उत्तराखंड: केदारनाथ हाईवे पर खाई में गिरी कार, एक की मौत !

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ हाईवे पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। काकड़ा गाड के पास एक कार अचानक सड़क से फिसलकर नदी के किनारे खाई में जा गिरी।

इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर आपदा प्रबंधन और एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हो गई है और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।

उत्तराखंड में बारिश को लेकर नया अपडेट, प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना

नई टिहरी: भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून ने 5, 6 और 7 अक्टूबर को टिहरी जिले सहित प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तूफान की संभावना जताई है। इस चेतावनी के मद्देनजर अपर जिलाधिकारी टिहरी, एके सिंह ने सभी अधिकारियों को हर स्तर पर पूरी तत्परता बनाए रखने, सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने और आवागमन पर नियंत्रण रखने के निर्देश दिए हैं।

एडीएम सिंह ने कहा कि किसी  एके भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जाए। सभी संबंधित अधिकारी और विभागीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट पर रहेंगे। यदि किसी मोटर मार्ग या विद्युत-पेयजल सेवाओं में बाधा आती है…तो उसे तुरंत सुचारू कराने का प्रबंध किया जाए।

राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी, पुलिस विभाग और अग्निशमन केंद्रों को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन प्रणाली के तहत कंट्रोल रूम से जुड़े रहने को कहा गया है। संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

अधिकारी और कर्मचारी अपने मोबाइल फोन चालू रखें और आपात स्थिति में खाद्य सामग्री व दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को व्यक्तिगत तौर पर बरसाती, टार्च, हेलमेट, छाता आदि जरूरी उपकरण अपने साथ रखने के निर्देश दिए हैं।

स्कूलों में भी छात्रों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। भारी बारिश और तूफान की चेतावनी के कारण उच्च क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन पर रोक लगाई जाएगी। नदियों और नालों के जलस्तर की सतत निगरानी की जाएगी और खतरे वाले इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की व्यवस्था की जाएगी।

भूस्खलन के प्रति संवेदनशील मार्गों पर पहले से उपकरण लगाए जाएंगे और पंचायत सचिवों के जरिए ग्राम पंचायतों में चेतावनी प्रसारित की जाएगी। नगरों व कस्बों में नालियों व कलवों के अवरोध हटाने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।

आखिर में सभी अधिकारियों को कहा गया है कि वे किसी भी आपदा की सूचना तुरंत जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र और आपदा नियंत्रण कक्ष को दें।

तीन दिन तक भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार से तीन दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तूफान की चेतावनी जारी की है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून और हरिद्वार के लिए ऑरेंज अलर्ट जबकि बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। यात्रियों को मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

उत्तराखंड: अस्पताल में मोबाइल रोशनी में उपचार, व्यवस्थाएं बदहाल

पौड़ी: प्रदेश के सरकारी अस्पतालों की स्थिति पर सवाल खड़े करती एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। पौड़ी जिला अस्पताल में बीती शुक्रवार की शाम बिजली गुल हो गई और करीब एक घंटे तक मरीजों को मोबाइल फोन की टॉर्च की रोशनी में इलाज कराना पड़ा। अस्पताल में मौजूद जनरेटर में डीजल की कमी और तकनीकी खराबी के कारण बिजली की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इस दौरान अस्पताल पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

स्थानीय पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ऋत्विक असवाल ने बताया कि उन्होंने अपनी बीमार बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल लाया था…लेकिन बिजली गुल होने के कारण जनरेटर नहीं चल पाया और डॉक्टर मोबाइल टॉर्च की रोशनी में मरीजों की जांच करते रहे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में गहरा आक्रोश फैल गया है।

स्थानीय लोग जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से इस मामले की जांच और अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह लापरवाही केवल पौड़ी ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के ग्रामीण अस्पतालों की स्थिति का प्रतिबिंब है।

पौड़ी जिला अस्पताल के प्रभारी पीएमएस डॉ. सुनील शर्मा ने स्वीकार किया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर जनरेटर संचालन के निर्देश थे, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण असुविधा हुई। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

यह पहला मौका नहीं जब अस्पताल में इस तरह की समस्या आई है। जनवरी में एक बस हादसे के दौरान भी बिजली कटने से डॉक्टरों ने मोबाइल की रोशनी में घायलों का इलाज किया था। विद्युत वितरण खंड के एसडीओ गोविंद सिंह रावत ने बताया कि जनरेटर की खराबी और डीजल की कमी की शिकायतें कई बार मिली हैं और इस पर जल्द ही जिला प्रशासन को पत्र भेजा जाएगा।

