
TRENDING NEWS










DSSSB TGT 2025 Notification: दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (DSSSB) ने टीजीटी शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के माध्यम से गणित, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान (एसएसटी) हिंदी, संस्कृत, उर्दू समेत कुल 5346 पद भरे जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 अक्तूबर 2025 से शुरू होगी और उम्मीदवार 7 नवंबर 2025 रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन आधिकारिक वेबसाइट dsssbonline.nic.in पर किया जाएगा।
रिक्ति विवरण:
टीजीटी पदों में पुरुष और महिला दोनों के लिए अलग-अलग सीटें निर्धारित की गई हैं। गणित में कुल 1120 पद, अंग्रेजी में 973 पद, सामाजिक विज्ञान में 402 पद, प्राकृतिक विज्ञान में 1132 पद, हिंदी में 554 पद, संस्कृत में 758 पद, उर्दू में 161 पद, पंजाबी में 227 पद, ड्रॉइंग टीचर के 527 पद और विशेष शिक्षा शिक्षक के 120 पद शामिल हैं।
पात्रता और आयु सीमा:
आवेदन के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में कम से कम 50% अंक के साथ स्नातक या मास्टर डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा बीएड डिग्री और सीटेट परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। उम्मीदवार की आयु 30 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
वेतन और शुल्क:
चयनित उम्मीदवारों को ग्रुप बी के पे स्तर-7 के तहत 44,900 से 1,42,400 रुपये मासिक वेतन मिलेगा। आवेदन शुल्क सामान्य एवं ओबीसी उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये है। एससी, एसटी, पीडब्ल्यूडी और पूर्व सैनिक वर्ग के लिए शुल्क माफी रहेगी।
आवेदन कैसे करें:
उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट dsssbonline.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन भरने के बाद शुल्क का भुगतान करें और आवेदन पत्र का प्रिंट आउट अपने पास रखें।
Team India: Shubham Gill: Captain: सीनियर मेंस चयन समिति ने अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस बार वनडे टीम में एक नए युग की शुरुआत हुई है। चयनकर्ताओं ने रोहित शर्मा की जगह युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को वनडे टीम का कप्तान नियुक्त किया है, जबकि श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है। वहीं टी20 टीम की कमान एक बार फिर सूर्यकुमार यादव के हाथों में सौंपी गई है।
वनडे टीम में गिल की कप्तानी को लेकर क्रिकेट प्रेमियों के बीच उत्साह देखने को मिल रहा है। टीम में अनुभव और युवा जोश का संतुलन नजर आ रहा है। वनडे स्क्वॉड में शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर) और यशस्वी जयसवाल को शामिल किया गया है।
वहीं टी20 टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सूर्यकुमार यादव बतौर कप्तान टीम की अगुवाई करेंगे, जबकि शुभमन गिल को उपकप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टी20 स्क्वॉड में सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उपकप्तान), तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह और वाशिंगटन सुंदर को जगह दी गई है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यह सीरीज टीम इंडिया के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि यह युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी क्षमता दिखाने का मौका देगी और आने वाले टूर्नामेंटों की तैयारी को भी मजबूती प्रदान करेगी।
Uttarakhand News: NRLM: Rajni: जनपद नैनीताल के पीपलपोखरा गांव की रजनी आज आत्मनिर्भर महिला के रूप में पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। रजनी की यह सफलता राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) और REAP परियोजना से मिली सहायता का परिणाम है। इन योजनाओं ने न केवल रजनी को आर्थिक मजबूती दी, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाया।
सरकार द्वारा इन योजनाओं के तहत रजनी को ₹75,000 का ऋण प्रदान किया गया। इस वित्तीय सहयोग का सही उपयोग करते हुए रजनी ने 3 गाय और 1 भैंस खरीदी और अपने घर पर ही पशुपालन का कार्य शुरू किया। मेहनत और लगन से उन्होंने इस छोटे से व्यवसाय को आय के स्थायी स्रोत में बदल दिया।
