खटीमा के दीपेंद्र धामी को बधाई, CDS परीक्षा उत्तीर्ण कर लेफ्टिनेंट बनने का अपना सपना किया पूरा

Dipendra Singh Dhami: CDS: Khatima: उत्तराखंड के प्रतिभाशाली युवा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर न केवल अपने परिवार का सम्मान बढ़ा रहे हैं, बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव भी बढ़ा रहे हैं। कई युवा भारतीय सेना में महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं देकर देश की रक्षा में योगदान दे रहे हैं।

इसी क्रम में उधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र के टेडाघाट निवासी दीपेंद्र सिंह धामी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने UPSC द्वारा आयोजित सीडीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर लेफ्टिनेंट बनने का अपना सपना पूरा कर लिया है। दीपेंद्र ने इस परीक्षा में पूरे देश में 48वां स्थान प्राप्त कर अपनी मेहनत का परचम लहराया है।

दीपेंद्र, उत्तराखंड क्रांति दल के उधम सिंह नगर जिला अध्यक्ष राम सिंह धामी के पुत्र हैं, जबकि उनकी माता प्रेमावती गृहिणी हैं। उनकी बड़ी बहन कनिका धामी भी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही हैं।

सीडीएस परीक्षा पास करने के बाद दीपेंद्र ने बेंगलुरु में इंटरव्यू भी सफलतापूर्वक पूरा किया है और अब मेडिकल परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद वे चेन्नई ऑफिसर्स अकादमी में 11 महीने की ट्रेनिंग लेंगे। उनकी इस सफलता के बाद से परिवार, क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों द्वारा उन्हें बधाइयां देने का सिलसिला जारी है।

पिथौरागढ़ के अमितेज IFS और IPS अधिकारी बनने के बाद बने IAS

पिथौरागढ: उत्तराखंड के युवा अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर आज विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार का, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। प्रदेश के कई युवा आज IAS, IPS, IFS जैसे प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत हैं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बन रहे हैं।

इसी कड़ी में पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी ब्लॉक के दरकोट गांव के मूल निवासी अमितेज पांगति ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। पहले IFS और IPS अधिकारी बनने के बाद, अब उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में सफलता पाकर IAS कैडर प्राप्त किया है। खास बात यह है कि अमितेज मुनस्यारी क्षेत्र से 33 साल बाद IAS बनने वाले पहले युवा हैं। ( Amitej Pangtey IAS)

अमितेज का परिवार फिलहाल लखनऊ में रहता है। उनके पिता तेज बहादुर सिंह भारतीय सेना में कर्नल पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि मां मीता शाह एक स्कूल की प्रिंसिपल रह चुकी हैं। इससे पहले अमितेज ने UPSC परीक्षा में अनारक्षित वर्ग से IPS कैडर हासिल किया था और भारतीय वन सेवा (IFS) में पूरे देश में 17वां स्थान पाया था। ( Amitej Pangtey IAS Uttarakhand)

इस बार IAS कैडर मिलने के बाद वे 24वें बैच में शामिल होंगे। मुनस्यारी से इससे पहले 1992 में तेजम गांव के शमशेर सिंह रावत ने IAS पद प्राप्त किया था। 33 साल बाद इस सफलता ने पूरे सीमांत क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ा दी है और अमितेज को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। ( Amitej Pangtey IPS, IFS AND IAS)

भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध जीते, विधायक बहुगुणा ने जश्न नहीं मनाने बात क्यों कही…

देहरादून: ऊधमसिंह नगर में राजनीति और जनभावनाओं का एक महत्वपूर्ण क्षण तब सामने आया, जब जिला पंचायत अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी अजय मौर्या और सितारगंज के ब्लॉक प्रमुख पद के भाजपा प्रत्याशी उपकार सिंह बल निर्विरोध निर्वाचित हुए। इस सफलता के केंद्र में हैं सितारगंज के लोकप्रिय विधायक सौरभ बहुगुणा, जिनके मार्गदर्शन, संगठनात्मक कौशल और जनता से गहरे जुड़ाव ने इन जीतों को संभव बनाया।