स्थानीय लोग प्रदेश स्वास्थ्य मंत्री के जिले से होने के बावजूद स्वास्थ्य व्यवस्था की बदतर स्थिति पर नाराजगी जता रहे हैं। उन्होंने पूछा कि अगर जिला अस्पताल की हालत ऐसी है तो दूरदराज के इलाकों के अस्पतालों का हाल क्या होगा।

पौड़ी के सीएमओ डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने कहा कि अस्पताल प्रशासन को पहले भी निर्देश दिए जा चुके हैं और इस बार भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उत्तराखंड: डीएम ने हस्तक्षेप कर परिवार को टूटने से बचाया

देहरादून: जिला प्रशासन की पहल पर एक बिखरता हुआ परिवार टूटने से बच गया। जिलाधिकारी सविन बंसल के हस्तक्षेप से खुड़बुड़ा निवासी एक बुजुर्ग दंपत्ति और उनके बेटे-बहू के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद का समाधान हो गया।

बुजुर्ग दंपत्ति जसवंत सिंह और उनकी पत्नी ने अपने बेटे और बहू के व्यवहार से तंग आकर उन्हें घर से बेदखल करने की मांग करते हुए भरण-पोषण अधिनियम के तहत डीएम कोर्ट में केस दर्ज किया था। उन्होंने 22 अगस्त को जिलाधिकारी से व्यक्तिगत रूप से मिलकर अपनी व्यथा साझा की थी।

जिलाधिकारी की मध्यस्थता बनी सुलह की वजह

जिलाधिकारी सविन बंसल ने दो दौर की सुनवाई में न केवल दोनों पक्षों को धैर्यपूर्वक सुना…बल्कि सूझबूझ के साथ मामले को सुलझाया। उन्होंने बुजुर्ग दंपत्ति से भावनात्मक अपील की कि वे अपने बेटे-बहू और तीन छोटे बच्चों को घर से बाहर न निकालें। साथ ही उन्होंने बेटे और बहू को भी बुजुर्ग माता-पिता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का अहसास कराया।

आर्थिक रूप से कमजोर परिवार, लेकिन दिल से मजबूत

बेटा बंसी कपड़े की छोटी दुकान चलाता है और उसकी आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। उसका एक दिव्यांग भाई भी है…और बाकी दो भाई अपने-अपने परिवारों के साथ अलग रहते हैं। वर्तमान में बंसी के तीन छोटे बच्चे हैं….दो बेटियां और एक बेटा।

जिलाधिकारी ने कहा कि परिवार को साथ रखने के लिए एक-दूसरे को समझना और सहारा देना ज़रूरी है। उन्होंने इस मामले में सहमति बनाकर परिवार को टूटने से बचाया…जो कि आज के समय में एक बड़ी मिसाल है।

प्रशासन रखेगा नजर

जिला प्रशासन ने इस पारिवारिक सुलह की निरंतर मॉनिटरिंग करने का निर्णय लिया है….ताकि भविष्य में कोई नई परेशानी न खड़ी हो।

उत्तराखंड: 25 की उम्र में तिरंगे में लिपटा लौटा सूरज, गढ़वाल ने खोया अपना लाल

कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल): उत्तराखंड के कोटद्वार क्षेत्र में उस समय शोक की लहर दौड़ गई जब जम्मू-कश्मीर के बारामूला सेक्टर से खबर आई कि भारतीय सेना के राइफलमैन सूरज सिंह नेगी देश सेवा करते हुए क्रॉस फायरिंग में गोली लगने से वीरगति को प्राप्त हो गए हैं।

सिर्फ 25 वर्ष की उम्र में देश पर कुर्बान हुए सूरज सिंह नेगी का पार्थिव शरीर बीती रात कोटद्वार पहुंचा। आज उन्हें संपूर्ण सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। हजारों लोगों की मौजूदगी में “भारत माता की जय” और “सूरज सिंह अमर रहें” के नारों के बीच गांव के वीर सपूत को पंचतत्व में विलीन किया गया।

