बधाई दीजिए, हल्दूचौड़ निवासी पुलिस उपाधीक्षक योगेश चंद को मिला मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक

देहरादून: स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस विभाग के उन अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया, जिन्होंने अपनी सेवाओं और विशिष्ट कार्यों के आधार पर उल्लेखनीय योगदान दिया है। इस अवसर पर विभिन्न जिलों से आए पुलिस कर्मियों को “मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक” प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में देहरादून में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर तैनात दुर्गापालपर परमा निवासी योगेश चंद को भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा “मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और कर्तव्यपरायणता के लिए प्रदान किया गया है। योगेश चंद की इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

गांव में यह खबर पहुंचते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। क्षेत्रवासियों का मानना है कि योगेश चंद ने कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियों का सफल निर्वहन किया है और पुलिस विभाग की गरिमा को बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि ने पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों का नाम रोशन किया है।

ग्राम प्रधान मनीषा मलवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेंद्र चंद्र दुर्गापाल, भाजपा मंडल मंत्री दिवान सिंह पंवार तथा समाजसेवी श्रीधर उनियाल समेत अनेक ग्रामीणों ने उनके आवास पर जाकर परिजनों को शुभकामनाएं दीं। सभी ने इस सम्मान के लिए उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री का भी आभार जताया कि उन्होंने योगेश चंद जैसे कर्मठ अधिकारी को सम्मानित कर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के सम्मान से पुलिसकर्मियों में सेवा भावना और जिम्मेदारी निभाने का उत्साह और बढ़ेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, पौड़ी, नैनीताल समेत कई जिलों के लिए जारी किया बारिश का अपडेट

Uttarakhand News: Rain: Alert: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ चुका है। राजधानी देहरादून सहित राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में आज तेज बारिश की संभावना जताई गई है। लगातार हो रही वर्षा के कारण बाढ़ और भूस्खलन की आशंका भी बढ़ गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि 18 अगस्त तक पूरे प्रदेश में बारिश का यह सिलसिला जारी रह सकता है। इसके चलते ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। वहीं, अन्य जिलों में भी बिजली गरजने और तेज बौछारों के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

इसी बीच, आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने साफ कहा है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने और खतरे की स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। लोगों को भी अनावश्यक जोखिम से बचने और सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी गई है।

उत्तराखंड में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हुई 6 बड़ी घोषणाएं

देहरादून:79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में ध्वजारोहण किया। इस मौके पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया और फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक अजय प्रकाश अंशुमान को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। सेवा के आधार पर मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से श्वेता चौबे (सेनानायक आईआरबी द्वितीय देहरादून), योगेश चन्द्र (पुलिस उपाधीक्षक), विपिन चन्द्र पाठक (निरीक्षक नागरिक पुलिस), नरेन्द्र सिंह बिष्ट (निरीक्षक नागरिक पुलिस), राकेश चन्द्र भट्ट (उप निरीक्षक नागरिक पुलिस), अजय प्रकाश सेमवाल (लीडिंग फायरमैन) और सुनीत कुमार (मुख्य आरक्षी) को सम्मानित किया गया।

विशिष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से शेखर चन्द्र सुयाल (अपर पुलिस अधीक्षक), राजेन्द्र सिंह खोलिया (निरीक्षक नागरिक पुलिस), कैलाश चन्द्र भट्ट (निरीक्षक नागरिक पुलिस), मनोहर सिंह रावत (उप निरीक्षक नागरिक पुलिस), ओमकान्त भूषण (उप निरीक्षक नागरिक पुलिस), दीपक कुमार (अपर उप निरीक्षक नागरिक पुलिस), गोपाल राम (मुख्य आरक्षी), अमरजीत (आरक्षी) और राहुल (आरक्षी) को सम्मानित किया गया।

विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों प्रिया राणा, मनीषा चौहान, राहुल सरनालिया, अमीषा चौहान, विशम कश्यप, अमित बेलवाल और महक चौहान को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए 6 घोषणाएं कीं—

