
TRENDING NEWS










Nainital District: School: Closed: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 2 सितम्बर 2025 (मंगलवार) को नैनीताल जिले में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने आदेश दिया है कि सभी विद्यालय (कक्षा 1 से 12 तक), सरकारी व निजी स्कूल तथा आंगनबाड़ी केंद्र एक दिन के लिए बंद रहेंगे। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। भारी बारिश के चलते नदियों-नालों में तेज बहाव, जलभराव और भूस्खलन जैसी घटनाएँ हो सकती हैं, जिससे संवेदनशील क्षेत्रों में खतरा बढ़ सकता है। जरूरत पड़ने पर विद्यालय प्रमुख की अनुमति से शिक्षकों व कर्मचारियों को बुलाया जा सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान घर पर सुरक्षित रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
Nainital: Alert: Rain: Road Closed: नैनीताल जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण/जिला आपातकालीन संचालन केंद्र ने 1 सितम्बर 2025 की सुबह जारी सूचना में बताया कि जनपद में कई क्षेत्रों में भारी वर्षा रिकार्ड की गई है। नैनीताल में 24 मिमी, हल्द्वानी में 35 मिमी, लालकुआं में 13.5 मिमी, रामनगर में 1.6 मिमी, धारी में 15 मिमी, भीमताल में 25 मिमी, कालाढूंगी में 82 मिमी और चोरगलिया (हल्द्वानी) में 45 मिमी वर्षा दर्ज की गई। भारी बारिश के चलते जिले में 1 राष्ट्रीय राजमार्ग, 3 राज्य मार्ग, 1 प्रमुख जिला मार्ग और 11 ग्रामीण मार्ग बाधित हुए। इनमें ज्योलीकोट–व्यावर मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग), गौज्यानी–घुघुखाम–बेतालघाट, मल्ला व्यावर–कालापानी, रामनगर–शरणकोट, हल्द्वानी चोरगलिया मार्ग समेत कई प्रमुख मार्ग शामिल हैं। सभी मार्गों को बंद होने की तिथि 1 सितम्बर दर्ज की गई है और खोलने का कार्य जारी है।
वहीं, ओखलकांडा क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित है। इसके अतिरिक्त शेर नाला और सूर्या नाला में पानी का तेज प्रवाह होने से यातायात रोक दिया गया है। जिला प्रशासन ने बताया कि गीला बैराज का जलस्तर सुबह 3:56 बजे 55152 क्यूसेक, कोसी बैराज का जलस्तर सुबह 4:04 बजे 28097 क्यूसेक और गौला बैराज का जलस्तर 3:07 बजे 28848 क्यूसेक दर्ज किया गया है। लालकुआं तहसील के जलभराव प्रभावित क्षेत्र में 70 से 80 लोगों को राहत शिविर में शिफ्ट किया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने और मौसम की अद्यतन जानकारी पर नजर बनाए रखने की अपील की है।
Uttarakhand: Char Dham Yatra: राज्य में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा को 5 सितंबर तक स्थगित कर दिया है। गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय ने बताया कि भारी वर्षा के कारण प्रदेश के कई स्थानों पर भूस्खलन और मलबा आने से मार्ग अवरुद्ध हो रहे हैं। सरकार सड़कों को खोलने का कार्य प्राथमिकता से कर रही है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा को फिलहाल रोकने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए यात्री फिलहाल यात्रा मार्गों पर प्रस्थान न करें और प्रशासन की ओर से जारी परामर्श का पालन करें। मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित पाए जाने पर यात्राएं दोबारा शुरू की जाएंगी।
गढ़वाल कमिश्नर ने बताया कि प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन द्वारा मार्गों की निगरानी, सफाई और यात्रियों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि धैर्य और संयम बनाए रखें और यात्रा संबंधी जानकारी के लिए प्रशासनिक नियंत्रण कक्ष से संपर्क में रहें।
Ramnagar: रामनगर से चौखुटिया जा रही एक बस सोमवार सुबह हादसे का शिकार हो गई। ढिकुली क्षेत्र में सामने से आ रहे ऑटो को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में छह यात्री घायल हुए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस द्वारा रामनगर अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7:20 बजे रामनगर से चौखुटिया के लिए बस (UK04 PA 0430) रवाना हुई थी। लगभग 7:45 बजे बस जैसे ही ढिकुली पहुंची, सामने से एक ऑटो और उसके पीछे जिप्सी आ रही थी। टक्कर से बचने के लिए चालक प्रताप सिंह ने बस को सड़क से नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन मिट्टी गीली होने से टायर धंस गया और वाहन पलट गया।
बस में उस समय करीब 10 यात्री सवार थे। हादसे में राकेश सिंह, महेंद्र सिंह, ऋतिक, नरेश पाल और चालक प्रताप सिंह घायल हुए हैं। एक अन्य युवक को मामूली चोट आई थी, जो प्राथमिक उपचार के बाद अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गया।
सूचना पर एसडीएम प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे और अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने बताया कि दुर्घटना सामने से आ रहे ऑटो को बचाने के दौरान हुई है और मामले की जांच की जा रही है।
