





Uttarakhand News: Weather: Alert: अगले पाँच दिनों के दौरान उत्तराखंड में मौसम बेहद खराब रहने के आसार हैं। 16 सितम्बर से 20 सितम्बर 2025 तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज से अति तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
विशेष रूप से देहरादून, चम्पावत, नैनीताल, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर जिलों के लिए सतर्कता बरतने की कड़ी आवश्यकता है। इन जिलों में लगातार भारी वर्षा से भूस्खलन, जलभराव और नदियों-नालों में जलस्तर बढ़ने का खतरा बना रहेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से यात्रा न करें और नदी-नालों के किनारे जाने से बचें।
भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल को अलर्ट कर दिया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क अवरोध, यातायात बाधित होने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने जैसी समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं।
राज्य सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी किए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें। सतर्कता और सजगता ही इस कठिन परिस्थिति से सुरक्षित रहने का सबसे प्रभावी उपाय है।
हल्द्वानी: आर्यमान विक्रम बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ़ लर्निंग के छात्र आयुष ओबेरॉय ने अपनी शानदार सफलता से स्कूल और शहर का नाम रोशन किया है। आयुष ने कक्षा 1 में पढ़ते हुए एसओएफ (SOF) नेशनल साइंस ओलंपियाड 2024–25 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में आयुष ने पूरे 40 में से 40 अंक हासिल किए। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने स्कूल रैंक 1, रीजनल रैंक 1, ज़ोनल रैंक 1 और इंटरनेशनल रैंक 1 हासिल कर इतिहास रच दिया।
उनकी मेहनत और प्रतिभा को सम्मानित करते हुए उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक, गोल्ड मेडल ऑफ़ डिस्टिंक्शन, उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रमाणपत्र और ₹8,333 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। आयुष की यह सफलता न सिर्फ उनके लिए बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है। इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान पाना वास्तव में प्रेरणादायक उपलब्धि है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत और लगन से पढ़ाई करने की प्रेरणा देती है। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक और अभिभावक आयुष की इस सफलता पर बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दे रहे हैं।
Uttarakhand: Haldwani: कौशल एकेडमी इंटरनेशनल मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (KAIIMT) ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। संस्थान के दो प्रतिभाशाली छात्रों का चयन प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय इंटर्नशिप प्रोग्राम के लिए दुबई में हुआ है। यह अवसर उन्हें होटल मैनेजमेंट के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अनुभव हासिल करने और करियर को नई दिशा देने का मौका प्रदान करेगा।
दोनों छात्र संस्थान द्वारा संचालित इंटरनेशनल डिप्लोमा इन होटल मैनेजमेंट (IDHM) कोर्स में अध्ययनरत हैं। इस कोर्स की विशेषता यह है कि इसमें विद्यार्थियों को दो वर्ष का विदेशी इंटर्नशिप प्रोग्राम शामिल किया गया है, जिससे उन्हें न केवल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग मिलती है बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार की कार्यप्रणाली को भी करीब से समझने का अवसर मिलता है।
संस्थान के प्रिंसिपल डायरेक्टर डॉ. रवि शंकर शर्मा ने इस उपलब्धि पर छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि कौशल एकेडमी हमेशा से निर्धन और प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए समर्पित रही है। यहां छात्रों को होटल मैनेजमेंट कोर्स में विशेष शुल्क छूट और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है, ताकि कोई भी आर्थिक स्थिति उनकी प्रगति में बाधा न बन सके।
