रामनगर के अनुज ने दिल्ली प्रीमियर लीग में लगाया रनों का अंबार, कप्तानी में भी मिले पूरे अंक !

Delhi Premier T20 League: Anuj Rawat: Captain: East Delhi Riders: दिल्ली टी-20 लीग में एक बार फिर कमाल की प्रतिभाएं देखने को मिल रही है। यहां अच्छा प्रदर्शन करने का मतलब है कि आईपीएल के लिए दावेदारी पेश करना। दिल्ली प्रीमियर लीग में कई ऐसे खिलाड़ी है, जो उत्तराखंड से ताल्लुक रखते हैं। इस से एक नाम East Delhi Riders के कप्तान अनुज रावत का भी है जो कमाल के फॉर्म से गुजर रहे हैं। ( Anuj Rawat Cricketer India)

अनुज रावत ने शुरुआती 7 मुकाबलों की 7 पारियों में 291 रन बनाए हैं। उनके बल्ले 4 फिफ्टी भी निकली है। उनका औसत 58 से ज्यादा का है और स्टाइक रेट 179 का है। अनुज अब तक टूर्नामेंट में 19 छक्के और 20 चौके लगा चुके हैं। अनुज की कप्तानी में 8 में से 6 मुकाबले जीते हैं। ( Anuj rawat performance in DPL)

बता दें कि अनुज रावत लंबे वक्त से घरेलू क्रिकेट में दिल्ली के लिए खेलते हैं। इसके अलावा उनके पास आईपीएल में खेलने का भी अच्छा अनुभव है। पिछले 5 वर्षों से वो आईपीएल का हिस्सा रहे हैं और कई अच्छी पारी भी खेली है। अनुज रावत मूल रूप से उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर के रहने वाले हैं। अनुज उत्तराखंड से हैं, इस वजह से यहां के क्रिकेट फैंस की नजर उन पर रहती है और अच्छा प्रदर्शन करने पर उन्हें काफी सपोर्ट भी मिलता है।

ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी ने किया सीएम से अनुरोध, भराड़ीसैंण से सारकोट के लिए सड़क की मिली स्वीकृति

Gram Pradhan: Priyanka Negi: Meets: CM Pushkar Singh Dhami: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम सारकोट की ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी ने मुलाकात की। उन्होंने भराड़ीसैंण से सारकोट के लिए सड़क की स्वीकृति और कार्य शुरू होने के साथ ही विगत में सारकोट में हुए विभिन्न विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

ग्राम प्रधान ने इस अवसर पर गांव में जंगली जानवरों से सुरक्षा हेतु सोलर फेंसिंग की व्यवस्था, गांव से जुड़े आंतरिक मार्गों के सुधार, महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने, गांव के रास्तों में सोलर लाइट लगाने तथा निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैरसैंण में बाल रोग और महिला रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रधान को बधाई देते हुए कहा कि बताई गई सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागीय अधिकारियों और जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सारकोट प्रदेश के अन्य गांवों के लिए आदर्श बनेगा।

पहाड़ी से गिरा बोल्डर, नैनीताल से वापस लौट रहे स्कूटी सवार की मौत

Nainital: Bolder: Accident: Bhowali: भवाली रोड पर कैलाखान के पास बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक गिरे बोल्डरों की चपेट में आई स्कूटी पर सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठी युवती घायल हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों को बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर शव को मोर्चरी में रखवा दिया, वहीं घायल युवती का उपचार किया जा रहा है।जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान श्यामखेत भवाली निवासी 33 वर्षीय रमेश चंद्र आर्य पुत्र गिरीश चंद्र आर्य के रूप में हुई है। वह पत्नी की बहन सपना को इलाज कराने बुधवार को नैनीताल लाए थे।

बीडी पांडे अस्पताल में अल्ट्रासाउंड न होने की वजह से दोनों को बिना जांच कराए ही लौटना पड़ा था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है।

बेतालघाट फायरिंग में शामिल तीन आरोपी गिरफ्तार, इतिहास खंगालने में सामने आई ये सच्चाई

Nainital Police: Betalghat: बेतालघाट पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान हुई फायरिंग की घटना में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अमृतपाल उर्फ पन्नू सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस प्रकरण में अब तक कुल 9 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं।

