बागेश्वर के देवेंद्र बोरा का कमाल, रोहित शर्मा को पहली ही गेंद पर किया आउट

Rohit Sharma: Devendra Bora: Vijay Hazare Trophy: भारत में विजय हजारे ट्रॉफी की शुरुआत हो गई है। इस टूर्नामेंट को वनडे के लिहाज से बेहद अहम माना जाता है और यहां शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए भारतीय टीम के दरवाजे भी खोलते हैं। 2025- 26 सीजन में कई बड़े खिलाड़ी भी खेल रहे हैं, उसमें एक नाम रोहित शर्मा का भी है जिन्होंने पहले मुकाबले में शतक जड़ा लेकिन दूसरे मुकाबले में पहली गेंद पर आउट हो गए। उन्हें आउट करने वाले गेंदबाज का नाम देवेंद्र बोरा है,जो अचानक से इंटरनेट पर छा गए हैं। 

उत्तराखंड और मुंबई के बीच शुक्रवार को विजय हजारे का मुकाबला जयपुर में खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई को तब झटका लगा,जब रोहित शर्मा देवेंद्र बोरा कि पहले ही गेंद पर आउट हो गए। हालांकि इसके बाद मुंबई ने शानदार वापसी की और निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 331 बनाएं। 

रोहित शर्मा को आउट करने वाले देवेंद्र का घरेलू सर्किट में करियर शुरुआती दौर पर ही है लेकिन जूनियर लेवल क्रिकेट में वो उत्तराखंड के लिए शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। 

बागेश्वर के रहने वाले देवेंद्र बोरा सबसे पहले 2023- 24 सीजन में सुर्खियों में आए थे,जब उन्होंने उत्तराखंड टीम के लिए कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में बंगाल के खिलाफ एक मुकाबले में 10 विकेट लिए थे। इसके अलावा उत्तराखंड में होने वाली T20 क्रिकेट लीग में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा था। 

देवेंद्र का परिवार खेती से जुड़ा है। पिता बलवंत सिंह बोरा और मां नीमा देवी गांव में ही रहते हैं। दोनों का सपना है कि देवेंद्र उत्तराखंड क्रिकेट के लिए कुछ ऐसा करें, जिसे युवा जानकार प्रेरित हों।

पेशी के दौरान सुरक्षा में चूक! एसएसपी ने दरोगा और दो सिपाहियों को किया सस्पेंड

Uttarakhand News : Haridwar : Laksar, Firing Incident : Police Action : हरिद्वार के लक्सर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब फ्लाईओवर पर पेशी के लिए ले जाए जा रहे बदमाश विनय त्यागी को दो हमलावरों ने गोली मार दी। अचानक हुए इस हमले से पुलिस और राहगीरों में हड़कंप मच गया। घायल विनय त्यागी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया…जहां उसका इलाज जारी है।

इस मामले में हरिद्वार पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सन्नी यादव उर्फ शेरा और अजय के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपी खानपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव से पकड़े गए।

हालांकि शुरुआती जांच में पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है। पेशी के दौरान सुरक्षा में चूक पाए जाने पर हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक दरोगा और दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। वहीं सूझबूझ दिखाते हुए घायल विनय त्यागी की जान बचाने और समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले एक पुलिसकर्मी और वाहन चालक को इनाम देने की घोषणा की गई है।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा कि सन्नी उर्फ शेरा पहले विनय त्यागी की गैंग में शामिल था। बाद में पैसों को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जो दुश्मनी में बदल गया। इसी रंजिश के चलते सन्नी ने अपने साथी अजय के साथ मिलकर जानलेवा हमला किया। दोनों आरोपी हार्डकोर अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।

घटना के बाद दोनों हमलावर बाइक छोड़कर फरार हो गए थे, जिसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। पुलिस की पांच टीमों और पीएसी की तैनाती के बाद आरोपियों को दबोच लिया गया। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। अगर वारदात में किसी और की भूमिका सामने आती है….तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कोर्ट ले जाते समय सुरक्षा में कहां और कैसे चूक हुई….ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

उत्तराखंड: रात मे कमरे मे घुसकर देवर ने भाभी के साथ किया दुष्कर्म

DomesticAbuse : UttarakhandNews : LegalAction : WomenSafety : RoorkeeCrime : रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया कि उसके देवर वसीम ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला के अनुसार, वह अपने पति के साथ पंजाब में रहती थी….लेकिन कुछ समय पहले पति से हुई तीव्र बहस और विवाद के बाद महिला अपने ससुराल लौट आई।

