
TRENDING NEWS











Miss Tourism India | Miss Teen Tourism | Uttarakhand | Sri Lanka | International Pageant : उत्तराखंड की पांच युवा प्रतिभाएं अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं। 19 से 26 जुलाई तक श्रीलंका में आयोजित होने वाली मिस टीन टूरिज्म और मिस टूरिज्म प्रतियोगिताओं में राज्य की पांच प्रतिभागी हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 26 जुलाई को आयोजित होगा…जिसमें 70 से अधिक देशों की प्रतिभागी विभिन्न अंतरराष्ट्रीय खिताबों के लिए मुकाबला करेंगी।
इन सभी प्रतिभागियों ने एम्बेलिश टैलेंट मैनेजमेंट द्वारा आयोजित मिस टीन उत्तराखंड प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय मंच तक अपनी जगह बनाई है।
मिस टीन टूरिज्म इंडिया के लिए वृद्धि रौतेला, अनमोल कौर और तनिष्का शाह का चयन हुआ है। वहीं मिस टूरिज्म इंडिया श्रेणी में शायरा बिश्नोई और मान्श्वी तोमर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
संस्था की निदेशक ख्याति शर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य उत्तराखंड और देश की प्रतिभाशाली युवतियों को वैश्विक मंच तक पहुंचाना है। इसके लिए प्रतिभागियों को विशेष प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जाता है…ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय संस्कृति, प्रतिभा और आत्मविश्वास का बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
उत्तराखंड की इन पांच प्रतिभागियों के चयन से प्रदेश में खुशी का माहौल है और सभी को उनसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

Uttarakhand Weather | Heavy Rain Alert | IMD | Orange Alert | Weather Update : उत्तराखंड में मौसम ने फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने राज्य के सभी 13 जिलों के लिए अगले कुछ घंटों तक बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं देहरादून, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी चल सकती है और बिजली चमकने की भी संभावना है। लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
बारिश का असर चारधाम यात्रा मार्गों पर भी देखा जा रहा है। कई स्थानों पर भूस्खलन और मलबा आने के कारण रास्ते प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में यात्रियों को यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर और उत्तरकाशी जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम खराब रहने की संभावना जताई है।
ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने शनिवार को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने, पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

Bageshwar | Principal Murder | Uttarakhand Crime : उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई। राजकीय इंटर कॉलेज भटकोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की स्कूल जाते समय चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
सैंज निवासी 55 वर्षीय दयानंद टम्टा रोज की तरह शनिवार सुबह विद्यालय के लिए निकले थे। वह अपनी गाड़ी मुख्य सड़क तक लेकर पहुंचे और वहां से पैदल स्कूल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विद्यालय जाने वाले रास्ते में पहले से मौजूद विद्यालय के बाबू नवल किशोर ने उन पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले में प्रधानाचार्य गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया…लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी।
क्षेत्राधिकारी बागेश्वर मनीष शर्मा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। हत्या के पीछे की वजह और दोनों के बीच किसी पुराने विवाद सहित सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
घटना की खबर फैलते ही जिला अस्पताल में शिक्षकों, स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों की भीड़ जुट गई। विद्यालय में शोक की लहर है….जबकि शिक्षक संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Champawat | Leopard Attack | Brave Daughter : उत्तराखंड के चंपावत जिले के सिमल्टा गांव में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। घर के अंदर टीवी देख रहे 64 वर्षीय बुजुर्ग पर अचानक गुलदार ने हमला कर दिया। इसी दौरान मायके आई उनकी बेटी ने साहस दिखाते हुए पिता को बचाया और गुलदार को घर के अंदर ही बंद कर दिया। बाद में वन विभाग ने कई घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद गुलदार को सुरक्षित पकड़ लिया।
सिमल्टा गांव निवासी सुरेश चंद्र पांडे रात में खाना खाने के बाद अपने घर में टीवी देख रहे थे। तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने घर में घुसकर उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हमले के समय उनकी बेटी किरण पांडे…जो कुछ दिनों के लिए मायके आई हुई थीं, तुरंत पिता की मदद के लिए आगे आईं। उन्होंने हिम्मत से काम लेते हुए किसी तरह पिता को गुलदार के चंगुल से छुड़ाया और गुलदार को घर के अंदर ही बंद कर दिया। उनकी सूझबूझ और बहादुरी से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद टीम ने गुलदार को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी की गई।
घायल सुरेश चंद्र पांडे को तुरंत जिला अस्पताल चंपावत में भर्ती कराया गया…जहां उनका इलाज जारी है। वन विभाग ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिया है।
उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी जंगली जानवर की आबादी वाले क्षेत्र के आसपास मौजूदगी दिखाई दे….तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें…ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। घटना के बाद गांव में कुछ समय तक दहशत का माहौल रहा…लेकिन गुलदार के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

