
TRENDING NEWS











Uttarakhand Police Recruitment | Police Jobs | Government Jobs : उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। पुलिस विभाग में जल्द नई भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों और पुलिस की विभिन्न इकाइयों से खाली पड़े पदों की ताजा जानकारी मांगी है।
जानकारी के अनुसार सभी जिलों से रिक्त पदों का विवरण मिलने के बाद भर्ती का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इसके बाद संबंधित भर्ती एजेंसी को अधियाचन भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। विभाग की कोशिश है कि आवश्यक प्रक्रिया समय पर पूरी कर भर्ती शुरू की जा सके।
बताया जा रहा है कि पुलिस मुख्यालय जिला पुलिस, पीएसी, आईआरबी और अन्य शाखाओं में स्वीकृत तथा रिक्त पदों का मिलान कर रहा है। कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल, उपनिरीक्षक और अन्य पदों पर कितनी रिक्तियां हैं…इसका अंतिम आंकड़ा रिपोर्ट मिलने के बाद स्पष्ट होगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने पुलिस कांस्टेबल के 2000 पदों पर भर्ती निकाली थी। चयनित अभ्यर्थी वर्तमान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं…और जल्द ही उनकी तैनाती की जाएगी।
पुलिस विभाग में अभी भी कांस्टेबल से लेकर निरीक्षक स्तर तक बड़ी संख्या में पद खाली बताए जा रहे हैं। नई पुलिस इकाइयों के गठन और बढ़ती जिम्मेदारियों के कारण अतिरिक्त पुलिस बल की आवश्यकता महसूस की जा रही है। खासकर यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नई भर्ती को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी जिलों से रिक्त पदों का पूरा विवरण मांगा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद वास्तविक रिक्तियों की संख्या तय होगी और उसी के आधार पर आगे की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Rahul Gandhi Uttarakhand | Amar Mehta | Dehradun News : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान देहरादून में एक दर्दनाक हादसा हो गया। बन्नू स्कूल ग्राउंड में मंच और टेंट लगाने का काम चल रहा था…तभी लोहे का एक गार्डर कांग्रेस नेता अमर मेहता के सिर पर गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया…जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बाद में डॉक्टरों ने उनके निधन की पुष्टि कर दी।
जानकारी के अनुसार राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड में आयोजित’छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। इसी दौरान क्रेन की मदद से वाटरप्रूफ टेंट लगाने का कार्य किया जा रहा था…तभी अचानक लोहे का गार्डर गिर गया और अमर मेहता उसकी चपेट में आ गए।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार घायल अमर मेहता को तत्काल सीएमआई अस्पताल ले जाया गया…लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। फिलहाल उनके शव का पोस्टमार्टम कोरोनेशन अस्पताल में कराया जा रहा है।
इस घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में शोक की लहर है। हादसे के कारण कार्यक्रम स्थल पर भी कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Silkyara Tunnel | Pushkar Singh Dhami | Uttarkashi News : उत्तरकाशी की सिलक्यारा टनल में शॉटक्रीट का हिस्सा गिरने से हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देर रात आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन से पूरी घटना की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर आपदा प्रबंधन सचिव ने एनएचआईडीसीएल और जिला प्रशासन से हादसे की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों और टनल के भीतर लागू सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिक के प्रति शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार जल्द मुआवजा दिया जाए और पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक उसके गृह जनपद तक पहुंचाने की पूरी व्यवस्था की जाए।
बैठक में टनल निर्माण के दौरान अपनाई जा रही सुरक्षा व्यवस्था और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मौजूदा परिस्थितियों और संभावित जोखिमों को देखते हुए एसओपी में आवश्यक बदलाव किए जाएं…ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
सचिव विनोद कुमार सुमन ने संबंधित विभागों को टनल के भीतर संभावित जोखिम वाले हिस्सों का विशेष निरीक्षण करने और जरूरत पड़ने पर तुरंत सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में लगे सभी श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सबसे महत्वपूर्ण है।

UKPSC Recruitment |Uttarakhand Jobs | Revenue Inspector : उत्तराखंड के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का अच्छा अवसर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने शहरी विकास विभाग के अंतर्गत उत्तराखंड पालिका (केंद्रीकृत) राजस्व सेवा में कर एवं राजस्व निरीक्षक के 29 पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 4 अगस्त 2026 तय की गई है। वहीं आवेदन पत्र में ऑनलाइन संशोधन 12 अगस्त से 21 अगस्त 2026 तक किया जा सकेगा।
भर्ती के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (ग्रेजुएट) अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। साथ ही उम्मीदवार का नाम आवेदन की अंतिम तिथि तक उत्तराखंड के किसी भी सेवायोजन कार्यालय में पंजीकृत होना जरूरी है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 1 जुलाई 2026 के अनुसार 21 से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 166.36 रुपये, एससी और एसटी वर्ग के लिए 76.36 रुपये…जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 16.36 रुपये निर्धारित किया गया है।
आयोग ने कहा है कि भर्ती परीक्षा में उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं निवारण) अधिनियम-2023 के सभी प्रावधानों का सख्ती से पालन किया जाएगा।

