उत्तराखंड: यहां हाईवे पर कार पर गिरा भारी बोल्डर, एक ही परिवार के छह लोग थे सवार

Landslide | Pauri | Uttarakhand : उत्तराखंड के पौड़ी जिले में सतपुली-गुमखाल हाईवे पर गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा होने से टल गया। किर्खू पांग गांव से दिल्ली जा रही एक स्विफ्ट कार पर अचानक पहाड़ी से भारी बोल्डर गिर गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई…लेकिन उसमें सवार एक ही परिवार के पांच सदस्य और चालक सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार कार सतपुली से कोटद्वार की ओर जा रही थी। सतपुली मल्ली के पास अचानक पहाड़ी से मलबा सड़क पर आ गया…जिससे कार बीच रास्ते में फंस गई। चालक वाहन को निकालने की कोशिश कर ही रहा था कि तभी ऊपर से एक बड़ा बोल्डर कार के पिछले हिस्से पर आ गिरा। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उप निरीक्षक सबर सिंह नेगी के नेतृत्व में रेस्क्यू अभियान चलाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

कार में थलीसैंण क्षेत्र का एक परिवार सवार था…जो दिल्ली जा रहा था। सुरक्षित निकाले गए लोगों में चालक विनोद, संपत्ति देवी (68 वर्ष), दिलबर सिंह (46 वर्ष), करिश्मा नेगी (36 वर्ष), प्रशांत नेगी (13 वर्ष) और ओजस नेगी (8 वर्ष) शामिल हैं।

रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ के जवानों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने हाईवे के इस संवेदनशील हिस्से में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

उत्तराखंड कांग्रेस में टिकट को लेकर बढ़ी हलचल, चुनाव से पहले बढ़ी नेतृत्व की चिंता

UttarakhandPolitics | Congress | AssemblyElection : उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव में अभी समय है…लेकिन कांग्रेस में टिकट को लेकर हलचल तेज हो गई है। कई विधानसभा सीटों पर दावेदारों की संख्या बढ़ने से पार्टी के भीतर मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं। हाल के घटनाक्रमों ने कांग्रेस नेतृत्व की चिंता भी बढ़ा दी है।

पिथौरागढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की मौजूदगी में हुए विवाद ने पार्टी की अंदरूनी खींचतान को उजागर कर दिया। इसके बाद पार्टी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कुछ नेताओं को नोटिस जारी किया और जिला महिला कांग्रेस कमेटी को भंग कर दिया।

पार्टी के भीतर चर्चा है कि यह मामला सिर्फ एक जिले तक सीमित नहीं है। कई अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी टिकट के दावेदार सक्रिय हैं…जिससे आने वाले समय में संगठन के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं।

बताया जा रहा है कि कुछ जिलाध्यक्ष भी पार्टी के उस निर्देश से नाराज हैं…जिसमें चुनाव लड़ने के इच्छुक पदाधिकारियों से संगठनात्मक पद छोड़ने की बात कही गई है। इस मुद्दे को लेकर कुछ नेताओं ने अपनी आपत्ति पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व तक भी पहुंचाई है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आएंगे…टिकट वितरण कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी परीक्षा साबित हो सकता है। पार्टी नेतृत्व के सामने संगठन में संतुलन बनाए रखने और सभी दावेदारों को साथ लेकर चलने की चुनौती रहेगी।

फिलहाल कांग्रेस संगठन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और अंदरूनी मतभेदों को सुलझाने के प्रयास जारी हैं…ताकि चुनाव से पहले पार्टी एकजुट होकर मैदान में उतर सके।

मॉल रोड पर हॉर्न बजाने पर कार्रवाई, नैनीताल में लागू होंगे नए ट्रैफिक नियम

Nainital | TrafficRules | MallRoad: पर्यटन नगरी नैनीताल की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यटकों के अनुकूल बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद मंडलायुक्त एवं कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में तय किया गया कि 1 अगस्त 2026 से मॉल रोड पर किसी भी वाहन का हॉर्न बजाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा…नियम का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने के साथ अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन का मानना है कि मॉल रोड पर अनावश्यक हॉर्न से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है…जिससे पर्यटकों को परेशानी होती है।

