजनपुर क्षेत्र में रहने वाले 38 वर्षीय गिरीश भट्ट उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) इकाई में कार्यरत थे। वह पिछले करीब तीन वर्षों से नियमित रूप से जिम में व्यायाम कर रहे थे।
बताया गया कि शुक्रवार दोपहर वह रोज की तरह जिम पहुंचे थे। व्यायाम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़े। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और उपचार के लिए ऊधम सिंह नगर के खटीमा स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार प्रारंभिक तौर पर हृदय गति रुकने को मौत का कारण माना जा रहा है। हालांकि विस्तृत जानकारी मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
गिरीश भट्ट के निधन की खबर मिलते ही उनके परिवार में मातम छा गया। उनकी पत्नी गृहिणी हैं और उनके दो पुत्र पढ़ाई कर रहे हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सहकर्मियों ने कहा कि गिरीश भट्ट एक मेहनती, ईमानदार और तेज दिमाग के जवान थे। उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों के खुलासे में अहम भूमिका निभाई थी। उनके असामयिक निधन से पुलिस विभाग ने एक कर्तव्यनिष्ठ जवान खो दिया है।