युवाओं संग धामी की मुलाकात, सीएम धामी बोले, भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार व नकल पर जीरो टॉलरेंस

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड बेरोजगार संघ एवं तकनीकी डिप्लोमा धारक छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधियों ने हाल ही में परीक्षा रद्द करने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए पारदर्शिता और निष्पक्षता को प्राथमिकता दी है।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार योग्यता आधारित और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार, नकल या किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लागू नकल विरोधी कानून ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वास को नई मजबूती दी है। अब यदि कोई व्यक्ति या संगठन परीक्षा को प्रभावित करने का प्रयास करेगा, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

धामी ने कहा कि युवाओं की मेहनत और प्रतिभा उत्तराखंड की सबसे बड़ी पूंजी है, और सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि किसी भी पात्र अभ्यर्थी के साथ अन्याय न हो। उन्होंने जोड़ा कि निष्पक्ष अवसर और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुशासन की पहचान है, और राज्य सरकार इसी दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

संघ के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि भविष्य की परीक्षाओं में नकल-रोधी व्यवस्थाओं को और सशक्त बनाया जाए तथा भर्ती प्रक्रिया को निश्चित समय सीमा में पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री ने इन सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं का विश्वास बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष श्री राम कंडवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य बिंदु:

परीक्षा रद्द होने पर बेरोजगार संघ ने मुख्यमंत्री का जताया आभार।

सरकार ने युवाओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए पारदर्शी निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री बोले — भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार और नकल पर जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी।

योग्यता और पारदर्शिता आधारित भर्ती प्रक्रिया के लिए सरकार प्रतिबद्ध।

नकल विरोधी कानून से परीक्षा प्रक्रिया में आया विश्वास और पारदर्शिता।

भारतीय सेना में ग्रुप C पदों पर निकली भर्ती, आवेदन शुरू

Indian Army Recruitment 2025: इंडियन आर्मी में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। सेना के इलेक्ट्रॉनिक्स और मैकेनिकल इंजीनियर्स महानिदेशालय (DG EME) ने ग्रुप C के कुल 69 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती में मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS), लोवर डिवीजन क्लर्क, धोबी, स्टेनोग्राफर ग्रेड 2 और जूनियर टेक्निकल क्लर्क ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर के पद शामिल हैं।

पदों की जानकारी:

मल्टी टास्किंग स्टाफ: 35 पद

लोवर डिवीजन क्लर्क: 25 पद

धोबी: 14 पद

स्टेनोग्राफर ग्रेड 2: 2 पद

जूनियर टेक्निकल क्लर्क ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर: 2 पद

आयु सीमा:

MTS, LDC, धोबी, स्टेनोग्राफर: 18 से 25 वर्ष

जूनियर टेक्निकल क्लर्क: 21 से 30 वर्ष

आवेदन प्रक्रिया:

आवेदन शुरू: 11 अक्टूबर 2025

आवेदन समाप्ति: 15 नवंबर 2025

आवेदन शुल्क: कोई फीस नहीं

आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से किया जा सकता है।

कैसे करें आवेदन:

इंडियन आर्मी की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जाएं।

‘Recruitment’ या ‘What’s New’ सेक्शन में DG EME Group C Recruitment 2025 लिंक खोजें।

नोटिफिकेशन पढ़ें और आवेदन फॉर्म भरें।

फोटोग्राफ, सिग्नेचर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।

फॉर्म अच्छी तरह चेक करने के बाद सबमिट करें।

फॉर्म की कॉपी डाउनलोड करना न भूलें।

चयन प्रक्रिया:

रिटेन परीक्षा

स्किल टेस्ट

डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन

मेडिकल टेस्ट

अंतिम चयन के बाद ज्वाइनिंग

उत्तराखंड: दिवाली और भाईदूज पर परिवहन निगम चलाएगा 200 एक्स्ट्रा बसें

देहरादून: दीपावली की छुट्टियों में घर जाने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रेलवे और बस सेवाओं पर दबाव बढ़ गया है। ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 200 से ऊपर पहुंच चुकी है…जबकि बसों में ऑनलाइन टिकट बुकिंग पूरी तरह फुल हो गई है।

इस बार दीपावली पर 19 से 23 अक्टूबर तक छुट्टियों का सिलसिला रहेगा…जिस कारण लोगों ने पहले से ही ट्रेन और बस टिकट बुक कर लिए हैं।

स्थिति को देखते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम ने 200 अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है। परिवहन निगम के महाप्रबंधक क्रांति सिंह ने कहा कि जिन बसों की मरम्मत चल रही है…उन्हें भी जल्द तैयार कर रूटों पर भेजा जाएगा।

वोल्वो, सुपर डीलक्स और एसी बसों में कोई सीट खाली नहीं है। अब केवल साधारण बसों में टिकट उपलब्ध हैं…जिनकी बुकिंग शुरू कर दी गई है।

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे बिना टिकट यात्रा की योजना न बनाएं और समय रहते सीट बुक कर लें…ताकि किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।

दुखद खबर: तेज रफ्तार कार ने भाजपा नेता को मारी टक्कर, मौत !