उन्होंने कहा कि इन छात्रों का चयन केवल उनके परिवारों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। यह साबित करता है कि अवसर और सही मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले युवा भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं।
Uttarakhand: Udham Singh Nagar: Kaladhungi: फेसबुक पर शुरू हुई एक दोस्ती ने एक युवती की जिंदगी को बड़ा झटका दे दिया। मामला उत्तराखंड के उधम सिंह नगर से सामने आया है, जहाँ एक महिला ने युवक पर अपनी पहचान छिपाकर उसे धोखा देने, शादी का झांसा देकर संबंध बनाने और बेटी के जन्म के बाद घर से निकालने का गंभीर आरोप लगाया है।
दो साल पहले हुई पहचान
जानकारी के मुताबिक, अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखने वाली युवती की दो वर्ष पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए बाजपुर निवासी एक युवक से जान-पहचान हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर रिश्ते में बदल गई। युवती उसके भरोसे में आकर कालाढूंगी क्षेत्र में किराए पर मकान लेकर उसके साथ रहने लगी। इस दौरान युवक ने कथित तौर पर अपनी असली पहचान छिपाई और विवाह का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।
बेटी के जन्म के बाद खुला राज
पीड़िता ने बताया कि करीब 18 दिन पहले उसने बेटी को जन्म दिया। जब उसने युवक से विवाह करने की मांग की, तो उसने साफ मना कर दिया। आरोप है कि तब युवक ने यह स्वीकार किया कि वह पहले से शादीशुदा है और दूसरे धर्म से ताल्लुक रखता है। यह सुनकर युवती को गहरा सदमा लगा।
परिजनों पर मारपीट का आरोप
युवती ने अपनी शिकायत में यह भी दर्ज कराया है कि 11 सितंबर को जब वह आरोपी के घर पहुंची तो उसके परिजनों ने कथित रूप से जातिसूचक टिप्पणियां कीं, उसके साथ मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई।
पुलिस जांच में जुटी
पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है और जांच पूरी होने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पीड़िता और उसकी नवजात की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
Uttarakhand: Illegal tomb demolished: उत्तराखंड सरकार द्वारा अवैध धार्मिक संरचनाओं को हटाने का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। ताजा कार्रवाई में नैनीताल जिले के रामनगर और ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर क्षेत्र में कई अवैध मजारों को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों के अनुसार ये मजारें निजी और सरकारी भूमि पर बिना अनुमति के बनाई गई थीं और दस्तावेज मांगे जाने पर संचालक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाए।
रामनगर में तीन मजारें हटाई गईं
रामनगर उपजिला मजिस्ट्रेट (एसडीएम) प्रमोद कुमार के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम लूटाबढ़, शिवलालपुर-रियूनिया और मोहल्ला चोरपानी में बनी तीन मजारों को हटाने की कार्रवाई की। करीब चार घंटे चली इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय जमीन मालिकों और संचालकों से पूछताछ की गई। प्रशासन ने बताया कि जमीन मालिकों ने स्वयं अपनी भूमि से अवैध संरचनाएं हटाने की मांग की थी।
अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई से पहले संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर दस्तावेज प्रस्तुत करने का समय दिया गया था। तय समयसीमा समाप्त होने के बाद जब कोई वैध प्रपत्र नहीं मिला, तो मजारों को ध्वस्त कर दिया गया।
काशीपुर में मंदिर भूमि पर बनी मजार पर बुलडोजर
इसी क्रम में काशीपुर तहसील के ग्राम कचनाल गुसाईं में मंदिर की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित एक मजार को सुबह प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हटवा दिया। एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले में 27 अगस्त को नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित अवधि में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर यह कार्रवाई की गई।
