
TRENDING NEWS










Nainital: Lower Mall Road:Treatment अधिशासी अभियंता, प्रान्तीय खण्ड नैनीताल द्वारा लोअर माल रोड (ग्रांड होटल के समीप) में भू-धसाव वाले हिस्से पर दीर्घकालिक उपचारात्मक कार्य शुरू किया गया है। कार्य के दौरान मार्ग पर यातायात संचालन सुरक्षित न होने के कारण जिला प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी है।
जारी आदेश के अनुसार तल्त्तली चर्च के सामने से लोअर माल रोड होकर लोअर माल रोड मल्लीताल तक सभी वाहनों का प्रवेश एवं निकासी तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित रहेगी। यह प्रतिबंध आगामी आदेश तक लागू रहेगा। हालांकि, माल रोड से सुबह 6 बजे से 8 बजे तक आपातकालीन स्थिति में ही वाहन प्रवेश की अनुमति होगी।
जिलाधिकारी नैनीताल ने इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान पुलिस एवं संबंधित विभागों को आवश्यक यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है।
Weather: Pithoragarh: Schools: Rain: Alert: मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार पिथौरागढ़ जनपद में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इसके मद्देनजर पिथौरागढ़ जनपद के विकास खंड धारचूला, मुनस्यारी व डीडीहाट में 16 सितम्बर 2025 (मंगलवार) को 1 से 12वीं कक्षा तक के विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
Uttarakhand News: Cricket: WUPL: Bindukhatta: उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्र बिंदुखत्ता की बेटियाँ आज अपनी मेहनत और समर्पण से पूरे प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना रही हैं। SMT. अमृती देवी क्रिकेट एकेडमी की छह प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों का चयन हाल ही में Women’s Uttarakhand Premier League (WUPL) के लिए हुआ है। यह उपलब्धि न केवल अकादमी के लिए, बल्कि पूरे बिंदुखत्ता क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
चयनित खिलाड़ी – कंचन परिहार, ज्योति गिरी, गायत्री आर्या, सिद्धि पांडेय, कल्पना वर्मा और वैशाली तुलेरा।
ये सभी खिलाड़ी हरीश पवार स्कूल, बिंदुखत्ता में संचालित SMT. अमृती देवी क्रिकेट एकेडमी में निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। सीमित संसाधनों वाले इस क्षेत्र में बेटियों को उच्च गुणवत्ता की कोचिंग देना अपने आप में एक प्रेरणादायक प्रयास है।
एकेडमी की मेहनत का परिणाम यह है कि कंचन परिहार, ज्योति गिरी और सिद्धि पांडेय को Western Railways, मुंबई में नौकरी मिली है। यह उपलब्धि इन खिलाड़ियों की लगन, अनुशासन और समर्पण का प्रमाण है।
इससे पहले वर्ष 2021-22 में उत्तराखंड महिला क्रिकेट टीम ने नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता था। उस टीम में अमृती देवी क्रिकेट अकादमी की पाँच बेटियाँ भी शामिल थीं, जिसने बिंदुखत्ता का नाम रोशन किया। यही नहीं, वर्ष 2018-19 में उत्तराखंड को उसका पहला महिला क्रिकेट कप्तान भी इसी अकादमी से मिला था।
आज जब खेल करियर का नया विकल्प बन चुका है, तो यह अकादमी इस बात का सशक्त उदाहरण है कि यदि खिलाड़ियों को सही मार्गदर्शन और अवसर दिए जाएं, तो वे किसी भी मंच पर अपनी छाप छोड़ सकते हैं। बिंदुखत्ता की ये बेटियाँ पूरे उत्तराखंड और देश के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।
हल्द्वानी: भारतीय जनता पार्टी ने हाल ही में अपनी नई प्रदेश टीम का गठन किया है। इस टीम में नैनीताल जिले के ज्योलीकोट निवासी महेंद्र सिंह नेगी को प्रदेश किसान मोर्चा की कमान सौंपी गई है। पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय नेगी लगातार दो बार किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। किसानों के मुद्दों पर उनकी मुखरता और संगठन के प्रति समर्पण ने उन्हें कार्यकर्ताओं के बीच अलग पहचान दिलाई है।
नेगी का राजनीतिक सफर हमेशा से ही किसानों की समस्याओं और उनके समाधान के लिए समर्पित रहा है। चाहे फसल का उचित मूल्य हो, सिंचाई की व्यवस्था या फिर कृषि संबंधी योजनाओं का क्रियान्वयन, नेगी ने हर स्तर पर आवाज उठाई है। यही वजह रही कि प्रदेश नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें इस बार किसान मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया।
बीजेपी कार्यकर्ताओं का मानना है कि नेगी के नेतृत्व में किसान मोर्चा को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। प्रदेशभर के किसान नेताओं और कार्यकर्ताओं में भी उनके अध्यक्ष बनने को लेकर उत्साह का माहौल है। पार्टी को उम्मीद है कि नेगी के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से न केवल किसानों की आवाज और बुलंद होगी, बल्कि मोर्चा भी मजबूत होगा।