देहरादून: राजधानी देहरादून में शनिवार की रात एक दर्दनाक हादसे ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया। शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूड्स चौक पर तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में डीएवी पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष और युवा भाजपा नेता जितेंद्र सिंह बिष्ट की मौके पर मौत हो गई…जबकि उनके एक साथी ऋतिक गंभीर रूप से घायल हो गए।

जिस वक्त हादसा हुआ उस समय जितेंद्र अपने दोस्तों के साथ वासु का जन्मदिन मनाकर ऑफिस से बाहर निकले ही थे। जन्मदिन का जश्न खत्म हुआ ही था कि चंद सेकंड में सबकुछ बदल गया।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, बुड्ढी गांव निवासी मुजम्मिल ने अपनी कार वसीम के वर्कशॉप में रिपेयर के लिए दी थी। शनिवार रात वर्कशॉप में काम करने वाला अब्बू नामक युवक कार की मेंटेनेंस जांचने के बहाने गाड़ी को बाहर ले आया। इसी दौरान वह तेज रफ्तार से सेंट ज्यूड्स चौक से ट्रांसपोर्ट नगर की ओर बढ़ रहा था।

उधर, वासु का बर्थडे मनाकर लौट रहे जितेंद्र और उनके दोस्त ऋतिक, ओमी सजवान और वैभव रावत ऑफिस से बाहर निकल ही रहे थे कि तेज रफ्तार कार ने सीधे उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि जितेंद्र कार के नीचे दब गए। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। ऋतिक की हालत गंभीर बनी हुई है।

सूचना मिलते ही पटेल नगर कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची…लेकिन तब तक छात्र संघ से जुड़े कई युवा भी वहां एकत्र हो चुके थे। नाराज़ छात्रों ने घटनास्थल पर हंगामा शुरू कर दिया…जिसे पुलिस ने किसी तरह शांत कराया।

जितेंद्र सिंह बिष्ट साल 2018 में एबीवीपी से डीएवी पीजी कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष चुने गए थे। वर्तमान में वह भाजपा महानगर इकाई में महामंत्री के पद पर कार्यरत थे। उनका यूं असमय जाना देहरादून की छात्र और राजनीतिक बिरादरी के लिए गहरा झटका है।

पुलिस ने हादसे में इस्तेमाल कार को कब्जे में ले लिया है। साथ ही वर्कशॉप के मालिक वसीम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फरार चालक अब्बू की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

कोतवाली प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

उत्तराखंड: चलती कार में ड्राइवर को पड़ा दिल का दौरा, फिर भी बच गई चार ज़िंदगियां – कैसे? पढ़िए

मसूरी: पर्यटन नगरी मसूरी के नजदीक एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब धनौल्टी से लौट रहे एक टैक्सी चालक को अचानक दिल का दौरा पड़ गया। घटना उस वक्त हुई जब चालक कार चला रहा था, जिससे गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पैराफिट से टकरा गई। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई…हालांकि गाड़ी में सवार चार पर्यटक पूरी तरह सुरक्षित बच गए।

यह दुर्घटना टिहरी बाईपास मार्ग पर लक्ष्मणपुरी क्षेत्र में नगर पालिका परिषद के कूड़ा कलेक्टिंग सेंटर के पास हुई। हादसे के तुरंत बाद चालक को 108 एंबुलेंस के जरिए उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान हरिद्वार निवासी कपिल अरोड़ा (उम्र करीब 40 वर्ष), पुत्र स्व. अनिल अरोड़ा के रूप में हुई है। कपिल स्विफ्ट डिज़ायर टैक्सी (यूके08-टीए-6149) चला रहे थे और धनौल्टी से देहरादून होते हुए हरिद्वार लौट रहे थे।

आखिरी पलों में दिखाई सूझबूझ

कार में सवार पश्चिम बंगाल से आए पर्यटकों ने बताया कि चलती गाड़ी में ही कपिल को चक्कर जैसा महसूस हुआ। इसके बाद उन्होंने किसी तरह खुद को संभालते हुए गाड़ी को साइड में लगाने की कोशिश की, जिससे कार पैराफिट से टकरा गई। अगर चालक ने सूझबूझ न दिखाई होती, तो कार सीधे गहरी खाई में गिर सकती थी और एक बड़ा हादसा हो सकता था।

