
TRENDING NEWS










Haldwani: Nainital: Helmet: Petrol: जनपद नैनीताल में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ नियम का प्रभावी क्रियान्वयन शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडे द्वारा जिला पूर्ति अधिकारी को इस संबंध में पत्र जारी किया गया, जिसके बाद अब जिले के पेट्रोल पंपों पर इस नियम का पालन भी शुरू हो गया है।
प्रशासन के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ के जागरूकता बोर्ड लगाए गए हैं और बिना हेलमेट आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न देने के नियम का अनुपालन कराया जा रहा है। परिवहन विभाग और जिला प्रशासन लगातार इसकी निगरानी भी कर रहे हैं।
इसके साथ ही नैनीताल जनपद के सभी प्रमुख एंट्री प्वाइंट पर टैक्सी एवं बाइक रेंटल के प्रतिबंध संबंधी सूचना बोर्ड भी स्थापित कर दिए गए हैं। इन बोर्डों के माध्यम से पर्यटकों और वाहन चालकों को जिले में लागू नियमों की पहले से जानकारी दी जा रही है, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
आरटीओ अरविंद पांडे द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि हाल के दिनों में दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में मृत्यु और गंभीर चोटों के मामलों में वृद्धि हुई है, जिनमें अधिकांश मामलों में हेलमेट न पहनना प्रमुख कारण पाया गया। इसी को देखते हुए सड़क सुरक्षा के हित में यह निर्णय लिया गया है।
जिला प्रशासन का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य लोगों को दंडित करना नहीं, बल्कि हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और जनपद में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
Congress | GaneshGodiyal | Pithoragarh | UttarakhandPolitics : उत्तराखंड कांग्रेस ने पिथौरागढ़ में आयोजित परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में हुए विवाद को गंभीरता से लिया है। पार्टी ने मंच पर हुई अनुशासनहीनता के मामले में तीन नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर जवाब देने को कहा है। वहीं पिथौरागढ़ जिला महिला कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी को भी तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है।
प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि परिवर्तन संकल्प सम्मेलन प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान महेंद्र सिंह लुंठी, दीपक और जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष भावना नगरकोटी द्वारा मंच पर की गई गतिविधियों को पार्टी ने अनुशासनहीनता माना है। तीनों नेताओं से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी नेता को अपनी बात रखनी थी तो उसके लिए पार्टी के भीतर उचित मंच उपलब्ध था। प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में सार्वजनिक मंच से इस तरह का व्यवहार संगठन की मर्यादा के अनुरूप नहीं है।
दरअसल सम्मेलन के दौरान भावना नगरकोटी ने अपने संबोधन में नगर निकाय चुनाव और पार्टी से जुड़े कुछ मुद्दे उठाए। इसके बाद विधायक मयूख महर नाराज होकर अपने समर्थकों के साथ सभागार से बाहर चले गए। इसी दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने गणेश गोदियाल की मौजूदगी में नारेबाजी शुरू कर दी…जिससे कार्यक्रम का माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को संभालने के लिए स्वयं गणेश गोदियाल को अपनी सीट से उठकर हस्तक्षेप करना पड़ा…लेकिन तब तक विवाद बढ़ चुका था।
घटना के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने पूरे मामले को अनुशासन समिति के पास भेजने का निर्णय लिया है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने आदेश जारी कर पिथौरागढ़ जिला महिला कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। आदेश में कहा गया है कि संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
UpperPCS | UKPSC | UttarakhandJob : उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने संकेत दिए हैं कि अपर पीसीएस के 63 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। आयोग को इन पदों का प्रस्ताव प्राप्त हो चुका है और विज्ञापन जारी करने की तैयारी अंतिम चरण में है।
आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने जानकारी देते हुए कहा कि विभागों से प्राप्त प्रस्ताव का परीक्षण किया जा रहा है। प्रक्रिया पूरी होते ही भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा।
आयोग के अनुसार अपर पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा (प्री) अक्टूबर 2026 में आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारी तेज कर दें।
गौरतलब है कि प्रदेश के हजारों अभ्यर्थी लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार कर रहे थे। अब आयोग की ओर से भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट होने के बाद युवाओं में उत्साह बढ़ गया है। विज्ञापन जारी होने के बाद आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, आयु सीमा और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी आयोग की ओर से सार्वजनिक की जाएगी।
