कुसुमखेड़ा स्थित राधिका ज्वेलर्स में चोरी, रात की गश्त पर अब उठे सवाल !

हल्द्वानी: शहर के मुखानी थाना क्षेत्र में एक चोरी का मामला सामने आया है। ताजा मामला कुसुमखेड़ा इलाके का है, जहां देर रात चोरों ने एक ज्वेलरी शोरूम में सेंध लगाकर सोने और चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुसुमखेड़ा स्थित राधिका ज्वेलर्स को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोर दुकान के पीछे मौजूद रास्ते से अंदर दाखिल हुए। दुकान के पास चल रहे निर्माण कार्य का फायदा उठाते हुए उन्होंने पहले से पूरी योजना बनाई और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।

सुबह जब दुकान स्वामी वहां पहुंचे तो शटर की स्थिति संदिग्ध लगी। अंदर जांच करने पर चोरी का खुलासा हुआ, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस चोरी की घटना से व्यापारियों में दहशत का माहौल है, वहीं लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

मैदानी क्षेत्रों में ठंड के साथ बढ़ा कोहरा, काठगोदाम और हल्द्वानी के रेल यात्री परेशान

Haldwani : TrainDelay : BaghExpress : FogImpact : RailwayNews : TravelUpdate : KashgodamStation : मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे के कारण बाघ एक्सप्रेस ट्रेन की रफ्तार शुक्रवार को काफी धीमी रही। ट्रेन निर्धारित समय से साढ़े चार घंटे लेट होकर काठगोदाम रेलवे स्टेशन पहुंची….जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बाघ एक्सप्रेस ट्रेन कोलकाता के हावड़ा स्टेशन से चलकर बिहार और उत्तरप्रदेश के कई जिलों से होकर काठगोदाम तक जाती है। काठगोदाम पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 9:30 बजे था….लेकिन शुक्रवार को यह ट्रेन दोपहर करीब 2:10 बजे स्टेशन पर पहुंची।

स्टेशन अधीक्षक डीएस बोरा ने कहा कि कोहरे के कारण ट्रेन को कई बार रुक-रुक कर चलना पड़ा। इसके अलावा हावड़ा से काठगोदाम का लंबा सफर भी लेट पहुंचने का कारण रहा। हालांकि काठगोदाम से ट्रेन को निर्धारित समय पर रवाना किया जाएगा।

यात्रीगण मौसम की स्थिति को देखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं और रेलवे अधिकारियों से ताजा जानकारी लेते रहें।

पूरे उत्तराखंड में चर्चा का विषय बना हल्द्वानी में खुला Gen-Z पोस्ट ऑफिस, क्या है खासियत

GenZPostOffice : DigitalIndia : ModernPostalServices : IndianPost : YouthEngagemen : Haldwani  : Uttarakhand News : कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में भारतीय डाक विभाग ने एक नई पहल शुरू करते हुए उत्तराखंड का दूसरा Gen-Z पोस्ट ऑफिस खोला है। एमबीपीजी कॉलेज परिसर में आयोजित शुभारंभ समारोह में डाक सेवा निदेशक उत्तराखंड परिमंडल अनसूया प्रसाद चमोला ने पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन किया।

इस नई पहल का उद्देश्य भारतीय डाक सेवाओं को आधुनिक बनाना और युवा पीढ़ी को इसके साथ जोड़ना है। Gen-Z पोस्ट ऑफिस में युवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए फ्री वाई-फाई, कैफे, मिनी लाइब्रेरी, डिजिटल भुगतान की सुविधा और इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। यह केंद्र पारंपरिक डाक सेवाओं के साथ-साथ आधुनिक और नवाचार आधारित गतिविधियों का केंद्र भी बनेगा।

अनसूया प्रसाद चमोला ने कहा कि केंद्र सरकार डाक सेवाओं को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों दोनों में मजबूत करने के प्रयास कर रही है। उत्तराखंड में कुल 7 नए Gen-Z पोस्ट ऑफिस खोले जाएंगे, जिनमें पहला पौड़ी के जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज में और दूसरा हल्द्वानी में खोला गया है।

इन पोस्ट ऑफिसों को शिक्षण संस्थानों के परिसर में स्थापित किया गया है ताकि नई पीढ़ी को आकर्षित किया जा सके। यहाँ युवाओं के लिए वाई-फाई और कैफे जैसी आधुनिक सुविधाएँ भी उपलब्ध होंगी…..जिससे यह केंद्र तकनीकी और नवाचार के लिहाज से अत्यंत प्रासंगिक बनेगा।