महिला ने बताया कि एक रात, जब वह अकेली थी…तब उसका देवर वसीम उसके कमरे में आया और उस पर हमला किया। घटना के दौरान वसीम ने महिला के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म किया। महिला ने घटना की जानकारी अपने ससुरालियों को दी, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की और इस मामले को अनदेखा कर दिया।

इसके बाद महिला ने पुलिस को तहरीर दी, जिसमें आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस ने तहरीर मिलने के बावजूद प्रारंभिक रूप से कोई कार्रवाई नहीं की। आखिरकार कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने वसीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और मामले की जांच शुरू की।

गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी ने कहा कि मामला गंभीर है और आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

उत्तराखंड: तंत्र-मंत्र के बहकावे में आकार यहाँ युवक ने गवाए लाखों रुपये

FraudAlert : DehradunCrime : TreasureScam : VastuFraud : PoliceAction : देहरादून में थाना रायपुर और राजपुर क्षेत्रों में दो अलग-अलग मामलों में लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पहला मामला तंत्र-मंत्र के नाम पर हुआ….जबकि दूसरा वास्तु और प्रेम जाल के बहाने महिला से रकम हड़पने का है।

तंत्र-मंत्र के नाम पर खजाने का झांसा

नाथूवाला निवासी राजकुमार ने पुलिस को शिकायत दी कि डेढ़ साल पहले उसकी मुलाकात हसीन राणा से हुई थी। हसीन राणा ने अपने साथियों वाजिद और जावेद के साथ उसे विश्वास में लेकर दावा किया कि उसके घर के नीचे सोना-चांदी दबा है। आरोपियों ने कमरे में चिराग जलाकर और कुछ चांदी के सिक्के दिखाकर राजकुमार को यकीन दिलाया।

इसके बाद पूजा और तंत्र-मंत्र के बहाने पीड़ित से रकम ऐंठी गई। आरोपियों ने राजकुमार की लक्सर स्थित सात बीघा जमीन 24 लाख रुपए में बिकवा दी और नथूवाला की जमीन से 61 लाख रुपए नकद हड़प लिए। जब खरीदार जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे…..तो पीड़ित को ठगी का पता चला। थाना रायपुर में हसीन राणा, वाजिद और जावेद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

वास्तु के नाम पर महिला से ठगी

गुरुग्राम की एक महिला ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई कि हल्द्वानी निवासी ललित मोहन पांडे ने उसे अपने रेस्टोरेंट और बार का वास्तु कार्य कराने के बहाने देहरादून बुलाया। ललित ने महिला को प्रेम जाल में फंसाया और शादी का झांसा दिया।

महिला ने आरोप लगाया कि उसने बार लाइसेंस और इंटीरियर कार्य के लिए कुल 55 लाख रुपए दिए….जो उसने अपने पिता से उधार लिए थे। जब महिला ने पार्टनरशिप की मांग की….तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में शादी से इनकार कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

थाना राजपुर प्रभारी प्रदीप रावत ने कहा कि महिला की शिकायत पर ललित मोहन पांडे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उत्तराखंड: बाइक खाई में गिरी, रात हुई दुर्घटना, सुबह पता चला तो युवक की मिली लाश

RoadAccident : BikeCrash : TehriGarhwal : FatalAccident : AnilKumar : Dhanaulti : TragicNews : FamilyLoss : NorthernIndia : PoliceInvestigation : उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में बाइक सवार 30 वर्षीय युवक अनिल कुमार की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा 24 दिसंबर की देर शाम नैनबाग तहसील क्षेत्र के ऐन्दी मोटर मार्ग पर फफरोग के पास हुआ।

अनिल कुमार, जो खैराड़ गांव के निवासी थे शाम करीब 6:30 बजे नैनबाग से घर लौट रहे थे। रात तक उनका कोई पता नहीं चला तो परिजन उनकी खोजबीन में जुट गए। अगले दिन 25 दिसंबर सुबह स्थानीय लोगों ने फफरोग के पास बाइक खाई में गिरी हुई देखी और पुलिस को सूचित किया।

नैनबाग पुलिस चौकी प्रभारी राम नरेश शर्मा ने कहा कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन किया, लेकिन तब तक अनिल कुमार की मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है…..और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खैराड़ गांव के प्रधान प्रदीप कवि ने कहा कि अनिल कुमार घर के अकेले कमाने वाले सदस्य थे…..जो मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके तीन छोटे बच्चे हैं और हादसे के बाद परिजन शोक में डूब गए हैं।

उत्तराखंड में सड़क हादसे लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं….और इस घटना ने एक और परिवार को गहरे दुःख में डाल दिया है।

नैनीताल में मुख्यमंत्री धामी ने किया 121 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास, देखें पूरी लिस्ट!