इसके अलावा तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक पूरे क्षेत्र को प्रभावी नो-पार्किंग जोन बनाया जाएगा। पुलिस विभाग को इस व्यवस्था का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं…ताकि झील के आसपास यातायात सुचारु बना रहे।

बैठक में बिना वैध फिटनेस वाले सरकारी और निजी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। ऐसे वाहनों को सड़क पर मिलने पर सीज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने निजी वाहनों से अवैध टैक्सी संचालन पर भी सख्ती बरतने का फैसला लिया है। परिवहन विभाग और पुलिस संयुक्त अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान और अन्य कानूनी कार्रवाई करेंगे।

बैठक में रूसी बाईपास को आधुनिक पार्किंग हब के रूप में विकसित करने की योजना पर भी सहमति बनी। यहां बड़ी क्षमता वाली पार्किंग के साथ शौचालय, पेयजल, बिजली, सीसीटीवी निगरानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी।

बैठक में आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसपी सिटी, आरटीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, होटल व्यवसायी और अन्य संबंधित प्रतिनिधि मौजूद रहे।

देहरादून और नोएडा के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू

DehradunAirport | NoidaAirport | IndiGo : उत्तराखंड और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के बीच हवाई संपर्क अब और मजबूत हो गया है। बुधवार से जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू हो गई है। इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।

देहरादून एयरपोर्ट के निदेशक भूपेश सी.एस. नेगी ने कहा कि इंडिगो एयरलाइंस का 32 सीटर विमान पहली उड़ान में नोएडा से 25 यात्रियों को लेकर रात 8:18 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचा। इसके बाद यही विमान रात 8:47 बजे देहरादून से आठ यात्रियों को लेकर नोएडा के लिए रवाना हुआ।

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार यह उड़ान अब प्रतिदिन संचालित की जाएगी। विमान नोएडा से शाम को उड़ान भरकर रात करीब 8:10 बजे देहरादून पहुंचेगा…जबकि देहरादून से रात 8:30 बजे नोएडा के लिए रवाना होगा।

नई हवाई सेवा शुरू होने से उत्तराखंड और नोएडा के बीच यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान और तेज हो जाएगी। इसका लाभ नौकरीपेशा लोगों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों, पर्यटकों और अन्य यात्रियों को मिलेगा। साथ ही दोनों राज्यों के बीच पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सीओ अमित कुमार सैनी को मिला प्रमोशन, बने अपर पुलिस अधीक्षक

CO Amit Kumar Saini |Promotion |Nainital: नैनीताल पुलिस लाइन में बुधवार को पदोन्नति प्राप्त पुलिस अधिकारियों के सम्मान में पीपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हल्द्वानी के क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित कुमार सैनी को पदोन्नत कर अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) बनाया गया…जबकि उपनिरीक्षक सुनील बिष्ट को निरीक्षक (इंस्पेक्टर) पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

समारोह के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने दोनों अधिकारियों के कंधों पर नए पद के सितारे लगाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने सेवाकाल में उत्कृष्ट कार्य करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है। उम्मीद है कि नई जिम्मेदारियों में भी वे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करेंगे।

अमित कुमार सैनी वर्ष 2017 बैच के पीपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने ऊधम सिंह नगर और चमोली सहित कई जिलों में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। नैनीताल जिले में भी वे भवाली, लालकुआं, रामनगर और हल्द्वानी क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें दो बार सराहनीय सेवा सम्मान पदक भी मिल चुका है।

वहीं सुनील बिष्ट ने उपनिरीक्षक के रूप में नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और अल्मोड़ा जिले के विभिन्न थानों में सेवाएं दी हैं। उनकी कार्यकुशलता और बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है।

कार्यक्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी दूरसंचार रेवाधर मठपाल, सीओ अंजना नेगी, सीओ अंकित थपलियाल, सीओ विनय सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पदोन्नत अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की

