नैनीताल ट्रैफिक पुलिस हुई पूरी तरह कैशलेस, चालान अब डिजिटल माध्यम से देना अनिवार्य

हल्द्वानी: अब नैनीताल की यातायात पुलिस ने पूरी तरह से कैशलेस प्रणाली अपना ली है। अब वाहन चालकों को चालान की रकम नकद देने की बजाय डिजिटल माध्यम से भुगतान करना होगा। चाहे यूपीआइ, एटीएम कार्ड या अन्य डिजिटल तरीके से ही चालान की राशि जमा की जाएगी।

यातायात मुख्यालय के निर्देश के बाद नैनीताल जिले में यह व्यवस्था लागू कर दी गई है। अब सड़क पर जब भी किसी का चालान काटा जाएगा, तो वह चालान केवल डिजिटल भुगतान के जरिए ही चुकाना होगा। यदि किसी के पास डिजिटल भुगतान की सुविधा नहीं है, तो पुलिस उसके लिए ऑनलाइन चालान जारी करेगी। इसके बाद वाहन चालक साइबर कैफे या जन सुविधा केंद्र जाकर चालान भुगतान कर सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया अभियान को बढ़ावा देना है।

पिछले समय में पुलिस पर यह आरोप लगते रहे हैं कि चालान से बचने के लिए कुछ रुपये देकर मामला टाल दिया जाता है, लेकिन अब स्थिति बदल गई है। चालान कटने के दौरान चालकों की फोटो ली जाती है और डिजिटल भुगतान के बाद कंप्यूटराइज्ड रसीद भी जारी की जाती है।

नवनियुक्त यातायात निरीक्षक महेश चंद्र ने बताया कि अब नकद भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया है और चालान केवल डिजिटल माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।

हाल ही में नैनीताल रोड पर एक टेंपो चालक को क्वींस स्कूल के पास चालान किया गया। चालक नकद भुगतान करना चाहता था, लेकिन पुलिस ने इसे स्वीकार नहीं किया। इसके बाद चालक के साथी ने पुलिस की डिजिटल मशीन से क्यूआर कोड स्कैन कर चालान की रकम जमा कराई। यह दर्शाता है कि अब नैनीताल पुलिस कैशलेस व्यवस्था को मजबूती से लागू कर रही है।

उत्तराखंड: एमडीडीए का सख्त एक्शन, दून में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर

देहरादून: दून शहर और आसपास अवैध प्लाटिंग और नियमों के खिलाफ चल रहे निर्माणों के विरुद्ध मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने कई इलाकों में पहुंचकर लगभग 80 बीघा से ज्यादा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त की और कई व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने साफ किया कि शहर को अव्यवस्थित फैलने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि अवैध कालोनियों में निवेश न करें…क्योंकि इससे उनका पैसा और भविष्य दोनों खतरे में पड़ सकते हैं।

कार्यवाही में शिमला बाईपास रोड के हिंदूवाला साभावाला में लगभग 40 बीघा की अवैध प्लाटिंग सेलाकुई शेररपुर क्षेत्र में 10 बीघा चकराता रोड शंकरपुर में करीब 20 बीघा और धर्मावाला चौक के पास 8 बीघा की अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।

साथ ही अद्दूवाला में नरेंद्र चौहान के फार्म हाउस और आठ व्यावसायिक हट्स धर्मावाला रोड हरबर्टपुर में राकेश अग्रवाल का अवैध निर्माण, चकराता रोड खुशहालपुर में सलमान के व्यावसायिक निर्माण, राजपुर रोड पर सरदार मो. असरफ खान के और संस्कृति लोक कॉलोनी में साकिर के दो अवैध भवन सील किए गए। चांचक चौक बंजारावाला में मोहम्मद साजिश के टिन शेड को भी ध्वस्त किया गया।

कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के शीर्ष अधिकारी समेत पुलिस बल भी मौजूद था, जिससे कार्रवाई में कोई अड़चन नही आई।