सूरज सिंह नेगी कोटद्वार के लालपुर गांव के निवासी थे। वे गोरखा रेजीमेंट में तैनात थे और वर्ष 2021 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। बताया जा रहा है कि सीमावर्ती इलाके में ड्यूटी के दौरान अचानक क्रॉस फायरिंग शुरू हो गई…जिसमें उन्हें गोली लगी। तुरंत सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया…लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें बचा नहीं सके।

सूरज सिंह का सपना था कि वो सेना में जाकर देश की सेवा करें और उन्होंने उसी सपने को जीते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। कुछ ही दिन पहले वे छुट्टी पर घर आए थे और हाल ही में ड्यूटी पर वापस लौटे थे। उनके शहीद होने की खबर जब गांव पहुंची…तो पूरा लालपुर शोक और गर्व की भावनाओं से भर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है…लेकिन उनकी आंखों में अपने बेटे की शहादत को लेकर अटूट गर्व भी झलक रहा था।

मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सूरज सिंह नेगी की शहादत पर शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा: जम्मू-कश्मीर के बारामूला क्षेत्र में मां भारती की सेवा करते हुए कोटद्वार के वीर पुत्र, राइफलमैन सूरज सिंह नेगी के शहीद होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। आपकी वीरता और बलिदान को नमन, आपकी शौर्यगाथा सदैव हमारी स्मृतियों में जीवंत रहेगी। विनम्र श्रद्धांजलि!

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार शहीद परिवार के साथ खड़ी है…और उनकी वीरगाथा को यादगार बनाया जाएगा।

सूरज सिंह नेगी का पार्थिव शरीर विशेष सैन्य विमान से उत्तराखंड लाया गया। कोटद्वार में हजारों लोगों की उपस्थिति में उन्हें अंतिम विदाई दी गई। सेना की टुकड़ी ने उन्हें गौरवशाली सलामी दी और पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

गांव के बुजुर्गों और युवाओं का कहना है कि सूरज बचपन से ही देशभक्ति की भावना से भरे हुए थे। उनकी शहादत गढ़वाल ही नहीं, पूरे उत्तराखंड का गौरव है।
आज जब देश अपने बहादुर जवानों को सलाम करता है…तो सूरज सिंह नेगी का नाम हमेशा के लिए अमर हो गया है।

सूरज सिंह नेगी भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनके बलिदान, साहस और देशभक्ति की मिसाल हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगी। उनकी शहादत हमें यह याद दिलाती है कि देश की सीमाएं तब तक सुरक्षित हैं…जब तक ऐसे सूरज अपनी जान हथेली पर लेकर खड़े हैं।

देहरादून में आज UPL का फिनाले! मैदान में क्रिकेट, मंच पर नोरा-बादशाह मचाएगे धूम!

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी आज एक बार फिर क्रिकेट और मनोरंजन के मेल की गवाह बनेगी। राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) सीजन टू का फाइनल मैच खेला जाएगा। शाम 3:30 बजे से शुरू होने वाले इस महामुकाबले में नैनीताल टाइगर्स और हरिद्वार हीरोज आमने-सामने होंगे।

क्रिकेट और कल्चर का धमाकेदार संगम

जहां एक ओर मैदान पर खिलाड़ियों के बल्ले और गेंद से जंग छिड़ेगी, वहीं मैदान के बाहर दर्शकों को म्यूज़िक, डांस और उत्तराखंड की संस्कृति का शानदार तड़का देखने को मिलेगा। मैच खत्म होने के बाद होने वाली क्लोजिंग सेरेमनी में बॉलीवुड के स्टार परफॉर्मर बादशाह और डांसिंग डीवा नोरा फतेही स्टेज पर धमाल मचाएंगे।

मिड इनिंग में ‘पांडवाज’ का लोकसंगीत का तड़का

इवेंट होस्ट कर रहे स्पार्क संस्था के संस्थापक राजीव खन्ना ने जानकारी दी कि मिड इनिंग ब्रेक के दौरान उत्तराखंड के फेमस लोक बैंड पांडवाज की प्रस्तुति होगी। पांडवाज आजकल युवाओं के बीच खासा लोकप्रिय हैं। उनकी लोकधुनों में पारंपरिक उत्तराखंडी संगीत की आधुनिक प्रस्तुति देखने को मिलती है..जो हर आयु वर्ग के लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ देती है।