Harrawala Railway Station | Amrit Bharat Station | Uttarakhand Development : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में देहरादून का पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन भी देश को समर्पित किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन का नया स्वरूप राज्य के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि करीब 19 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का पुनर्विकास किया गया है। स्टेशन की डिजाइन में उत्तराखंड की संस्कृति और दून घाटी की प्राकृतिक सुंदरता को विशेष स्थान दिया गया है। परिसर में पारंपरिक ऐपण कला की झलक भी देखने को मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में भारतीय रेलवे तेजी से आधुनिक हो रही है। नई तकनीक, बेहतर सुरक्षा और आधुनिक ट्रेनों के माध्यम से यात्रियों को पहले से बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। इसके पूरा होने के बाद पर्वतीय क्षेत्रों में रेल संपर्क मजबूत होगा और पर्यटन, व्यापार तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को दो वंदे भारत ट्रेनों का लाभ पहले ही मिल चुका है। साथ ही इस वर्ष केंद्र सरकार ने राज्य में रेलवे विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का बजट दिया है। प्रदेश में लगभग 39,491 करोड़ रुपये की विभिन्न रेल परियोजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि नया हर्रावाला रेलवे स्टेशन यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ-साथ उत्तराखंड के विकास को भी नई रफ्तार देगा।

BadrinathTemple | DonationCase |UttarakhandNews : बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले मंदिर समिति के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर राजेंद्र चौहान से लंबे समय तक पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
जांच कर रही एसआईटी का कहना है कि चढ़ावे से जुड़े रिकॉर्ड, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। इन्हीं के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। मामले की जांच अभी जारी है…और जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा सकती है।
यह मामला तब सामने आया था जब मंदिर में चढ़ावे की राशि में कथित अनियमितताओं की शिकायत की गई थी। शिकायत मिलने के बाद बदरी-केदार मंदिर समिति ने आंतरिक जांच शुरू की थी। इसके बाद सरकार ने भी उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए…और पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एसआईटी के माध्यम से जांच शुरू की।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

AartiDhariyal | GoldenBeltChampion | PithoragarhBoxer : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले की होनहार बेटी आरती धरियाल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए रोमानिया में आयोजित गोल्डन बेल्ट बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत लिया है। उनकी इस सफलता से पूरे जिले और प्रदेश में खुशी का माहौल है।
आरती ने 54 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में मेजबान देश रोमानिया की खिलाड़ी को तीसरे राउंड में हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस जीत के साथ उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा शान से लहराया।
आरती सीमांत क्षेत्र गौरीहाट की रहने वाली हैं। उनके पिता उत्तम सिंह धरियाल ने बताया कि बचपन से ही उनकी रुचि मुक्केबाजी में थी। लगातार मेहनत और अभ्यास के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। हाल ही में उनका चयन सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में भी हुआ है और उन्होंने अपनी सेवा शुरू कर दी है।
आरती ने अपनी स्कूली शिक्षा पिथौरागढ़ के विश्व भारती पब्लिक स्कूल वड्डा और हिमालया पब्लिक स्कूल से पूरी की। इससे पहले भी वह यूथ नेशनल चैंपियनशिप 2021 और खेलो इंडिया 2022 में रजत पदक जीत चुकी हैं। इसके अलावा वर्ष 2025 और 2026 की एलिट नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक भी अपने नाम कर चुकी हैं।
अपनी इस उपलब्धि का श्रेय आरती ने अपने प्रशिक्षकों, बॉक्सिंग फेडरेशन और खेल प्राधिकरण को दिया। उनकी इस सफलता पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