हल्द्वानी के कई क्षेत्रों में होगा निशुल्क उपचार, आयुष्मान आरोग्य मंदि का संचालन शुरू

Urban Health : Wellness Center : Ayushman Arogya Mandir : Free Medical Services : Haldwani  : Uttarakhand News : नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर रोड, देवलचौड़ और गौजाजाली में अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर “आयुष्मान आरोग्य मंदिर” का शुभारंभ महापौर गजराज बिष्ट द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और क्षेत्रवासी भी मौजूद रहे।

महापौर गजराज बिष्ट ने कहा कि हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में कुल 10 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर प्रशिक्षित एमबीबीएस चिकित्सकों की टीम प्रतिदिन सामान्य रोगों की जांच, परामर्श और उपचार की निःशुल्क सुविधाएँ प्रदान करेगी।

उन्होंने बताया कि इन स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाइयाँ, गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, बच्चों का टीकाकरण, वरिष्ठ नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच और एनसीडी (हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं कैंसर) की प्राथमिक जांच और परामर्श की सुविधाएँ भी उपलब्ध होंगी। इन सभी सेवाओं के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

महापौर ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर राज्य सरकार और नगर निकाय की संयुक्त पहल हैं…जिनका उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में आम नागरिकों को घर के पास सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना है। इस पहल से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती सुनिश्चित होगी।

उत्तराखंड: सबसे बड़े सफल रेस्क्यू ऑपरेशन को स्क्रीन पर देखेगी दुनिया…

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को निर्देशक ऋषभ कोहली और प्रशांत उपाध्याय के निर्देशन में परिवर्तन पिक्चर के बैनर तले बनी डॉक्यूमेंट्री ‘द ग्रेट हिमालयन रेस्क्यू’ उत्तराखंड के टीज़र और पोस्टर का विमोचन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ‘द ग्रेट हिमालयन रेस्क्यू’ डॉक्यूमेंट्री में सामूहिक प्रयास और मानवीय संवेदनाओं का जीवंत चित्रण किया गया है। उन्होंने कहा कि सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन उत्तराखंड के इतिहास में एक प्रेरणादायक अध्याय बन चुका है, जहां सभी एजेंसियों, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने अभूतपूर्व समन्वय के साथ कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से लोग इस अभियान में तकनीकी दक्षता और राज्य के जज़्बे की झलक देखेंगे। यह फिल्म उत्तराखंड की ‘संकल्प और सेवा’ की भावना का प्रतीक है और युवा पीढ़ी को कठिन परिस्थितियों में धैर्य और कर्मनिष्ठा का संदेश देगी।

डॉक्यूमेंट्री के निर्देशक ऋषभ कोहली ने बताया कि यह फिल्म सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन पर आधारित है, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इस ऐतिहासिक बचाव अभियान की कहानी को विस्तार से साझा करते हैं। उन्होंने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री न केवल तकनीकी चुनौतियों और मानव जुझारूपन को दर्शाती है, बल्कि उत्तराखंड की जड़ों, भावनाओं और नेतृत्व की सच्ची तस्वीर भी प्रस्तुत करती है। फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड में की गई है और इसे शीघ्र ही एक बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जाएगा।

इस मौके पर उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के सीईओ बंशीधर तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार अनुपम त्रिवेदी, उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के चेयरमैन शादाब शम्स, फिल्म के निर्देशक ऋषभ कोहली, उनके पिता एवं वरिष्ठ पत्रकार नीरज कोहली सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सीएम धामी का पुलिस स्टेशन में औचक निरीक्षण, थानेदार की बढ़ गई मुसीबत !

Dehradun: Cm Dhami: Police: Inspection: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित डालनवाला पुलिस स्टेशन के औचक निरीक्षण के दौरान थानेदार के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से उन्हें लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था और जनसेवा जैसे संवेदनशील दायित्वों में किसी भी स्तर की लापरवाही अक्षम्य अपराध है और ऐसे मामलों में तत्काल एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी।

विभिन्न बैठकों के उपरांत मुख्यमंत्री धामी अचानक पुलिस स्टेशन पहुंचे और वहां की संपूर्ण कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मौके पर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आई।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस स्टेशन में आए कई शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को औपचारिकता नहीं बल्कि उत्तरदायित्व समझकर दर्ज किया जाए तथा उनका तत्काल, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री महिला हेल्प डेस्क पर भी पहुंचे और वहां मौजूद महिला फरियादियों से बातचीत कर उनकी शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, गोपनीयता और त्वरित कार्रवाई को अनिवार्य बताते हुए किसी भी प्रकार की ढिलाई पर सख़्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