Somnath Yatra | Gujarat | Uttarakhand Pilgrims : उत्तराखंड से सोमनाथ पर्व के तहत गुजरात गए श्रद्धालुओं के दल में शामिल 15 लोगों के तय कार्यक्रम से अलग होने की सूचना मिलने पर अधिकारियों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि ये लोग बिना पूर्व अनुमति और सूचना दिए द्वारकाधीश मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार पौड़ी, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और अन्य जिलों के 15 श्रद्धालु तीन इनोवा वाहनों से सोमनाथ से लगभग 220 किलोमीटर दूर स्थित द्वारकाधीश धाम की ओर चले गए। इसकी जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों ने उनकी तलाश और संपर्क की प्रक्रिया शुरू की।
गुजरात पर्यटन विभाग के नोडल अधिकारी ने कहा कि यात्रा से पहले सभी जिला नोडल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि सुरक्षा और व्यवस्थाओं को देखते हुए सभी श्रद्धालुओं को तय कार्यक्रम के अनुसार ही भ्रमण करना होगा। किसी भी यात्री को बिना अनुमति दल से अलग होने की अनुमति नहीं थी।
अधिकारियों ने कहा कि सभी श्रद्धालु गुजरात सरकार के आतिथ्य में यात्रा कर रहे हैं। ऐसे में सभी यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपने समूह के साथ ही रहें और निर्धारित कार्यक्रम का पालन करें….ताकि किसी भी तरह की असुविधा या सुरक्षा संबंधी समस्या से बचा जा सके।

Silkyara Tunnel | Uttarkashi News | Tunnel Accident : उत्तरकाशी जिले की सिलक्यारा टनल में निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। टनल के अंदर काम कर रहे एक मजदूर की ऊपर से पत्थर गिरने की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा 15 जुलाई की देर रात करीब 12:20 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान मजदूर टनल के अंदर अपने काम में लगा हुआ था। इसी दौरान अचानक ऊपर से एक बड़ा पत्थर गिर गया…जिससे उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के तुरंत बाद कंपनी के कर्मचारियों ने घायल मजदूर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौगांव पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए इलाज शुरू किया…लेकिन अधिक चोट लगने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका और मृत घोषित कर दिया गया।
मृतक मजदूर झारखंड का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के बाद कंपनी प्रबंधन ने परिजनों को सूचना दे दी है। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
यह हादसा टनल निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर रहा है।

Medical Negligence | Dehradun News | Hospital Case: देहरादून में इलाज के दौरान गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। सड़क हादसे में घायल एक किशोर की मौत के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पांच डॉक्टरों और एक अस्पताल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि उनका 15 वर्षीय बेटा जुलाई 2022 में सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। हादसे में उसके दाहिने हाथ और दाहिने गुर्दे में चोट लगी थी। उसे इलाज के लिए देहरादून के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में समय पर इलाज नहीं किया गया। बाद में डॉक्टरों ने पहले दाहिने हाथ का ऑपरेशन किया और अगले दिन दाहिने गुर्दे की बजाय बाएं गुर्दे का ऑपरेशन कर दिया। इसके बाद किशोर की तबीयत लगातार बिगड़ती गई।
आरोप है कि परिजनों के बार-बार कहने के बावजूद अस्पताल ने समय पर डिस्चार्ज नहीं किया। जब हालत ज्यादा गंभीर हो गई तो दूसरे अस्पताल के लिए रेफर किया गया…जहां इलाज के दौरान किशोर की मौत हो गई।
पीड़ित परिवार का कहना है कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण उनके बेटे की जान गई। उन्होंने पुलिस में शिकायत भी की थी…लेकिन लंबे समय तक कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद परिवार ने अदालत का दरवाजा खटखटाया।
कोर्ट के निर्देश पर थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने पांच डॉक्टरों और अस्पताल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Yamunotri Highway | Uttarkashi News | Char Dham Yatra: लगातार सात दिनों तक चले मरम्मत कार्य के बाद स्यानाचट्टी के पास भूस्खलन से क्षतिग्रस्त यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-134) को दोबारा वाहनों के लिए खोल दिया गया है। हाईवे शुरू होने के साथ ही यमुनोत्री धाम की यात्रा फिर से सामान्य होने लगी है। इससे श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों, व्यापारियों, टैक्सी चालकों और होटल व्यवसायियों को बड़ी राहत मिली है।
कुछ दिन पहले हुई भारी बारिश के कारण स्यानाचट्टी के पास पहाड़ी से भारी मलबा और तेज बहाव आने से राष्ट्रीय राजमार्ग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। सड़क बंद होने से यमुनोत्री धाम का संपर्क टूट गया था और हजारों यात्री प्रभावित हुए थे।
मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की टीमों ने लगातार दिन-रात काम किया। भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाया गया…क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत की गई और सड़क को सुरक्षित बनाया गया। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद हाईवे को यातायात के लिए खोल दिया गया।
इसी दौरान यमुना नदी पर लगभग 1.25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 45 मीटर लंबे बेली ब्रिज का भी उद्घाटन किया गया। यह पुल भविष्य में बरसात…और आपदा के समय वैकल्पिक संपर्क मार्ग के रूप में काम करेगा और राहत एवं बचाव कार्यों में भी मददगार साबित होगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा है। बारिश के मौसम को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर मशीनें और कर्मचारी तैनात किए गए हैं…ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