राज्यव्यापी अभियान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर पूरे उत्तराखंड में अवैध धार्मिक संरचनाओं के खिलाफ यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आधिकारिक आँकड़ों के अनुसार अब तक 553 अवैध धार्मिक संरचनाएं, जिनमें से अधिकांश मजारें थीं, ध्वस्त की जा चुकी हैं। इसके साथ ही सरकार लगभग 9,000 एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त करा चुकी है।
सरकार का कहना है कि धार्मिक स्थलों का सम्मान किया जाएगा, लेकिन धार्मिक नाम पर जमीनों पर कब्जा किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। अधिकारियों के अनुसार हर मामले में पहले नोटिस और सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की जाती है और केवल वैधता सिद्ध न होने पर ही कार्रवाई की जाती है।
इन कार्रवाइयों से क्षेत्रीय स्तर पर मिलेजुले प्रतिक्रियाएँ सामने आ रही हैं। कुछ स्थानीय लोग इसे भूमि संरक्षण और कानून-व्यवस्था की दिशा में मजबूत कदम मान रहे हैं, जबकि कुछ समुदाय इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताकर असंतोष भी जता रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि पूरी प्रक्रिया कानूनी दायरे में की जा रही है और किसी भी प्रकार की शांति भंग न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। सरकार ने साफ संकेत दिए हैं कि धार्मिक संरचनाओं के नाम पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Piyush Dimri: Army: Chamoli: उत्तराखंड के युवा आज हर क्षेत्र में अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। चाहे खेल हो, शिक्षा, विज्ञान या फिर सेना—यहां के युवाओं ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल सफलता हासिल की है, बल्कि प्रदेश का नाम भी रोशन किया है। भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना में भी उत्तराखंड के अनगिनत युवा अहम जिम्मेदारियों का निर्वहन कर देश की सेवा कर रहे हैं।
इसी कड़ी में चमोली जिले के एक और होनहार युवा ने अपनी उपलब्धि से पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। कर्णप्रयाग के नाकोट गांव निवासी पीयूष डिमरी हाल ही में भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने हैं।
पीयूष ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ज्योति विद्यालय, ज्योर्तिमठ से प्राप्त की। इंटरमीडिएट की पढ़ाई उन्होंने देहरादून स्थित बलूनी क्लासेज से पूरी की और इसके बाद ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया। तकनीकी पृष्ठभूमि से जुड़े पीयूष ने पिछले वर्ष शॉर्ट सर्विस कमीशन (टेक्निकल एंट्री) में सफलता हासिल की। हाल ही में बिहार के गया में आयोजित पासिंग आउट परेड में उन्हें ‘बेस्ट कैडेट’ का सम्मान भी मिला।
वर्तमान में पीयूष सेना की सातवीं कुमाऊं रेजिमेंट में लेफ्टिनेंट पद पर लखनऊ में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनके पिता उमेश डिमरी राजकीय इंटर कॉलेज सरणा ऐरास में विज्ञान के प्रवक्ता हैं, जबकि माता रजनी देवी गृहणी हैं। परिवार में रक्षा सेवाओं का गहरा प्रभाव रहा है। पीयूष के चाचा मुकेश डिमरी पुलिस विभाग में एसआई के पद पर कार्यरत हैं और एक अन्य चाचा भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे हैं। इन्हीं से प्रेरणा लेकर पीयूष ने फौज में जाने का सपना पूरा किया।
पीयूष की इस बड़ी उपलब्धि के बाद न केवल उनके गांव बल्कि पूरे इलाके में जश्न का माहौल है। लोग लगातार उन्हें और उनके परिवार को बधाइयां दे रहे हैं और क्षेत्र के युवा उनके जीवन से प्रेरणा ले रहे हैं।
Nainital: Lower Mall Road:Treatment अधिशासी अभियंता, प्रान्तीय खण्ड नैनीताल द्वारा लोअर माल रोड (ग्रांड होटल के समीप) में भू-धसाव वाले हिस्से पर दीर्घकालिक उपचारात्मक कार्य शुरू किया गया है। कार्य के दौरान मार्ग पर यातायात संचालन सुरक्षित न होने के कारण जिला प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी है।
जारी आदेश के अनुसार तल्त्तली चर्च के सामने से लोअर माल रोड होकर लोअर माल रोड मल्लीताल तक सभी वाहनों का प्रवेश एवं निकासी तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित रहेगी। यह प्रतिबंध आगामी आदेश तक लागू रहेगा। हालांकि, माल रोड से सुबह 6 बजे से 8 बजे तक आपातकालीन स्थिति में ही वाहन प्रवेश की अनुमति होगी।