मुख्यमंत्री ने एफआईआर रजिस्टर का विस्तृत निरीक्षण करते हुए दर्ज मामलों पर की गई कार्रवाई, फॉलोअप की स्थिति तथा लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने ड्यूटी रजिस्टर और उपस्थिति रजिस्टर का भी निरीक्षण कर कर्मियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने थाने में स्थित कारागार में गंदगी और अव्यवस्था पर गहरी नाराज़गी व्यक्त की और तत्काल समुचित साफ-सफाई एवं मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने की स्थिति ही शासन-प्रशासन की कार्यसंस्कृति को दर्शाती है।

मुख्यमंत्री ने वाहन जांच अभियान, वेरिफिकेशन ड्राइव तथा अपराध नियंत्रण को लेकर चल रही कार्रवाई की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि इन अभियानों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था पर गंभीर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करने के आदेश दिए।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून तत्काल पुलिस स्टेशन पहुंचे और मौके पर स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का सख़्त शब्दों में कहा कि “ कानून व्यवस्था से जुड़ा प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जनता के प्रति जवाबदेह है। जनसेवा में लापरवाही, अनुशासनहीनता या संवेदनहीनता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनहित में सख़्त से सख़्त कार्रवाई करने से सरकार पीछे नहीं हटेगी।”

उत्तराखंड में कोहरा और यात्री परेशान, सात घंटे देरी से पहुंची गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन

DenseFog : TrainDelays : Dehradun : WeatherUpdate : Uttarakhand : Uttarakhand News : प्रदेश में घने कोहरे ने मैदानी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों की परेशानी बढ़ा दी है। दृश्यता कम होने के कारण ट्रेनों का समय से संचालन बाधित हुआ है….कई ट्रेनें रद्द हुई हैं और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

गुरुवार को देहरादून रेलवे स्टेशन पर यात्री ट्रेनों के देर से आने के कारण परेशान नजर आए। कई लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए प्राइवेट बस और अन्य परिवहन साधनों का सहारा लेने को मजबूर हुए। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को पहले ही सलाह दी थी कि कोहरे के चलते यात्रा से पहले समय और स्थिति की जानकारी अवश्य लें।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, देहरादून स्टेशन से कुल 18 ट्रेनों का संचालन होता है। इनमें लिंक एक्सप्रेस (14113) अपनी निर्धारित समय 12:20 बजे की बजाय पांच घंटे देरी से पहुंची। रफ्ती गंगा एक्सप्रेस (15005) सात घंटे विलंब से पहुंची….जबकि कुंभ एक्सप्रेस (12369) तीन घंटे देर से स्टेशन पर आई। मुजफ्फरपुर से आने वाली गोरखपुर-देहरादून एक्सप्रेस (5001) अपने निर्धारित समय 15:15 बजे की बजाय करीब सात घंटे देरी से रवाना हुई।

रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बार-बार इंक्वायरी सेंटर पर जानकारी लेनी पड़ी और कोहरे के बढ़ते प्रभाव के कारण आने वाले दिनों में ट्रेनों का संचालन और अधिक प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है।

हल्द्वानी के प्रेमपुर लोशज्ञानी आकाश गोस्वामी बनें भारतीय सेना में ऑफिसर

Haldwani : Uttarakhand : IndianArmy : NDA : Inspiration : Uttarakhand News : प्रेमपुर लोशयानी निवासी आकाश गोस्वामी ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और संकल्प के बल पर भारतीय सेना में अधिकारी बनकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।

आकाश के पिता पुष्कर नाथ गोस्वामी मूल रूप से बागेश्वर जिले के भेरू चौबटा गांव के निवासी हैं और वर्तमान में उत्तराखंड पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने बेटे को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया।

आकाश ने प्रारंभिक शिक्षा हल्द्वानी स्थित बिरला स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में अध्ययन किया….जहां अनुशासन और सैन्य परिवेश ने उनके लक्ष्य को और मजबूत किया। कठिन प्रतिस्पर्धा को पार करते हुए आकाश ने NDA परीक्षा उत्तीर्ण की और सैन्य प्रशिक्षण पूरा कर देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) की प्रतिष्ठित पासिंग आउट परेड में भाग लिया।