14 अगस्त 2025 को ब्लॉक बेतालघाट में वोटिंग के दौरान एक प्रत्याशी के समर्थकों ने प्रतिद्वंदी पक्ष पर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर सशस्त्र विद्रोह किया था, जिसमें महेंद्र सिंह बिष्ट उर्फ गोधन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस मामले में थाना बेतालघाट में मुकदमा दर्ज किया गया था।

थानाध्यक्ष अनीश अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और लगातार दबिश के जरिए 20 अगस्त को लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) के भीरा कस्बे में पंजाब मेडिकल स्टोर के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी अमृतपाल उर्फ पन्नू, गुरमीत सिंह उर्फ पारस और प्रदीप सिंह उर्फ शॉकर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से संदिग्ध थार भी कब्जे में ली है।

आपराधिक इतिहास की जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी अमृतपाल के विरुद्ध कोतवाली रामनगर में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज है, जबकि प्रदीप सिंह उर्फ शॉकर के खिलाफ मारपीट और धोखाधड़ी के दो मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।

उत्तराखंड के आदित्य बने केबीसी सीजन के पहले करोड़पति, अब देंगे 7 करोड़ का जवाब ?

Uttarakhand News: KBC: Aditya Kumar: अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट किया जाने वाला पॉपुलर रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC 17) का 17वां सीजन 11 अगस्त से शुरू हो चुका है। शो को शुरू हुए अभी दो हफ्ते भी नहीं हुए कि इस सीजन का पहला करोड़पति सामने आ गया है।

उत्तराखंड के रहने वाले आदित्य कुमार ने KBC में शानदार खेल दिखाते हुए 1 करोड़ रुपये की धनराशि जीत ली है। चैनल ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर एक प्रोमो शेयर किया है, जिसमें आदित्य को इस सीजन का पहला करोड़पति घोषित करते हुए दिखाया गया है।

इतना ही नहीं, प्रोमो में यह भी नजर आता है कि आदित्य अब 7 करोड़ रुपये के जैकपॉट प्रश्न तक पहुंच चुके हैं। शो में अमिताभ बच्चन उनसे पूछते हैं कि क्या वह यह रिस्क लेना चाहते हैं, जिसके बाद स्क्रीन पर सात करोड़ का सवाल दिखाई देता है।

अब दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है आने वाले एपिसोड का, जिसमें यह देखने को मिलेगा कि क्या आदित्य उस आखिरी सवाल का सही जवाब देकर इतिहास रचते हुए 7 करोड़ रुपये भी जीत पाते हैं या नहीं।

हल्द्वानी: भाजपा युवा मोर्चा ने लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

हल्द्वानी: आज गांधी नगर पार्क में जन सेवा समिति द्वारा जिला अध्यक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा नैनीताल कार्तिक हर्बोला के नेतृत्व में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में संजीवनी चिकित्सालय हल्द्वानी से डॉ. अजय पुंडीर (जनरल फिजिशियन), डॉ. तन्मय बनर्जी (आर्थोपेडिक सर्जन), डॉ. अंशुल केडिया (श्वास रोग विशेषज्ञ), डॉ. अदिति अरोड़ा (स्त्री रोग विशेषज्ञ), आईक्यू सुपर स्पेशलिटी आंखों से वरिष्ठ ऑप्टोमेट्रिस्ट नीतीश तिवारी, वरिष्ठ फार्मासिस्ट अशोक सिंह राणा तथा एलडीपीएल लैब टेक्नीशियन मानव सहित अन्य विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं दीं। कार्तिक हर्बोला ने कहा कि समिति का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और समाज की सेवा करना है। आने वाले समय में भी समिति लगातार विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों को लाभ पहुंचाती रहेगी।

शिविर में लगभग 92 लोगों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इस अवसर पर रंजन बर्गली, प्रताप रैकवाल, प्रकाश हर्बोला, अजय राजौर, योगेंद्र भट्ट, विशु शर्मा, प्रिंस शर्मा, हर्ष राजौर, हिमांशु सनवाल, योगेश राजौर, करन श्रीवास्तव, मनोज अग्रवाल, उज्ज्वल चौहान, कार्तिक चौहान, कनिष्क ढींगरा, कुणाल वर्मा, उमेश जोशी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

उत्तराखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मिलेगा विशेष प्रशिक्षण, कैबिनेट में लिए गए कई फैसले

