पुराना गनर हटाए जाने के बाद विधायक सुमित हृदयेश ने नया गनर लेने से किया इंकार

MLA Haldwani: Sumit Hridayesh: उत्तराखंड के विधायक सुमित हृदयेश ने हाल ही में एक बड़ा फैसला लेते हुए अपनी पुलिस सुरक्षा लेने से इनकार कर दिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा उनका एक गनर हटाए जाने के बाद, उन्हें एक नया गनर मुहैया कराने की पेशकश की गई थी, लेकिन विधायक ने साफ तौर पर उसे लेने से मना कर दिया। विधायक ने स्पष्ट किया कि अब वे पूरी तरह बिना किसी गनर के ही रहेंगे और उन्हें किसी भी तरह की पुलिस सुरक्षा की आवश्यकता नहीं है।

हल्द्वानी विधायक विधायक सुमित हृदयेश ने इस फैसले के पीछे उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस सुरक्षा की आड़ में उनकी गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि गनर के माध्यम से उनकी निजी जानकारियां एकत्र की जा रही हैं। सुमित हृदयेश ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में उन्हें किसी भी प्रकार का नुकसान होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नैनीताल पुलिस और राज्य सरकार की होगी। उनका ये बयान राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था पर नए सवाल खड़े कर रहा है।

हल्द्वानी नगर निगम का अभियान, एक को कार के भीतर शराब पीते हुए रंगेहाथ पकड़ा

Haldwani: Thandi Sadak: नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शुक्रवार शाम को एरोड्रम रोड, तिकोनिया चौराहा और ठंडी सड़क क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान फुटपाथ पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया तथा एक ट्रॉली सामान को जप्त किया गया।

अभियान के दौरान निगम टीम ने एक टैक्सी ड्राइवर को कार के भीतर शराब पीते हुए रंगेहाथ पकड़ा। पूछताछ में ड्राइवर ने सफाई दी कि घर में बच्चे हैं, इसलिए वह गाड़ी में बैठकर शराब पी लेता है। ड्राइवर की इस हरकत पर निगम अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई। बताया जा रहा है कि ड्राइवर शराब की बोतल (पव्वा) लेकर कार से बाहर भी उतर आया था।

अधिकारियों ने कहा कि शहर में पैदल राहगीरों की सुविधा और महिला सुरक्षा को देखते हुए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। निगम ने चेतावनी दी है कि फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

धराली के बाद थराली में आई आपदा, देर रात बादल फटने से कई दुकानें बह गई

Uttarakhand News: Chamoli: Cloud Burst: उत्तराखंड के चमोली जिले में लगातार हो रही बारिश ने हालात को और बिगाड़ दिया है। शुक्रवार आधी रात को थराली क्षेत्र में बादल फटने की बड़ी घटना सामने आई। इस आपदा के कारण एसडीएम और नगर पंचायत अध्यक्ष के आवास सहित तहसील परिसर में मलबा भर गया। कई घर भी इसकी चपेट में आए हैं। सबसे दर्दनाक खबर सागवाड़ा गांव से आई, जहां एक युवती मलबे में दब गई। राहत-बचाव दल मौके पर जुटा है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा है।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 1 बजे तेज बारिश के बीच अचानक बादल फटा, जिससे भारी मात्रा में पानी और मलबा कस्बे में घुस गया। थराली बाजार के आसपास की कई दुकानें बह गईं, जबकि तहसील परिसर में खड़े वाहन मलबे में दब गए। प्रभावित क्षेत्रों में राड़ीबगड़, सागवाड़ा और कोटदीप भी शामिल हैं, जहां लोगों के घरों में मलबा भर जाने से स्थिति गंभीर बनी हुई है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने शनिवार को तहसील थराली क्षेत्र के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। उप जिलाधिकारी पंकज भट्ट ने बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश से हालात और बिगड़ सकते हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

थराली ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित ने बताया कि तीन स्थानों पर बादल फटने की घटनाएं हुई हैं। इस वजह से लोग बेहद दहशत में हैं और कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। प्रशासन, पुलिस और स्थानीय टीमें मिलकर राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं। हालांकि, लगातार हो रही बारिश से दिक्कतें बढ़ रही हैं। यह घटना एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदाओं के खतरों को उजागर करती है और प्रभावित इलाकों में लोग अब भी डर और असमंजस की स्थिति में हैं।

मौसम विभाग का बारिश का अपडेट, दो जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित

School: Closed: Rain: Uttarakhand:भारी वर्षा के चलते संभावित आपदा की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद बागेश्वर और पिथौरागढ़ के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालय (कक्षा 1 से 12 तक) तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में 23 अगस्त 2025 (शनिवार) को अवकाश घोषित किया गया है।

यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एहतियातन लिया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी, बागेश्वर को आदेशित किया गया है कि वे उक्त निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।

डीएम और एसएसपी को हटाने पर कांग्रेस ने फिर दिया जोर, हल्द्वानी विधायक बोले करेंगे आंदोलन

Haldwani: MLA: DM: SSP: गैरसैण विधानसभा सत्र से लौटकर हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने नैनीताल में घटित घटनाक्रम को लोकतंत्र की हत्या करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के इशारे पर पुलिस और प्रशासन ने विपक्षी विधायकों व नेता प्रतिपक्ष पर हमला करवाकर कानून की धज्जियां उड़ाईं।

सुमित हृदयेश ने कहा कि नैनीताल में हुआ किडनैपिंग कांड शर्मसार करने वाला है, जिसमें डीएम और एसएसपी के खिलाफ कार्यवाही होनी चाहिए । उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस लगातार दोनों अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अडिग है।

विधायक ने कहा कि नैनीताल पंचायत चुनाव में जिस तरह अराजकता और खुलेआम कानून व्यवस्था की अनदेखी हुई, उसे पूरे देश ने देखा है। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में कांग्रेस राज्यभर में बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी और भाजपा सरकार को जवाबदेह ठहराएगी।

हल्द्वानी आईटीआई गैंग के चार बदमाशों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Haldwani: ITI Gang: Police: नैनीताल पुलिस ने हल्द्वानी क्षेत्र में आतंक और गुंडागर्दी फैलाने वाले कुख्यात आईटीआई गैंग पर शिकंजा कसते हुए गैंग लीडर देवेन्द्र सिंह बिष्ट सहित चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

अपराध का इतिहास

पुलिस के अनुसार यह गैंग लंबे समय से हल्द्वानी क्षेत्र में मारपीट, सार्वजनिक स्थानों पर फायरिंग, तलवार और चाकूबाजी, डराने-धमकाने और लूट जैसी वारदातों को अंजाम देता आ रहा था। लगातार बढ़ती आपराधिक गतिविधियों से क्षेत्र में दहशत और असुरक्षा का माहौल था।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गैंग लीडर देवेन्द्र सिंह बिष्ट, निवासी गैस गोदाम छड़ायल, हल्द्वानी; आदित्य नेगी, निवासी जज फार्म आईटीआई, हल्द्वानी (उम्र 25 वर्ष); देवेन्द्र सिंह बोरा, निवासी डहरिया, हल्द्वानी (उम्र 22 वर्ष); और नवीन सिंह मेहरा, निवासी टुनाकोट शेरा, भवाली, वर्तमान पता पीलीकोठी रोड, हल्द्वानी (उम्र 21 वर्ष) शामिल हैं।

गिरफ्तारी की जगह और तारीख

इन सभी को पुलिस ने 22 अगस्त 2025 को शीतल होटल के पास, टीपी नगर, हल्द्वानी से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने कार्रवाई को गुप्त तरीके से अंजाम दिया और मौके पर ही आरोपियों को दबोच लिया।

पहले भी रहे हैं आपराधिक मामले

गैंग लीडर और उसके साथी पहले भी कई गंभीर मामलों में नामजद रह चुके हैं। उनके खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट, लूट और यहां तक कि हत्या के प्रयास तक के मुकदमे दर्ज हैं।

हल्द्वानी कौशल एकेडमी के छात्र भरेंगी मॉरीशस की उड़ान, 5 स्टार होटल में बने कैप्टन

Kaushal Academy: Haldwani: मुखानी रोड स्थित कौशल एकेडमी इंटरनेशनल के प्रतिभावान छात्र रवि कांत ने अपने कौशल और मेहनत से बड़ी सफलता हासिल की है। रविकांत का चयन मॉरीशस के पाँच सितारा होटल ‘एम्बरे’ में बतौर कैप्टन हुआ है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

शिक्षा और प्रशिक्षण

संस्थान के प्रधानाचार्य रवि शंकर शर्मा ने बताया कि रविकांत इंटरनेशनल डिप्लोमा इन होटल मैनेजमेंट के छात्र हैं। उन्होंने अपनी इंटर्नशिप दुबई से पूरी की और इसके बाद वोकेशनल ट्रेनिंग के लिए मलेशिया भी गए। लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्हें यह अवसर मिला।

परिवार का सहयोग

रवि कांत एक साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता पुलिस सब इंस्पेक्टर (सेवानिवृत्त) हैं और माता गृहिणी हैं। आर्थिक परिस्थितियाँ सीमित होने के बावजूद रविकांत ने अपने परिश्रम और संकल्प से यह मुकाम हासिल किया है।