Uttarakhand: India-Nepal Bus Service: नेपाल में जेन-जी आंदोलन के दौरान बिगड़े हालात के बाद बंद की गई भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा एक बार फिर से शुरू कर दी गई है। रविवार से बनबसा बॉर्डर से यह बस सेवा नियमित रूप से संचालित हो चुकी है । इसके साथ ही पिथौरागढ़ जिले में भारत-नेपाल सीमा पर काली नदी पर बने सभी नौ अंतरराष्ट्रीय पैदल झूला पुल भी खोल दिए गए हैं। इन पुलों से अब दोनों देशों के लोग सामान्य रूप से आवाजाही कर सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि आंदोलन के दौरान नेपाल में कई स्थानों पर हिंसक प्रदर्शन हुए थे, जिसके चलते सीमा पर सख्ती बढ़ा दी गई थी। इस दौरान नेपाल की जेलों से फरार होकर भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे चार अपराधियों को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने पकड़ लिया था। बाद में इन सभी को औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद नेपाल सशस्त्र बल के हवाले कर दिया गया।
इधर, आंदोलन के दौरान हिंसक झड़पों में घायल हुए नेपाल के बैतड़ी जिले के शिवनाथ गांवपालिका निवासी दीपक सिंह की इलाज के दौरान काठमांडू में शनिवार रात मौत हो गई। उनकी मृत्यु से स्थानीय लोगों में शोक की लहर है।
सीमा पर बस सेवा और पुलों के फिर से खुलने से दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिविधियां और लोगों की आवाजाही सामान्य होने लगी है। स्थानीय प्रशासन और सीमा सुरक्षा बलों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और यात्रा पूरी तरह सुरक्षित है।
Uttarakhand: Volvo Bus Services: उत्तराखंड परिवहन निगम की कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। खासकर सुपर डीलक्स वोल्वो सेवाओं को लेकर निगम का रुख लगातार यात्रियों के लिए परेशानी खड़ी कर रहा है। ताजा आदेश के तहत अब वही बसें निर्धारित मार्ग पर भेजी जाएंगी, जिनमें न्यूनतम 15 यात्री मौजूद होंगे। यदि संख्या इससे कम हुई, तो बस का संचालन रोक दिया जाएगा।
देहरादून आइएसबीटी पर इसका सीधा असर दिखाई दे रहा है। रोजाना पांच से छह वोल्वो बसें अंतिम समय में निरस्त करनी पड़ रही हैं। इससे वे यात्री सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं, जिन्होंने ऑनलाइन टिकट पहले से बुक कर यात्रा की योजना बनाई होती है। कई मामलों में यात्रियों को डेढ़ से दो घंटे इंतजार कराने के बाद दूसरी बस से भेजा जा रहा है। ऐसे हालात में आइएसबीटी पर यात्रियों और कर्मचारियों के बीच विवाद की स्थिति भी बन रही है।
निगम फिलहाल दून-दिल्ली मार्ग पर 23 वोल्वो का संचालन करता है। लेकिन यात्री संख्या कम होने से आधा दर्जन बसें रोजाना निरस्त हो रही हैं। शनिवार को सुबह छह बजे से लेकर रात सात बजे तक कई बसें कैंसिल करनी पड़ीं। यहां तक कि दून-सहारनपुर-शामली-बागपत मार्ग से दिल्ली जाने वाली रात 11 बजे की बस का संचालन भी बंद कर दिया गया है। अब यह बस रुड़की-मुजफ्फरनगर होकर चलेगी।
यात्रियों की सबसे बड़ी शिकायत यह है कि बसों को निरस्त करने के बावजूद टिकट बुकिंग पोर्टल से इन्हें हटाया नहीं गया है। ऐसे में लोग अनजाने में टिकट बुक कर लेते हैं और स्टेशन पर पहुंचकर उन्हें निराशा हाथ लगती है।
इधर, मानसून सीजन ने भी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हल्द्वानी डिपो दिल्ली मार्ग पर पहले 18 वोल्वो चलाता था, लेकिन अब केवल नौ बसों का संचालन हो रहा है। काठगोदाम और अन्य डिपो की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है। वरिष्ठ स्टेशन इंचार्ज इंदिरा भट्ट का कहना है कि चंडीगढ़ और जयपुर जैसे मार्गों पर भी सवारियों की कमी के कारण आए दिन बसों को रोकना पड़ रहा है। वहीं नेपाल में विवाद के चलते टनकपुर मार्ग की सवारियों में भी गिरावट देखी जा रही है।
Uttarakhand: Pushkar Singh Dhami: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह स्पष्ट किया है कि 16 सितम्बर को उनके जन्मदिवस पर किसी भी प्रकार का जश्न या औपचारिक आयोजन नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यह दिन पूरी तरह सादगी और सेवा को समर्पित रहेगा। मुख्यमंत्री का मानना है कि जन्मदिन जैसे अवसरों का वास्तविक महत्व तभी है जब उसे समाज और जरूरतमंद लोगों की सेवा में लगाया जाए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वे अपने जन्मदिवस पर आपदा प्रभावित परिवारों और आमजन की मदद के लिए समय निकालेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आपदा से जूझ रहे लोग बेहद कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे हैं। ऐसे समय में समाज का हर वर्ग आगे आकर सहयोग करे तो पीड़ित परिवारों के लिए यह बड़ी राहत और संबल साबित हो सकता है। धामी ने आह्वान किया कि हर छोटी-बड़ी कोशिश आपदा पीड़ितों के लिए आशा की किरण बन सकती है।