दक्षिण-पश्चिम मानसून हुआ सक्रिय, उत्तराखंड में चार दिन इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Monsoon Uttarakhand | Heavy Rain Alert | Weather Update : उत्तराखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार 30 जून तक मानसून प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पहुंच चुका है और अगले दो से तीन दिनों में पूरे राज्य को कवर कर लेगा। इसके साथ ही मौसम विभाग ने 1 से 4 जुलाई तक कई जिलों में तेज और भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक 1 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में भी कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।

लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने, अचानक बाढ़, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने, जलभराव और सड़कें बंद होने जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं। ऐसे में संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र सिंह महर ने नागरिकों, यात्रियों, चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी एडवाइजरी का पालन करें।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें…और आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें। इससे संभावित दुर्घटनाओं और जनहानि से बचा जा सकता है।

नैनीताल जिले में दो दिन का अलर्ट, आपात फोन नंबर जारी

Nainital: Rain: Alert: जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल द्वारा अवगत कराया गया है कि जनपद नैनीताल में 2-3 जुलाई को भारी वर्षा की चेतावनी, “ऑरेंज अलर्ट” जारी, किया है। उक्त के मद्देनजर जिलाधिकारी द्वारा सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, नैनीताल जनपद में दिनांक 02 जुलाई 2026 एवं 03 जुलाई 2026 को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके मद्देनजर मौसम विभाग ने जिले के लिए “ऑरेंज अलर्ट” जारी किया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि चेतावनी के दृष्टिगत जिले के सभी अधिकारी एवं कार्मिक हाई अलर्ट पर रहेंगे। नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में किसी भी आपात स्थिति से तत्परता से निपटने के निर्देश दिए गए हैं। भारी वर्षा के कारण भूस्खलन होने एवं पेड़ों के गिरने से मोटर मार्गों के बाधित होने की आशंका है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग को संवेदनशील स्थानों पर JCB मशीन एवं गैंग कार्मिकों के साथ 24×7 तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिले, परगना एवं विकास खण्ड स्तर पर आपदा प्रबंधन-IRS प्रणाली के नामित अधिकारी अपने मुख्यालय पर हाई अलर्ट पर रहेंगे। तहसील स्तर पर गठित QRT टीमें भी अलर्ट मोड पर रहेंगी। सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को मोबाइल फोन ऑन रखने तथा प्रत्येक घंटे आपदा संबंधी सूचना तहसील कन्ट्रोल रूम एवं जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र को उपलब्ध कराने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए हैं।


जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि 2-3 जुलाई के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। नदी-नालों के किनारे व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में न जाएं। किसी भी आपात स्थिति में निम्न हेल्पलाइन नंबरों पर तुरंत संपर्क करें:

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र दूरभाष नंबर 05942-231178 / 79 / 81

मोबाइल नंबर 8272080884

टोल फ्री नंबर- 1077

मानसून को लेकर नैनीताल प्रशासन सतर्क, 5 जगहों पर परखी जाएगी आपदा से निपटने की तैयारी

Monsoon Alert | Disaster Management | Nainital : मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए नैनीताल जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आयोजित राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज में जिले के अधिकारियों ने हिस्सा लिया और आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की।

अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल की मौजूदगी में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि 2 जुलाई को जिले के पांच संवेदनशील क्षेत्रों में बड़े स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान भूस्खलन, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं जैसी परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा।

प्रशासन ने मॉक ड्रिल के लिए नैनीताल के आलम कॉटेज, कालाढूंगी के निहाल नाला, बेतालघाट के बधो स्थित काली पहाड़, लालकुआं के बिंदुखत्ता स्थित गौला नदी क्षेत्र और गोलापार स्टेडियम को चिन्हित किया है। इन स्थानों पर विभिन्न विभाग मिलकर राहत एवं बचाव अभियान का पूर्वाभ्यास करेंगे।

