पिथौरागढ़ में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बना इंटर कॉलेज का प्रधानाचार्य

Uttarakhand: Pithoragarh: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है जिसने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक राजकीय इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य का पद खाली होने पर जिम्मेदारी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को सौंप दी गई है।

जानकारी के अनुसार, मामला मुनस्यारी विकासखंड के जीआईसी खतेड़ा का है। इस इंटर कॉलेज में लंबे समय से स्थाई प्रधानाचार्य की नियुक्ति नहीं है। हिंदी प्रवक्ता छोटे सिंह को अस्थायी रूप से प्रभार दिया गया था, लेकिन राज्य शिक्षक संघ के आंदोलन में शामिल होते हुए उन्होंने भी पदभार छोड़ दिया। शिक्षकों के सामूहिक निर्णय के तहत वे केवल पढ़ाई तक सीमित रहेंगे और किसी भी प्रशासनिक जिम्मेदारी को नहीं निभाएंगे।

स्थिति ऐसी बन गई कि विद्यालय में केवल एकमात्र चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राजू गिरी ही शेष बचे। नियमों की आड़ में उन्हें ही प्रिंसिपल का चार्ज सौंप दिया गया। अब विद्यालय के सभी सरकारी पत्राचार और प्रशासनिक जिम्मेदारियां उनके कंधों पर आ गई हैं।

शिक्षा पर पड़ा असर

विद्यालय में इस समय एक स्थाई शिक्षक और पांच अतिथि शिक्षक कार्यरत हैं। स्थाई शिक्षक प्रभार लेने से इनकार कर चुके हैं, जबकि अतिथि शिक्षकों को सरकारी जिम्मेदारियां सौंपना संभव नहीं है। ऐसे में, व्यवस्थागत खामियों के कारण एक चपरासी को प्रिंसिपल की कुर्सी पर बैठा दिया गया। इसका सीधा असर छात्रों की पढ़ाई और स्कूल के संचालन पर पड़ रहा है।

अधिकारियों की प्रतिक्रिया

मुनस्यारी के खंड शिक्षा अधिकारी दिगंबर आर्य ने इस घटनाक्रम को अनुचित करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्य का प्रभार सौंपने से पहले विभाग से संपर्क किया जाना चाहिए था। आंदोलन के चलते शिक्षक संगठन ने छात्रों और विभागीय हितों को दरकिनार कर दिया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले में जल्द उचित निर्णय लिया जाएगा।

शिक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न

यह प्रकरण न केवल पिथौरागढ़ बल्कि पूरे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक तस्वीर पेश करता है। शिक्षक संगठनों का आंदोलन जहां अपनी मांगों को लेकर जारी है, वहीं स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पर प्रिंसिपल की जिम्मेदारी डालना नियमों की मजबूरी हो सकती है, लेकिन इससे शिक्षा व्यवस्था का मजाक बनता दिखाई दे रहा है।

कुमाऊं की 22 तहसीलों में आपदा प्रबंधन को मिलेगी मजबूती, मिलेंगे फोर बाय फोर वाहन

Uttarakhand: Haldwani: कुमाऊं मंडल के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में आपदा की स्थिति अक्सर प्रशासन के लिए चुनौती बन जाती है। भूस्खलन हो या बाढ़ जैसी आपदा, ऐसे हालात में अधिकारियों का तुरंत मौके पर पहुंचना जरूरी होता है। लेकिन फोर बाय फोर वाहनों की कमी के कारण कई बार अधिकारियों को जोखिम उठाकर यात्रा करनी पड़ती है या फिर निजी गाड़ियों का सहारा लेना पड़ता है।

इसी समस्या के समाधान के लिए कुमाऊं कमिश्नर और मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने पहल की है। उन्होंने राजस्व परिषद को पत्र लिखकर मंडल की 22 तहसीलों के लिए फोर बाय फोर वाहन उपलब्ध कराने हेतु बजट की मांग की है।