AnganwadiRecruitment | UttarakhandJobs : उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने राज्य के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती और आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 30 जून 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक महिला अभ्यर्थी 29 जुलाई 2026 की शाम 5 बजे तक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकती हैं।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ती को 9,300 रुपये प्रतिमाह और आंगनबाड़ी सहायिका को 5,250 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया केवल महिला अभ्यर्थियों के लिए होगी।
आवेदन करने वाली अभ्यर्थी का उत्तराखंड सरकार से मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित राजस्व ग्राम और शहरी क्षेत्रों में संबंधित वार्ड की स्थायी निवासी महिलाएं ही आवेदन की पात्र होंगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। अंतिम तिथि के बाद किसी भी आवेदन में संशोधन की अनुमति नहीं होगी। भर्ती से जुड़ी सभी पात्रता, नियम और आवश्यक दिशा-निर्देश विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की अंकतालिका, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर या वोटर आईडी/राशन कार्ड (क्षेत्र के अनुसार), आरक्षण प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे।
विभाग ने यह भी कहा है कि यदि किसी आवेदन में गलत या अपूर्ण जानकारी पाई जाती है तो उसे निरस्त किया जा सकता है। साथ ही भर्ती प्रक्रिया से जुड़े किसी भी संशोधन की जानकारी समय-समय पर विभागीय पोर्टल पर जारी की जाएगी। इसलिए अभ्यर्थियों को नियमित रूप से वेबसाइट देखते रहने की सलाह दी गई है।
Uttarakhand | Road Development | Nitin Gadkari | Pushkar Singh Dhami : उत्तराखंड में सड़क संपर्क और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में राज्य की कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर चर्चा हुई और करीब 7 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
बैठक में केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (CRIF) के तहत वर्ष 2026-27 के लिए लगभग 750 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी देने पर सहमति बनी। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी पांच प्रमुख परियोजनाओं जिनकी अनुमानित लागत करीब 2,966 करोड़ रुपये है…उन्हें भी स्वीकृति देने पर सहमति बनी।
इन परियोजनाओं में श्रीनगर बाईपास, पुरकाजी-लक्सर-हरिद्वार फोरलेन, लोहाघाट और पिथौरागढ़ बाईपास, मझोला-खटीमा फोरलेन विस्तार तथा रामनगर-रानीखेत मार्ग के सुदृढ़ीकरण जैसे कार्य शामिल हैं।
बैठक में हरिद्वार बाईपास और कोटद्वार बाईपास परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों से अन्य मार्गों को जोड़ने के लिए लगभग 3 हजार करोड़ रुपये की स्पर परियोजनाओं और अल्मोड़ा क्षेत्र में टनल सहित नई सड़क परियोजना पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में वैज्ञानिक समाधान, सीमा सड़क संगठन की लंबित परियोजनाओं को शीघ्र मंजूरी तथा पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए भी कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से राज्य में सड़क संपर्क मजबूत होगा, सीमांत क्षेत्रों का विकास तेज होगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और आपदा प्रबंधन की क्षमता भी पहले से अधिक मजबूत होगी।
Uttarakhand | Pushkar Singh Dhami | Public Campaign : उत्तराखंड सरकार एक बार फिर जनता की समस्याओं का समाधान उनके घर के नजदीक करने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर 4 जुलाई से पूरे प्रदेश में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का दूसरा चरण शुरू किया जाएगा। यह विशेष अभियान 15 दिनों तक चलेगा।
अभियान के तहत सभी जिलों, ब्लॉकों और तहसीलों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इनमें विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे तथा लोगों की शिकायतों का मौके पर निस्तारण करने के साथ ही उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री का कहना है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से अधिकारी खुद जनता के बीच जाकर शिकायतों का समाधान करेंगे।
सरकार ने इससे पहले भी इस अभियान का सफल संचालन किया था। दिसंबर 2025 में 45 दिनों तक चले अभियान के दौरान प्रदेशभर में 681 शिविर आयोजित किए गए थे…जिनमें 5.33 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। इस दौरान करीब 33 हजार शिकायतों का त्वरित समाधान किया गया था।
