
TRENDING NEWS










Kaushal Academy: Haldwani: Free Pizza: शिक्षक दिवस के अवसर पर कौशल एकेडमी इंटरनेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ होटल मैनेजमेंट (KAIIMT) हल्द्वानी शाखा द्वारा नगर के शिक्षकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में कार्यरत शिक्षकगण Dominos होटल सत्यार्थ (नैनीताल रोड) में निःशुल्क पिज़्ज़ा का आनंद ले सकेंगे।
संस्थान के प्रधानाचार्य रवि शर्मा ने जानकारी दी कि यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा। इस दौरान शिक्षक केवल इस समाचार का स्क्रीनशॉट दिखाकर पिज़्ज़ा ऑर्डर कर सकेंगे। संस्था का उद्देश्य समाज में शिक्षकों के योगदान को सम्मान देना और उनके प्रति आभार प्रकट करना है।
कौशल एकेडमी इंटरनेशनल होटल मैनेजमेंट शिक्षा के क्षेत्र में आज एक अग्रणी संस्थान बन चुका है। संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त कर हजारों छात्र-छात्राएँ देश-विदेश में रोजगार पा चुके हैं। हाल ही में हल्द्वानी शाखा के कई विद्यार्थियों का चयन दुबई में हुआ है, जिससे यहाँ के युवाओं का उत्साह और अधिक बढ़ा है।
शिक्षक दिवस जैसे विशेष अवसर पर आयोजित यह पहल न केवल शिक्षकों के सम्मान का प्रतीक है, बल्कि होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। अधिक जानकारी और प्रवेश के लिए कॉल करें: 9837743777, 8449627777।
Sehwag: Delhi Premier League: दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2025 में क्रिकेट प्रेमियों को एक नया चेहरा देखने को मिला, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। भारतीय दिग्गज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने मात्र 17 साल की उम्र में सेंट्रल दिल्ली किंग्स की ओर से डेब्यू किया और अपने खेल से पिता की झलक दिखाई।
A brilliant debut by Aaryavir Sehwag in the Delhi Premier League! 🏏
— Delhi Premier League T20 (@DelhiPLT20) August 27, 2025
Aaryavir Sehwag | East Delhi Riders | Central Delhi Kings | Anuj Rawat | Jonty Sidhu | #DPL2025 #DPP #AdaniDPL2025 #Delhi pic.twitter.com/Dxs5E2uFqu
27 अगस्त को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में उनका सामना ईस्ट दिल्ली राइडर्स से था। बतौर सलामी बल्लेबाज मैदान पर उतरे आर्यवीर ने शुरुआती चार गेंदों पर सिर्फ एक रन लेकर संयम का परिचय दिया। इसके बाद उन्होंने टेस्ट गेंदबाज नवदीप सैनी की गेंदों पर दो शानदार चौके जड़कर अपने आत्मविश्वास का परिचय कराया। खासकर उनकी कवर ड्राइव दर्शकों को खूब भायी।
युवा लेफ्ट-आर्म स्पिनर रौनक वाघेला के खिलाफ भी उन्होंने आक्रामक अंदाज दिखाया और लगातार दो चौके लगाए। हालांकि उसी ओवर में 22 रन बनाकर वे पवेलियन लौट गए। बल्लेबाजी के अलावा उन्होंने अपनी फुर्ती भी दिखायी और ईस्ट दिल्ली के ओपनर सुजल सिंह का बेहतरीन कैच पकड़कर दर्शकों को प्रभावित किया।
Haldwani: Sampark Kranti: Train: Delhi: मुरादाबाद मंडल के पिलखुआ–डासना रेलखंड पर चल रहे सिग्नलिंग कार्य के बीच यात्रियों के लिए राहतभरी खबर आई है। रेल प्रशासन ने निर्णय लिया है कि अब पूर्व निर्धारित समय के अनुसार ही ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। रेलवे ने इसकी सूची भी जारी कर दी है।
इन ट्रेनों का संचालन तय समय पर होगा:
12558 आनंद विहार टर्मिनल – मुजफ्फरपुर सप्तक्रांति एक्सप्रेस (16 सितंबर)
15036 काठगोदाम – दिल्ली उत्तराखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12 व 16 सितंबर)
25036 रामनगर – मुरादाबाद एक्सप्रेस (16 सितंबर)
12584 आनंद विहार टर्मिनल – लखनऊ डबलडेकर एक्सप्रेस (16 सितंबर)
12392 नई दिल्ली – राजगीर श्रमजीवी एक्सप्रेस (12 व 16 सितंबर)