बैठक में आपदा के समय त्वरित सूचना प्रणाली, संसाधनों के बेहतर उपयोग, विभागों के बीच समन्वय और राहत कार्यों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी आवश्यक संसाधनों और उपकरणों को पूरी तरह तैयार रखा जाए…ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सेना और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। इससे वास्तविक आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य अधिक तेज और प्रभावी तरीके से किए जा सकेंगे।

बैठक में पुलिस, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, जिला पूर्ति विभाग, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सेना, अर्द्धसैनिक बल, सभी उपजिलाधिकारी तथा आईआरएस प्रणाली से जुड़े अधिकारियों ने प्रत्यक्ष और वर्चुअल माध्यम से भाग लेकर अपनी तैयारियों की जानकारी साझा की।

श्रमिकों के लिए बड़ी खुशखबरी, आज से उत्तराखंड में लागू हुई नई योजना

Rural Employment | VBG Ram G | Uttarakhand : उत्तराखंड में ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा देने के लिए आज से विकसित भारत ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (वीबी जी राम जी) लागू हो गई है। यह योजना अब तक चल रही मनरेगा योजना की जगह लागू की गई है। नई योजना के तहत ग्रामीण श्रमिकों को साल में 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

राज्य सरकार ने इस संबंध में गजट अधिसूचना जारी कर दी है। इससे पहले केंद्र सरकार 11 मई को इस नई योजना को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर चुकी थी। अब उत्तराखंड में भी इसे लागू कर दिया गया है।

नई योजना के तहत श्रमिकों को केवल ग्रामीण विकास कार्यों तक सीमित नहीं रखा जाएगा…बल्कि जल संरक्षण, आपदा राहत और ग्रामीण आजीविका से जुड़े विभिन्न कार्यों में भी रोजगार दिया जाएगा। इससे गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।

वीबी जी राम जी योजना में कुल 318 प्रकार के कार्य शामिल किए गए हैं। इनमें 97 कार्य मरम्मत और रखरखाव, 88 कार्य ग्रामीण आधारभूत ढांचे के विकास, 107 कार्य जल संरक्षण, 86 कार्य ग्रामीण आजीविका और 37 कार्य आपदा राहत से जुड़े होंगे। ग्रामीण आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्यों में 52 नए निर्माण और 36 पुनर्निर्माण के कार्य भी शामिल हैं।

सरकार का मानना है कि इस नई योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे और गांवों के विकास के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा आपदा प्रबंधन को भी मजबूती मिलेगी।

नैनीताल में बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल, पूरे जिले में होगी निगरानी !

Haldwani: Nainital: Helmet: Petrol: जनपद नैनीताल में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ नियम का प्रभावी क्रियान्वयन शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडे द्वारा जिला पूर्ति अधिकारी को इस संबंध में पत्र जारी किया गया, जिसके बाद अब जिले के पेट्रोल पंपों पर इस नियम का पालन भी शुरू हो गया है।

प्रशासन के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ के जागरूकता बोर्ड लगाए गए हैं और बिना हेलमेट आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न देने के नियम का अनुपालन कराया जा रहा है। परिवहन विभाग और जिला प्रशासन लगातार इसकी निगरानी भी कर रहे हैं।

इसके साथ ही नैनीताल जनपद के सभी प्रमुख एंट्री प्वाइंट पर टैक्सी एवं बाइक रेंटल के प्रतिबंध संबंधी सूचना बोर्ड भी स्थापित कर दिए गए हैं। इन बोर्डों के माध्यम से पर्यटकों और वाहन चालकों को जिले में लागू नियमों की पहले से जानकारी दी जा रही है, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

आरटीओ अरविंद पांडे द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि हाल के दिनों में दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में मृत्यु और गंभीर चोटों के मामलों में वृद्धि हुई है, जिनमें अधिकांश मामलों में हेलमेट न पहनना प्रमुख कारण पाया गया। इसी को देखते हुए सड़क सुरक्षा के हित में यह निर्णय लिया गया है।

जिला प्रशासन का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य लोगों को दंडित करना नहीं, बल्कि हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और जनपद में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।