राजीव खन्ना ने कहा कि उत्तराखंड प्रीमियर लीग सिर्फ क्रिकेट नहीं यह एक फेस्टिवल है। एक ऐसा मंच जहां उत्तराखंड का टैलेंट, संस्कृति और स्पोर्ट्स साथ-साथ चलते हैं। हम चाहते हैं कि स्थानीय लोग बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचे और इस खास मौके को सेलिब्रेट करें।

ओपनिंग सेरेमनी में कम दिखी भीड़, अब उम्मीदें क्लोजिंग से

यूपीएल की ओपनिंग सेरेमनी 27 सितंबर को हुई थी, जिसमें सिंगर नीति मोहन ने परफॉर्म किया था। लेकिन उस वक्त स्टेडियम में बहुत कम दर्शक पहुंचे थे। आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार बड़े कलाकारों और लोकल स्टार पांडवाज की मौजूदगी दर्शकों को स्टेडियम तक खींच लाएगी।

शाम को जमेगा रंग, देहरादून करेगा जश्न

मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी होगी और फिर स्टेज पर उतरेंगे नोरा और बादशाह। देहरादून की शाम आज सिर्फ क्रिकेट से नहीं, बल्कि गीत, संगीत और डांस से भी रोशन होगी।

तो तैयार हो जाइए देहरादून!
क्रिकेट का रोमांच और स्टार परफॉर्मेंस — सब एक साथ, एक ही शाम।

स्थान: राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, देहरादून
समय: फाइनल मैच – 3:30 PM से, क्लोजिंग सेरेमनी – मैच के बाद
परफॉर्मर्स: पांडवाज (मिड इनिंग), बादशाह और नोरा फतेही (फाइनल के बाद)

गृह क्षेत्र पहुंचे किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नेगी, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

नैनीताल: भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी का शुक्रवार को उनके गृह क्षेत्र चोपड़ा (ज्योलीकोट) पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक वंशीधर भगत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गृह क्षेत्र पहुंचे नेगी का भुजियाघाट, दो गांव, आमपड़ाव, ज्योलीकोट और चोपड़ा में स्थानीय कार्यकर्ताओं और जनता ने माल्यार्पण व पुष्पगुच्छ भेंट कर जोरदार स्वागत किया।

अपने संबोधन में महेंद्र सिंह नेगी ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे किसानों के हित में प्रदेश सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं।

विधायक वंशीधर भगत ने इस मौके पर कहा कि महेंद्र सिंह नेगी लंबे समय से भाजपा की नीतियों और संगठन के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके नेतृत्व में किसान मोर्चा किसानों को मजबूत और सशक्त बनाने की दिशा में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा।

कार्यक्रम में कमल जंतवाल, मनोज पांडे, पंकज सूर्या, गौरव रमोला, राहुल चौहान, मनोज नेगी, पान सिंह जीना, ललित मोहन जीना, प्रताप सिंह जीना स्वामी, प्रधान बीना जीना, शेखर भट्ट, हरगोविंद रावत, मुन्नी जीना, सांसद प्रतिनिधि पुष्कर जोशी, कैलाश जोशी, नवल कुमार, पूरन महरा, कंचन उप्रेती, दीपक सनवाल, हरीश सुनाल, बालम जीना, गोपाल जोशी, सौरभ बोरा, शांति फुलार, ऋतु बिष्ट, गंगा पंवार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।

उत्तराखंड: 6 अक्टूबर को होने वाली छात्रवृत्ति परीक्षा स्थगित, जानिए कारण

देहरादून: मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति परीक्षा जो राज्य के 347 परीक्षा केन्द्रों पर 6 अक्टूबर 2025 को आयोजित की जानी थी…अब स्थगित कर दी गई है। यह निर्णय राज्य मौसम विज्ञान केन्द्र, देहरादून द्वारा आगामी 6 और 7 अक्टूबर को प्रदेश के पांच जनपदों में आरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद लिया गया है। परीक्षार्थियों की सुरक्षा और किसी अप्रिय घटना से बचाव के लिए यह परीक्षा स्थगित की गई है।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी। सभी खण्ड शिक्षा एवं उप शिक्षा अधिकारियों तथा परीक्षा केन्द्र व्यवस्थापकों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। विशेष रूप से परीक्षा से जुड़े प्रश्न पत्र ओएमआर शीट समेत सभी परीक्षा सामग्री को किसी भी स्थिति में खोला नहीं जाना चाहिए और इसकी सुरक्षित रखरखाव सुनिश्चित करनी होगी।