उन्होंने कहा कि सेवा का अर्थ केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले कार्य भी सेवा का हिस्सा हैं। स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, शिक्षा में सहयोग और आपदा राहत जैसी गतिविधियां समाज को नई दिशा दे सकती हैं। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि सेवा और त्याग की यही भावना उत्तराखंड की पहचान रही है और इसी पर राज्य की नींव मजबूत होती है।
धामी ने कहा कि यदि प्रदेश का प्रत्येक नागरिक सेवा और समर्पण की भावना को अपनाए, तो उत्तराखंड हर क्षेत्र में प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू सकता है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने जीवन में भी अवसरों को सेवा और जनहित के लिए समर्पित करें।
Uttarakhand: Haldwani: हल्द्वानी शहर से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पड़ोस के युवक पर घर में घुसकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। घटना बरेली रोड क्षेत्र की बताई जा रही है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
25 वर्षीय पीड़िता, जो विवाहित है और अपनी चार वर्षीय बेटी के साथ घर पर रहती है, ने कोतवाली पुलिस को बताया कि उसका पति मजदूरी का काम करता है। कुछ दिन पहले जब वह घर पर अकेली थी, तभी वार्ड-27 नई बस्ती निवासी राहुल सागर नाम का युवक अचानक उसके घर में घुस आया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान उसकी अश्लील फोटो और वीडियो भी रिकॉर्ड कर ली।
शिकायत के अनुसार, युवक अब इन फोटो-वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है। इतना ही नहीं, वह महिला पर लगातार शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा है । पीड़िता ने बताया कि आरोपी पिछले तीन से चार साल से उसे परेशान कर रहा था, लेकिन हाल ही में यह घटना गंभीर रूप ले चुकी है।
मामले की पुष्टि करते हुए सीओ नितिन कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी जल्द ही की जाएगी। फिलहाल पुलिस टीम उसे पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।
Rain: Uttarakhand: Alert: उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। देहरादून, बागेश्वर, चंपावत और नैनीताल जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, पिथौरागढ़ और चमोली के कुछ हिस्सों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। विभाग ने स्थानीय प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि भारी बारिश के कारण पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ सकती हैं। नदियों और नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि का खतरा बना हुआ है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।
राज्य सरकार ने जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन टीमें तैनात कर दी गई हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 से 48 घंटों तक यह असर देखने को मिल सकता है।
Uttarakhand: Nainital: Halduchaur: नैनीताल ज़िले के हल्दूचौड़ क्षेत्र से दुखद घटना सामने आई है। भारतीय सेना में शामिल होने का सपना संजोए एक युवा ने लंबे समय से लगातार मेहनत की, लेकिन सफलता न मिलने की निराशा ने उसकी जिंदगी छीन ली। शनिवार देर रात 24 वर्षीय करन कांडपाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, करन कांडपाल हल्दूचौड़ के जग्गी गांव के निवासी थे। वह पूर्व सैनिक नवीन चंद्र कांडपाल के इकलौते बेटे थे। घर में मां, पिता और एक छोटी बहन के साथ रहने वाले करन परिवार की उम्मीदों का केंद्र थे। हाल ही में उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय से बीएससी की पढ़ाई पूरी की थी और अच्छे अंकों से परीक्षा उत्तीर्ण की थी। पढ़ाई में रुचि रखने वाले करन का एक ही सपना था—पिता की तरह भारतीय सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना।
ग्रामीणों और परिवार के मुताबिक, करन ने बीते कुछ वर्षों में कई बार सेना भर्ती परीक्षाओं में प्रयास किया, लेकिन हर बार असफल रहने के कारण वे गहरे तनाव में रहने लगे थे। कॉलेज प्रशासन ने उनकी स्थिति को देखते हुए काउंसलिंग भी करवाई थी, लेकिन पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कॉलेज आना-जाना छोड़ दिया था।
शनिवार को करन ने अचानक पेट में तेज दर्द की शिकायत की। परिजन उन्हें तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी ले गए। देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामला आत्महत्या से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के सही कारण का पता केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।