धारचूला, मुनस्यारी, कपकोट और लोहाघाट जैसे दूरस्थ इलाकों में यह समस्या सबसे गंभीर है। इन क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क अवरोध सामान्य बात है। ऐसे में राहत और बचाव कार्यों में देरी होने से प्रशासन को जनाक्रोश का भी सामना करना पड़ता है।

कुछ साल पहले तक तहसीलों में जीप उपलब्ध होती थी, जिससे आपदाग्रस्त स्थानों तक पहुंचना सरल हो जाता था। लेकिन अब वाहन न होने से मुश्किलें बढ़ गई हैं। कमिश्नर दीपक रावत का कहना है कि नए वाहनों की उपलब्धता से आपदा प्रबंधन कार्य तेज और प्रभावी हो सकेंगे। इससे न केवल पहाड़ी क्षेत्रों तक बल्कि मैदानों के बाढ़ प्रभावित इलाकों तक भी अधिकारी तुरंत पहुंच पाएंगे।

लालकुआं-हावड़ा एक्सप्रेस के निरस्त को लेकर अपडेट, तारीख जरूर नोट कर लें

Railway: Updates: Uttarakhand: रेलवे प्रशासन द्वारा परिचालनिक सुगमता हेतु पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल के दुर्गापुर स्टेशन के यार्ड रिमॉडलिंग एवं इलेक्ट्रानिक इंटरलाकिंग केबिन के कमीशनिंग के परिप्रेक्ष्य में प्री-नान इंटरलॉक/इंटरलॉक कार्य किये जाने के कारण गाड़ियों का संशोधित निरस्तीकरण एवं पुनर्निधारण निम्नवत रहेगा।

निरस्तीकरण –

हावड़ा से 19, 20, 21 एवं 22 नवम्बर, 2025 को चलने वाली 12333 हावड़ा-प्रयागराज रामबाग एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।

प्रयागराज रामबाग से 20, 21, 22 एवं 23 नवम्बर, 2025 को चलने वाली 12334 प्रयागराज रामबाग-हावड़ा एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।

हावड़ा से 31 अक्टूबर एवं 14 नवम्बर, 2025 को चलने वाली 12353 हावड़ा-लालकुआं एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।

लालकुआं से 01 एवं 15 नवम्बर, 2025 को चलने वाली 12354 लालकुआं-हावड़ा एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।

कोलकाता से 20 नवम्बर, 2025 को चलने वाली 13167 कोलकाता-आगरा कैंट एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।

आगरा कैंट से 22 नवम्बर, 2025 को चलने वाली 13168 आगरा कैंट-कोलकाता एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।

पुनर्निर्धारण-

सियालदह से 06, 07, 08, 09, 10, 11, 13, 17 एवं 18 अक्टूबर, 2025 को चलने वाली 13105 सियालदह-बलिया एक्सप्रेस सियालदह से 40 मिनट पुनर्निर्धारित कर चलाई जायेगी।

हल्द्वानी के समाजसेवी प्रमोद गोल्डी ने मोदी जी के सम्मान में तैयार की 70 किलो की मूर्ति

Uttarakhand: Haldwani: नैनीताल जिले के हल्द्वानी निवासी समाजसेवी एवं व्यापारी नेता डॉ. प्रमोद अग्रवाल ‘गोल्डी’ का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति विशेष लगाव किसी से छिपा नहीं है। अब इस समर्पण की झलक उनकी चार वर्षीय पोती सानविका अग्रवाल में भी देखने को मिल रही है।

सानविका रोजाना भगवान से प्रार्थना करती है कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी से मिलने का अवसर मिले। मासूम चाहत इतनी गहरी है कि वह अपने गुल्लक में जमा की गई बचत भी उन्हें भेंट करना चाहती है। परिवार के करीबियों के अनुसार, सानविका अक्सर कहती है “मोदी जी भगवान तो नहीं, लेकिन भगवान से कम भी नहीं हैं।”

