पहली बार अनोखा पेजेंट, मिस्टर एंड मिस हल्द्वानी के अलावा मिस्टर एंड मिसेज़ फ़ैमिली कंटेस्ट

हल्द्वानी: हल्द्वानी में अक्टूबर माह के अंत में बड़ा अनोखा पेजेंट होने वाला है। जिसमें आप अपने दादा – दादी या नाना – नानी को एक शानदार कंटेस्ट का हिस्सा बनाने के लिए हो जाइए तैयार। पाँच सितारा होटल में होने वाले इस आयोजन में बॉलीवुड के तमाम सितारे होंगे शामिल। कार्यक्रम निदेशक डॉ गिरीश ने बताया की इस तरह के आयोजन में वृद्ध नागरिकों को एक विशेष मंच मिलेगा। जिससे उन्हें भी 90’s में 30’s का फील मिल सकेगा। कार्यक्रम के मुख्य स्पॉन्सर डॉ रवि शर्मा निदेशक, कौशल एकेडमी इंटरनेशनल हल्द्वानी ने बताया की KAIIMT GROUP समय समय पर इस तरह के आयोजन कराते रहेगा।

लालकुआं से राजकोट के लिए चलेगी ट्रेन, जयपुर और मथुरा में भी होगा ठहराव

Lalkuan: Train: Rajkot: रेलवे प्रशासन ने आगामी त्यौहारों पर यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए लालकुआं और राजकोट के बीच त्यौहार विशेष गाड़ियों के संचालन का निर्णय लिया है। इसके तहत 05045/05046 लालकुआं–राजकोट–लालकुआं त्यौहार विशेष गाड़ियां निर्धारित तिथियों पर चलाई जाएंगी।

लालकुआं से राजकोट (05045)

लालकुआं–राजकोट त्यौहार विशेष गाड़ी 07 से 14 सितम्बर 2025 तक तथा 12 अक्टूबर से 02 नवम्बर 2025 तक कुल 6 फेरों के लिए प्रत्येक रविवार को चलेगी।
यह गाड़ी लालकुआं से दोपहर 13:10 बजे रवाना होगी और किच्छा, बहेड़ी, भोजीपुरा, इज्जतनगर, बरेली सिटी, बरेली जं., बदायूं, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा कैंट, मथुरा जं., भरतपुर, दौसा, जयपुर, फुलेरा, जोधपुर, समदड़ी, जालोर, मारवाड़ भीनमाल, पाटन, महेसाना, वीरमगाम, सुरेन्द्रनगर होते हुए वांकानेर जं. पर 16:45 बजे पहुंचकर राजकोट 18:10 बजे पहुंचेगी।

राजकोट से लालकुआं (05046)

राजकोट–लालकुआं त्यौहार विशेष गाड़ी 08 से 15 सितम्बर 2025 तक तथा 13 अक्टूबर से 03 नवम्बर 2025 तक कुल 6 फेरों के लिए प्रत्येक सोमवार को संचालित होगी।
यह गाड़ी राजकोट से रात 22:30 बजे प्रस्थान करेगी और वांकानेर, सुरेन्द्रनगर, वीरमगाम, महेसाना, पाटन, भीलड़ी, जालोर, समदड़ी, जोधपुर, जयपुर, मथुरा जं., हाथरस सिटी, कासगंज, बरेली जं. होते हुए तीसरे दिन सुबह 04:05 बजे लालकुआं पहुंचेगी।

कोच संरचना

इस विशेष गाड़ी में कुल 20 कोच होंगे, जिनमें शामिल हैं –

सामान्य द्वितीय श्रेणी : 02

शयनयान श्रेणी : 10

वातानुकूलित तृतीय श्रेणी : 04

वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी : 01

वातानुकूलित प्रथम सह द्वितीय श्रेणी : 01

एस.एल.आर.डी. कोच : 02

यात्रियों की सुविधा हेतु रेलवे ने इन विशेष गाड़ियों का संचालन किया है, ताकि त्यौहारों के दौरान बढ़ती भीड़ में उन्हें अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिल सके।

हल्द्वानी के दीपक मेहरा बने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ उत्तराखंड के अध्यक्ष

Haldwani News: Cricket Association of Uttarakhand: Deepak Mehra: क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ उत्तराखंड की नई कार्यकारिणी घोषित कर दी गई है। इस बार संगठन की कमान दीपक मेहरा को सौंपी गई है, जो अध्यक्ष बने हैं। उपाध्यक्ष पद पर अजय पांडे को चुना गया है। वहीं संगठन की सचिव की जिम्मेदारी किरण वर्मा को दी गई है। बता दें कि दीपक मेहरा हल्द्वानी के रहने वाले हैं और इससे पहले उत्तराखंड रणजी टीम के प्रथम मैनेजर भी रहे हैं।

