दिव्यांगों का मुख्यमंत्री आवास के बाहर हल्ला ….पुलिस ने हिरासत में लिया

Uttarakhand: Dehradun: प्रदेशभर से आए दिव्यांगजनों ने मंगलवार को पेंशन वृद्धि और रोजगार के अवसर सहित विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास की ओर रुख किया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि वर्तमान में दी जा रही 1500 रुपये की मासिक पेंशन को बढ़ाकर 5000 रुपये किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने बिना ब्याज के ऋण सुविधा उपलब्ध कराने सहित अन्य सुविधाएं देने की भी अपील की।

प्रदर्शनकारी दिव्यांगों को पहले पुलिस ने हाथीबड़कला क्षेत्र में रोकने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद वे मुख्यमंत्री आवास तक पहुंच गए और वहां नारेबाजी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंचे एसएसपी अजय सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह ने आंदोलनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं बनी तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

इस प्रदर्शन में दिव्यांगों के कई संगठनों ने हिस्सा लिया। राज्य के अलग-अलग जिलों से आए ये लोग अपनी समस्याओं और अधिकारों को लेकर राजधानी पहुंचे थे।

उत्तराखंड में फिर शुरू होगा बारिश का दौर, इन जिलों के लिए अपडेट जारी

Uttarakhand: Weather: Alert: उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिज़ाज बदलने लगा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर और नैनीताल में अगले कुछ दिनों तक तेज़ से मूसलधार बारिश होने की संभावना जताई गई है।

विभाग के अनुसार, इन इलाकों में गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक जोखिम न उठाने की सलाह दी गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले निवासियों और वहाँ की यात्रा करने वालों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

अन्य जिलों में फिलहाल बारिश की तीव्रता कम हो सकती है, लेकिन पूरी तरह से राहत मिलने में समय लगेगा। अनुमान है कि प्रदेश में कम से कम एक सप्ताह तक रुक-रुक कर बारिश जारी रहेगी।

प्रशासन ने भी चेतावनी को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रखा है। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि वह मौसम से जुड़ी अपडेट लेते रहें और बिना आवश्यकता के संवेदनशील या पहाड़ी इलाकों की यात्रा न करें।

राजीव जायसवाल बने संसाद अजय भट्ट के व्यापारी प्रतिनिधि

हल्द्वानी: हल्द्वानी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान व्यापारी नेता राजीव जायसवाल ने जानकारी दी कि उन्हें नैनीताल-उधम सिंह नगर से सांसद अजय भट्ट का प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अब वे लोकसभा क्षेत्र में व्यापार प्रकोष्ठ से जुड़े कार्यक्रमों की देखरेख करेंगे और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगे।

जायसवाल ने बताया कि वे लंबे समय से व्यापारियों की आवाज़ उठाते रहे हैं और नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनका दायित्व और भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को हल करने के लिए वे अधिकारियों से सीधे संवाद करेंगे और जो मामले सांसद स्तर के होंगे, उन्हें अजय भट्ट के समक्ष रखकर समाधान का प्रयास करेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मज़बूत बनाने में व्यापारी वर्ग की अहम भूमिका है और इस वर्ग को सशक्त करना ही राष्ट्र की अर्थव्यवस्था को सशक्त करना है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपस्थित स्थानीय व्यापारियों ने राजीव जायसवाल को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी और उम्मीद जताई कि अब व्यापार जगत की पुरानी समस्याओं का समाधान शीघ्र होगा। इस मौके पर कई व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

शादी पोर्टल पर धोखा, फिर दहेज और दुष्कर्म

Uttarakhand: Udham Singh Nagar: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने एक युवक को उस आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जिसमें उसने शादी पोर्टल पर फर्जी नाम से प्रोफ़ाइल बनाकर युवती से विवाह किया और बाद में दहेज की मांग के साथ धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला।