Uttarakhand: Pushkar Singh Dhami: Cabinet: Meeting: कैबिनेट के महत्वपूर्ण निर्णय

रोजगार और कौशल विकास
महिलाओं, युवाओं और भूतपूर्व सैनिकों के लिए अलग–अलग नीतियां बनाई जाएंगी, ताकि उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकें। प्रतियोगी परीक्षाओं (सरकारी सेवाएं, नीट, नर्सिंग), विदेशी भाषाओं, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस आदि क्षेत्रों में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। बड़े स्तर पर युवा महोत्सव और रोजगार मेलों का आयोजन होगा।

आईटीआई, पॉलिटेक्निक और स्कूल मिलकर व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देंगे। युवाओं को अल्पकालिक, मध्यमकालिक और दीर्घकालिक योजनाओं के तहत रोजगार से जोड़ा जाएगा। महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार दिलाने के लिए मौन पालन, एप्पल मिशन और बागवानी में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

स्थानीय उत्पादों (फल, सब्जी, दूध) की खरीद के लिए कृषि विभाग और आईटीबीपी के बीच एमओयू हुआ है। इसी तरह एसएसबी और अन्य केंद्रीय एजेंसियों से भी समझौते होंगे। उद्योग विभाग के माध्यम से निजी क्षेत्र में भी स्थानीय उत्पादों के लिए मार्केट लिंक की व्यवस्था की जाएगी। भूतपूर्व सैनिकों को सरकारी योजनाओं और उनकी योग्यता के अनुरूप सेवाओं से जोड़ा जाएगा।

उत्तराखण्ड अपराध से पीड़ित सहायता (संशोधन) योजना 2025


राज्य सरकार ने उत्तराखण्ड अपराध से पीड़ित सहायता (संशोधन) योजना, 2025 को मंजूरी दी है। अब पोक्सो अधिनियम, 2012 (POCSO Act) के अंतर्गत पीड़ितों के लिए न्यूनतम और अधिकतम क्षतिपूर्ति राशि निर्धारित कर दी गई है। इससे पीड़ितों को समयबद्ध और प्रभावी सहायता मिल सकेगी।

उत्तराखण्ड साक्षी संरक्षण योजना 2025


न्याय व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए उत्तराखण्ड साक्षी संरक्षण योजना, 2025 को भी मंजूरी दी गई है। इसका उद्देश्य साक्षियों को भय, दबाव या प्रतिशोध से मुक्त रखते हुए उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है ताकि वे न्यायालय में स्वतंत्रतापूर्वक गवाही दे सकें।

योजना में पहचान गोपनीयता, स्थान परिवर्तन, संपर्क विवरण बदलाव, भौतिक सुरक्षा और जरूरत पड़ने पर वित्तीय सहायता का प्रावधान है। इसके लिए राज्य साक्षी संरक्षण समिति गठित की गई है, जिसमें न्यायपालिका, पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।

उत्तराखंड कांग्रेस के दो वरिष्ठ विधायकों ने दिया कार्यमंत्रणा समिति से इस्तीफा

Uttarakhand News: Vidhansabha: नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और विधायक प्रीतम सिंह ने विधानसभा की कार्य मंत्रणा समिति से दिया इस्तीफा, विधानसभा अध्यक्ष को भेजा पत्र है। 

विधानसभा सत्र को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। विपक्ष ने कार्यमंत्रणा समिति में संख्या बल के आधार पर मनमानी का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, विधानसभा का मानसून सत्र 19 अगस्त से 22 अगस्त तक आहूत होना था। इसके लिए 18 अगस्त को कार्यमंत्रणा समिति की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें 19 अगस्त तक उपवेशन का कार्यक्रम तय किया गया। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि उपवेशन के बाद दोबारा बैठक बुलाई जाएगी, लेकिन 19 अगस्त को कोई बैठक नहीं हुई।

इसके बाद 20 अगस्त को सरकार ने पूर्वान्ह में ही सत्र को अनिश्चितकाल के लिए समाप्त कर दिया। विपक्ष का कहना है कि सरकार ने यह निर्णय लेने से पहले कार्यमंत्रणा समिति की बैठक नहीं बुलाई और न ही समिति के सदस्यों को विश्वास में लिया। विपक्ष ने सरकार पर सदन संचालन में तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भारी विषयों वाले सत्र को सिर्फ दो दिन चलाना राज्यवासियों के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि यदि कार्यमंत्रणा समिति के फैसले सरकार एकतरफा लेती रही तो समिति में बने रहने का कोई औचित्य नहीं है। इसी कारण विपक्षी सदस्यों ने कार्यमंत्रणा समिति से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है।