यदि किसी परीक्षा केन्द्र पर सुरक्षा व्यवस्था उचित तरीके से नहीं की जा सके तो संबंधित परीक्षा सामग्री को खण्ड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय या किसी अन्य सुरक्षित शासकीय स्थान पर सुरक्षित रखा जाना अनिवार्य होगा। सुरक्षा में लापरवाही की स्थिति में संबंधित खण्ड शिक्षा अधिकारी जिम्मेदार ठहराए जाएंगे।

यह कदम परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और परीक्षार्थियों की सुरक्षा दोनों को ध्यान में रखकर उठाया गया है। विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों से अनुरोध किया है कि वे परीक्षा सामग्री की सुरक्षा और छात्रों की भलाई के लिए पूरी सतर्कता बरतें।

उत्तराखंड: फैशन शो के दौरान हुआ हंगामा, वजह जानकर रह जाएंगे दंग!

ऋषिकेश: देहरादून रोड स्थित एक होटल में दिवाली मेले की तैयारी के तहत चल रहे फैशन शो ऑडिशन पर हिंदू रक्षा संगठन के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध जताया। ऑडिशन में वेस्टर्न परिधान में युवतियां रैंप वॉक कर रही थीं..जिससे संगठन के सदस्यों को आपत्ति हुई। उन्होंने इसे संस्कृति और परंपराओं के खिलाफ बताया और कार्यक्रम को तत्काल बंद करने की मांग की।

इस दौरान आयोजकों और हिंदू रक्षा संगठन के सदस्यों के बीच तीखी बहस हुई..जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को देखते हुए आयोजकों ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर विवाद शांत कराया।

हिंदू रक्षा संगठन के अध्यक्ष राघवेंद्र ने कहा कि यह तीर्थनगरी है यहां छोटे कपड़ों में युवतियों का रैंप वॉक करवाना हमारी संस्कृति के खिलाफ है। वहीं क्लब अध्यक्ष पंकज चंदानी ने विरोध को निराधार बताया और कहा कि यह केवल एक फैशन शो का ऑडिशन था।

इसी बीच ऋषिकेश में भी मिस ऋषिकेश प्रतियोगिता के ऑडिशन को लेकर हंगामा हुआ। हिंदू शक्ति संगठन के अध्यक्ष राजू भटनागर ने ऑडिशन रोकने की मांग की और युवतियों को घर लौटने को कहा। आयोजकों और युवतियों ने इसका कड़ा विरोध करते हुए कहा कि यदि उनके अभिभावकों को कोई आपत्ति नहीं तो ये विरोध क्यों किया जा रहा है।

जडेजा और सिराज के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज को हराया

IND vs WI: भारत ने रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज की शानदार गेंदबाजी के दम पर पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन वेस्टइंडीज को करारी हार दी। भारत ने वेस्टइंडीज को अपनी पहली पारी और 140 रनों से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

दिन की शुरुआत से पहले भारत ने अपनी पहली पारी 5 विकेट पर 448 रन पर घोषित की थी, जिससे उसे 286 रनों की मजबूत बढ़त मिली थी। इसके बाद वेस्टइंडीज की टीम पूरी दूसरी पारी 146 रन पर ही सिमट गई और मैच समाप्त हो गया।

भारत के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने अपनी बल्लेबाजी के अलावा गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया। उन्होंने पहली पारी में नाबाद शतक लगाया और दूसरी पारी में चार विकेट झटके। मोहम्मद सिराज ने भी तीन विकेट लिए। कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को दो विकेट मिले…जबकि वाशिंगटन सुंदर ने एक सफलता हासिल की। जसप्रीत बुमराह इस बार विकेट लेने में नाकाम रहे।

वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी दोनों पारियों में कमजोर साबित हुई। दूसरी पारी में एलिका अथानाजे ने सबसे अधिक 38 रन बनाए। इसके अलावा जस्टिन ग्रीव्स ने 25, जेडन सील्स ने 22, जोहान लेन और जॉन कैंबेल ने समान रूप से 14-14 रन बनाए। बाकी बल्लेबाज खास योगदान नहीं दे सके। खैरी पियरे 13 रन बनाकर नाबाद रहे।

इस शानदार प्रदर्शन के साथ भारत ने घरेलू मैदान पर अपनी पकड़ मजबूत की है और सीरीज में बढ़त हासिल कर उत्साह बढ़ा लिया है।