पीड़िता की शिकायत के अनुसार युवक ने खुद को “मनीष चौधरी” नामक हिंदू युवक बताते हुए शादी डॉट कॉम पर संपर्क किया। कुछ समय तक बातचीत के बाद 11 दिसंबर 2024 को दोनों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ। शुरूआत में सबकुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ महीनों बाद आरोपी और उसके परिजनों ने दो लाख रुपये नकद, कार और सोने के आभूषण की मांग शुरू कर दी। विरोध करने पर पीड़िता को अपमानित किया गया, शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी गई तथा उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि वह शाकाहारी होने के बावजूद, उसे जबरन मांसाहार खाने के लिए मजबूर किया गया। इसी बीच 21 फरवरी 2025 को कथित पति, सास और ननदों ने मिलकर उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद जब उसने आरोपी की वास्तविक पहचान की जांच की, तो पता चला कि “मनीष चौधरी” नाम से शादी करने वाला युवक असल में मोनिश है और पहले से ही शादीशुदा है।

गंभीर आरोपों को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 सितंबर को आरोपी को दिनेशपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि उसके खिलाफ धोखाधड़ी, दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जबरन धर्म परिवर्तन कराने के प्रयास समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वर्तमान में आरोपी न्यायिक हिरासत में है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

दिल्ली-देहरादून हाईवे पर हादसा, रोडवेज बस ने बाइक सवार को मारी टक्कर

Uttarakhand: Roorkie News: रुड़की में दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक हादसा हो गया। हरियाणा रोडवेज की बस ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के नजरपुरा गांव निवासी अंकित श्याम के रूप में हुई है।

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और शव को हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान यातायात लंबे समय तक प्रभावित रहा। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने के बाद यातायात बहाल कराया।

पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

देहरादून से माता वैष्णो देवी कटरा के लिए सुपर डीलक्स वॉल्वो बस सेवा फिर से हुई शुरू

Dehradun News: Katra: Jammu: Bus: देहरादून से माता वैष्णो देवी कटरा के लिए चलने वाली उत्तराखंड परिवहन निगम की सुपर डीलक्स वॉल्वो बस सेवा एक बार फिर पटरी पर लौट आई है। करीब दो हफ्ते से बंद पड़ी यह सेवा अब सुचारू रूप से शुरू हो गई है। दरअसल, जम्मू के कठुआ जिले में पुल टूट जाने से कटरा जाने वाला मार्ग अवरुद्ध हो गया था, जिसके चलते 25 अगस्त से इस बस का संचालन रोकना पड़ा था।

संचालन फिर से शुरू

निगम अधिकारियों के अनुसार, अब मार्ग दुरुस्त कर दिया गया है और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुक्रवार से दोबारा शुरू कर दी गई है। जिन यात्रियों ने इस दौरान टिकट बुक किए थे, उन्हें पूरा किराया वापस कर दिया गया।

समय और रूट

देहरादून से यह वॉल्वो बस रोजाना शाम छह बजे रवाना होती है और अगली सुबह करीब छह बजे सीधे कटरा पहुंचती है। वापसी का समय कटरा से शाम पांच बजे तय है। गौर करने वाली बात यह है कि देहरादून से कटरा के लिए श्रद्धालुओं को केवल यही सीधी बस सेवा उपलब्ध है। इसके चलते सेवा बंद होने से बड़ी संख्या में यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

ट्रेन सेवा भी प्रभावित

श्रद्धालुओं के लिए एक और विकल्प हेमकुंड एक्सप्रेस ट्रेन है, जो ऋषिकेश से होकर हरिद्वार और सहारनपुर के रास्ते कटरा तक जाती है। लेकिन हाल ही में जम्मू क्षेत्र में हुए भारी भूस्खलन के कारण रेल मार्ग अवरुद्ध हो गया था और ट्रेन का संचालन भी रुक गया था। नतीजतन, बस और ट्रेन दोनों साधन ठप पड़ने से यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गईं।

निगम की जानकारी

ग्रामीण डिपो के एजीएम प्रतीक जैन ने पुष्टि की कि अब देहरादून से कटरा जाने वाली वॉल्वो सेवा नियमित रूप से चलेगी। इस कदम से माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

पूर्ण चंद्रग्रहण सितंबर 2025: सूतक काल, समय और ज्योतिषीय महत्व

साल 2025 का दूसरा चंद्रग्रहण और भारत में साल का पहला पूर्ण चंद्रग्रहण 7-8 सितंबर की रात को घटित होगा। यह घटना भाद्रपद मास की पूर्णिमा से जुड़ी है और देश के अधिकांश हिस्सों में इसे स्पष्ट रूप से देखा जा सकेगा। खगोलीय दृष्टि से यह ग्रहण खास महत्व रखता है, वहीं धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से भी इसे प्रभावशाली माना जा रहा है।