जिलाधिकारी नैनीताल ने इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान पुलिस एवं संबंधित विभागों को आवश्यक यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है।
Weather: Pithoragarh: Schools: Rain: Alert: मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार पिथौरागढ़ जनपद में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इसके मद्देनजर पिथौरागढ़ जनपद के विकास खंड धारचूला, मुनस्यारी व डीडीहाट में 16 सितम्बर 2025 (मंगलवार) को 1 से 12वीं कक्षा तक के विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
Uttarakhand News: Cricket: WUPL: Bindukhatta: उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्र बिंदुखत्ता की बेटियाँ आज अपनी मेहनत और समर्पण से पूरे प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना रही हैं। SMT. अमृती देवी क्रिकेट एकेडमी की छह प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों का चयन हाल ही में Women’s Uttarakhand Premier League (WUPL) के लिए हुआ है। यह उपलब्धि न केवल अकादमी के लिए, बल्कि पूरे बिंदुखत्ता क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
चयनित खिलाड़ी – कंचन परिहार, ज्योति गिरी, गायत्री आर्या, सिद्धि पांडेय, कल्पना वर्मा और वैशाली तुलेरा।
ये सभी खिलाड़ी हरीश पवार स्कूल, बिंदुखत्ता में संचालित SMT. अमृती देवी क्रिकेट एकेडमी में निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। सीमित संसाधनों वाले इस क्षेत्र में बेटियों को उच्च गुणवत्ता की कोचिंग देना अपने आप में एक प्रेरणादायक प्रयास है।
एकेडमी की मेहनत का परिणाम यह है कि कंचन परिहार, ज्योति गिरी और सिद्धि पांडेय को Western Railways, मुंबई में नौकरी मिली है। यह उपलब्धि इन खिलाड़ियों की लगन, अनुशासन और समर्पण का प्रमाण है।
इससे पहले वर्ष 2021-22 में उत्तराखंड महिला क्रिकेट टीम ने नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता था। उस टीम में अमृती देवी क्रिकेट अकादमी की पाँच बेटियाँ भी शामिल थीं, जिसने बिंदुखत्ता का नाम रोशन किया। यही नहीं, वर्ष 2018-19 में उत्तराखंड को उसका पहला महिला क्रिकेट कप्तान भी इसी अकादमी से मिला था।
आज जब खेल करियर का नया विकल्प बन चुका है, तो यह अकादमी इस बात का सशक्त उदाहरण है कि यदि खिलाड़ियों को सही मार्गदर्शन और अवसर दिए जाएं, तो वे किसी भी मंच पर अपनी छाप छोड़ सकते हैं। बिंदुखत्ता की ये बेटियाँ पूरे उत्तराखंड और देश के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।
हल्द्वानी: भारतीय जनता पार्टी ने हाल ही में अपनी नई प्रदेश टीम का गठन किया है। इस टीम में नैनीताल जिले के ज्योलीकोट निवासी महेंद्र सिंह नेगी को प्रदेश किसान मोर्चा की कमान सौंपी गई है। पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय नेगी लगातार दो बार किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। किसानों के मुद्दों पर उनकी मुखरता और संगठन के प्रति समर्पण ने उन्हें कार्यकर्ताओं के बीच अलग पहचान दिलाई है।
नेगी का राजनीतिक सफर हमेशा से ही किसानों की समस्याओं और उनके समाधान के लिए समर्पित रहा है। चाहे फसल का उचित मूल्य हो, सिंचाई की व्यवस्था या फिर कृषि संबंधी योजनाओं का क्रियान्वयन, नेगी ने हर स्तर पर आवाज उठाई है। यही वजह रही कि प्रदेश नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें इस बार किसान मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया।
बीजेपी कार्यकर्ताओं का मानना है कि नेगी के नेतृत्व में किसान मोर्चा को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। प्रदेशभर के किसान नेताओं और कार्यकर्ताओं में भी उनके अध्यक्ष बनने को लेकर उत्साह का माहौल है। पार्टी को उम्मीद है कि नेगी के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से न केवल किसानों की आवाज और बुलंद होगी, बल्कि मोर्चा भी मजबूत होगा।