पर्यटक सुरक्षित, भेजे गए हरिद्वार

कार में सवार सभी पर्यटक पश्चिम बंगाल के निवासी हैं, जिनमें पुरबस्त हल, डाइसेल, पूरतराड़ निवासी राजेल मुखर्जी (उम्र 45 वर्ष), ढंगन निवासी अनकटी नाथ, पुत्र आलोक नाथ और शेम नाथ गराई शामिल हैं। सभी को मसूरी पुलिस द्वारा सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें अन्य वाहन से हरिद्वार भेज दिया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

मसूरी पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला स्वाभाविक मृत्यु (दिल का दौरा) का प्रतीत होता है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

सीएम धामी का युवाओं के लिए फैसला, UKSSSC स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा रद्द

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक बार फिर अपने निर्णायक और युवा हितैषी नेतृत्व का उदाहरण पेश किया है। 21 सितंबर को सामने आए यूकेएसएसएससी पेपर लीक प्रकरण पर युवाओं के आक्रोश को गंभीरता से लेते हुए सीएम धामी ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने न सिर्फ छात्रों की बात सुनी, बल्कि 10 दिन के भीतर ही परीक्षा को रद्द कर पुनः परीक्षा आयोजित करने के निर्देश जारी कर दिए।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि पुनः आयोजित की जाने वाली परीक्षा में केवल वही अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिन्होंने पहले यह परीक्षा दी थी। इसके साथ ही, उनकी परीक्षा शुल्क का संपूर्ण वहन राज्य सरकार करेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी सुनिश्चित किया है कि इस परीक्षा का कार्यक्रम अन्य भर्ती परीक्षाओं को प्रभावित नहीं करेगा।

यह निर्णय एक बार फिर साबित करता है कि सीएम धामी युवाओं की भावनाओं और उनके भविष्य के प्रति संवेदनशील हैं। पेपर लीक के बाद जब प्रदेशभर में छात्र प्रदर्शन कर रहे थे, तब मुख्यमंत्री खुद परेड ग्राउंड के धरना स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारी युवाओं से संवाद किया था — राज्य के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब कोई मुख्यमंत्री धरना स्थल पर जाकर छात्रों से सीधे वार्ता करने पहुंचा हो।

मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं को भरोसा दिलाया था कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होगी। इसी दिशा में सरकार ने तत्काल एसआईटी का गठन किया और जांच आयोग बनाया। आयोग की रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया गया।

सीएम धामी ने कहा कि “उत्तराखंड में छात्रों और युवाओं के हित सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। राज्य सरकार किसी भी कीमत पर परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता से समझौता नहीं करेगी। हर छात्र को निष्पक्ष अवसर और भरोसेमंद भर्ती प्रक्रिया देना हमारी प्रतिबद्धता है।”

पिछले चार वर्षों में 25,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्ति दिलाना और नई भर्तियों के द्वार खोलना इस बात का प्रमाण है कि धामी सरकार वास्तव में युवा केंद्रित है।

सीएम धामी का यह निर्णय न केवल युवाओं के विश्वास को पुनः स्थापित करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि उत्तराखंड में नेतृत्व केवल आदेश देने वाला नहीं, बल्कि युवाओं की आकांक्षाओं और भविष्य की जिम्मेदारी समझने वाला भी है।

उत्तराखंड ओपन विश्वविद्यालय में प्रवेश की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर, जल्द करें आवेदन

Uttarakhand: Open University: Online Admission: उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर 2025 निर्धारित की है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तिथि के बाद प्रवेश तिथि में किसी भी प्रकार का विस्तार नहीं किया जाएगा

कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने जानकारी दी कि सभी इच्छुक छात्र-छात्राएँ तथा पूर्व पंजीकृत विद्यार्थी अपने अगले सत्र या कक्षा में 13 अक्टूबर तक प्रवेश अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कर लें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए प्रवेश प्रक्रिया काफी पहले शुरू कर दी गई थी, इसलिए किसी को भी अंतिम समय तक प्रतीक्षा नहीं करनी चाहिए।

कुलपति ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे समय पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें, ताकि आगामी शैक्षणिक गतिविधियों में किसी प्रकार की बाधा या असुविधा का सामना न करना पड़े।

गौरतलब है कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय राज्य का एकमात्र मुक्त शिक्षा संस्थान है, जो विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों के माध्यम से उच्च शिक्षा के अवसर प्रदान करता है।

पहली बार भाग लेकर रुद्रप्रयाग की टीम ने बॉक्सिंग में पदक जीतकर बनाया इतिहास

रुद्रप्रयाग: जनपद रुद्रप्रयाग के खिलाड़ियों ने पहली बार विद्यालयी राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर इतिहास रच दिया है। हल्द्वानी में 6 से 10 अक्टूबर 2025 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में रुद्रप्रयाग के तीन खिलाड़ियों ने भाग लिया और टीम ने दो कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।