ग्रहण का समय

भारतीय समयानुसार, ग्रहण की शुरुआत रात 9:57 बजे होगी। मध्यकाल रात 11:41 बजे और मोक्षकाल रात 1:27 बजे रहेगा। पूरे भारत में यह खगोलीय घटना दिखाई देगी। इसके अतिरिक्त, यह ग्रहण पश्चिमी प्रशांत महासागर, हिंद महासागर, पूर्वी अटलांटिक, एशिया, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप और अंटार्कटिका में भी दिखाई देगा।

सूतक काल

ग्रहण से लगभग 9 घंटे पहले सूतक काल शुरू हो जाता है। इस बार सूतक काल 7 सितंबर दोपहर 12:26 बजे से शुरू होकर पूरे ग्रहण समय तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान शास्त्रों के अनुसार देव-प्रतिमाओं को छूना, पूजा-पाठ करना और हवन जैसे कार्य वर्जित माने गए हैं। वहीं, मंत्र जप और ध्यान करना अत्यंत लाभकारी होता है।

ज्योतिषीय प्रभाव

ज्योतिषाचार्य मनोज कुमार द्विवेदी के अनुसार, यह ग्रहण कुंभ राशि और पूर्वाभाद्रपद नक्षत्र में घटित होगा, और शनि की राशि में प्रभाव डालेगा। इसका असर सभी 12 राशियों पर देखा जाएगा। चंद्रग्रहण का समय मानसिक और भावनात्मक बदलाव लाने वाला होता है। इस दौरान मन में उथल-पुथल बढ़ सकती है और कई महत्वपूर्ण निर्णयों में सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है।

ग्रहण के दौरान क्या करें

  • ध्यान और मंत्र जप: नकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है, इसलिए ध्यान और जप करना लाभकारी होता है।
  • दान-पुण्य: इस समय दान करने और धार्मिक कार्य करने से विशेष लाभ मिलता है।
  • सावधानी: ग्रहण के दौरान भावनात्मक अस्थिरता अधिक रहती है, इसलिए बड़े निर्णय टालना चाहिए।

ध्यान देने योग्य बातें

पूर्ण चंद्रग्रहण में नकारात्मक प्रभाव बहुत बलशाली होते हैं। लेकिन जो लोग ध्यान, जप और साधना करते हैं, वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक और मजबूत बना सकते हैं।

देवप्रयाग के आयुष बडोनी का हुआ इंडिया-ए टीम में चयन, दोहरे शतक का मिला ईनाम

Uttarakhand: India-A: Ayush Badoni: Australia: BCCI: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ होने वाली दो अनऑफिशियल टेस्ट मैचों की सीरीज़ के लिए इंडिया-ए टीम का ऐलान कर दिया है। इन मुकाबलों की शुरुआत 16 सितंबर से लखनऊ में होगी। टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है।

इंडिया-ए की टीम

घोषित टीम में श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, एन. जगदीसन (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (उपकप्तान और विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, हर्ष दुबे, आयुष बडोनी, नितीश कुमार रेड्डी, तनुष कोटियन, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, खलील अहमद, मानव सुथार और यश ठाकुर शामिल हैं।

इसके अलावा बीसीसीआई ने यह भी साफ किया है कि स्टार बल्लेबाज़ केएल राहुल और तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट से टीम का हिस्सा होंगे। पहले टेस्ट के बाद ये दोनों खिलाड़ी स्क्वॉड में जुड़ेंगे और दो सदस्यों को बाहर जाना होगा।

आयुष बडोनी उत्तराखंड के मूल निवासी है। उनके चयन से पहाड़ के लोग काफी खुश है। आयुष ने घरेलू क्रिकेट में कमाल की पारी खेली हैं। दलीप ट्रॉफी में उन्होंने दोहरा शतक जमाया था और चयनकर्ताओं ने उन्हें ये मौका दिया है

मैचों का शेड्यूल

  • पहला अनऑफिशियल टेस्ट: 16 से 19 सितंबर, लखनऊ
  • दूसरा अनऑफिशियल टेस्ट: 23 से 25 सितंबर, लखनऊ (इकाना स्टेडियम)

इन दो मैचों के बाद कानपुर में तीन अनऑफिशियल वनडे मुकाबले भी खेले जाएंगे। वनडे सीरीज़ के लिए टीम की घोषणा अभी बाकी है।