Haldwani: नैनीताल रोड क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ छेड़छाड़, अपहरण और धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी कक्षा 10 की छात्रा है और शनिवार शाम रोजाना की तरह ट्यूशन के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान इलाके का युवक सुहेल अपने एक साथी के साथ स्कूटी पर आया और छात्रा को जबरन साथ ले गया। बाद में आरोपी उसे नैनीताल रोड के पास छोड़कर फरार हो गया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी पिछले कई दिनों से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। जब उन्होंने इस हरकत का विरोध किया तो आरोपी ने और दबंगई दिखाते हुए छात्रा का अपहरण कर लिया। वहीं, छात्रा ने परिवार को बताया कि युवक ने घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी है।
कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि मामले में आरोपी सुहेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
Uttarakhand: Uttarakhand Weather News: उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता जारी है और राज्य के ज्यादातर इलाकों में भारी वर्षा का सिलसिला नहीं रुक रहा। रविवार को देहरादून सहित कई जिलों में दिनभर तेज बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों में अत्यधिक बारिश की चेतावनी दी है।
देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार में रेड अलर्ट जारी किया गया है। शेष जिलों में भी तेज वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा। विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव के खतरे की चेतावनी दी है।
रविवार को देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद बारिश शुरू हुई, जो शाम तक जारी रही। कई स्थानों पर 50 मिलीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गई। बनबसा में पिछले 24 घंटों में 160 मिलीमीटर और ऋषिकेश में 118 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई, जो सामान्य से कई गुना अधिक है।
नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन से यातायात प्रभावित है। मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
Uttarakhand: Uttarkashi News: मानसून की बारिश के बाद यमुनोत्री धाम की यात्रा फिर से शुरू करना राजमार्ग निर्माण खंड बड़कोट के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। यमुनोत्री हाईवे पर जंगलचट्टी समेत करीब आधा दर्जन नए भूस्खलन और भू-धंसाव क्षेत्र सक्रिय हो गए हैं। वहीं, स्यानाचट्टी में यमुना नदी का बढ़ा जलस्तर पुल की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
पिछले आठ दिनों से जंगलचट्टी और नारदचट्टी के पास सड़क धंसने के कारण मार्ग बंद पड़ा है। कुथनौर से जानकीचट्टी तक करीब 12 स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है और कई जगह नए भूस्खलन क्षेत्र विकसित हो गए हैं।
हनुमानचट्टी से फूलचट्टी के बीच भी कई हिस्सों में सड़क धंस गई या बह गई है। कुथनौर के सामने पालीगाड-सिलाई बैंड, स्यानाचट्टी और रानाचट्टी के बीच झर्झर गाड क्षेत्र में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। साथ ही, 200 से 300 मीटर ऊंची चट्टानों से बोल्डर गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है।
इन हालातों के चलते मानसून के बाद यात्रा बहाल होने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इस बीच नौगांव ब्लॉक की नवनिर्वाचित प्रमुख सरोज पंवार ने जिला प्रशासन और राजमार्ग निर्माण खंड से हाईवे की मरम्मत और बहाली के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है ताकि चारधाम यात्रा प्रभावित न हो।
Ayush Badoni: Uttarakhand: Delhi: Cricket: BCCI: Duleep Trophy: दिल्ली के युवा बल्लेबाज आयुष बडोनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दलीप ट्रॉफी में नॉर्थ जोन को सेमीफाइनल में जगह दिलाई। बीसीसीआई सीओई ग्राउंड 1 पर ईस्ट जोन के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में बडोनी ने नाबाद दोहरा शतक जड़ा। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में यह उनका दूसरा दोहरा शतक है। बता दें कि बडोनी मूल रूप से उत्तराखंड टिहरी जिले के सिलोड़ गांव के रहने वाले हैं।
नॉर्थ जोन ने दूसरी पारी में 146.2 ओवर में 4 विकेट खोकर 658 रन बनाए। इस दौरान आयुष बडोनी ने 223 गेंदों में 3 छक्कों और 13 चौकों की मदद से नाबाद 204 रन बनाए। उनके साथ कन्हैया वाधवन 23 रन पर खेल रहे थे। टीम की कुल बढ़त 833 रन तक पहुंच गई थी, जिसके बाद अंपायरों ने मुकाबला ड्रॉ घोषित कर दिया।