विधायक सौरभ बहुगुणा ने हमेशा विकास को प्राथमिकता दी है—चाहे वह सड़क और पुल निर्माण हो, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो, या युवाओं के लिए रोजगार के अवसर। इस जीत को उन्होंने “जनता के विश्वास और सेवा के संकल्प” का परिणाम बताया। उन्होंने कहा, “हमारे क्षेत्र की प्रगति ही हमारी सबसे बड़ी जीत है। अजय मौर्या और उपकार सिंह बल जैसे समर्पित जनप्रतिनिधि, जनता की उम्मीदों को नई ऊंचाई देंगे।”

खुशी के इस अवसर को भी संवेदनशीलता के साथ मनाने का निर्णय लिया गया है। कुछ दिन पूर्व धराली एवं हर्षिल आर्मी कैंप में आई आपदा में हमारे वीर जवानों ने अदम्य साहस दिखाते हुए शहादत दी। इस दुखद घटना से व्यथित होकर विधायक सौरभ बहुगुणा, अजय मौर्या और उपकार सिंह बल ने संयुक्त रूप से घोषणा की कि इस विजय पर कोई जश्न नहीं मनाया जाएगा।

विधायक बहुगुणा ने कहा, “यह समय उत्सव का नहीं, बल्कि हमारे शहीदों को नमन करने और उनके परिवारों के साथ खड़े होने का है। यह जीत जनसेवा के व्रत को और मजबूत करने का अवसर है।” इस संवेदनशील रुख ने क्षेत्रवासियों के दिलों को गहराई से छुआ है। सौरभ बहुगुणा के नेतृत्व में यह जीत सिर्फ राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों, संवेदनशीलता और क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की गारंटी बन गई है।

भाजपा के कई प्रत्याशियों की निर्विरोध जीत, प्रदेश अध्यक्ष ने धामी को दिया जीत का श्रेय

देहरादून: भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख पदों पर अपने कई उम्मीदवारों की निर्विरोध जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि यह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विकास नीतियों पर जनता की मुहर है और इससे राज्य में विकास की रफ्तार और तेज होगी।

प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने इसे गांवों में “ट्रिपल इंजन” विकास की शुरुआत बताते हुए सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि नामांकन के दिन ही बड़ी संख्या में प्रत्याशियों की जीत से यह स्पष्ट हो गया था कि ग्रामीण मतदाता अपने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दे रहे हैं। यही वजह रही कि कई जिला और क्षेत्र पंचायतों में भाजपा प्रत्याशियों के सामने कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं उतरा। भट्ट ने भरोसा जताया कि शेष सीटों पर भी भाजपा की जीत सुनिश्चित है।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने भी इस जीत को गाँवों में खुशहाली बढ़ाने वाला कदम बताया। उन्होंने जानकारी दी कि सभी 12 जिला पंचायत अध्यक्ष पदों और 83 ब्लॉक प्रमुख पदों पर पार्टी उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। इनमें उत्तरकाशी से रमेश चौहान, पिथौरागढ़ से जितेंद्र प्रसाद, उधम सिंह नगर से अजय मौर्या और चंपावत से आनंद सिंह अधिकारी जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्विरोध विजयी हुए हैं।

इसी तरह, ब्लॉक प्रमुख पदों पर भी भाजपा को बड़ी सफलता मिली है। चंपावत से अंचला बोरा, काशीपुर से चंद्रप्रभा, सितारगंज से उपकार सिंह, खटीमा से सरिता राणा, भटवाड़ी से ममता पंवार, डुंडा से राजदीप परमार, जाखणीधार से राजेश नौटियाल, चंबा से सुमन सजवाण, विकासनगर से नारायण ठाकुर, पाबौ से लता देवी और ताकुला से मीनाक्षी आर्य निर्विरोध चुनी गई हैं। पार्टी का कहना है कि यह जनसमर्थन विकास के प्रति जनता के विश्वास का प्रमाण है।