रोहित शर्मा पर चर्चा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 30 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच खेले जाने वाले ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ वनडे मैचों में उतरना चाहते हैं। माना जा रहा है कि यह फैसला उनकी वनडे भविष्य की योजनाओं से जुड़ा हो सकता है। रोहित का लक्ष्य अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं और प्रशंसकों को मजबूत संदेश देना है।

कुल मिलाकर, यह सीरीज़ युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने और अनुभवी खिलाड़ियों के लिए लय पाने का सुनहरा मौका होगी।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उत्तराखंड के लिए शुरू होगी लग्जरी बस और टैक्सी सेवा

Uttarakhand: Noida: Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से यात्रियों के लिए शानदार कनेक्टिविटी की योजना तैयार हो गई है। हवाई सेवाओं की शुरुआत से पहले ही यहां आने-जाने वालों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लग्जरी बस और टैक्सी सेवाओं की व्यवस्था की जा रही है।

उत्तराखंड और धार्मिक पर्यटन स्थलों तक सीधी सुविधा

एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और मसूरी जैसे प्रमुख पर्यटन व धार्मिक स्थलों तक एयरपोर्ट से सीधे लग्जरी व एसी बसें चलेंगी। इसका लाभ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के साथ-साथ घरेलू यात्रियों को भी मिलेगा।

हरियाणा से कनेक्टिविटी

हरियाणा रोडवेज के साथ एमओयू साइन हो चुका है। इसके तहत गुरुग्राम, फरीदाबाद, चंडीगढ़ और अन्य बड़े शहरों से जेवर एयरपोर्ट तक लग्जरी बस सेवा शुरू की जाएगी। इससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के यात्रियों के लिए सीधा और आरामदायक सफर संभव होगा।

पश्चिमी यूपी के बड़े शहरों से भी सुविधा

आगरा, मेरठ और गाजियाबाद जैसे शहरों से एयरपोर्ट तक एसी बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे जेवर एयरपोर्ट पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए एक प्रमुख ट्रांजिट हब के रूप में उभरेगा। इसके अलावा, नोएडा प्राधिकरण विशेष सिटी बस योजना भी लागू करेगा, जिसके तहत नोएडा के अलग-अलग सेक्टरों से बसें एक्सप्रेसवे के रास्ते ग्रेटर नोएडा, दनकौर, गौड़ सिटी, यमुना सिटी और रबूपुरा होते हुए एयरपोर्ट तक जाएंगी।

ऑनलाइन टैक्सी और बाइक टैक्सी सेवाएं

एयरपोर्ट प्रबंधन ने उबर और रैपिडो जैसी कंपनियों के साथ समझौता किया है। इसके तहत यात्रियों को एयरपोर्ट परिसर से ही ऑनलाइन टैक्सी और बाइक टैक्सी की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे यात्रा और भी सुगम और तेज़ बनेगी।

उत्तराखंड आपदा: पीएम मोदी के दौरे की संभावना, राज्य ने मांगी विशेष राहत राशि

Uttarakhand: PM Modi visit: उत्तराखंड में आपदा से हुए व्यापक नुकसान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज्य दौरे की संभावनाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी जल्द ही आपदा प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर सकते हैं या फिर हवाई सर्वेक्षण भी कर सकते हैं। हालांकि, उनके कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।

राज्य सरकार ने आपदा से निपटने के लिए केंद्र से 5702 करोड़ रुपये की विशेष सहायता की मांग की है। बता दें कि पांच अगस्त को उत्तरकाशी के धराली से शुरू हुई आपदाओं की श्रृंखला लगातार जारी है। बादल फटने, भूस्खलन और भू-धंसाव जैसी घटनाओं ने सैकड़ों गांवों को प्रभावित किया है। कई परिवार अब भी राहत शिविरों में रह रहे हैं।

इस बीच, सोमवार को केंद्र सरकार की एक टीम प्रदेश के आपदाग्रस्त इलाकों का दौरा करेगी और नुकसान का आकलन करेगी। प्रधानमंत्री मोदी आपदाओं की स्थिति पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ लगातार संपर्क में हैं। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, पीएमओ से उनके संभावित दौरे को लेकर जल्द ही औपचारिक जानकारी साझा की जाएगी।