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पिलखुआ–डासना रेलखंड पर 10 से 16 सितंबर 2025 तक ऑटोमेटिक सिग्नलिंग और ब्लॉक कार्य चलते रहने के बावजूद प्रभावित गाड़ियाँ अब अपनी पूर्व निर्धारित समय सारणी के अनुसार ही चलेंगी।
यात्रियों को राहत देते हुए रेलवे ने कहा कि संचालन में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा।
Neet: Medical: Priyanka Agarwal: Rudrapur: उत्तराखंड की बेटियों ने एक बार फिर नीट परीक्षा में अपनी काबिलियत साबित की है। हर वर्ष की तरह इस बार भी कई होनहार छात्राओं ने परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर परिवार और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
उधम सिंह नगर जिले की प्रियंका अग्रवाल ने भी नीट परीक्षा में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। रुद्रपुर निवासी प्रियंका ने अपने पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया स्तर पर 6,535वीं रैंक प्राप्त की है। उन्हें प्रयागराज के एम.एल.एन. मेडिकल कॉलेज में प्रवेश मिला है, जहां से वह एमबीबीएस की पढ़ाई करेंगी।
प्रियंका ने अपनी कोचिंग रुद्रपुर से की थी। उनकी स्कूली शिक्षा होली चाइल्ड स्कूल से पूरी हुई, जहां इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में उन्होंने 96.4% अंक हासिल किए थे। खास बात यह रही कि बायोलॉजी विषय में उन्होंने 100% अंक प्राप्त किए थे। उनकी इस उपलब्धि से परिवार बेहद खुश है। पिता मनोज अग्रवाल और माता रीना अग्रवाल अपनी बेटी की सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं। प्रियंका को लगातार शुभकामनाएँ और बधाइयाँ मिल रही हैं, जिससे उनके घर में उत्सव जैसा माहौल है।
Uttarakhand News: Rain: Alert: मौसम विभाग ने उत्तराखंड के सात जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में आज भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं, देहरादून, उत्तरकाशी, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग ने लोगों से सावधानी और सतर्कता बरतने की अपील की है, क्योंकि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल सकता है।
28 अगस्त की रात से ही कई इलाकों में तेज बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।
29 अगस्त को देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।
30 और 31 अगस्त को भी पर्वतीय जिलों में तेज बारिश जारी रहने का अनुमान है।
लगातार हो रही रात की बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है और भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।
नैनीताल: कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत के संज्ञान में यह गंभीर मामला आया है कि गरमपानी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में तैनात हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. जगदीप सिंह नियमित रूप से ड्यूटी पर नहीं आ रहे हैं। बताया गया कि डॉक्टर साहब केवल दस दिन में एक बार अस्पताल पहुंचते हैं और उपस्थिति पंजिका में एक साथ कई दिनों के हस्ताक्षर कर देते हैं।
इस पर मंडलायुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए उप जिलाधिकारी कैंचीधाम को जांच सौंपी। जांच में स्पष्ट हुआ कि डॉ. जगदीप ने रजिस्टर में हस्ताक्षर तो किए हैं, लेकिन बीते एक सप्ताह से अस्पताल में दिखाई नहीं दिए। जब अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, तो उसमें भी डॉक्टर की मौजूदगी नहीं मिली।
मामले में जब सीएमओ नैनीताल से जानकारी मांगी गई तो उन्होंने अनभिज्ञता जताई। जांच में यह भी सामने आया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के सीएमएस डॉ. सतीश ने समय पर उच्च अधिकारियों को इस बारे में अवगत नहीं कराया। अंततः 27 अगस्त 2025, बुधवार को मामला सार्वजनिक हुआ और तब सीएमएस ने इसकी सूचना सीएमओ को दी।