Dehradun Fraud | Fake IPS | Uttarakhand Crime : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पुलिस ने खुद को आईपीएस और केंद्रीय एजेंसियों का अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान यशोवर्धन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह एक सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी का बेटा है…और लंबे समय से लोगों को सरकारी नौकरी, कंपनी रजिस्ट्रेशन और अन्य सरकारी काम कराने का झांसा देकर पैसे ऐंठ रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को कभी आईपीएस अधिकारी, कभी इंटेलिजेंस एजेंसी का अधिकारी तो कभी सेना और अर्धसैनिक बलों का वरिष्ठ अफसर बताता था। लोगों का भरोसा जीतने के लिए वह फर्जी पहचान पत्र, विजिटिंग कार्ड और वर्दियों का इस्तेमाल करता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कई फर्जी आईडी कार्ड, विजिटिंग कार्ड, पुलिस और सेना से जुड़े लोगो, सैन्य वर्दियां, फर्जी रिबन, वायरलेस सेट और एक लैपटॉप बरामद किया है। इन सामानों का इस्तेमाल वह खुद को बड़ा अधिकारी साबित करने के लिए करता था।
जांच के दौरान दो ठगी के मामले सामने आए हैं। एक शिकायत में कंपनी रजिस्ट्रेशन के नाम पर लाखों रुपये लेने का आरोप है…जबकि दूसरी शिकायत में रक्षा मंत्रालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये हड़पने की बात कही गई है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने कई वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की…लेकिन सफलता नहीं मिलने के बाद उसने फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को ठगना शुरू कर दिया।
देहरादून पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है। यह भी जांच की जा रही है कि उसने उत्तराखंड और अन्य राज्यों में कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

PushkarSinghDhami | LakhpatButola | SumitHridayesh : उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर ऐसा घटनाक्रम सामने आया है…जिसने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। बदरीनाथ विधानसभा से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकास कार्यों की खुले मंच से सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। इससे पहले कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश भी मुख्यमंत्री की कुछ विकास योजनाओं की तारीफ कर चुके हैं।
चमोली जिले के गोपेश्वर में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान लखपत बुटोला ने कहा कि अक्सर यह कहा जाता है कि विपक्षी विधायकों के क्षेत्रों में विकास कार्यों की अनदेखी होती है…लेकिन उनके अनुभव इसके विपरीत हैं। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ विधानसभा में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं पर काम हुआ है…जिसका लाभ स्थानीय लोगों को मिल रहा है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का सार्वजनिक रूप से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विधायक ने मुख्यमंत्री को उनके पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। साथ ही अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने की अपील की कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।
हालांकि विधायक ने कुछ महत्वपूर्ण मांगें भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं। उन्होंने चमोली जिला चिकित्सालय को मेडिकल कॉलेज में विकसित करने और बदरीनाथ धाम में सामने आए वित्तीय अनियमितताओं के मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग दोहराई।
कांग्रेस विधायक के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इससे पहले हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश भी मुख्यमंत्री धामी के कुछ विकास कार्यों की सार्वजनिक रूप से सराहना कर चुके हैं। अब लखपत बुटोला की टिप्पणी के बाद राजनीतिक विश्लेषक इसे विकास के मुद्दों पर दलगत राजनीति से अलग एक महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देख रहे हैं।