मुखानी क्षेत्र में योगा ट्रेनर ज्योति मेर हत्याकांड का खुलासा

Uttarakhand News: Jyoti Mer: मुखानी क्षेत्र में योगा ट्रेनर ज्योति मेर की सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए नैनीताल पुलिस ने आरोपी अभय कुमार उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया है।

एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशन में गठित टीमों ने घटना की बारीकी से जांच कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की और नेपाल तक पीछा करते हुए आखिरकार उसे नगला तिराहे से दबोच लिया।

मामला 31 जुलाई का है, जब ज्योति मेर अपने कमरे में मृत अवस्था में मिली थी। गले और हाथों पर निशान, सिर पर चोट के चलते मामला हत्या का निकला। जांच में सामने आया कि आरोपी अभय और उसके भाई अजय द्वारा संचालित योगा सेंटर में ज्योति काम करती थी। सेंटर के प्रबंधन को लेकर बढ़ते विवाद के चलते अभय ने आक्रोश में आकर ज्योति की उसके ही दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी और फिर नेपाल भाग गया। पुलिस ने आरोपी से हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद कर लिया है। टीम की त्वरित और साहसिक कार्रवाई के लिए पुलिसकर्मियों को ढाई हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया गया है।

राघवी बिष्ट के बाद प्रेमा रावत ने India के लिए दिखाया दम,पहाड़ की बेटियों को ऑस्ट्रेलिया पसंद है

Uttarakhand: Womens Cricket: Australia: India A Team: उत्तराखंड का क्रिकेट अब धीरे-धीरे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ने लगा है। खासकर महिला क्रिकेट में इस राज्य की बेटियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करके दिखाया है कि यदि अवसर मिले तो पहाड़ की प्रतिभा देश ही नहीं बल्कि दुनिया के लिए भी गौरव ला सकती है। हाल के वर्षों में उत्तराखंड की बेटियों ने टीम इंडिया तक का सफर तय किया है और यह यात्रा पूरे राज्य के लिए प्रेरणादायक रही है।

नंदनी और राघवी की सफलता से खुला रास्ता

पिछले साल देहरादून की नंदनी कश्यप और टिहरी की राघवी बिष्ट का भारतीय सीनियर टीम में चयन हुआ। यह ऐतिहासिक क्षण था क्योंकि उत्तराखंड से पहली बार किसी महिला खिलाड़ी ने सीधे नेशनल टीम में जगह बनाई। इस उपलब्धि ने न सिर्फ राज्य में क्रिकेट खेलने वाली लड़कियों का हौसला बढ़ाया बल्कि उन परिवारों को भी प्रेरित किया जो अपनी बेटियों को खेलों में आगे बढ़ते देखने का सपना देखते हैं।

राघवी बिष्ट की चमक

राघवी बिष्ट टिहरी जनपद के छोटे से चंगोरा गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने इंडिया ए टीम के 18 खिलाड़ियों के स्क्वॉड में जगह बनाकर इतिहास रचा था। उत्तराखंड महिला टीम से खेलने के बाद नीली जर्सी पहनने वाली वह पहली खिलाड़ी बनीं। उनका सफर आसान नहीं रहा, लेकिन आत्मविश्वास और कठिन परिश्रम ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया। ( Raghvi Bist Cricketer India)

ऑस्ट्रेलिया दौरे का सुनहरा प्रदर्शन

ऑस्ट्रेलिया की धरती उत्तराखंड की बेटियों के लिए भाग्यशाली साबित हुई है। राघवी ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे में इंडिया ए के लिए शानदार प्रदर्शन किया। तीनों मुकाबलों में उन्होंने अर्धशतक जमाए—पहले में 82, दूसरे में 70 और तीसरे में 53 रन। इस निरंतर प्रदर्शन ने उन्हें भारतीय सीनियर टीम में जगह दिलाई। हालांकि भारत को वनडे सीरीज़ में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम को एक नया सितारा मिला।