स्कॉलरशिप और प्रोत्साहन

प्रधानाचार्य ने बताया कि कौशल एकेडमी आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों के लिए विशेष स्कॉलरशिप प्रोग्राम चलाती है। होटल मैनेजमेंट कोर्स में शुल्क में छूट देकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया जाता है, ताकि वे भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना भविष्य बना सकें।

प्रेरणा का स्रोत

रवि कांत की सफलता यह संदेश देती है कि यदि अवसर मिले तो सामान्य पृष्ठभूमि के युवा भी वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के छात्रों को प्रेरित करने का कार्य करेगी।

जवाहर ज्योति, दमुवाढुंगा में नए निर्माण, क्रय विक्रय और सीमांकन परिवर्तन पर रोक लगी

Kathgodam: Haldwani: Damuwadunga: तहसील क्षेत्र के ग्राम जवाहर ज्योति, दमुवादूंगा में अब भूमि सर्वेक्षण और अभिलेख तैयार करने की प्रक्रिया (रिकॉर्ड ऑपरेशन) शुरू की जा रही है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश भू-राजस्व अधिनियम, 1901 की धारा-48 के अंतर्गत शासन द्वारा 21 अगस्त 2025 को जारी अधिसूचना और जिलाधिकारी नैनीताल की स्वीकृति के बाद की जा रही है।

इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य है—भूमि का सही चिन्हांकन करना, नालों और ड्रेनेज मार्गों की सुरक्षा करना तथा सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित भूमि को बचाना। साथ ही अवैध कब्जों और अनाधिकृत निर्माणों को रोकने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

जारी आदेश के अनुसार, जब तक रिकॉर्ड ऑपरेशन और भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक क्षेत्र में किसी भी प्रकार का नया निर्माण कार्य, भूमि का अतिक्रमण, क्रय-विक्रय या सीमांकन (Demarcation) में बदलाव पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान संबंधित राजस्व उपनिरीक्षक और लेखपाल नियमित निरीक्षण करेंगे और यदि कहीं भी अवैध निर्माण या कब्जा मिलता है तो उसकी जानकारी तुरंत प्रशासन को देंगे।

इसके साथ ही स्थानीय पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस आदेश का कड़ाई से पालन कराएँ और क्षेत्र में अनधिकृत गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भू-राजस्व अधिनियम, 1901, उत्तराखण्ड नगर निकाय अधिनियम और अन्य लागू कानूनों के तहत सख्त दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी।

यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है और आगे की सूचना तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और चल रही भूमि सर्वेक्षण प्रक्रिया में सहयोग करें ताकि क्षेत्र में पारदर्शिता और सुव्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

बर्ड फ्लू को लेकर नैनीताल में एक सप्ताह तक परिवहन पर रोक

Uttarakhand: Bird Flu: Nainital: नैनीताल जनपद प्रशासन ने बर्ड फ्लू (H5N1 एवियन इन्फ्लुएंजा वायरस) के बढ़ते मामलों को देखते हुए बड़ा कदम उठाया है। जानकारी के अनुसार उत्तरप्रदेश के रामपुर जनपद के विकासखण्ड विलासपुर क्षेत्र के कुछ गांवों और उत्तराखण्ड के उधमसिंहनगर जिले के किच्छा क्षेत्र में बर्ड फ्लू के पॉजिटिव मामले सामने आए हैं।

स्थिति की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने आदेश जारी किया है कि अगले एक सप्ताह तक उत्तरप्रदेश और उधमसिंहनगर से कुक्कुट पक्षियों, पक्षी मांस तथा अण्डों का परिवहन कर नैनीताल जनपद में लाना प्रतिबंधित रहेगा।

इसके अलावा जनपद के भीतर भी केवल उन्हीं क्षेत्रों से परिवहन की अनुमति दी जाएगी, जिन्हें असंक्रमित घोषित किया गया हो। इसके लिए पशुचिकित्साधिकारी की ओर से आवश्यक स्क्रीनिंग की जाएगी और जांच के बाद प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही, कुक्कुट पालन करने वाले किसानों को सतर्क रहने और पक्षियों में किसी भी प्रकार की असामान्य मौत की सूचना तुरंत विभाग को देने के निर्देश दिए गए हैं।

नैनीताल समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना

Uttarakhand: Weather: Alert: मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने राज्य के कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। केंद्र के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने बताया कि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान तेज से मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।

पूर्वानुमान के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के साथ-साथ बिजली गिरने और गर्जन-तड़ित की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। विशेषकर पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि भारी बारिश से भूस्खलन और सड़क अवरोध जैसी समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं।

वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। खेतों या खुले स्थानों पर कार्य करते समय बिजली गिरने के खतरे से बचने के लिए लोगों को सावधानी बरतनी होगी। विभाग ने आपदा प्रबंधन तंत्र को भी अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के मैदानी इलाकों में भी कहीं-कहीं तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और मौसम की ताज़ा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।