पासिंग आउट परेड के ऐतिहासिक मौके पर उनके माता-पिता भी उपस्थित थे और अपने बेटे को सेना की वर्दी में अधिकारी बनते देखकर भावुक हो उठे।

आकाश गोस्वामी की यह उपलब्धि युवाओं के लिए संदेश है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से साधारण पृष्ठभूमि से भी देश सेवा के शिखर तक पहुँचा जा सकता है।

पहाड़ों में बारिश से तापमान में गिरावट, मैदानों में कोहरे से बढ़ेगी ठंड

Haldwani : Uttarakhand : WeatherUpdate : Fog : ColdWave : Uttarakhand News : दिसंबर के तीसरे सप्ताह में उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है और कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में सुबह-सुबह घना कोहरा देखा जा रहा है…जिससे विज़िबिलिटी प्रभावित हो रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार तराई और भाबर के इलाकों में अगले दो दिन घने कोहरे का असर रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम बदल सकता है और 20 व 21 दिसंबर को बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश का असर मैदान में ठंड बढ़ने के रूप में देखा जा सकता है।

कुमाऊं के पिथौरागढ़ जिले में अगले दो दिन बारिश होने की संभावना है….जबकि नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के मैदानी हिस्सों में भी कोहरे का असर बना रह सकता है। उसके बाद कुछ दिनों के लिए मौसम में थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने लोगों से सलाह दी है कि कोहरे और ठंड के समय सड़क पर सावधानी बरती जाए और जरूरी होने पर ही बाहर निकला जाए।

टिहरी के मूल निवासी मयंक रावत का IPL 2026 के लिए हुआ चयन

IPL-2026 : Mumbai Indians : Mayank Rawat : Uttarakhand News : उत्तराखंड के टिहरी जनपद की खास पट्टी अंतर्गत ग्रामसभा गडोलिया के युवा क्रिकेटर मयंक रावत का चयन इंडियन प्रीमियर लीग आईपीएल-2026 के लिए मुंबई इंडियंस में हुआ है। यह उपलब्धि न केवल टिहरी, बल्कि पूरे उत्तराखंड, खासतौर पर जाखणीधार विकासखंड के लिए गर्व का विषय है।

16 दिसंबर 2025 को आयोजित IPL-2026 मिनी ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली के इस अनकैप्ड आलराउंडर को उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में खरीदा। मयंक को अब अपना पहला IPL कॉन्ट्रैक्ट मिला और वह मुंबई इंडियंस की 25 सदस्यीय स्क्वाड का हिस्सा बन गए हैं। आगामी IPL-2026 में उन्हें रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलेगा।

मयंक रावत दाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज होने के साथ ही उपयोगी ऑफ-स्पिन गेंदबाज भी हैं। उनका जन्म टिहरी गढ़वाल में हुआ…लेकिन क्रिकेट करियर उन्होंने दिल्ली से संवारा। मयंक दिल्ली रणजी ट्रॉफी टीम का हिस्सा भी रहे हैं और 2024-25 सत्र में एक मुकाबला खेल चुके हैं। असली पहचान उन्हें दिल्ली प्रीमियर लीग-2024 से मिली, जहां उन्होंने ईस्ट दिल्ली राइडर्स की ओर से 7 पारियों में 289 रन बनाए और 11 विकेट लिए।

फाइनल मुकाबले में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ के खिलाफ उन्होंने नाबाद 78 रन (39 गेंद, 7 चौके, 6 छक्के) की तूफानी पारी खेली और अंतिम ओवर में आयुष बडोनी को लगातार 5 छक्के जड़कर अपनी टीम को चैंपियन बनाया। इसी प्रदर्शन ने मुंबई इंडियंस के स्काउट्स को प्रभावित किया और उन्हें IPL का टिकट दिलाया। मयंक मिडिल ऑर्डर में फिनिशर के रूप में जाने जाते हैं और स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक खेल के लिए प्रसिद्ध हैं।

मयंक के चयन पर उनके पिता राम सिंह रावत सहित पूरे परिवार को क्षेत्रवासियों ने बधाइयां दी हैं। कमल सिंह बागड़ी और अन्य ने इसे खास पट्टी के लिए गर्व की बात बताया। पहाड़ों से निकलकर देश की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग तक पहुंचने वाले मयंक रावत अब उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि IPL-2026 में उनका प्रदर्शन न केवल दिल्ली, बल्कि पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन करेगा।