UttarakhandDevelopment : NainitalProjects : DhamiGovernment : Infrastructure : TourismBoost : MetroSurfaceParking : WaterConservation : EducationDevelopment : PublicFacilities : RuralInfrastructure : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नैनीताल में 13 प्रमुख विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया, जिनकी कुल लागत 121.52 करोड़ है। इनमें से बहुप्रतीक्षित मेट्रोपोल सर्फेस पार्किंग (42.77 करोड़) का भूमि पूजन भी किया गया। इसके अलावा दो परियोजनाओं का लोकार्पण 30.66 करोड़ की लागत से किया गया और 11 परियोजनाओं का शिलान्यास 90.86 करोड़ की लागत से किया गया।

मुख्य परियोजनाएं:

  1. सूखाताल झील का संवर्धन (29.16 करोड़): झील को रिचार्जिंग जोन और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें दो झीलों का निर्माण, बीच में डक्ट, जल शुद्धिकरण के लिए एयरेशन प्लांट, 9 दुकानों, शौचालय ब्लॉक, लिफ्ट और ट्रांजिट भवन तथा चारों तरफ पैदल मार्ग का निर्माण शामिल है।
  2. हल्द्वानी पुस्तकालय सुधार (1.5 करोड़): कालाढूंगी रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पुस्तकालय की संरचनात्मक मजबूती और पुनरुद्धार।
  3. बेतालघाट मोटर पुल (9.63 करोड़): दूनीखाल से रातीघाट पाडली मार्ग में 74.15 मीटर का प्री- स्ट्रेस पुल निर्माण, जिससे यातायात और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
  4. नैनीताल मल्टी-लेवल पार्किंग (34.03 करोड़): नेशनल होटल, तल्लीताल में 202 चारपहिया और 96 दोपहिया वाहनों के लिए ऑटोमेटेड पार्किंग।
  5. रामनगर बहुमंजिला पार्किंग और दुकानों का निर्माण (38.57 करोड़): 343 वाहन पार्किंग और 16 दुकानों का निर्माण।
  6. पेयजल स्टेबलाइजर (20.58 लाख): रामनगर के शंकरपुर और जोगीपुरा में लो वोल्टेज समस्या का समाधान।
  7. लिफ्ट सिंचाई योजना (60.57 लाख): ग्राम अमेल, बेतालघाट में किसानों की सिंचाई के लिए।
  8. विद्यालयों का निर्माण और मरम्मत: हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूंगी और रामनगर में छात्र-छात्राओं के लिए सुरक्षित और बेहतर पठन-पाठन सुविधाएं।
  9. गौला नदी रिवर क्रॉसिंग केबल (28.82 लाख): स्थानीय लोगों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं नैनीताल के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, पर्यटन सुविधाओं को बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने में मदद करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार अंतिम छोर तक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उत्तराखंड: सरकारी राशन का गलत फायदा उठाने वाले करीब 1,000 उपभोक्ताओं की राशन यूनिटें निरस्त

Uttarakhand News : Uttarkashi : PDS Ration Scam : E-KYC Verification : Government Action : Ration Card Cancellation : उत्तरकाशी जनपद में सरकारी सस्ते राशन का लाभ गलत तरीके से ले रहे लगभग एक हजार उपभोक्ताओं की यूनिटों पर जिला खाद्य आपूर्ति विभाग ने कैंची चला दी है। यह कार्रवाई राइट फुल टारगेटिंग और ई-केवाईसी प्रक्रिया के तहत की गई, जिसमें आयकर और जीएसटी भरने वाले, मृतक, डुप्लीकेट और छह महीने से राशन न लेने वाले उपभोक्ताओं को राशन कार्डों से निरस्त किया गया।

जिला खाद्य आपूर्ति विभाग का कहना है कि यह कदम सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत पात्र उपभोक्ताओं को सही ढंग से राशन उपलब्ध कराने के लिए उठाया गया है। विभाग ने शासन से प्राप्त डेटा का सत्यापन करते हुए करीब 1,000 यूनिटों को निरस्त किया। अगर परिवार का मुखिया दायरे में आता था…तो पहले उसका बदलने का कार्य भी सुनिश्चित किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि विभाग को लगभग 2,900 उपभोक्ताओं के आयकर और जीएसटी भुगतान की जानकारी मिली थी। सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद हजार उपभोक्ताओं की यूनिटों पर यह कार्रवाई की गई। हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया कि निरस्तीकरण पर उपभोक्ताओं की आपत्ति और सही जानकारी मिलने पर पुनर्विचार किया जाएगा।