कोषाध्यक्ष के रूप में मानस मेघवाल को चयनित किया गया है जबकि नूर आलम संयुक्त सचिव बने हैं। इसके अलावा मनोज नौटियाल को काउंसलर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई टीम ने संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। क्रिकेट प्रेमियों और खिलाड़ियों में नई कार्यकारिणी को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस नई टीम के नेतृत्व में उत्तराखंड क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।

गूगल मैपिंग करने कई टीम को गांववालों ने चोर समझकर कर दी पिटाई

Google Team: Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के साढ़ इलाके में गूगल मैपिंग करने पहुंचे एक प्राइवेट कंपनी के कर्मचारियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। कंपनी की टीम अपनी खास गाड़ी लेकर बिरहर महोलिया गांव पहुंची थी। गाड़ी पर कैमरे और मशीनें लगी हुई थीं, जिनसे वे गांव की गलियों और रास्तों की तस्वीरें खींच रहे थे ताकि गूगल मैप पर इलाके का सटीक नक्शा तैयार किया जा सके।

गांववालों ने जब यह अनोखी गाड़ी देखी तो उन्हें शक हुआ। हाल के दिनों में इलाके में चोरी की घटनाएं बढ़ी हुई थीं, जिससे लोग पहले से ही सतर्क थे। उन्हें लगा कि कैमरे लगे वाहन से कोई गिरोह चोरी की जानकारी जुटा रहा है। इसी शक में ग्रामीणों ने कर्मचारियों को घेर लिया। पहले बहस हुई और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया कि ये लोग चोर नहीं, बल्कि गूगल के लिए काम करने वाले कर्मचारी हैं, जो नक्शा बनाने का काम कर रहे थे। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।

पुलिस ने कर्मचारियों को भी सलाह दी कि भविष्य में किसी भी गांव में मैपिंग कार्य शुरू करने से पहले स्थानीय पुलिस को सूचना दें, ताकि ऐसी गलतफहमी और विवाद दोबारा न हो।

चमोली की मानसी नेगी ने रौशन किया देवभूमि का नाम, अब सरकारी नौकरी के रूप में मिला इनाम

Uttarakhand Government: Sports: Job: Mansi Negi: राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 के अवसर पर परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देश्यीय क्रीड़ा हाल में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पदक विजेता खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया और राज्य सरकार की ओर से लगभग 16 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की।

सीएम धामी ने कहा कि खेल समाज को अनुशासन, ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने अपने खेल कौशल से पूरी दुनिया में भारत की ताकत का अहसास कराया। मुख्यमंत्री ने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन ने उत्तराखंड को न केवल “देवभूमि” बल्कि “खेलभूमि” के रूप में भी पहचान दिलाई। इस बार राज्य के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर पहली बार राष्ट्रीय खेलों में 7वां स्थान प्राप्त किया।

खेल संरचना और नई घोषणाएँ
सीएम ने घोषणा की कि राज्य में जल्द ही स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू होगा, जिसके तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना होगी। यहाँ हर साल 920 विश्वस्तरीय एथलीट और 1000 अन्य खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। हल्द्वानी में प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज खोला जाएगा।

नई खेल नीति के अंतर्गत राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मानसी नेगी (खेल विभाग) और मोहम्मद अरशद (पुलिस विभाग) को आउट ऑफ टर्न नियुक्ति पत्र भी सौंपे।

पुरस्कार और छात्रवृत्ति
समारोह में पेरिस ओलंपिक 2024 में हिस्सा लेने वाले मनदीप कौर, अमीषा रावत और मनोज सरकार को 50-50 लाख रुपये की सम्मान राशि दी गई। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने वाले शौर्य सैनी और अभिनव देशवाल को 30-30 लाख रुपये से सम्मानित किया गया। इसके अलावा, मुख्यमंत्री योजनाओं के अंतर्गत लगभग 6,000 खिलाड़ियों को 5.5 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति राशि प्रदान की गई।

भविष्य की योजनाएँ
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए तैयारी शुरू कर दी है और खिलाड़ियों को अभी से जुटना होगा। साथ ही उन्होंने परेड ग्राउंड में एथलेटिक सिंथेटिक ट्रैक और फुटबॉल मैदान में सिंथेटिक टर्फ लगाने की भी घोषणा की।