जिन विद्यालयों में मिड-डे मील के लिए गैस सिलेंडर और चूल्हा नहीं है, वहाँ दो गैस सिलेंडर और एक चूल्हा उपलब्ध कराया जाएगा।

पेयजल आपूर्ति में कठिनाई वाले विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्येक क्षेत्र में 10-10 हैंडपंप लगाए जाएंगे।

ग्राम चौकीदार एवं ग्राम प्रहरी का मानदेय 1,000 रुपये बढ़ाया जाएगा।

सैनिक कल्याण विभाग के ब्लॉक प्रतिनिधियों का मानदेय 2,000 रुपये बढ़ाया जाएगा।

दूरस्थ और रोजगारमुखी उच्च शिक्षा के विकास के लिए जनपद स्तर पर विशेष शैक्षणिक केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिनका संचालन उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय करेगा।

गंगोत्री सहित हिमालयी ग्लेशियरों का नियमित अध्ययन और आपदा प्रबंधन विभाग को और सशक्त किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने वीर बलिदानियों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए उत्तरकाशी के धराली सहित विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और राज्य के विभिन्न विभागों ने आपदा राहत एवं बचाव कार्य में तत्परता और साहस का परिचय दिया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी पर तेजी से काम हुआ है। धार्मिक पर्यटन, वेलनेस टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, फिल्म और वेडिंग डेस्टिनेशन के क्षेत्र में राज्य देश के प्रमुख केंद्रों में उभर रहा है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए, जिनमें से 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं।

खेलों को बढ़ावा देने के लिए 8 शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित करने और योग नीति लागू करने की घोषणा की गई। गढ़वाल और कुमाऊं में एक-एक “स्पिरिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन” बनेगा। किसानों के लिए 3 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण, फार्म मशीनरी बैंक योजना में 80% सब्सिडी और पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

नई पर्यटन नीति के तहत केदारखंड और मानसखंड मंदिरमाला मिशन, हरिपुर कालसी में यमुना तीर्थ स्थल, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर पर तेजी से काम हो रहा है। डिजिटल पहल के जरिए कार्यसंस्कृति में सुधार आया है।

प्रदेश में नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद 24 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं और बेरोजगारी दर में 4.4% की कमी आई है। समान नागरिक संहिता कानून लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट, नरेश बंसल, विधायक खजानदास, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

महेंद्र भट्ट का एक ऑडियो क्लिप तेजी से वायरल, सफाई में कहा AI से हुई है छेड़छाड़

Mahendra Bhatt: Audio: Viral: Betalghat: नैनीताल जिले के बेतालघाट में हुई फायरिंग की घटना के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस ऑडियो में कथित तौर पर एक युवक उन्हें जानकारी देता है कि भाजपा समर्थकों ने गोलियां चलाई हैं, जिस पर भट्ट की आवाज़ सुनाई देती है – “चुनाव में तो गोलियां चलती रहती हैं।”

ऑडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई। वहीं महेंद्र भट्ट ने इस पर सफाई देते हुए कहा है कि यह ऑडियो पूरी तरह फर्जी है और उनकी किसी से इस प्रकार की बातचीत नहीं हुई। उनका कहना है कि यह क्लिप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के जरिए उनकी आवाज़ की नकल कर तैयार किया गया है और इसे सोशल मीडिया पर भ्रामक तरीके से फैलाया जा रहा है।

उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर मामले की जांच की मांग की और कहा कि इस तरह की फेक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

बेतालघाट फायरिंग मामले में पुलिस ने इन 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार

नैनीताल: नैनीताल जिले के बेतालघाट ब्लॉक प्रमुख चुनाव की वोटिंग के दौरान स्थिति उस समय बिगड़ गई जब एक प्रत्याशी के समर्थकों ने विरोधी पक्ष पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। अचानक हुए इस सशस्त्र हमले से मतदान स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ( betalghat election and firing)

गंभीर रूप से घायल प्रत्याशी समर्थक

हमले में छड़ा खैरना, थाना भवाली निवासी महेंद्र सिंह बिष्ट उर्फ गोधन सिंह पुत्र मोहन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरना ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया।