आज रजनी प्रतिदिन दूध, दही और घी बेचकर नियमित आय अर्जित कर रही हैं। इससे न केवल उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि स्थानीय बाजार में भी उनके उत्पाद की मांग बढ़ रही है। गांव की अन्य महिलाएं भी रजनी की सफलता से प्रेरणा लेकर आजीविका सुधारने के लिए आगे आ रही हैं।
रजनी कहती हैं –
“राज्य सरकार की NRLM और REAP योजनाओं ने मुझे आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया। इसके लिए मैं सरकार की आभारी हूं।”
रजनी की यह कहानी साबित करती है कि यदि सरकारी योजनाओं का लाभ सही समय पर और सही तरीके से मिले, तो ग्रामीण महिलाएं भी अपने दम पर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं।
आज रजनी जैसी अनेक महिलाएं सरकार की इन योजनाओं से प्रेरणा लेकर पशुपालन, कृषि और अन्य आजीविका कार्यों में सक्रिय रूप से जुड़ रही हैं, जिससे न केवल उनका जीवन बदल रहा है बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
Nainital News: Hospital: नैनीताल में शुक्रवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। महज 14 साल 10 महीने की एक किशोरी ने बीडी पांडे जिला अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया। किशोरी की मां उसे स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल लेकर पहुंची थी, तभी उसकी गर्भावस्था का खुलासा हुआ। घटना ने सभी को हैरान कर दिया। सबसे अधिक चौंकाने वाली बात यह रही कि उसी अस्पताल में आरोपी युवक मिठाई बांटने पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के शीतलाखेत का रहने वाला है। करीब तीन साल पहले वह काम की तलाश में नैनीताल आया और यहां एक रेस्टोरेंट में काम करने लगा। दो साल पहले उसकी पहचान फेसबुक के जरिए पीड़िता से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और इसी दौरान नाबालिग गर्भवती हो गई।
पीड़िता फिलहाल नौवीं कक्षा की छात्रा है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो ऐक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। अस्पताल में मौजूद लोगों के अनुसार, जब आरोपी को मिठाई बांटते देखा गया तो वहां मौजूद लोग आक्रोशित हो उठे। यह घटना पूरे दिन नैनीताल में चर्चा का विषय बनी रही।
हल्द्वानी: पति की लंबी आयु और सुखी दांपत्य जीवन के लिए हर साल की तरह इस साल भी करवाचौथ का निर्जला व्रत बड़े ही श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। यह व्रत शुक्रवार 10 अक्टूबर 2025 को रखा जाएगा। इस बार व्रत का समय करीब साढ़े 13 घंटे का होगा।
ज्योतिषाचार्य अशोक वार्ष्णेय ने बताया कि इस बार करवाचौथ का दिन शुक्रवार है और चंद्रमा वृष राशि में होगा। साथ ही सिद्धि योग और कृतिका नक्षत्र भी व्रत को और भी अधिक फलदायक बनाते हैं। ऐसे शुभ योगों के कारण व्रती महिलाओं को खास लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि व्रत के दौरान सुबह सूर्योदय से पहले सरगी खाने का शुभ समय सुबह 4 बजे से लेकर 5:30 बजे तक है। इसके बाद व्रत 6:16 बजे से शुरू होगा और शाम को चंद्रमा के उदय तक रहेगा…जो लगभग 13 घंटे 32 मिनट का समय होगा। चंद्र अर्घ्य यानी चंद्रमा को जल अर्पित करने का शुभ समय रात 8:03 बजे से 9:10 बजे तक है। वहीं शाम की पूजा का शुभ मुहूर्त 5:16 बजे से 6:29 बजे तक रहेगा।
इस प्रकार महिलाएं इस शुभ अवसर का लाभ उठाकर अपने पति के लिए लंबी आयु और खुशहाल जीवन की कामना करेंगी।
SBI SCO Recruitment 2025: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर (SCO) के 63 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पुनः शुरू कर दी है। अब इच्छुक उम्मीदवार 15 अक्टूबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया बैंक की आधिकारिक वेबसाइट sbi.bank.in/web/careers
पर उपलब्ध है।
शैक्षणिक योग्यता और अनुभव
इन पदों के लिए उम्मीदवार के पास स्नातक की डिग्री के साथ फाइनेंस में एमबीए/पीजीडीबीए/पीजीडीएम/एमएमएस फाइनेंस/सीए/सीएफए/आईसीडब्ल्यूए जैसी योग्यता होना आवश्यक है। साथ ही संबंधित क्षेत्र में कम से कम 3 वर्षों का अनुभव जरूरी है।
उम्मीदवारों को बैलेंस शीट तैयार करना, अप्रेजल, क्रेडिट प्रपोजल का असेसमेंट और क्रेडिट मॉनिटरिंग जैसे कार्यों का ज्ञान होना चाहिए।