मंडलायुक्त दीपक रावत ने इस पूरे प्रकरण को गंभीर मानते हुए निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य कुमाऊं मंडल को जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिया है कि यदि जांच में डॉक्टर व संबंधित अधिकारियों की लापरवाही सिद्ध होती है तो उनके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
हल्द्वानी: उत्तराखंड में जहां एक ओर गणेश महोत्सव के कार्यक्रम धूमधाम से शुरू हो गए हैं, वहीं दूसरी ओर हल्द्वानी में गणेश विसर्जन को लेकर विरोध की आवाजें भी उठने लगी हैं। पहाड़ी आर्मी ने इस मुद्दे पर आपत्ति जताते हुए एसडीएम हल्द्वानी के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा है।
संगठन के सदस्यों का कहना है कि गणेश विसर्जन उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति का हिस्सा नहीं है। उनका मानना है कि देवभूमि उत्तराखंड में स्वयं भगवान गणेश का वास है और इस पवित्र भूमि पर विसर्जन की प्रथा को अपनाना उचित नहीं है। संगठन का तर्क है कि मुंबई सहित कई राज्यों में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन वर्षों से किया जा रहा है, लेकिन उत्तराखंड में यह परंपरा नहीं रही। हाल के वर्षों में केवल दिखावे या अन्य राज्यों की नकल के चलते यहां भी यह प्रचलन शुरू हो गया है, जो भविष्य के लिए सही संकेत नहीं है।
पहाड़ी आर्मी के संस्थापक हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति और धार्मिक परंपराओं की अपनी विशिष्ट पहचान है। इसे अन्य राज्यों की परंपराओं की तरह बदलने या प्रभावित करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि सरकार ने इस मामले में हस्तक्षेप नहीं किया, तो संगठन सड़क पर उतरकर गणेश विसर्जन का पुरजोर विरोध करेगा।
संगठन का यह भी कहना है कि यहां गणेश महोत्सव का आयोजन पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ किया जा सकता है, लेकिन विसर्जन की परंपरा शुरू कर इसे उत्तराखंडी संस्कृति का हिस्सा बनाना उचित नहीं होगा। उनका मानना है कि इससे स्थानीय संस्कृति पर नकारात्मक असर पड़ेगा।
फिलहाल, इस विरोध के चलते प्रशासन के सामने धार्मिक भावनाओं और परंपराओं के बीच संतुलन बनाने की चुनौती खड़ी हो गई है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि सरकार और प्रशासन इस मामले पर क्या रुख अपनाते हैं।
Heli Service: Uttarakhand: Pithoragarh: Munsiyari: पर्वतीय क्षेत्रों में हवाई और रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में उत्तराखंड के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। जल्द ही पिथौरागढ़–मुनस्यारी के बीच हेली सेवा शुरू होने जा रही है। उड़ान योजना के तहत संचालित होने वाली यह सेवा 30 सितंबर तक शुरू होने की संभावना है। इस रूट के संचालन के लिए केंद्र सरकार ने हैरिटेज एविएशन को चुना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू से राज्य में हेली सेवाओं का विस्तार करने का अनुरोध किया था। इस पर केंद्रीय मंत्री ने पत्र लिखकर अवगत कराया कि पिथौरागढ़–मुनस्यारी–पिथौरागढ़ हेली सेवा शीघ्र शुरू होगी। इसी क्रम में पिथौरागढ़–धारचूला–पिथौरागढ़ मार्ग पर भी हेली सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए धारचूला में हेलीपैड निर्माण हेतु भूमि की आवश्यकता है। इस रूट पर भी हैरिटेज एविएशन को प्राथमिक सहमति प्रदान की गई है।
इसके साथ ही पिथौरागढ़ से दिल्ली के बीच हवाई सेवा का प्रस्ताव भी विचाराधीन है। केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया है कि एयरलाइंस की ओर से औपचारिक प्रस्ताव मिलने पर उस पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। इससे पर्वतीय जिलों के लोगों को राजधानी और अन्य बड़े शहरों से जुड़ने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