मुकदमा दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना बेतालघाट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया और दो वाहन सीज किए। ( Police arrest 6 in betalghat firing case)

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल हैं –

  • दीपक सिंह रावत उर्फ लटवाल (28), निवासी चित्रकूट, कोटद्वार रोड (चोरपानी), रामनगर
  • यश भटनागर उर्फ यशु (19), निवासी शिवलालपुर रोनिया, रामनगर
  • वीरेंद्र आर्य उर्फ विक्की (39), निवासी लखनपुर, रामनगर
  • रविंद्र कुमार उर्फ रवि (28), निवासी ढेला पटरानी, रामनगर
  • प्रकाश भट्ट (28), निवासी खुरियाखत्ता नं. 08, बिंदुखत्ता
  • पंकज पपोला (29), निवासी खुरियाखत्ता नं. 09, बिंदुखत्ता

पुलिस का सख्त रुख

पुलिस प्रशासन का कहना है कि चुनावी माहौल में कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती बरती जाएगी।

हल्द्वानी से नैनीताल और कैंची धाम का किराया हुआ कम, टेंपो ट्रेवलर सेवा की नई पहल

Tempo Traveller: Nainital: Kaichi: Haldwani: Transport Uttarakhand: परिवहन निगम के टेंपो ट्रेवलर का किराया कम करने के बाद यात्रियों ने दिलचस्पी लेने शुरू कर दी है। किराया कम होने के बाद पहले दिन नैनीताल रूट पर चले टेंपो ट्रेवलरों ने 14 हजार की कमाई की।

निगम को पिछले दिनों मिले आठ टेंपो ट्रेवलर का नैनीताल का किराया 127 रुपये तय किया गया था। लंबे समय तक इसी किराया पर संचालन किया गया लेकिन यात्री कम मिलने के बाद बुधवार से 21 रुपये किराया कम कर दिया है।

काठगोदाम डिपो इंचार्ज रघुवीर चौधरी ने बताया कि बुधवार को चार टेंपो ट्रेवलर नैनीताल रूट पर चलाए गए, सभी पैक रहे। बता दें कि हल्द्वानी से नैनीताल का किराया 106 और हल्द्वानी से कैंची का किराया 126 रुपए किया गया है।

परिवारवालों ने कर दिया था अंतिम संस्कार, धराली से घर पहुंच गए तीन मजदूर !

देहरादून: उत्तरकाशी जिले के हर्सिल थाना क्षेत्र के धराली में बादल फटने की घटना के बीच मगलहिया के तीन मजदूर सुरक्षित अपने घर लौट आए हैं। सरगटिया पंचायत के मगलहिया निवासी राहुल कुमार मुखिया, मुन्ना मुखिया और रवि कुमार सोमवार देर रात घर पहुंचे। उनके लौटने से परिजनों ने राहत की सांस ली। बता दें कि घर वालों ने तीनों का अंतिम संस्कार कर दिया था।

हादसे से पहले पहुंचे थे गंगोत्री
वापस लौटे मजदूरों ने बताया कि पांच अगस्त को धराली में बादल फटने की घटना हुई थी, लेकिन वे तीन दिन पहले ही गंगोत्री चले गए थे। वहां पहले से मगलहिया के करीब दो दर्जन मजदूर राज मिस्त्री का काम कर रहे थे। कुछ कार्य के सिलसिले में वे हर्सिल से गंगोत्री गए थे और इसी वजह से हादसे से बच गए।

सैन्य सहयोग से हुई वापसी
मजदूरों ने बताया कि हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी और मोबाइल नेटवर्क भी ठप हो गया था। सेना के जवानों ने हेलीकॉप्टर से उन्हें गंगोत्री से चुनियाली शहर पहुंचाया। इसके बाद उत्तरकाशी और फिर हरिद्वार होते हुए वे लखनऊ लौट सके। रास्ते में भोजन और पानी की व्यवस्था भी सैनिकों ने ही की।