उत्तराखंड में सितंबर तक चलेगा बारिश का सिलसिला, बारिश ने पुराने रिकॉर्ड भी तोड़े

Uttarakhand News: Rain: Alert: उत्तराखंड में इस बार मानसून का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि बारिश का दौर सिर्फ अगले कुछ दिनों तक ही नहीं बल्कि 15 सितंबर तक जारी रहेगा। विभाग के निदेशक सी.एस. तोमर ने बताया कि सितंबर के मध्य तक प्रदेशभर में वर्षा होती रहेगी, इसके बाद धीरे-धीरे कमी आनी शुरू होगी। वहीं, मानसून की विदाई इस बार भी सितंबर के आखिरी सप्ताह के आसपास ही संभावित है।

चेतावनी और अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी और बागेश्वर में भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और पौड़ी जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। बाकी जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

पिछले वर्षों का रिकॉर्ड
आमतौर पर राज्य से मानसून की विदाई 25 सितंबर तक हो जाती है। वर्ष 2023 में यह प्रक्रिया 6 अक्तूबर को और 2024 में 2 अक्तूबर को पूरी हुई थी। इस बार भी 25 सितंबर के आसपास विदाई की संभावना जताई जा रही है।

पिछले 24 घंटे का बारिश का हाल
प्रदेश में बीते 24 घंटे में औसतन 42.6 मिमी बारिश दर्ज हुई है। विभाग ने माना कि कई स्थानों पर तेज वर्षा हुई। प्रमुख जगहों पर हुई वर्षा इस प्रकार रही:

  • हरिपुर – 177 मिमी
  • कपकोट – 140 मिमी
  • कालसी – 143.5 मिमी
  • कर्णप्रयाग – 135.8 मिमी
  • जखोली – 128 मिमी
  • ऊखीमठ – 125 मिमी
  • टनकपुर – 110 मिमी
  • धारचूला – 112.4 मिमी
  • खटीमा – 112 मिमी
  • चमोली – 104.6 मिमी
  • रोशनाबाद – 100 मिमी
  • कोटि – 100.5 मिमी

कुल बारिश का आंकड़ा
अब तक इस मानसून सीजन में प्रदेश में 1131.2 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है। विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी प्रदेशभर में तेज बारिश के दौर जारी रहने की संभावना है।

फेसबुक से हुई दोस्ती और चोर ने कर ली तीसरी शादी, लाखों का चूना लगातार हुआ फरार

Fraud: Police: Uttarakhand: उत्तर प्रदेश से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ठग ने खुद को शिक्षक बताकर एक युवती को प्रेमजाल में फंसा लिया और तीसरी बार शादी करने के बाद दुल्हन को लाखों रुपये का चूना लगाकर उसकी स्कूटी लेकर रफूचक्कर हो गया। पीड़िता के शिकायत दर्ज कराते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

रहीम नगर की रहने वाली पीड़िता लखीमपुर खीरी में नौकरी करती है। उसकी मुलाकात वर्ष 2022 में फेसबुक पर राजीव कुमार नामक युवक से हुई थी। राजीव ने खुद को उत्तराखंड, काशीपुर (जिला उधम सिंह नगर) का निवासी बताया और यह भी कहा कि कोविड काल में उसने अपने माता-पिता को खो दिया है। उसने युवती को यह विश्वास दिलाया कि वह बी.एड. पास शिक्षक है और परिवार में कोई नहीं है।

धीरे-धीरे बातचीत गहराती गई और 20 मई 2022 को दोनों ने अलीगंज आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। शादी के बाद राजीव युवती के साथ किराए के घर में रहने लगा। इस दौरान वह बार-बार नौकरी छूटने और जरूरतों का हवाला देकर युवती से पैसे मांगता रहा और लाखों रुपये हड़प लिए। एक दिन वह किसी बहाने से युवती की स्कूटी लेकर बाहर गया और फिर कभी वापस नहीं लौटा। जब युवती ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो फोन बंद मिला। बाद में पता चला कि राजीव ने स्कूटी बेच डाली है और पैसे लेकर मुरादाबाद के बुद्ध विहार में रहने लगा।

जांच में खुलासा हुआ कि राजीव पहले भी दो शादियां कर चुका है और उसके बच्चों की मांएं अलग-अलग हैं। यही नहीं, उसके खिलाफ आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं। 2016 में मुरादाबाद में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था और 2019 में कटघर थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज होने पर वह जेल भी जा चुका है। पीड़िता का आरोप है कि राजीव ने न सिर्फ उसे बल्कि उसकी बहन को भी लगातार धमकी भरे संदेश और कॉल किए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उत्तराखंड में बारिश के चलते दो जिलों के स्कूलों में छुट्टी घोषित

