
TRENDING NEWS










नैनीताल: उत्तराखंड के कई इलाकों में लगातार हो रही बारिश ने नदियों और नालों का जलस्तर खतरनाक स्तर तक बढ़ा दिया है। इसी बीच रामनगर में धनगढ़ी नाले पर एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां यात्रियों से भरी रोडवेज बस को तेज बहाव में उतारने पर चालक के खिलाफ पुलिस ने आपराधिक लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया है।
वीडियो वायरल होने के बाद पता चला है कि मामला 6 अगस्त का है, जब नैनीताल जिले के रामनगर से करीब 20 किलोमीटर दूर नेशनल हाईवे-309 पर स्थित धनगढ़ी नाला भारी बारिश के कारण उफान पर था। पानी इतना ज्यादा था कि हाईवे पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया था। इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक रोडवेज बस चालक यात्रियों की जान जोखिम में डालते हुए बस को उफनते नाले में ले जाता नजर आया।
तेज बहाव के बीच बस बीच में ही फंस गई और करीब दर्जनभर से ज्यादा यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई। सूचना मिलने पर प्रशासन ने मौके पर जेसीबी भेजकर बस को सुरक्षित बाहर निकाला। रामनगर कोतवाली के एसएसआई मनोज नयाल ने बताया कि पुलिस पहले ही जलस्तर अधिक होने के कारण सभी वाहनों को रोके हुए थी, लेकिन चालक ने चेतावनी अनदेखी कर बस संख्या UK 07 PA 5991 को नाले में उतार दिया। गर्जिया चौकी में तैनात पुलिसकर्मी राजीव कुमार की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई है। मामला एफआईआर नंबर 289/25 के तहत बीएनएस की धारा 281 और 125 में दर्ज हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देहरादून: उत्तराखंड परिवहन निगम के उप महाप्रबंधक (वित्त) भूपेंद्र कुमार को भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में निलंबित कर दिया गया है। निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी ने यह कार्रवाई विजिलेंस की जांच और दर्ज मुकदमे के आधार पर की।
17 जुलाई को विजिलेंस विभाग ने भूपेंद्र कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामला मई 2023 में शुरू हुआ, जब राज्य निगम कर्मचारी-अधिकारी महासंघ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक पत्र भेजकर डीजीएम पर भ्रष्टाचार के संगीन आरोप लगाए। आरोप पत्र में कहा गया था कि भूपेंद्र कुमार ने निगम के अनुबंधित बस स्वामियों से अपने पारिवारिक सदस्यों के बैंक खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर कराई। साथ ही लाखों रुपये नकद भी लिए गए।
महासंघ ने अपने पत्र में भूपेंद्र कुमार के पारिवारिक सदस्यों के नाम और उनके बैंक खातों का पूरा विवरण भी उपलब्ध कराया था। इन साक्ष्यों के आधार पर मुख्यमंत्री ने विजिलेंस को खुली जांच के आदेश दिए। जांच के दौरान यह सामने आया कि अनुबंधित बस स्वामियों से धनराशि सीधे पारिवारिक खातों में भेजी गई और कई लेनदेन नकद में हुए।
जांच रिपोर्ट विजिलेंस ने सरकार और निगम प्रबंधन को सौंपी, जिसके बाद निगम की प्रबंध निदेशक ने तत्काल प्रभाव से भूपेंद्र कुमार को निलंबित करने का आदेश जारी किया। निलंबन अवधि में उन्हें निगम मुख्यालय से संबद्ध रखा जाएगा और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की जाएगी।
इस मामले ने निगम और परिवहन विभाग में हलचल मचा दी है। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में त्वरित और कड़ी कार्रवाई से व्यवस्था में सुधार आएगा। वहीं, विजिलेंस विभाग अब इस मामले में आगे की जांच कर अन्य संबंधित लोगों की भूमिका भी खंगाल रहा है।
Uttarakhand: Nainital: Election: नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्म हो गया है। आगामी 14 अगस्त को होने वाले मतदान से पहले बीजेपी ने दीपा दरम्वाल को अपना आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया है, वहीं कांग्रेस ने रामगढ़ क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य पुष्पा नेगी को मैदान में उतारा है।
रविवार को हल्द्वानी स्थित सौरभ होटल में कांग्रेस ने प्रेस वार्ता कर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व विधायक संजीव आर्य, जिला अध्यक्ष राहुल छिमवाल, नगर अध्यक्ष गोविंद बिष्ट, पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश नैनवाल सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
चुनाव से पहले राजनीतिक समीकरण बदलने की कोशिशें तेज हो चुकी हैं। सत्ता में काबिज बीजेपी इस पद को बचाने के लिए रणनीति पर काम कर रही है, जबकि कांग्रेस को भरोसा है कि इस बार अध्यक्ष की कुर्सी उस तक पहुंचेगी। इस बीच कई जिला पंचायत सदस्य फिलहाल संपर्क से बाहर बताए जा रहे हैं।
इसके साथ ही, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस ने देवकी बिष्ट को अपना प्रत्याशी बनाया है। अब सबकी निगाहें 14 अगस्त को होने वाली वोटिंग पर टिकी हैं।