इधर, रेल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए भी केंद्र ने पहल की है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्र लिखकर मुख्यमंत्री धामी को सूचित किया कि मंत्रालय टनकपुर–अछनेरा के बीच विशेष रेल सेवा शुरू करने के लिए फिजिबिलिटी स्टडी करवा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हवाई और रेल सेवाओं के विस्तार को राज्य के विकास और स्थानीय लोगों के लिए बड़ी सौगात बताया। उन्होंने दोनों केंद्रीय मंत्रियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सेवाओं से जहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।
Uttarakhand News: Haldwani: काठगोदाम में काॅलटैक्स के पास नहर में गिरे युवक का शव बुधवार को मुखानी क्षेत्र में बरामद हुआ।
मंगलवार देर रात युवक नहर में गिरकर बह गया था। सूचना मिलने पर पुलिस, एनडीआरएफ और सिंचाई विभाग की टीमों ने देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बुधवार सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया तो युवक का शव मुखानी के पास नहर से मिला।
मल्ला काठगोदाम चौकी प्रभारी दिलीप कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान रवि कुमार उर्फ मोनू (30) पुत्र स्व. राजपाल, निवासी कांठ, मुरादाबाद के रूप में हुई है। वह इंद्रानगर काठगोदाम में अपनी बहन मंजू लता के साथ रह रहा था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। घटना के बाद सुरक्षा कारणों से गौला बैराज को अस्थायी रूप से बंद कराया गया था।
Haldwani: Police: Fraud: Mukhani: सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक युवती के लिए जाल साबित हुई। खुद को स्पाइस जेट का पायलट बताने वाले युवक ने शादी का वादा कर न सिर्फ युवती का शारीरिक शोषण किया, बल्कि 20 लाख रुपये की ठगी भी कर ली। पुलिस से मदद न मिलने पर पीड़िता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया, जिसके आदेश पर अब मुकदमा दर्ज किया गया है।
कैसे रचा गया षड्यंत्र
मुखानी क्षेत्र निवासी पीड़िता ने बताया कि अप्रैल 2024 में उसकी मुलाकात फेसबुक पर सिद्धार्थ ग्रोवर नामक युवक से हुई। सिद्धार्थ ने खुद को स्पाइस जेट एयरलाइंस का पायलट बताया। मुलाकातें बढ़ीं और उसने शादी का प्रस्ताव रखा। युवती ने हामी भर दी। आरोपी के पिता दलीप, मां स्वेता और बहन तनीषा ने भी फोन पर परिवार से बात कर शादी की सहमति जताई। 2 दिसंबर 2024 को शादी की तारीख तक तय हो गई।
लोन लेकर उड़ाए लाखों रुपये
सिद्धार्थ ने विश्वास जीतने के बाद युवती से हल्द्वानी में बैंक खाता खुलवाया और उसका एटीएम अपने पास रख लिया। इसके बाद उसने प्रॉपर्टी खरीदने के नाम पर युवती से 18 लाख रुपये का पर्सनल लोन दिलवा दिया। पूरी रकम खाते में आने के बाद सिद्धार्थ ने एटीएम से निकाल ली।
शादी से पहले टूटा भरोसा
जैसे-जैसे शादी की तारीख नजदीक आई, सिद्धार्थ और उसके परिवार ने बातचीत बंद कर दी। जांच करने पर युवती को पता चला कि सिद्धार्थ पहले से शादीशुदा है और पूरा परिवार मिलकर ठगी का खेल खेलता है। युवती ने आरोप लगाया कि शादी का झांसा देकर सिद्धार्थ ने उससे कई बार संबंध बनाए और विरोध करने पर धमकियां दीं।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ केस
पीड़िता ने पहले थाना और एसएसपी कार्यालय में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय का सहारा लिया। कोर्ट के आदेश पर मुखानी पुलिस ने सिद्धार्थ ग्रोवर, उसके पिता दलीप, मां स्वेता, बहन तनीषा और भाई मनीष के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और यौन शोषण समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
मुखानी थानाध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।