इस बार अभियान मुख्यमंत्री के कार्यकाल के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किए जा रहे सेवा पखवाड़ा के तहत चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे शिविरों में मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।
KabirJayanti | Bijnor | BhuiyarSamaj : संत शिरोमणि कबीर साहेब जी की 629वीं प्राकट्य जयंती के अवसर पर सोमवार को बिजनौर में आयोजित भव्य शोभायात्रा, विचार गोष्ठी, अतिथि सम्मान एवं विशाल भंडारे ने सामाजिक एकता, भाईचारे और जनजागरण का प्रेरणादायक संदेश दिया। भुइयार समाज सेल्फ केयर समिति, बिजनौर एवं भुइयार समाज उत्थान समिति (रजि.) बिजनौर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों समाजबंधुओं, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 8 बजे इंद्राबाल भवन, नुमाइश ग्राउंड से हुआ। नूरपुर विधायक, साध्वी प्राची एवं युवा किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए राजमिलन बैंक्वेट हॉल पहुंची…जहां मुख्य समारोह एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
मुख्य समारोह में कॉन्ट्रैक्ट कॉर्पोरेशन, विद्युत विभाग, लखनऊ के विपिन कुमार मुख्य अतिथि तथा भारत सरकार के वित्त मंत्रालय में असिस्टेंट कमिश्नर सुरेन्द्र सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान भुइयार समाज सेल्फ केयर समिति, बिजनौर के अध्यक्ष अजयपाल सिंह, महामंत्री संदीप कुमार एवं कोषाध्यक्ष महेंद्र कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि विपिन कुमार तथा विशिष्ट अतिथि सुरेन्द्र सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।
विचार गोष्ठी में नगीना विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोज पारस भी विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि संत कबीर साहेब के विचार आज भी समाज को एकता, समानता और मानवता का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने समाज से शिक्षा को प्राथमिकता देने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने और सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
मुख्य अतिथि विपिन कुमार ने कहा कि संत कबीर साहेब का जीवन सत्य, सेवा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उनके विचारों को अपनाकर समाज को नई दिशा दी जा सकती है। उन्होंने समाज के युवाओं से शिक्षा और आत्मनिर्भरता को अपनाने का आह्वान किया।
समिति के अध्यक्ष अजयपाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भुइयार समाज सेल्फ केयर समिति का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं…बल्कि समाज को शिक्षा, संगठन और सेवा के माध्यम से मजबूत बनाना है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि यदि समाज का हर व्यक्ति एक-दूसरे का सहयोग करे तो कोई भी परिवार पीछे नहीं रहेगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से समिति की सदस्यता लेकर समाजहित के अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
महामंत्री संदीप कुमार ने कहा कि समिति लगातार समाज में जागरूकता, शिक्षा, सामाजिक सहयोग और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संत कबीर साहेब के विचार आज भी समाज को प्रेम, समानता और मानवता का संदेश देते हैं और समिति इन्हीं आदर्शों पर कार्य कर रही है।
कोषाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने कहा कि समाज की प्रगति संगठन और सहयोग से ही संभव है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से समिति के साथ जुड़कर शिक्षा, समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समिति पारदर्शिता और समाजहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया…जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान संत कबीर साहेब के सत्य, समानता, भाईचारे और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया गया।
इस अवसर पर करन पाल सिंह (अध्यक्ष), राजपाल भुइयार, विजयपाल सिंह (पूर्व प्रधान एवं संरक्षक), खजान सिंह (BSSCT), बलवंत सिंह (कार्यकारी अध्यक्ष), बलजीत सिंह (महामंत्री), सुभाष सिंह (कोषाध्यक्ष), संदीप भुइयार, महेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, भोपाल सिंह, शेर सिंह, सुरेश कुमार सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, समाजबंधुओं, प्रशासन, पुलिस विभाग, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भुइयार समाज सेल्फ केयर समिति, बिजनौर आगे भी समाज को संगठित करने, शिक्षा को बढ़ावा देने, नशामुक्ति अभियान चलाने तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए लगातार कार्य करती रहेगी। समिति का उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाना और नई पीढ़ी को संत कबीर साहेब के आदर्शों से जोड़ना है।