Uttarakhand: Rain: Alert: Schools: Closed: उत्तराखंड से बड़ी खबर सामने आई है। मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश के अलर्ट के चलते उधम सिंह नगर और उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने शनिवार, 30 अगस्त को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन की छुट्टी घोषित की है।

आदेश के अनुसार, कक्षा 12 तक के सभी सरकारी, अर्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

दरअसल, भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 29 अगस्त से 4 सितंबर तक प्रदेश के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश, गरज के साथ बिजली गिरने और तेज वर्षा की संभावना जताई है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है।

गौरतलब है कि मौसम विभाग ने 30 अगस्त को देहरादून, उत्तरकाशी और बागेश्वर के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और पौड़ी जनपदों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

देहरादून और पंतनगर के बीच चलेगी फ्लाइट, घंटों का सफर मिनटों में पूरा होगा

Pantnagar: Dehradun: Flight: उत्तराखंड के हवाई यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश सरकार लगातार हवाई सेवाओं के विस्तार पर जोर दे रही है और इसी कड़ी में राजधानी देहरादून से उधम सिंह नगर जिले के पंतनगर के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल देहरादून से पंतनगर पहुंचने में सड़क मार्ग से करीब 5 घंटे लगते हैं, लेकिन नई हवाई सेवा शुरू होने पर यह दूरी महज 40 से 50 मिनट में तय की जा सकेगी।

जानकारी के मुताबिक इस सेवा का किराया भी लगभग तय कर लिया गया है, जो 5 से 6 हजार रुपये के बीच रहेगा। माना जा रहा है कि यह सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी और समय की बचत भी होगी। वर्तमान में प्रदेश में तीन मार्गों पर हवाई सेवा और 20 मार्गों पर हेली सेवा संचालित हो रही है। इनमें पिथौरागढ़ से दिल्ली, देहरादून से नैनीसैनी, पिथौरागढ़ और पंतनगर मार्ग शामिल हैं। हालांकि अब तक देहरादून से पंतनगर के लिए कोई सीधी हवाई या हेली सेवा उपलब्ध नहीं थी।

फिलहाल पंतनगर जाने के लिए यात्रियों को पहले पिथौरागढ़ जाना पड़ता है और फिर वहां से पंतनगर पहुंचना होता है। लेकिन देहरादून-पंतनगर के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने पर यह असुविधा दूर हो जाएगी। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विभाग ने जॉली ग्रांट एयरपोर्ट से पंतनगर तक इस सेवा की योजना बनाई है। इसके लिए लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत अनुमानित है और जल्द ही संचालन के लिए कंपनी का चयन किया जाएगा।

प्रदेश सरकार क्षेत्रीय संपर्क योजना और उत्तराखंड हवाई संपर्क योजना के तहत लगातार हवाई और हेली सेवाओं का विस्तार कर रही है। यह नई सुविधा राज्य में पर्यटन और कारोबार दोनों को बढ़ावा देने में अहम साबित होगी।

उत्तराखंड में जारी है बारिश का दौर, मौसम विभाग द्वारा कई जिलों के लिए चेतावनी जारी

Uttarakhand: Rain: Alert:उत्तराखंड में फिलहाल बारिश का दौर थमने के आसार नहीं हैं, हालांकि मानसून की रफ्तार कुछ धीमी हुई है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है।

ऑरेंज अलर्ट वाले जिले

देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

अन्य प्रभावित जिले

रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी और पौड़ी में भी बहुत भारी बारिश की आशंका व्यक्त की गई है। बाकी जनपदों में भी तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।

देहरादून का हाल

गुरुवार को सुबह से ही देहरादून में तेज बारिश दर्ज की गई। इसके बाद दिन में धूप और बीच-बीच में बादल छाए रहे। दोपहर में स्कूलों की छुट्टी के समय अचानक हुई बारिश से बच्चे परेशान हो गए। भारी बारिश से नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ गया।

भूस्खलन से दहशत

थराली क्षेत्र में लगातार भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं। गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पीछे सड़क टूटकर मलबा अस्पताल परिसर में घुस गया। इस दौरान मरीजों और स्टाफ को जान बचाने के लिए भागना पड़ा। सौभाग्य से किसी की जान को नुकसान नहीं हुआ।

बादल फटने की घटना का असर

करीब एक हफ्ते पहले थराली कस्बे व आसपास के क्षेत्रों में बादल फटने से 30 से अधिक घर, दुकानें और वाहन मलबे में दब गए थे। उस समय भी लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई थी। तब से इलाके में लगातार भूस्खलन जारी है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त बना हुआ है।