प्रधानमंत्री के प्रति इस भावनात्मक लगाव को डॉ. प्रमोद गोल्डी ने एक विशेष रूप दिया है। उन्होंने जयपुर से लगभग 70 किलो वजनी और पौने दो फीट ऊंची आकर्षक मूर्ति बनवाई है, जो हाल ही में हल्द्वानी पहुंच चुकी है। डॉ. गोल्डी की इच्छा है कि वह यह मूर्ति स्वयं प्रधानमंत्री को भेंट करें।

इसके अलावा, उन्होंने चार विशाल एल्बम तैयार किए हैं जिनमें 500 से अधिक पन्नों पर मोदी जी से जुड़े समाचार, अंतरराष्ट्रीय सम्मान, विदेश यात्राओं, विदेशी नेताओं से मुलाकातों, उनके विचारों और उपलब्धियों को संकलित किया गया है। इन एल्बमों में मोदी जी की माताजी से जुड़ी खबरें भी शामिल हैं।

यही नहीं, डॉ. गोल्डी ने आगरा और रतलाम से प्रधानमंत्री की तस्वीर वाले शुद्ध चांदी के विशेष सिक्के भी तैयार करवाए हैं, जिन्हें वह उनके सामने पेश करना चाहते हैं।

काठगोदाम रेलवे स्टेशन में दिखेगी कुमाऊं झलक, यात्रियों की सुविधाओं के लिए जारी हुआ बजट

Uttarakhand: Haldwani: Kathgodam Railway Station: Kumauni Culture काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर सोमवार शाम केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री रह चुके सांसद अजय भट्ट ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भट्ट ने बताया कि स्टेशन का निर्माण पारंपरिक कुमाऊंनी स्थापत्य शैली में किया जा रहा है, ताकि यह स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को भी दर्शा सके।

रेलवे के इज्जतनगर मंडल से पहुंचे उपमुख्य अभियंता ए.के. सिंह ने जानकारी दी कि परियोजना पर लगभग 16.76 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें दो एस्केलेटर, दो लिफ्ट, यात्रियों के लिए दो नए प्रतीक्षालय, वीआईपी लाउंज, कार्यालय कक्षों का स्थानांतरण, और स्टेशन से नरीमन चौराहे तक सड़क लिंक का निर्माण शामिल है। उन्होंने बताया कि प्रतीक्षालय, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसे कई कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष कार्य तेजी से प्रगति पर हैं।

हालांकि योजना के अनुसार सभी काम दिसंबर 2025 तक पूरे होने थे, लेकिन मानसूनी बाधाओं के चलते अब परियोजना फरवरी 2026 तक पूरी होने की संभावना है। निरीक्षण के दौरान छत से पानी टपकने की समस्या भी सामने आई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मौजूदा योजना में छत की मरम्मत शामिल नहीं है। इसके लिए अलग प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजा गया है। निरीक्षण के मौके पर मेयर गजराज सिंह बिष्ट, रेलवे के क्षेत्रीय मुख्य प्रबंधक मोहम्मद सलीम समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

उत्तराखंड में 20 सितंबर तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला, विभाग ने जारी किया अपडेट

Uttarakhand News: Weather: Alert: अगले पाँच दिनों के दौरान उत्तराखंड में मौसम बेहद खराब रहने के आसार हैं। 16 सितम्बर से 20 सितम्बर 2025 तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज से अति तेज बौछारें पड़ सकती हैं।

विशेष रूप से देहरादून, चम्पावत, नैनीताल, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर जिलों के लिए सतर्कता बरतने की कड़ी आवश्यकता है। इन जिलों में लगातार भारी वर्षा से भूस्खलन, जलभराव और नदियों-नालों में जलस्तर बढ़ने का खतरा बना रहेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से यात्रा न करें और नदी-नालों के किनारे जाने से बचें।

भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल को अलर्ट कर दिया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क अवरोध, यातायात बाधित होने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने जैसी समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं।

राज्य सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी किए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें। सतर्कता और सजगता ही इस कठिन परिस्थिति से सुरक्षित रहने का सबसे प्रभावी उपाय है।

हल्द्वानी बिरला के आयुष ने रौशन किया नाम, SOF साइंस ओलंपियाड में मिला अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक

हल्द्वानी: आर्यमान विक्रम बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ़ लर्निंग के छात्र आयुष ओबेरॉय ने अपनी शानदार सफलता से स्कूल और शहर का नाम रोशन किया है। आयुष ने कक्षा 1 में पढ़ते हुए एसओएफ (SOF) नेशनल साइंस ओलंपियाड 2024–25 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में आयुष ने पूरे 40 में से 40 अंक हासिल किए। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने स्कूल रैंक 1, रीजनल रैंक 1, ज़ोनल रैंक 1 और इंटरनेशनल रैंक 1 हासिल कर इतिहास रच दिया।

उनकी मेहनत और प्रतिभा को सम्मानित करते हुए उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक, गोल्ड मेडल ऑफ़ डिस्टिंक्शन, उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रमाणपत्र और ₹8,333 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। आयुष की यह सफलता न सिर्फ उनके लिए बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है। इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान पाना वास्तव में प्रेरणादायक उपलब्धि है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत और लगन से पढ़ाई करने की प्रेरणा देती है। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक और अभिभावक आयुष की इस सफलता पर बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दे रहे हैं।

हल्द्वानी के दो छात्रों का IDHM में चयन, दुबई के लिए रवाना होंगे सुमित और यशपाल

Uttarakhand: Haldwani: कौशल एकेडमी इंटरनेशनल मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (KAIIMT) ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। संस्थान के दो प्रतिभाशाली छात्रों का चयन प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय इंटर्नशिप प्रोग्राम के लिए दुबई में हुआ है। यह अवसर उन्हें होटल मैनेजमेंट के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अनुभव हासिल करने और करियर को नई दिशा देने का मौका प्रदान करेगा।

दोनों छात्र संस्थान द्वारा संचालित इंटरनेशनल डिप्लोमा इन होटल मैनेजमेंट (IDHM) कोर्स में अध्ययनरत हैं। इस कोर्स की विशेषता यह है कि इसमें विद्यार्थियों को दो वर्ष का विदेशी इंटर्नशिप प्रोग्राम शामिल किया गया है, जिससे उन्हें न केवल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग मिलती है बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार की कार्यप्रणाली को भी करीब से समझने का अवसर मिलता है।

संस्थान के प्रिंसिपल डायरेक्टर डॉ. रवि शंकर शर्मा ने इस उपलब्धि पर छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि कौशल एकेडमी हमेशा से निर्धन और प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए समर्पित रही है। यहां छात्रों को होटल मैनेजमेंट कोर्स में विशेष शुल्क छूट और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है, ताकि कोई भी आर्थिक स्थिति उनकी प्रगति में बाधा न बन सके।

उन्होंने कहा कि इन छात्रों का चयन केवल उनके परिवारों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। यह साबित करता है कि अवसर और सही मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले युवा भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं।

उत्तराखंड में धर्म छुपाकर शादी का दिया झांसा , बच्ची होने के बाद घर से निकाला

Uttarakhand: Udham Singh Nagar: Kaladhungi: फेसबुक पर शुरू हुई एक दोस्ती ने एक युवती की जिंदगी को बड़ा झटका दे दिया। मामला उत्तराखंड के उधम सिंह नगर से सामने आया है, जहाँ एक महिला ने युवक पर अपनी पहचान छिपाकर उसे धोखा देने, शादी का झांसा देकर संबंध बनाने और बेटी के जन्म के बाद घर से निकालने का गंभीर आरोप लगाया है।

दो साल पहले हुई पहचान

जानकारी के मुताबिक, अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखने वाली युवती की दो वर्ष पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए बाजपुर निवासी एक युवक से जान-पहचान हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर रिश्ते में बदल गई। युवती उसके भरोसे में आकर कालाढूंगी क्षेत्र में किराए पर मकान लेकर उसके साथ रहने लगी। इस दौरान युवक ने कथित तौर पर अपनी असली पहचान छिपाई और विवाह का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।