बडोनी के अलावा कप्तान अंकित कुमार ने शानदार 198 रन (321 गेंद) और यश ढुल ने तेजतर्रार 133 रन (157 गेंद) बनाए। निशांत सिंधु ने भी 68 रन का योगदान दिया। इससे पहले पहली पारी में नॉर्थ जोन 405 रन पर आउट हुई थी। उस पारी में बडोनी ने 63, वाधवन ने 76, सिंधु ने 47 और आकिब नबी ने 44 रन बनाए थे। वहीं ईस्ट जोन की पहली पारी 230 रन पर सिमट गई थी। उनके लिए विराट सिंह ने सर्वाधिक 69 रन बनाए जबकि नॉर्थ जोन की ओर से आकिब नबी ने पांच विकेट झटके।
पहली पारी में बढ़त हासिल करने के कारण नॉर्थ जोन ने सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया। बडोनी को भारतीय क्रिकेट का उभरता सितारा माना जा रहा है। वह दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और कप्तानी का अनुभव भी रखते हैं। आईपीएल में वह लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) की ओर से खेलते हैं और अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरते रहे हैं। 2022 से LSG का हिस्सा बने बडोनी ने अब तक 56 मैचों में 6 अर्धशतक लगाते हुए 963 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 138.56 का रहा है और वह गेंदबाजी से 4 विकेट भी चटका चुके हैं। इस प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित किया कि आयुष बडोनी भारतीय क्रिकेट के भविष्य के बड़े खिलाड़ी हैं।
Nainital: School: Closed: Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 31 अगस्त 2025 की दोपहर 1 बजे जारी पूर्वानुमान के अनुसार, जनपद नैनीताल में 01 सितम्बर 2025 (सोमवार) को भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इसी कारण जिले के लिए “ऑरेंज अलर्ट” जारी किया गया है।
पूर्वानुमान के मुताबिक गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर होने की आशंका है। वर्तमान में भी पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं वर्षा हो रही है। इससे नदियों, नालों और गधेरों में जल प्रवाह तेज होने तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की स्थिति बनने की संभावना है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए, 01 सितम्बर 2025 (सोमवार) को जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालय (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
यह आदेश उन आवासीय शैक्षणिक संस्थाओं पर लागू नहीं होगा जहाँ छात्र-छात्राओं को शिक्षा और आवासीय सुविधा एक ही परिसर में उपलब्ध है। विद्यालयों में शिक्षकों और कार्यालय स्टाफ को आवश्यकता पड़ने पर प्रधानाचार्य बुला सकते हैं, हालांकि दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले शिक्षकों व कर्मचारियों को अनावश्यक विद्यालय न बुलाया जाए।
मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी, नैनीताल को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लंघन की स्थिति में संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Uttarakhand: Dehradun: Weather Update: उत्तराखंड में मानसून का असर फिलहाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने अलग-अलग तिथियों के लिए रेड और यलो अलर्ट जारी किए हैं, वहीं आपदा प्रबंधन विभाग ने जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, 1 सितंबर को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में भारी वर्षा की आशंका के चलते रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी हुआ है। 2 सितंबर को देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में अत्यधिक बारिश का अनुमान लगाते हुए रेड अलर्ट दिया गया है। 3 सितंबर को अधिकांश जिलों के लिए यलो अलर्ट लागू रहेगा।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने मौसम विभाग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर के जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर बाढ़ एवं भूस्खलन जैसी संभावित आपदाओं को लेकर सतर्कता बरतने को कहा है।
इस सीजन में अब तक राज्य में 1143.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार सुबह तक खटीमा में 63 मिमी, ऊखीमठ में 57.8 मिमी, कुथनौर में 49 मिमी, बाराकोट में 45 मिमी और जानकी चट्टी में 35 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा उत्तरकाशी में 31 मिमी, गंगानहर में 25.6 मिमी, कर्णप्रयाग में 23.8 मिमी और जोशीमठ में 22.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।
सिंचाई विभाग के केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार, शनिवार दोपहर तीन बजे तक ऋषिकेश के मायाकुंड क्षेत्र में गंगा का जल स्तर बढ़ रहा है। इसी तरह मदकोट में गोरी नदी का जलस्तर भी ऊपर की ओर है, जबकि कुछ अन्य नदियों का बहाव स्थिर या सामान्य हो रहा है।
(uttarakhand rain alert, uttarakhand weather update, heavy rainfall in uttarakhand, uttarakhand monsoon update, chamoli rain news)