नैनीताल में भारी बारिश जारी, डीएम ने स्कूलों में छुट्टी के आदेश जारी किए

Uttarakhand: Rain: Nainital: Schools: भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने पूर्वानुमान जारी करते हुए 12 अगस्त को जनपद नैनीताल में भारी से बहुत भारी वर्षा तथा कुछ स्थानों पर अति भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसके साथ ही गर्जन, आकाशीय बिजली, नदियों-नालों में तेज बहाव और संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन की आशंका भी व्यक्त की गई है।
इसी के तहत जिलाधिकारी ने मंगलवार को जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही आदेश की अवहेलना करने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

हल्द्वानी कोतवाल के खिलाफ प्रदर्शन, पहाड़ी आर्मी ने खोला मोर्चा

Haldwani: Protest: Kotwal: हल्द्वानी में कोतवाल को हटाने की मांग को लेकर रविवार को पहाड़ी आर्मी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और कोतवाल का पुतला फूंका। यह आंदोलन जिला अध्यक्ष मोहन कांडपाल के नेतृत्व में हुआ। मामला 8 अगस्त 2025 की उस घटना से जुड़ा है, जब ज्योति मेर और मासूम अमित हत्याकांड के संदर्भ में पहाड़ी आर्मी के संस्थापक अध्यक्ष हरीश रावत और पीड़ित परिजनों ने एसएसपी से मिलने की कोशिश की थी। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उस दौरान कोतवाल ने उनके साथ अभद्रता की, यहां तक कि कॉलर पकड़कर खींचा और अपराधियों जैसा व्यवहार किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर फैलते ही लोगों में गुस्सा और बढ़ गया।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि इस तरह की “पुलिसिया गुंडागर्दी” बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मांग की कि कोतवाल को तुरंत पद से हटाया जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। जिला अध्यक्ष मोहन कांडपाल ने कहा कि पुलिस का काम जनता की सुरक्षा करना है, न कि उनके साथ अपमानजनक व्यवहार। उन्होंने यह भी कहा कि यह लड़ाई सिर्फ व्यक्तिगत सम्मान की नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों और पहाड़ की अस्मिता की रक्षा की है। उन्होंने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेताया कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो राज्यव्यापी धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

इस मौके पर जिला महामंत्री राजेंद्र कांडपाल, जिला प्रभारी हिमांशु शर्मा, सूबेदार मेजर दिनेश जोशी, फौजी कमलेश जेठी, युवा नगर अध्यक्ष विनोद नेगी, सतीश फुलारा, दीपा पांडे, इंजीनियर गोकुल मेहरा, हिमांशु जोशी, एडवोकेट मोहन कांडपाल, दीपक चंद गोस्वामी, कैलाश डाला कोठी, विजय भंडारी, एडवोकेट नवीन चंद तिवारी, पवन सिंह जाला, प्रेम मेर, मुन्नी देवी, गीता बिष्ट, रुचि भंडारी, हरेंद्र राणा, कल्पना चौहान, लोकेश कंवल, त्रिलोक सिंह मटियाली, धन सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नैनीताल: धनगढ़ी नाला पार करती बस के ब्रेक फेल !

Ramnagar: Bus: Accident: रविवार देर रात से जारी मूसलाधार बारिश के चलते रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में बरसाती नाले उफान पर हैं। इसी बीच सोमवार सुबह रामनगर से धनगढ़ी की ओर जा रही एक निजी यात्री बस में सवारियां बैठी हुई थीं। बताया जा रहा है कि धनगढ़ी के पास एक बरसाती नाला पार करते समय बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए।

बस नियंत्रण से बाहर होकर उन बाइक सवारों से जा टकराई, जो नाले का जलस्तर कम होने का इंतजार कर रहे थे। वहां मौजूद कई लोग भी इस हादसे की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से रामनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर और अस्पताल में पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

उत्तराखंड के छह जिलों के लिए अगले तीन घंटे का RED अलर्ट

Nainital: Alert: Uttarakhand: मौसम विभाग ने सोमवार को उत्तराखंड के छह जिलों के लिए अगले तीन घंटे का रेड अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी 11 अगस्त 2025 की सुबह 8:44 बजे से 11:44 बजे तक प्रभावी रहेगी। अल्मोड़ा, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल और उधम सिंह नगर में कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