उत्तराखंड: सड़क हादसे ने ली छात्र की जान, जगराते का सामान लेने निकले थे दोनों

रुड़की: शहर में एक सड़क हादसे में हरिद्वार यूनिवर्सिटी के एक छात्र की मौत हो गई जबकि दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब दोनों छात्र स्कूटी से रुड़की आ रहे थे और सामने से आ रही आल्टो कार से टक्कर हो गई।

मृतक छात्र की पहचान सौरभ सिंह पुत्र सुनील कुमार सिंह, निवासी नेपाल के रूप में हुई है। जबकि घायल छात्र आयुष कुमार निवासी बिहार है। दोनों छात्र आरसीबी कॉलेज हरिद्वार यूनिवर्सिटी में बी.टेक की पढ़ाई कर रहे थे।

बताया गया कि दोनों छात्र कॉलेज से रुड़की किसी जगराते के लिए सामान लेने निकले थे…तभी हादसा हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई….जबकि आयुष को गंभीर चोटें आईं।

पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को विनय विशाल अस्पताल, रुड़की में भर्ती कराया गया। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है।

हादसे की जानकारी मिलते ही कॉलेज के कई छात्र अस्पताल पहुंच गए। वहीं पुलिस ने आल्टो कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

उत्तराखंड: इस दिन से नहीं होंगे रुद्रनाथ के दर्शन, जानिए कहां होगी शीतकालीन पूजन

गोपेश्वर (चमोली): चतुर्थ केदार रुद्रनाथ मंदिर के कपाट 17 अक्तूबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद भगवान रुद्रनाथ की शीतकालीन पूजा गोपेश्वर स्थित गोपीनाथ मंदिर में होगी।

पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि ब्रह्ममुहूर्त में पूजा-अर्चना के बाद रुद्रनाथ की चल विग्रह डोली गोपेश्वर के लिए प्रस्थान करेगी।

इस बार बरसात के चलते तीर्थ यात्रा प्रभावित रही…लेकिन केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग द्वारा हक-हकूकधारी गांवों में ईको टूरिज्म कमेटियों के गठन से बुग्याल क्षेत्रों में तीर्थयात्रियों को ठहरने व भोजन की अच्छी सुविधाएं मिल सकीं।

उत्तराखंड के मास्टर साहब हुए सस्पेंड,बच्चों से कार धुलवाने का वीडियो वायरल हुआ

चमोली: चमोली जनपद के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जूनीधार में बच्चों से अपनी कार धुलवाने वाले सहायक अध्यापक घनश्याम तिवाड़ी को जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शिक्षक के इस कृत्य का वीडियो जैसे ही इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ मामले ने तूल पकड़ लिया जिसके बाद  शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने स्वयं संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दे दिए।

वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि शिक्षक घनश्याम तिवाड़ी स्कूल के छात्र-छात्राओं से अपनी कार धुलवा रहे हैं। बच्चों के हाथों में कपड़ा और बाल्टियां हैं…और वे मासूमियत से अध्यापक के निजी वाहन को साफ कर रहे हैं….वहीं शिक्षक आराम से देख रहे हैं। इस वीडियो ने शिक्षा व्यवस्था की गरिमा और नैतिकता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इस प्रकरण को पीड़ादायक और निंदनीय बताते हुए कहा कि बच्चों को पढ़ाने के बजाय निजी कार्यों में लगाना कर्मचारी आचरण नियमावली का सीधा उल्लंघन है। इस तरह की हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। बच्चों का भविष्य सबसे ऊपर है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) चमोली ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए शिक्षक घनश्याम तिवाड़ी को तत्काल निलंबित कर दिया है और उन्हें उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय थराली से संबद्ध कर दिया गया है। साथ ही इस पूरे प्रकरण की जांच उप शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) थराली को सौंपी गई है…जिन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे एक सप्ताह के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपें।

गंगोलीहाट का मामला, कुछ महीने पहले हुई शादी और अब दुल्हन हो गई फरार !