आयु सीमा और छूट
इस भर्ती में न्यूनतम आयु 25 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष निर्धारित है। आरक्षित वर्गों को आयु सीमा में छूट भी दी गई है:
एससी/एसटी उम्मीदवारों को 5 वर्ष की छूट
ओबीसी उम्मीदवारों को 3 वर्ष की छूट
दिव्यांग उम्मीदवारों को 10 वर्ष की छूट
वेतनमान
चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतन मिलेगा…जो मासिक ₹85,920 से ₹1,05,280 तक होगा।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन बैंक द्वारा आयोजित 100 अंकों के इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन शुल्क
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क ₹750 है।
एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क मुक्त है।
आवेदन कैसे करें
SBI की आधिकारिक वेबसाइट sbi.bank.in
पर जाएं।
होमपेज पर ‘Apply Online’ लिंक पर क्लिक करें।
अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरें और लॉगिन करें।
शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें।
आवेदन शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म सबमिट करें।
आवेदन पूरा होने पर उसका प्रिंट आउट जरूर निकाल लें।
इस भर्ती में रुचि रखने वाले उम्मीदवार जल्द से जल्द आवेदन करें, ताकि अंतिम तिथि से पहले प्रक्रिया पूरी हो सके।
रुद्रप्रयाग: सीमांत गांव तोषी के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक बन गया जब लंबे संघर्ष के बाद सड़क कटिंग कार्य पूरा होने के बाद जेसीबी मशीन पहली बार गांव तक पहुँची। गांववालों ने इस क्षण को उत्सव की तरह मनाया मशीन की पूजा की, तिलक लगाया और मिठाइयाँ बाँटकर खुशी ज़ाहिर की।
यह सिर्फ एक सड़क नहीं…बल्कि गांव के लोगों के संघर्ष, धैर्य और उम्मीद का परिणाम है। करीब डेढ़ साल पहले शुरू हुए 6 किलोमीटर लंबे इस सड़क निर्माण कार्य से अब त्रियुगीनारायण से केदारनाथ धाम तक की पैदल दूरी 6 किलोमीटर घटकर 17 किलोमीटर रह जाएगी।
सड़क न केवल केदारनाथ यात्रा को सुगम बनाएगी…बल्कि आपदा के समय वैकल्पिक मार्ग के रूप में भी महत्वपूर्ण साबित होगी। अब तक तोषी गांव के ग्रामीणों को सड़क तक पहुँचने के लिए 6 किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था लेकिन अब उनकी यह मुश्किल खत्म हो जाएगी।
ग्राम प्रधान दीपेंद्र रावत ने कहा कि यह सड़क गांव के विकास की नई राह खोलेगी। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़गार के अवसर अब हमारे दरवाजे तक आएंगे। वहीं पूर्व प्रधान जगत सिंह रावत ने इसे ग्रामीणों की वर्षों की मेहनत और संघर्ष का फल बताया।
सड़क की कटिंग का काम पूरा हो चुका है अब केवल सोनगाड़ पर पुल निर्माण बाकी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है…और ग्रामीणों का कहना है कि ठंड के मौसम में जब नदी में पानी कम होता है तब पुल के बिना भी अस्थायी रूप से वाहन गाँव तक पहुँच सकते हैं। पुल बनते ही यहाँ नियमित यातायात सुविधा शुरू हो जाएगी।
गांव में जब जेसीबी मशीन पहुँची तो महिला मंगल दल की अध्यक्ष सरोज देवी, मीना देवी, बलवंत रावत सहित दर्जनों ग्रामीणों ने पूजा-अर्चना की। सरोज देवी ने कहा कि यह सड़क तीर्थयात्रियों के लिए तो वरदान है ही…लेकिन इससे हमारे बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों की स्वास्थ्य सेवाएं और रोज़मर्रा की ज़िंदगी में बड़ा बदलाव आएगा।
देहरादून: यात्रियों के लिए खुशखबरी है। लच्छीवाला टोल प्लाजा से गुजरने वालों को अब थोड़ी राहत मिलेगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने टोल टैक्स की दरों में कमी की है…जो एक अक्टूबर से लागू हो गई है। इससे अब वाहन चालकों को पूर्व की तुलना में कम टोल चुकाना पड़ेगा।
एनएचएआई हर साल एक अप्रैल को टोल टैक्स में बढ़ोतरी करता है। इस साल भी बढ़ोतरी की गई थी…लेकिन अब दोबारा संशोधन के बाद यात्रियों को राहत मिली है। टोल प्लाजा प्रबंधन के मुताबिक नई दरें लागू कर दी गई हैं और इसका सीधा लाभ वाहन मालिकों को मिल रहा है। राहत केवल दैनिक टोल टैक्स में ही नहीं बल्कि मासिक पास पर भी दी गई है।
नई दरों के अनुसार टोल टैक्स (रुपयों में)
कार/जीप/वैन/हल्के वाहन: 110 – 105
हल्का वाणिज्यिक वाहन/मिनी बस: 175 – 170
बस या ट्रक: 365 – 355