RamnagarTrain | DehradunExpress | UttarakhandRail : उत्तराखंड के लोगों के लिए अच्छी खबर है। रामनगर और देहरादून के बीच जल्द ही पहली सीधी एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने जा रही है। रेलवे ने इस ट्रेन के संचालन को मंजूरी दे दी है। यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी…जिससे कुमाऊं और राजधानी देहरादून के बीच यात्रा पहले से अधिक आसान हो जाएगी।
जानकारी के अनुसार नई एक्सप्रेस ट्रेन 15310/15309 हर बुधवार और शुक्रवार को रामनगर से सुबह 5:50 बजे रवाना होगी और दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन उसी दिन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से चलेगी और रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।
रास्ते में ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। यह पहली बार होगा जब रामनगर से देहरादून के लिए सीधी एक्सप्रेस ट्रेन उपलब्ध होगी।
इस नई रेल सेवा से नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून के अलावा उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बिजनौर के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। छात्र, व्यापारी, किसान और नौकरीपेशा लोग एक ही दिन में अपना काम पूरा कर वापस घर लौट सकेंगे।
नई ट्रेन से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क आने वाले पर्यटकों, गिरिजा देवी मंदिर और आसपास के धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह सेवा काफी उपयोगी साबित होगी।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में एसी द्वितीय श्रेणी, एसी तृतीय श्रेणी, एसी चेयर कार, स्लीपर, सेकेंड सीटिंग और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। रेलवे की ओर से जल्द ही संचालन की औपचारिक तिथि जारी किए जाने की उम्मीद है।

NEET2026 | Haldwani | HarshitaBhatt : गौलापार की रहने वाली हर्षिता भट्ट ने NEET-2026 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 4501 हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
हर्षिता वेंडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, दौलतपुर, गौलापार की छात्रा हैं। उन्होंने नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक की पूरी पढ़ाई इसी विद्यालय से की। लगातार मेहनत और अनुशासन के दम पर उन्होंने देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. भावना बवाड़ी ने कहा कि हर्षिता शुरू से ही पढ़ाई में उत्कृष्ट रही हैं। उन्होंने कक्षा 10 और 12 की सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं में स्कूल टॉप किया। कक्षा 12 में उन्होंने 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए थे…जिसके बाद अब NEET में भी बेहतरीन रैंक हासिल की है।
विद्यालय के निदेशक डॉ. विकल बवाड़ी ने हर्षिता और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उन सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है….जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े लक्ष्य हासिल करने का सपना देखते हैं। उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से हर मंजिल पाई जा सकती है।
विद्यालय परिवार ने हर्षिता के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगे चलकर एक सफल और संवेदनशील डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करेंगी।

PithoragarhRain | UttarakhandWeather |HeavyRain: उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई नदियां और गदेरे उफान पर हैं…जबकि जगह-जगह भूस्खलन और मलबा आने से सड़कें बंद हो गई हैं। खराब मौसम को देखते हुए जिले के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रखे गए।
बारिश के कारण थल-पिथौरागढ़ सड़क नागिमल पहाड़ी के पास बोल्डर और मलबा आने से बंद हो गई। वहीं थल-बेरीनाग मार्ग पर भी कई स्थानों पर पेड़ और मलबा गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। बाद में प्रशासन ने इस मार्ग को खोल दिया।
जिले के आधोली, दड्डमोली और नायलसपोली गांवों में कई मकानों की दीवारें और आंगन क्षतिग्रस्त हो गए। नायलसपोली गांव में एक गौशाला पर मलबा गिरने से वह टूट गई। हालांकि परिवार ने समय रहते तीन गायों और दो बकरियों को बाहर निकाल लिया…जिससे बड़ा नुकसान टल गया। एक गाय के घायल होने की सूचना है।
प्रशासन के अनुसार जिले में लगातार बारिश के चलते करीब 30 सड़कें बंद हैं। थल-पिथौरागढ़ मार्ग, थल-मुनस्यारी मार्ग और पिथौरागढ़-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई प्रमुख सड़कें प्रभावित हुई हैं। सड़कें बंद होने से चीन सीमा से संपर्क भी अस्थायी रूप से बाधित हो गया है।
बारिश का सबसे अधिक असर थल, तेजम, बंगापानी और डीडीहाट क्षेत्रों में देखा गया…जहां भारी वर्षा दर्ज की गई। प्रशासन और संबंधित विभाग सड़कें खोलने और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य में जुटे हैं। लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।