गंगोलीहाट (पिथौरागढ़): गंगोलीहाट तहसील के अंतर्गत आने वाले खेतीगांव तोक बोकटी से एक विवाहिता के अचानक ससुराल से लापता होने का मामला सामने आया है। विवाहिता के ससुर चंद्रशेखर सिंह ने कोतवाली गंगोलीहाट में तहरीर देकर बहू पर घर से सोना और नकदी लेकर भागने का आरोप लगाया है।

तहरीर के अनुसार 17 सितंबर 2025 की रात को चंद्रशेखर सिंह की बहू ज्योति देवी, पत्नी संजय सिंह घर से बिना किसी को बताए चली गई। परिजनों को उसके जाने का समय स्पष्ट नहीं है। अगली सुबह जब परिवार वालों ने उसका बिस्तर देखा तो वहां ज्योति द्वारा लिखा गया एक पत्र मिला…जिसमें लिखा था “मैं घर छोड़कर जा रही हूँ और अब वापस नहीं आऊंगी।”

चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि 4 जून 2025 को उनके पुत्र संजय सिंह का विवाह, ज्योति पुत्री विक्रम सिंह खड़ायत ग्राम बस्तोड़ी तोक रानीखेत तहसील डीडीहाट के साथ हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हुआ था। ज्योति का पति हैदराबाद के एक होटल में कार्यरत है और घटना के समय वह वहीं था। इस कारण घर पर सिर्फ ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य ही मौजूद थे।

चंद्रशेखर सिंह ने आरोप लगाया है कि ज्योति देवी घर से लगभग 6 तोला सोना और 15,000 नकद लेकर गई है। उन्होंने आशंका जताई है कि बहू का किसी अन्य युवक के साथ प्रेम संबंध हो सकता है…जिसके चलते वह ससुराल छोड़कर चली गई।

परिवार की ओर से गंगोलीहाट कोतवाली में FIR दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। ससुराल पक्ष ने मांग की है कि बहू की जल्द लोकेशन का पता लगाया जाए और ले जाया गया सामान वापस दिलाया जाए।

कोतवाली पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में विवाहिता के जानबूझकर घर छोड़ने की बात सामने आ रही है…लेकिन फरवरी बयान और तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हल्द्वानी में घर से ऑफिस चलाने वाला सर्वे कानूनगो हुआ निलंबित

रुद्रपुर: हल्द्वानी तहसील में तैनात सर्वे कानूनगो अशरफ अली पर प्रशासन की कड़ी कार्रवाई हुई है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने ऊधमसिंह नगर वापस लौटते ही अशरफ अली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के दौरान वह सहायक अभिलेख अधिकारी मुख्यालय से जुड़े रहेंगे।

23 सितंबर को कुमाऊं मंडल के कमिश्नर दीपक रावत ने हल्द्वानी तहसील का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि अशरफ अली ने धारा 143 के तहत आने वाले विभिन्न आवेदन पत्रावलियों को लंबित रखा था। साथ ही कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने घर में रखे थे। कमिश्नर ने घर पहुंचकर अभिलेखों की जांच की तो 143 से संबंधित 21 मामलों की फाइलें मिलीं, जिन्हें पटवारी की रिपोर्ट लगने के बाद भी बिना किसी उचित कारण के दबा दिया गया था।

इस मामले में नैनीताल के जिलाधिकारी ने पत्र भेजकर अशरफ अली की तहसील से संबद्धता समाप्त करने और निलंबन की सिफारिश की थी। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने इस सिफारिश को स्वीकार करते हुए शनिवार को अशरफ अली को निलंबित कर दिया।

उत्तराखंड में नकल प्रकरण की जांच के लिए एक न्यायिक आयोग गठित

Uttarakhand News: UKSSSC: Exam: Cheating: राज्य सरकार ने स्नातक स्तर की प्रतियोगी परीक्षा-2025 में हुई कथित नकल प्रकरण की जांच के लिए एक न्यायिक आयोग गठित करने का निर्णय लिया है। इस आयोग की बागडोर नैनीताल उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति यू.सी. ध्यानी को सौंपी गई है। सरकार का कहना है कि यह कदम जनहित और परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने की दृष्टि से उठाया गया है।