प्रतिभागी खिलाड़ियों में प्रत्युष नेगी और कार्तिक राणा ने अपने दमदार प्रदर्शन से कांस्य पदक हासिल किए, जबकि आदित्य राज ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन कर सबका दिल जीत लिया। इस उपलब्धि के पीछे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत के साथ-साथ टीम मैनेजर कुलदीप सिंह नेगी और कोच उदय प्रताप सिंह बर्त्वाल का मार्गदर्शन अहम रहा।

जिला क्रीड़ा समन्वयक शिव सिंह नेगी ने इस टीम को भेजने के लिए अथक प्रयास किया..जिनके प्रयासों ने टीम को सफलता दिलाई। टीम मैनेजर और कोच ने बताया कि मुख्य शिक्षा अधिकारी पीके बिष्ट के सहयोग और समर्थन से यह सफलता संभव हो सकी।

रुद्रप्रयाग में इस उपलब्धि से खुशी की लहर दौड़ गई है और खेल जगत इसे जिले के लिए ऐतिहासिक सफलता मान रहा है। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, रुद्रप्रयाग विधायक भरत चौधरी, जिपंअ पूनम कठैत, उत्तराखण्ड महिला आयोग की उपाध्यक्ष शैलपुत्री ऐश्वर्या रावत, नपं अध्यक्ष राजेन्द्र गोस्वामी समेत अनेक गणमान्य खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों, कोच और मैनेजर को बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभ्कमानें कामनाएं दी हैं।

बता दें कि हाल ही में रामनगर में आयोजित बॉक्सिंग ट्रायल में भी उत्तराखंड के पांच खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय फेडरेशन कप पुरुष वर्ग में हुआ था…जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से 36 बॉक्सर हिस्सा ले रहे थे।

प्रेमिका को पानी पिलाने पहुंचा प्रेमी, गांव वालों ने उतार दी ‘मोहब्बत की गर्मी’!

बाराबंकी(उत्तरप्रदेश): करवाचौथ का त्यौहार नारी शक्ति के त्याग, समर्पण और प्रेम का प्रतीक है। हर साल इस दिन विवाहित महिलाएं अपने पति की दीर्घायु और सुख-समृद्धि के लिए निर्जला व्रत रखकर त्‍योहार मनाती हैं…लेकिन करवाचौथ पर उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से ऐसा मामला सामने आया जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। 

करवाचौथ पर प्रमिका का व्रत खुलवाने पहुंचा था प्रेमी

करवा चौथ पर यूपी के बाराबंकी में एक प्रेमिका ने अपने प्रेमी के लिए व्रत रखा। शाम को प्रेमिका का व्रत खुलवाने के लिए प्रेमी उसके गांव पहुंचा…लेकिन प्रेमिका को पानी पिलाकर व्रत खुलवा रहे प्रेमी को युवती के घरवालों ने पकड़ लिया। घरवालों और गांववालों ने कुछ नहीं सोचा और प्रेमी की जमकर धुनाई कर दी। 

गांव वालों ने पकड़कर प्रेमी की कर दी धुनाई

गांववालों ने प्रेमी को इतना पीटा कि उसकी पीठ और शरीर के कई हिस्सों में डंडे के लाल निशान छप गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची और युवक को बचाकर अस्पताल पहुंचाया। मिली जानकारी के मुताबिक प्रेमी बाराबंकी के ही लोनी कटरा थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है और उसका नाम शुभम है। अस्पताल में उसने बताया कि उसकी इंस्टग्राम के जरिए युवती से दोस्ती हुई थी। दोनों की बातचीत होने लगी और धीरे-धीरे उनका प्रेम गहरा हो गया। युवती ने करवाचौथ पर उसके लिए व्रत रखा था…और उसे व्रत खुलाने के लिए बुलाया। 

प्रेमिका के बुलाने पर वो घर से शाम को देवा मेला जाने की बात कहकर निकला। लेकिन मेला ना जाकर प्रेमिका का व्रत खुलवाने के लिए पहुंच गया। रात आठ बजे जब गांव किनारे एक बाग में वो प्रेमिका को पानी पिलाकर व्रत खुलवा रहा था तो उसी समय युवती के परिजन और गांव वाले वहां आ गए और उसकी पिटाई कर दी। युवक ने बताया कि युवती बोलती रही कि वो उसके बुलाने पर आया है उसकी कोई गलती नहीं लेकिन लोगों ने एक ना सुनी। युवक ने बताया कि लोग ये कहते हुए उसकी पिटाई कर रहे थे कि इतना मारो कि मोहब्बत का भूत उतर जाए। इसी बीच वहां पहुंचे एक बुजुर्ग ने पुलिस को फोन कर उसकी जान बचाई।