तीन एक्सल वाहन: 395 – 385
एचसीएम/ईएमई/एमएवी (चार से छह पहिया): 570 – 555
बड़े वाहन (सात या अधिक एक्सल): 695 – 675
20 किमी तक मासिक पास: 350 – 340
टोल प्लाजा मैनेजर ईश्वर पांडे ने कहा कि एनएचएआई के निर्देशानुसार नई दरें लागू कर दी गई हैं और यात्री इसका लाभ उठा रहे हैं। सफर अब पहले की तुलना में थोड़ा किफायती होगा।
Uttarakhand: Ranji Trophy: 2025: Cricket: देहरादून: आगामी रणजी ट्रॉफी सीज़न 2025–26 के लिए उत्तराखंड क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। टीम में कुल 18 खिलाड़ियों को जगह दी गई है। बल्लेबाज़ कुनाल चंदेला को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी प्रशांत चोपड़ा और सौरभ रावत निभाएंगे।
घोषित टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ कई युवा चेहरों को भी शामिल किया गया है।
कुनाल चंदेला (कप्तान)
प्रशांत चोपड़ा (विकेटकीपर)
भूपेन लालवानी
अवनीश सुधा
युवराज चौधरी
शाश्वत डंगवाल
आंजनेय सूर्यवंशी
जगदीशा सुचित
मयंक मिश्रा
हर्ष पटवाल
सौरभ रावत (विकेटकीपर)
जनमेजय जोशी
देवेंद्र बोरा
राजन चौधरी
अभय नेगी
जगमोहन नागरकोटी
सागर रावत
आरव महाजन
टीम का लक्ष्य इस बार रणजी ट्रॉफी में बेहतर प्रदर्शन कर नॉकआउट चरण तक पहुँचना होगा। उत्तराखंड क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद है कि यह टीम अपने संतुलित संयोजन के दम पर शानदार खेल दिखाएगी। हालांकि टीम की सूची इस बार फिर से सवालों के घेरे में रही है, सीएयू पर बाहर के खिलाड़ियों को तवज्जों देने के आरोप लगते आए हैं।
देहरादून: टिहरी स्थित श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय की एक छात्रा साक्षी द्वारा डिग्री न दिए जाने की शिकायत जब सीएम हेल्पलाइन 1905 के जरिए की गई और उसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई तो मामला शुक्रवार को सचिवालय में हुई हेल्पलाइन समीक्षा बैठक में सीधे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संज्ञान में आया।
जैसे ही मुख्यमंत्री को इस प्रकरण की जानकारी दी गई उन्होंने इस पर कड़ी नाराजगी जताई और सचिव आईटी व सचिव उच्च शिक्षा को एक सप्ताह के भीतर जांच कर रिपोर्ट सौंपने तथा जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अभ्यर्थी को एक सप्ताह के अंदर डिग्री दी जानी चाहिए। किसी भी छात्र या छात्रा को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में हेल्प डेस्क बनाई जाए। सिर्फ शिक्षा ही नहीं बिजली-पानी-सड़क की शिकायतों पर भी होगी सख्त नजर
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज बिजली पानी, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने आदेश दिया कि अधिकारियों को अपने दफ्तरों में नोटिस बोर्ड पर यह प्रदर्शित करना होगा कि वे किस दिन जनता की समस्याएं सुनने के लिए उपलब्ध रहेंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों से कहा कि कोई भी समस्या का समाधान तब तक पूर्ण नहीं माना जाएगा जब तक शिकायतकर्ता स्वयं संतुष्ट न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि हर विभाग हर महीने की 5 तारीख तक हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त शिकायतों की रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को सौंपे।
बैठक में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 3 महीने से अधिक समय से लंबित मामलों का निस्तारण अभियान चलाकर किया जाए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को हर सप्ताह सचिवों को महीने में दो बार, और मुख्य सचिव को हर महीने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की सुरक्षा दीवारों, क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों और अन्य ढांचागत समस्याओं को शीघ्रता और प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए। साथ ही इस पर रिपोर्ट भी जल्द प्रस्तुत की जाए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कुछ शिकायतकर्ताओं से स्वयं बातचीत की उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनता मिलन कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने और समयसीमा में समाधान न करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की बात भी कही।