Toll Plaza: Dehradun: Elephant: देहरादून में लच्छीवाला टोल प्लाजा पर शनिवार शाम एक हाथी ने अचानक हंगामा मचा दिया। करीब 7:15 बजे लच्छीवाला नेचर पार्क की ओर से निकलकर हाथी टोल प्लाजा के पास आ पहुंचा। उस समय टोल पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। हाथी पहले टोल कार्यालय के नजदीक पहुंचा, फिर मुड़कर वीआईपी लेन में लगे बैरियर को गिरा दिया और सड़क पार करते हुए जंगल की ओर बढ़ने लगा।
इसी दौरान एक कार ने हाथी के सामने से निकलने की कोशिश की। यह देख हाथी भड़क गया और अपनी सूंड से कार को धक्का दे मारा। धक्के की ताकत से कार का पिछला शीशा टूट गया। अचानक हुए हमले से कार में बैठे चारों लोग घबरा गए और चीखने लगे। सौभाग्य से हाथी ने दोबारा हमला नहीं किया और कुछ देर बाद शांति से जंगल की ओर लौट गया।
यह इलाका हाथियों के प्राकृतिक कॉरिडोर में आता है, जहां वे अक्सर एक जंगल से दूसरे जंगल की ओर आते-जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां हाथियों पर वीडियो बनाने और उनके पास जाकर छेड़छाड़ करने जैसी घटनाएं उन्हें चिढ़ा रही हैं, जिससे कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। पूर्व में भी इस क्षेत्र में हाथियों के हमले हो चुके हैं। शनिवार की घटना के बाद वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हाथी को सुरक्षित उसके रास्ते की ओर भेज दिया।
देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित लच्छीवाला टोल प्लाजा पर एक बार फिर हाथी ने टोल प्लाजा पर लगे बैरियर को उठाकर पटक दिया, जिससे वाहन चालकों और टोल कर्मियों में दहशत फैल गई।
— bhUpi Panwar (@askbhupi) August 9, 2025
कुछ दिन पहले भी एक हाथी ने शिव भक्त कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को पलट दिया था।। pic.twitter.com/zmL8GohfFG
Amit Mauriya: Gaulapar: Death: गौलापार क्षेत्र में 11 वर्षीय मासूम की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी नैनीताल प्रह्लाद मीणा ने बताया कि कल देर रात घटना स्थल के पास से बच्चे के कटे हुए अंग और हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया गया है। इस मामले में आरोपी निखिल जोशी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में हल्द्वानी जेल भेजा गया है।
घटना 4 अगस्त की है, जब बच्चा अपने घर से लापता हो गया था। अगले दिन सुबह उसका शव आरोपी के घर के पास खेत में दबा मिला, हालांकि उस समय शव के कुछ अंग बरामद नहीं हो पाए थे। पुलिस जांच में सामने आया कि तांत्रिक क्रियाओं के चलते आरोपी ने मासूम की हत्या की। पुलिस ने बताया की बच्चे को घिनौनी हरकत सेक्सुअल हरेस्मेंट के लिए आरोपी लाया था बच्चे द्वारा मना करने पर उसकी हत्या कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मनोचिकित्सक की मदद से आरोपी से पूछताछ की, जिसमें हत्या की पूरी सच्चाई सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी को सबूत मिटाने की पूरी जानकारी थी, जिससे जांच चुनौतीपूर्ण रही। शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था, जिसके चलते काठगोदाम चौकी का घेराव हुआ और पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस अब पूरे मामले में चार्जशीट की तैयारी कर रही है।
Uttarakhand News: उत्तरकाशी के धराली गांव में हाल ही में आई आपदा के बाद राज्य सरकार ने त्वरित राहत और पुनर्वास की दिशा में अहम कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस संबंध में दो बड़े ऐलान किए, जो प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहारा और दीर्घकालिक समाधान देने पर केंद्रित हैं।
पहला, जिन परिवारों के घर इस आपदा में पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, उन्हें पुनर्वास और विस्थापन के लिए तुरंत 5 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। इसी तरह, आपदा में जान गंवाने वाले व्यक्तियों के परिजनों को भी 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी, ताकि कठिन समय में उन्हें राहत मिल सके।
दूसरा, प्रभावित गांव के पुनर्वास, समग्र पुनरुद्धार और स्थायी आजीविका सुनिश्चित करने के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। इस समिति की अध्यक्षता सचिव (राजस्व) करेंगे और यह एक सप्ताह के भीतर अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर आपदा प्रभावित नागरिक के साथ खड़ी है और राहत व पुनर्वास के कार्यों को तेज़ी और प्रभावशीलता के साथ अंजाम दिया जाएगा, ताकि धराली गांव के लोगों का भविष्य सुरक्षित और सशक्त बनाया जा सके।