बेटी के जन्म के बाद खुला राज

पीड़िता ने बताया कि करीब 18 दिन पहले उसने बेटी को जन्म दिया। जब उसने युवक से विवाह करने की मांग की, तो उसने साफ मना कर दिया। आरोप है कि तब युवक ने यह स्वीकार किया कि वह पहले से शादीशुदा है और दूसरे धर्म से ताल्लुक रखता है। यह सुनकर युवती को गहरा सदमा लगा।

परिजनों पर मारपीट का आरोप

युवती ने अपनी शिकायत में यह भी दर्ज कराया है कि 11 सितंबर को जब वह आरोपी के घर पहुंची तो उसके परिजनों ने कथित रूप से जातिसूचक टिप्पणियां कीं, उसके साथ मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई।

पुलिस जांच में जुटी

पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है और जांच पूरी होने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पीड़िता और उसकी नवजात की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

उत्तराखंड में तीन और मजारों को गिराया गया, आखिर क्या है सरकार का प्लान !

Uttarakhand: Illegal tomb demolished: उत्तराखंड सरकार द्वारा अवैध धार्मिक संरचनाओं को हटाने का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। ताजा कार्रवाई में नैनीताल जिले के रामनगर और ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर क्षेत्र में कई अवैध मजारों को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों के अनुसार ये मजारें निजी और सरकारी भूमि पर बिना अनुमति के बनाई गई थीं और दस्तावेज मांगे जाने पर संचालक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाए।

रामनगर में तीन मजारें हटाई गईं

रामनगर उपजिला मजिस्ट्रेट (एसडीएम) प्रमोद कुमार के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम लूटाबढ़, शिवलालपुर-रियूनिया और मोहल्ला चोरपानी में बनी तीन मजारों को हटाने की कार्रवाई की। करीब चार घंटे चली इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय जमीन मालिकों और संचालकों से पूछताछ की गई। प्रशासन ने बताया कि जमीन मालिकों ने स्वयं अपनी भूमि से अवैध संरचनाएं हटाने की मांग की थी।

अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई से पहले संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर दस्तावेज प्रस्तुत करने का समय दिया गया था। तय समयसीमा समाप्त होने के बाद जब कोई वैध प्रपत्र नहीं मिला, तो मजारों को ध्वस्त कर दिया गया।

काशीपुर में मंदिर भूमि पर बनी मजार पर बुलडोजर

इसी क्रम में काशीपुर तहसील के ग्राम कचनाल गुसाईं में मंदिर की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित एक मजार को सुबह प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हटवा दिया। एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले में 27 अगस्त को नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित अवधि में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर यह कार्रवाई की गई।

राज्यव्यापी अभियान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर पूरे उत्तराखंड में अवैध धार्मिक संरचनाओं के खिलाफ यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आधिकारिक आँकड़ों के अनुसार अब तक 553 अवैध धार्मिक संरचनाएं, जिनमें से अधिकांश मजारें थीं, ध्वस्त की जा चुकी हैं। इसके साथ ही सरकार लगभग 9,000 एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त करा चुकी है।

सरकार का कहना है कि धार्मिक स्थलों का सम्मान किया जाएगा, लेकिन धार्मिक नाम पर जमीनों पर कब्जा किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। अधिकारियों के अनुसार हर मामले में पहले नोटिस और सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की जाती है और केवल वैधता सिद्ध न होने पर ही कार्रवाई की जाती है।

इन कार्रवाइयों से क्षेत्रीय स्तर पर मिलेजुले प्रतिक्रियाएँ सामने आ रही हैं। कुछ स्थानीय लोग इसे भूमि संरक्षण और कानून-व्यवस्था की दिशा में मजबूत कदम मान रहे हैं, जबकि कुछ समुदाय इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताकर असंतोष भी जता रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि पूरी प्रक्रिया कानूनी दायरे में की जा रही है और किसी भी प्रकार की शांति भंग न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। सरकार ने साफ संकेत दिए हैं कि धार्मिक संरचनाओं के नाम पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।