प्रशासन को जताया आभार
मंगलवार सुबह लखनऊ पहुंचने पर मजदूरों ने परिवार से संपर्क किया और उत्तराखंड सरकार व सेना के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जवानों की मदद से ही उनकी सुरक्षित वापसी संभव हो पाई।

पंचायत अध्यक्ष चुनाव: नैनीताल में पूरे दिन हुआ हंगामा, हाईकोर्ट ने चुनाव में लगाया स्टे

Nainital: Election: Panchayat Election: नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस समर्थित पांच सदस्यों के कथित अपहरण मामले पर हाई कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए दोबारा मतदान कराया जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम वंदना ने अदालत को बताया कि इस मामले में राज्य निर्वाचन आयोग को सिफारिश भेजी जा रही है। साथ ही एसएसपी को उन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं, जिन्होंने सदस्यों को अगवा किया। इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो और तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो चुकी हैं।

सुबह हुए इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद मामला हाई कोर्ट तक पहुंचा। अदालत ने निर्देश दिया कि पुलिस सुरक्षा में सभी सदस्यों को मतदान कराया जाए। इसके बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दो वाहनों से 10 सदस्यों को जिला पंचायत कार्यालय लाया गया और गहमागहमी के बीच मतदान की प्रक्रिया संपन्न हुई। अब तक 22 सदस्य वोट डाल चुके हैं।

सुबह ही नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर कांग्रेस समर्थित सदस्यों के अपहरण का आरोप लगाया। कांग्रेस प्रत्याशियों ने इस घटनाक्रम के विरोध में चुनाव का बहिष्कार कर हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने गायब पांच सदस्यों को खोजकर मतदान सुनिश्चित कराने के भी आदेश दिए हैं।

क्वारब में हुआ भूस्खलन, अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह से बंद

Almora: Highway: Haldwani: अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर क्वारब के पास गुरुवार सुबह से लगातार पहाड़ी से मलबा और बड़े पत्थर गिर रहे हैं। तेज बारिश के चलते हुए भूस्खलन ने मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया है, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। यात्री कई घंटों से सड़क खुलने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल सुरक्षा कारणों से यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है।

मौके पर प्रशासन और पुलिस की टीमें मौजूद हैं और हालात पर निगरानी रखी जा रही है। विभागीय कर्मचारी जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने की कोशिश कर रहे हैं, हालांकि बारिश लगातार बाधा बन रही है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने क्वारब क्षेत्र से सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह रोक दिया है, ताकि किसी भी तरह की जनहानि न हो।

पुलिस का कहना है कि जब तक खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता और सड़क से मलबा हटा नहीं लिया जाता, तब तक यातायात शुरू नहीं किया जाएगा। वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक भारी बारिश की संभावना जताई है, जिससे स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो सकती है।

नैनीताल जिला पंचायत चुनाव:कांग्रेस ने लगाया समर्थकों को उठाने का आरोप, मामला कोर्ट पहुंचा

Nanital: Panchayat Election: जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर गुरुवार को हालात तनावपूर्ण हो गए। उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक सुमित ह्रदयेश ने आरोप लगाया कि भाजपा ने पुलिस और प्रशासन की मदद से कांग्रेस के आठ निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को जबरन उठा लिया। उनका कहना है कि इन सदस्यों के साथ मारपीट की गई और उन्हें घसीटकर ले जाया गया। ( Nainital Jila Panchayat Election)

कांग्रेस नेताओं ने पूरे घटनाक्रम का लाइव वीडियो रिकॉर्ड कर हाईकोर्ट में पेश किया है। यहां अध्यक्ष पद के लिए भाजपा उम्मीदवार दीपा दरम्वाल और कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा नेगी के बीच सीधा मुकाबला है। नैनीताल हाईकोर्ट में कांग्रेस की याचिका पर सुनवाई शुरू हो चुकी है, जिसमें उन्होंने चुनाव को निरस्त करने की मांग उठाई है। ( Bjp vs Congress in Nainital)