हल्द्वानी:क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यावसायिक शिक्षण संस्थान के प्रधान सलाहकार व हाई कोर्ट अधिवक्ता डॉ गिरीश घुगत्याल को भारतीय होटलियर परिषद (एचसीआई) का अध्यक्ष बनने पर केंद्रीय पर्यटन व संस्कृति मंत्री गजेन्द्र शेखावत ने बधाई दी। परिषद देश भर में कार्य कर रहे होटल कर्मचारियों को मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी। डॉ गिरीश अबतक विभिन्न देशों में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय शिखर सम्मेलनों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। जिसमें आतिथ्य प्रबंधन व पर्यटन मुख्य बिन्दु रहे।
डॉ गिरीश का कहना है कि छोटे बड़े होटल कर्मचारियों की समस्याओं को सरकार के सामने रखना, पर्यटन एवं होटल व्यवसाय नीति में समय समय पर आवश्यक बदलाव साँझा करना उनका मुख्य उद्देश्य रहेगा। इसी के साथ फ़ूड इंडस्ट्री में स्थानीय उत्पादों को आगे ले जाने की कवायद तेज होगी। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट समेत देश के होटल उद्योगपतियों ने उन्हें बधाई दी है।
Uttarakhand: Weather: Alert: उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में मौसम फिलहाल बिगड़ा हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, पौड़ी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और नैनीताल के कुछ हिस्सों में तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। अनुमान है कि 13 अगस्त तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा का दौर जारी रह सकता है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगह भूस्खलन और सड़क धंसने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है।
लोक निर्माण विभाग के मुताबिक, गुरुवार तक राज्य में बंद 359 मार्गों में से 243 को खोल दिया गया है, लेकिन अब भी 116 सड़कें अवरुद्ध हैं। इनमें पौड़ी जिले में एक राष्ट्रीय राजमार्ग, 11 राज्य मार्ग, नौ मुख्य जिला मार्ग, दो अन्य जिला मार्ग और 93 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं।
भारी बारिश से कई स्थानों पर भूस्खलन और सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण यातायात बाधित है। विभाग के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग, बीआरओ और पीएमजीएसवाई के अधिकारी-कर्मचारी मशीनों की मदद से बंद रास्ते खोलने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रभावित इलाकों में यातायात बहाल करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
Aryan Juyal: Cricket: Duleep Trophy: Central Zone: हल्द्वानी निवासी और उत्तर प्रदेश ( कप्तान रणजी ट्रॉफी) टीम के विकेट कीपर बल्लेबाज आर्यन जुयाल का चयन दलीप ट्रॉफी के लिए हुआ है। आर्यन जुयाल सेंट्रल जोन टीम का हिस्सा होंगे। पिछले साल भी आर्यन का चयन दलीप ट्रॉफी के लिए हुआ था। पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में आर्यन के बल्ले से 714 रन निकले थे। विजय हजारे (238) और सैयद मुश्ताक अली (220) ट्रॉफी को मिला दें, तो आर्यन ने एक सीजन में हजार से ज्यादा रन बनाए। ( Aryan Juyal Selected in Duleep Trophy)
दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के ध्रुव जुरेल की कप्तानी में मध्य क्षेत्र की टीम दलीप ट्राफी में मैदान संभालेगी। मध्य प्रदेश के रजत पाटीदार टीम के उपकप्तान होंगे। टीम में बीसीसीआई के केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ी रिंकू सिंह, विदर्भ को रणजी चैंपियन बनाने वाले कप्तान अक्षय वाडकर, गत सत्र में जोरदार बल्लेबाजी करने वाले करुण नायर के अलावा आक्रामक बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर को मौका नहीं मिला है।
ध्रुव जुरेल (कप्तान, विकेट कीपर), रजत पाटीदार (उपकप्तान), आर्यन जुयाल (विकेट कीपर), दानेश मालेवार, संजीत देसाई, कुलदीप यादव, आदित्य ठाकरे, दीपक चाहर, सारांश जैन, आयुष पांडे, शुभम शर्मा, यश राठौड़, हर्ष दुबे, मानव सुथार और खलील अहमद।
Train: Haldwani: Kathgodam: Howrah Train: रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए काठगोदाम से हावड़ा जाने वाली ट्रेन (13019/13020) के रूट में एक नया ठहराव दिया है। ऐसे में अगर आप भी आने वाले दिनों में इस ट्रेन से सफर करने जा रहे हैं तो आपको यह बदलाव देखने को मिलेगा।
रेलवे प्रशासन ने पूर्व मध्य रेलवे के नयागाँव स्टेशन पर 13019/13020 हावड़ा-काठगोदाम-हावड़ा एक्सप्रेस गाड़ी को दो मिनट का ठहराव प्रदान किया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, इज्जतनगर संजीव शर्मा ने बताया कि हावड़ा से 07 अगस्त, 2025 से चलने वाली 13019 हावड़ा-काठगोदाम एक्सप्रेस नयागाँव स्टेशन 11.33 बजे पहुँचकर 1135 बजे छूटेगी तथा काठगोदाम से 07 अगस्त, 2025 से चलने वाली 13020 काठगोदाम-हावड़ा एक्सप्रेस नयागांव स्टेशन पर 18.18 बजे पहुँचकर 18.20 बजे छूटेगी।