गौरतलब है कि 21 सितम्बर 2025 को हुई इस परीक्षा में अनियमितताओं और नकल की शिकायतें सामने आई थीं। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने जांच आयोग अधिनियम, 1952 की धारा 3 के तहत न्यायिक जांच के आदेश जारी किए। शुरुआत में यह जिम्मेदारी सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति बी.एस. वर्मा को देने की तैयारी थी, लेकिन उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से इसे स्वीकार नहीं किया। इसके बाद न्यायमूर्ति ध्यानी को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

आयोग को आवश्यकता पड़ने पर अधिकारियों और विशेषज्ञों की मदद लेने की स्वतंत्रता होगी और उसका कार्यक्षेत्र पूरे राज्य में रहेगा। उसे सभी शिकायतों, साक्ष्यों और उपलब्ध तथ्यों की पड़ताल करनी होगी। साथ ही, 24 सितम्बर 2025 को गठित विशेष जांच दल (SIT) की रिपोर्ट का अध्ययन कर, जरूरत पड़ने पर आयोग उसे विधिक दिशा-निर्देश भी देगा।

उत्तराखंड छात्रसंघ चुनावों ABVP का रहा दबदबा, धामी सरकार की नीतियों पर युवाओं को भरोसा

देहरादून: उत्तराखंड छात्रसंघ चुनावों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने एक बार फिर अपना परचम लहराया है। प्रदेशभर से आए नतीजों में अधिकांश कॉलेजों पर एबीवीपी ने कब्जा जमाते हुए अपनी मजबूत पकड़ और व्यापक लोकप्रियता का परिचय दिया।

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही 27 कॉलेजों में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे, जिसने संगठन की जमीनी ताकत को पहले ही स्पष्ट कर दिया था। डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून से ऋषभ मल्होत्रा और एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय से महिपाल बिष्ट की जीत ने प्रदेश की सबसे बड़ी शैक्षणिक संस्थाओं में एबीवीपी की बढ़त को पुख्ता किया।

शुद्धोवाला डोईवाला, ऋषिकेश, करणप्रयाग, श्रीनगर, खटीमा और कोटद्वार जैसे प्रमुख कॉलेजों में भी परिषद के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। छात्र समुदाय ने संगठन की कार्यशैली, पारदर्शिता और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर भरोसा जताया।

धामी सरकार की नीतियों का लाभ

विश्लेषकों का मानना है कि इस जीत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की नीतियों ने भी अहम भूमिका निभाई है। हाल ही में लागू किए गए नकल-विरोधी कानून और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की गारंटी ने छात्रों का विश्वास बढ़ाया है। इसके साथ ही, 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों में अवसर दिलाने से भी सकारात्मक माहौल बना।

वहीं, विपक्ष द्वारा UKSSSC परीक्षा में गड़बड़ियों को लेकर सरकार पर हमले का कोई खास असर नहीं दिखा। चुनावी परिणामों ने संकेत दिया कि छात्र वर्ग सरकार और एबीवीपी के पक्ष में खड़ा है।

भविष्य की दिशा

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि छात्र राजनीति में एबीवीपी की यह ऐतिहासिक जीत भविष्य की मुख्यधारा राजनीति पर भी असर डाल सकती है। इसे छात्र हितों के साथ-साथ राष्ट्रवादी विचारधारा और पारदर्शी शासन व्यवस्था के प्रति युवाओं के समर्थन के रूप में देखा जा रहा है।

हल्द्वानी MBPG छात्रसंघ चुनाव, ABVP के अभिषेक आगे निकले

Haldwani: MBPG: College: Election: Student: Union: President Post:

पहला राउंड पूरा हो गया है

अभिषेक गोस्वामी 110
कमल 136
अरशद 5

……………………………………………….

दूसरा राउंड
Abhishek 107
Kamal 121
Arshad 5

…………………………………………………….

तीसरा राउंड

अभिषेक गोस्वामी 137
कमल 127
अरशद 9

……………………………………………………………

चौथा राउंड पूरा और कुल मत

अभिषेक गोस्वामी 501
कमल बोरा 473
अरशद 26

…………………………………………………….

पांचवा राउंड पूरा और कुल मत

अभिषेक गोस्वामी 613
कमल बोरा 558
अरशद 52