WPL में आरसीबी का हिस्सा

राघवी की प्रतिभा केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ही सीमित नहीं रही। उन्हें विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने अपनी टीम में शामिल किया। यह उत्तराखंड की बेटियों के लिए गर्व का क्षण था। महिला क्रिकेटरों के लिए यह मंच न केवल आर्थिक मजबूती देता है बल्कि उन्हें बड़े स्तर पर खेलने का आत्मविश्वास भी प्रदान करता है। इस साल भी ऑस्ट्रेलिया दौरे में राघवी ने भारतीय टीम के लिए टी-20 सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाकर अपने चयन को सही साबित किया।

प्रेमा रावत की एंट्री

राघवी की तरह बागेश्वर जिले की बेटी प्रेमा रावत ने भी अपना जलवा बिखेरा। प्रेमा ने घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडिया ए टीम में जगह बनाई। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्होंने गेंद से कमाल दिखाया। तीन टी-20 मैचों में उन्होंने कुल सात विकेट झटके, उनका गेंदबाजी औसत 9.28 और इकॉनमी रेट 5.41 रहा, जो टी-20 प्रारूप में बेहतरीन माना जाता है।

गेंदबाजी से बनाया दबदबा

प्रेमा की सटीक लाइन और लेंथ ने हर मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को परेशान किया। उनकी गेंदबाजी ने भारतीय टीम को मजबूती दी और उन्हें भारत की गेंदबाजी आक्रमण की सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी के रूप में स्थापित किया। पिछले साल WPL नीलामी में भी उन्हें 1.20 करोड़ रुपये की बड़ी बोली मिली थी। यह उनकी मेहनत और क्षमता का प्रमाण है।

घरेलू टूर्नामेंट में रिकॉर्ड प्रदर्शन

प्रेमा रावत ने 2023 में बीसीसीआई के T20 टूर्नामेंट में 10 मुकाबलों में 16 विकेट हासिल किए। इस दौरान उन्होंने 38 ओवर डाले और मात्र 211 रन दिए। उनका इकॉनमी रेट 5.55 रहा। यह आँकड़े इस बात का सबूत हैं कि वह कितनी अनुशासित और प्रभावी गेंदबाज हैं। हालांकि उनकी टीम फाइनल में हार गई थी, लेकिन प्रेमा ने पूरे टूर्नामेंट में अपनी अलग पहचान बनाई।

पहाड़ से मैदान तक की यात्रा

प्रेमा रावत मूल रूप से बागेश्वर जिले के कपकोट ब्लॉक की ग्राम पंचायत सुमटी की रहने वाली हैं। उनका परिवार वर्तमान में बरेली में रहता है। पिता केदार सिंह रावत एयर फोर्स में कार्यरत हैं और माता बसंती देवी गृहिणी हैं। प्रेमा ने शुरुआती शिक्षा गांव से ही प्राप्त की थी, बाद में बरेली आने के बाद उन्होंने क्रिकेट की ओर गंभीरता से कदम बढ़ाया। ( Prema Rawat Cricketer India-A)

परिवार का सहयोग और जुनून

प्रेमा बचपन से ही लड़कों के साथ क्रिकेट खेला करती थीं। उनके भाइयों हेमंत सिंह रावत और विमल रावत ने उन्हें लगातार अभ्यास कराया। धीरे-धीरे शौक जुनून में बदल गया। कड़ी मेहनत और परिवार के सहयोग ने उन्हें उत्तराखंड की महिला टीम तक पहुँचाया। वहाँ से उनका आत्मविश्वास बढ़ा और आज वे इंडिया ए और WPL तक पहुँच चुकी हैं।

उत्तराखंड की नई पहचान

आज नंदनी, राघवी और प्रेमा जैसी खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया है कि उत्तराखंड की बेटियाँ भी बड़े मंच पर दम दिखा सकती हैं। उनका प्रदर्शन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। छोटे गांवों और सीमित संसाधनों से निकलकर उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की है।

भविष्य की राह

उत्तराखंड क्रिकेट का भविष्य इन बेटियों की उपलब्धियों से और भी उज्ज्वल नजर आता है। अब जरूरत है बेहतर संरचना, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं और खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहन देने की। यदि यह सब मिला, तो आने वाले वर्षों में उत्तराखंड की और भी बेटियाँ टीम इंडिया की नीली जर्सी पहनकर देश का गौरव बढ़ाएँगी।