Haldwani: Uttarakhand: Rain: हल्द्वानी में सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश का असर शहर की सड़कों पर भी देखने को मिला। आईटीआई क्षेत्र में रामपुर रोड और क्रियाशाला को जोड़ने वाला मार्ग अचानक क्षतिग्रस्त हो गया। आईटीआई के समीप एक निर्माणाधीन परिसर की दीवार गिरने से सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया, जिससे इस मार्ग पर आवागमन असुरक्षित हो गया।
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने तत्काल मौके पर बैरिकेडिंग लगाकर आईटीआई से धानमिल की ओर जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया। फिलहाल वाहनों की आवाजाही क्रियाशाला से सीधे रामपुर रोड की ओर डायवर्ट की जा रही है, ताकि यातायात सुचारु बना रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन परिसर के जिम्मेदारों को सड़क की सुरक्षा के लिए जल्द रिटेनिंग वॉल बनाने के निर्देश दिए। साथ ही बारिश से प्रभावित पेयजल और बिजली लाइनों की मरम्मत भी प्राथमिकता के आधार पर कराने को कहा।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मरम्मत कार्य पूरा होने तक आईटीआई-धानमिल मार्ग का उपयोग न करें और वैकल्पिक रास्तों से ही यात्रा करें। संबंधित विभाग सड़क और अन्य आवश्यक सुविधाओं को जल्द बहाल करने में जुटे हुए हैं।
Dehradun | HillansOutlet | VocalForLocal : उत्तराखंड में अब पेट्रोल पंप केवल ईंधन भरवाने की जगह नहीं रहेंगे…बल्कि यहां प्रदेश के पारंपरिक उत्पाद भी उपलब्ध होंगे। जिला प्रशासन और रीप (REAP) परियोजना की पहल पर राज्य का पहला ‘हिलान्स आउटलेट’ डोईवाला में शुरू किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को उनके उत्पाद बेचने के लिए बेहतर और स्थायी बाजार उपलब्ध कराना है।
अब तक पहाड़ की महिलाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने उत्पादों को ग्राहकों तक पहुंचाने की थी। वे अच्छी गुणवत्ता की दालें, मसाले, जड़ी-बूटियां और हस्तशिल्प सामग्री तैयार करती थीं…लेकिन बाजार की कमी के कारण उन्हें उचित लाभ नहीं मिल पाता था।
इसी समस्या को दूर करने के लिए जिला प्रशासन ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसीएल) के सहयोग से पेट्रोल पंपों पर ‘हिलान्स आउटलेट’ खोलने की योजना बनाई है। राज्य स्तर पर हुए समझौते के बाद इसकी शुरुआत देहरादून जिले से की जा रही है।
जिला परियोजना प्रबंधक (रीप) सोनम गुप्ता ने कहा कि पहले चरण में डोईवाला स्थित फन एंड फूड किंगडम वाटर पार्क के पास आईओसीएल के पेट्रोल पंप पर प्रदेश का पहला हिलान्स आउटलेट स्थापित किया जाएगा। इसके बाद इस मॉडल का विस्तार जिले के अन्य पेट्रोल पंपों पर भी किया जाएगा।
इन आउटलेट्स पर उत्तराखंड की प्रसिद्ध पारंपरिक दालें जैसे गहत, भट्ट और तोर, मसाले, जड़ी-बूटियां, स्थानीय खाद्य सामग्री, डेयरी उत्पाद और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार हस्तशिल्प वस्तुएं उपलब्ध होंगी।
जिला प्रशासन का मानना है कि देहरादून और ऋषिकेश आने वाले लाखों पर्यटक अब यात्रा के दौरान आसानी से स्थानीय उत्पाद खरीद सकेंगे। इससे ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को मजबूती मिलेगी, ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ेगी और उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों को देशभर में नई पहचान मिलेगी।
जिला परियोजना प्रबंधक सोनम गुप्ता ने कहा कि हिलान्स आउटलेट ग्रामीण महिलाओं को सीधे बाजार से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। इससे स्थानीय उत्पादों की बिक्री बढ़ेगी और स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
Nainital | PoliceAssault | Bhujiyaghat : नैनीताल जिले के भुजियाघाट क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। इस दौरान एक कांस्टेबल के साथ मारपीट की गई…उसकी वर्दी फाड़ दी गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने इस मामले में पांच नामजद और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ज्योलीकोट चौकी में तैनात पुलिसकर्मी और पीआरडी जवान क्षेत्र में यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक वाहन में सवार कुछ लोग होटल में खाना खाने के बाद बिना भुगतान किए वहां से निकल गए हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम संबंधित वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी बीच बताया गया कि वाहन सवार युवकों ने सूचना देने वाले व्यक्ति के साथ मारपीट कर सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोप है कि वहां मौजूद 10 से 15 युवक पुलिसकर्मियों से भी उलझ गए।
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल के साथ धक्का-मुक्की की, उसकी वर्दी फाड़ दी और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस जब सूचना देने वाले व्यक्ति को सुरक्षित चौकी ले जाने लगी तो आरोपियों ने सड़क पर रुकावट डालने की भी कोशिश की।
हंगामे की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद आरोपी वाहन लेकर वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच नामजद और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।