अलर्ट के अनुसार लैंसडाउन, रुड़की, रायवाला, कोटद्वार, रामनगर, काशीपुर, रानीखेत, लालकुआं और आसपास के क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा, गरज-चमक के साथ बौछारें और तेज से अत्यधिक तेज बारिश हो सकती है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

रोहित और विराट का संन्यास करीब ! BCCI की नई शर्त को करना होगा पूरा

Rohit Sharma: Virat Kohli: ODI: Retirement: बीसीसीआई की योजनाओं को लेकर आ रही खबरों के बीच माना जा रहा है कि टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली 2025 के अंत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज खत्म होने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोर्ड और टीम प्रबंधन 2027 वनडे विश्व कप की रणनीति में इन दोनों दिग्गजों को शामिल नहीं कर रहा है।

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, अगर कोहली और रोहित आने वाले समय में वनडे क्रिकेट खेलना जारी रखना चाहते हैं, तो उन्हें घरेलू स्तर पर विजय हजारे ट्रॉफी में अपने-अपने राज्यों की टीम से खेलना होगा। इसके अलावा उन्हें इस सीजन रणजी ट्रॉफी के शेष मुकाबलों में भी हिस्सा लेना पड़ सकता है। इसी कारण कयास लगाए जा रहे हैं कि ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले ही दोनों खिलाड़ी यह ऐलान कर सकते हैं कि यह उनकी आखिरी वनडे सीरीज होगी।

रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि भारतीय क्रिकेट में अमूल्य योगदान देने के बाद अब टीम प्रबंधन भविष्य की ओर ध्यान केंद्रित करना चाहता है। कई युवा खिलाड़ी मौके का इंतजार कर रहे हैं और 2027 विश्व कप की योजना में कोहली-रोहित फिट नहीं बैठ रहे।

गौरतलब है कि हाल ही में इंग्लैंड दौरे से पहले दोनों ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा था और 2024 टी20 विश्व कप के बाद एक साथ टी20 इंटरनेशनल से भी संन्यास लिया था।

भारत-ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज का कार्यक्रम

25 अक्टूबर: तीसरा वनडे – सिडनी

19 अक्टूबर: पहला वनडे – पर्थ

23 अक्टूबर: दूसरा वनडे – एडिलेड

बागेश्वर की प्रेमा रावत ने ऑस्ट्रेलिया में किया प्रभावित, 4 ओवर में 15 रन देकर झटके 3 विकेट

India Womens Team A tour of Australia: मकाय में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में इंडिया ‘ए’ महिला टीम को ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के हाथों 13 रनों से हार का सामना करना पड़ा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 137 रन बनाए। टीम के लिए तीसरे नंबर पर उतरी अनिका लियरॉयड ने 44 गेंदों पर नाबाद 50 रन ठोके, जिसमें सात चौके शामिल थे। ओपनर एलिसा हीली ने भी 18 गेंदों पर 27 रन जोड़े, जबकि बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती रहीं।

भारतीय गेंदबाजों में उत्तराखंड के बागेश्वर की प्रेमा रावत का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा। उन्होंने अपने चार ओवरों के किफायती स्पेल में मात्र 15 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके और ऑस्ट्रेलियाई पारी की रफ्तार रोक दी। उनके अलावा साइमा ठाकोर और सजीवन साजना को एक-एक सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करते हुए इंडिया ‘ए’ महिला टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 124 रन ही बना सकी। राघवी बिष्ट (33), उमा छेत्री (31) और कप्तान राधा यादव (नाबाद 26) ने प्रयास तो किया, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सकीं।

गेंदबाजी में ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ की ओर से एमी एडगर और सियाना जिंजर ने दो-दो विकेट लिए, जबकि टेस फ्लिंटॉफ को एक सफलता मिली। इस तरह प्रेमा रावत के शानदार प्रदर्शन के बावजूद इंडिया ‘ए’ महिला टीम को पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।