जिला पूर्ति अधिकारी उत्तरकाशी ने कहा कि राइट फुल टारगेटिंग और ई-केवाईसी के तहत अब तक 1,000 यूनिटें निरस्त की जा चुकी हैं। वहीं, शासन ने उत्तरकाशी जिले के 45,000 अन्य उपभोक्ताओं का डेटा भी उपलब्ध कराया है….जिसका सत्यापन अभी शुरू नहीं किया गया है।

नए साल से पहले बड़ा फैसला, यहां ऑर्थोपेडिक और सर्जरी विभाग में अतिरिक्त डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई

Uttarakhand News: Christmas: Hospital: Dehradun:क्रिसमस और नए साल के जश्न के दौरान संभावित भीड़ और सड़क हादसों को ध्यान में रखते हुए देहरादून का दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। अस्पताल प्रशासन ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं, ताकि किसी भी स्थिति में मरीजों को तत्काल और बेहतर इलाज मिल सके।

दून मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.एस. बिष्ट ने बताया कि 31 दिसंबर और क्रिसमस ईव पर रोड ट्रैफिक एक्सीडेंट की घटनाएं बढ़ जाती हैं। इसी को देखते हुए ऑर्थोपेडिक और सर्जरी विभाग में अतिरिक्त डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही नर्सिंग और सपोर्टिंग स्टाफ को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन ने पहले से ही एक्स्ट्रा स्टाफ की तैनाती की योजना तैयार कर ली है, ताकि दिवाली और होली जैसे बड़े त्योहारों की तरह इस बार भी बढ़ते पेशेंट लोड को आसानी से संभाला जा सके।

हल्द्वानी डिपो की बस देहरादून से आते हुई हुई दुर्घटनाग्रस्त

Uttarakhand: Roadways: Accident: घने कोहरे के बीच मंगलवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। देहरादून से हल्द्वानी लौट रही यात्रियों से भरी रोडवेज बस राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीच सड़क खड़े एक टैंकर से टकरा गई। हादसे में बस चालक समेत सात यात्री घायल हो गए, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हल्द्वानी डिपो की अनुबंधित रोडवेज बस मंगलवार शाम देहरादून से 27 यात्रियों को लेकर रवाना हुई थी। रात करीब 12:30 बजे जब बस काशीपुर-जसपुर मार्ग पर कुंडा क्षेत्र में पहुंची, तभी घने कोहरे के कारण सड़क के बीच खड़ा टैंकर चालक को दिखाई नहीं दिया और बस उससे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया। घायल बस चालक की पहचान पवन कुमार के रूप में हुई है। अन्य यात्रियों को वैकल्पिक बसों के जरिए उनके गंतव्य तक भेजा गया।

सुबह बस अड्डे पहुंचने पर परिचालक कैलाश चंद्र मठपाल ने विभागीय अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टैंकर चालक ने लापरवाही से वाहन हाईवे के बीच खड़ा कर रखा था। कोहरे की वजह से बस चालक को समय रहते टैंकर नजर नहीं आया, जिससे यह दुर्घटना हुई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस व टैंकर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। लगातार बढ़ते कोहरे के बीच हाईवे पर लापरवाही से खड़े वाहनों को लेकर एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

लालकुआं और रामनगर से चलने वाली ये ट्रेनें हुई निरस्त

Railway: Train: Update: Winters: रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की संरक्षा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिरचालनिक कारणों से 25 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी, 2026 तक गाड़ियों का निरस्तीकरण निम्नवत् किया जायेगा।

निरस्तीकरण-
-55311 कासगंज-लालकुआं सवारी गाड़ी 25 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी, 2026 तक निरस्त रहेगी।

-55309 लालकुआं-काशीपुर सवारी गाड़ी 25 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी, 2026 तक निरस्त रहेगी।

-55305 काशीपुर-रामनगर सवारी गाड़ी 25 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी, 2026 तक निरस्त रहेगी।

-55306 रामनगर-काशीपुर सवारी गाड़ी 25 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी, 2026 तक निरस्त रहेगी।

-55310 काशीपुर-लालकुआं सवारी गाड़ी 25 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी, 2026 तक निरस्त रहेगी।

-15062 लालकुआं-कासगंज एक्सप्रेस गाड़ी 25 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी, 2026 तक निरस्त रहेगी।