उत्तराखंड में पुलिस भर्ती पर लगी रोक हटी, कोर्ट के नए फैसले पर डाले नजर

Uttarakhand High Court News : Uttarakhand Police Recruitment : Police PAC IRB Recruitment Case : Nainital High Court Order : UKSSSC Police Bharti : Police Age Limit Case Uttarakhand : Uttarakhand Latest News : Uttarakhand Government Jobs : उत्तराखंड हाईकोर्ट ने पुलिस पीएसी और आईआरबी भर्ती प्रक्रिया में आयु सीमा में छूट देने से जुड़ी याचिका पर फैसला सुना दिया है। वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी की एकलपीठ ने मामले की सुनवाई के बाद भर्ती प्रक्रिया पर पहले से लगी रोक हटा दी है। कोर्ट के इस फैसले से राज्य में लगभग 2000 पदों पर पुलिस भर्ती का रास्ता साफ हो गया है और चयनित अभ्यर्थियों को अब नियुक्ति मिल सकेगी।

हाईकोर्ट ने अपने आदेश में साफ कहा कि भर्ती की चयन प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। ऐसे में आयु सीमा में छूट देने पर विचार करने से कोई व्यावहारिक लाभ नहीं होगा। कोर्ट ने यह भी कहा कि जिन अभ्यर्थियों ने आयु सीमा में छूट की मांग की है वे विज्ञापन में तय अधिकतम उम्र पहले ही पार कर चुके हैं। इसलिए इस मामले में कोर्ट का हस्तक्षेप उचित नहीं है।

मामले के अनुसार चमोली निवासी रोशन सिंह ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका में बताया गया कि उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने 20 अक्टूबर 2024 को जिला रिजर्व पुलिस, पीएसी और आईआरबी के लिए 2000 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। इसमें 1550 नए पद और 2021-22 व 2022-23 के 450 रिक्त पद शामिल किए गए थे।

याचिकाकर्ता का कहना था कि लंबे समय तक भर्ती नहीं होने के कारण कई अभ्यर्थियों की उम्र सीमा से बाहर हो गई है। इसलिए उन्हें भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने के लिए आयु सीमा में छूट दी जानी चाहिए। साथ ही पुलिस भर्ती के लिए तय 18 से 22 वर्ष की आयु सीमा में भी संशोधन की मांग की गई थी। उत्तराखंड बेरोजगार संगठन की ओर से भी इस मांग को लेकर सरकार को कई बार ज्ञापन दिए जाने की बात कही गई।

वहीं राज्य सरकार ने कोर्ट को बताया कि भर्ती प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और पुलिस बल में भारी कमी है। इसलिए चयन प्रक्रिया पर लगी रोक हटाई जानी चाहिए। सरकार की दलीलों से सहमत होते हुए हाईकोर्ट ने याचिका का निस्तारण कर दिया और भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की अनुमति दे दी।

पत्नी के बार-बार मायके जाने से परेशान पति, ससुराल पर चला दिया बुलडोजर

JharkhandBulldozerIncident : GiridihNews : BulldozerAction : FamilyDispute : JharkhandCrime : झारखंड के गिरिडीह जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है…जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक पति जेसीबी मशीन लेकर अपने ससुराल पहुंच गया और घर की चारदीवारी तोड़ दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया…हालांकि पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।

यह मामला बुधवार देर रात का है। आरोप है कि पिंटू मंडल नाम का युवक अचानक बुलडोजर लेकर ससुराल पहुंचा और घर की दीवारें गिराने लगा। रात के सन्नाटे में हुई इस तोड़फोड़ से गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीण जब मौके पर इकट्ठा होने लगे तो आरोपी बुलडोजर लेकर भाग निकला। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी पिंटू मंडल का कहना है कि उसकी शादी को साढ़े चार साल हो चुके हैं….लेकिन उसकी पत्नी बार-बार मायके चली जाती थी। उसने कई बार ससुराल पक्ष से पत्नी को वापस भेजने की बात कही, लेकिन उसकी बात नहीं मानी गई। इसी बात से वह मानसिक तनाव में था और गुस्से में आकर उसने यह कदम उठा लिया।

वहीं पत्नी उर्मिला देवी ने पति के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि पिंटू शराब का आदी है और नशे में उसके साथ मारपीट करता था। उसने कहा कि अपनी और अपने दो बच्चों की सुरक्षा के लिए वह मायके में रहने को मजबूर हुई। पत्नी ने यह भी आरोप लगाया कि पहले पंचायत में समझौते की कोशिश हुई थी…लेकिन वहां भी पति ने हंगामा किया और उसके गहने छीन लिए।

जमुआ थाना प्रभारी विभूतिदेव कुमार ने कहा कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान और तथ्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सुशीला तिवारी अस्पताल में बाहर की दवाएं लिखना पूरी तरह प्रतिबंधित !

हल्द्वानी: सुशीला तिवारी अस्पताल में अब मरीजों को बाहर की दवाएं लिखना पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस संबंध में जारी सख़्त आदेशों के बाद अस्पताल प्रशासन और मेडिकल स्टाफ में हड़कंप मच गया है।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गोविंद सिंह तितियाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ओपीडी और आईपीडी दोनों प्रकार के मरीजों को केवल अस्पताल में उपलब्ध चिन्हित और जेनेरिक दवाएं ही दी जाएंगी। यदि अस्पताल में कोई दवा उपलब्ध नहीं होती है, तो भर्ती मरीजों के लिए दवा की व्यवस्था अस्पताल प्रबंधन स्वयं बाहर से खरीदकर करेगा।

प्रचार्य के संज्ञान में आया कि कुछ चिकित्सकों द्वारा जूनियर रेजिडेंट के जरिए सादे कागज पर दवाओं और मेडिकल स्टोर के नाम लिखवाकर मरीजों से महंगी दवाएं मंगवाई जा रही थीं। इससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा था।

बता दें कि अस्पताल में ओपीडी मरीजों के लिए लगभग 400 प्रकार और भर्ती मरीजों के लिए करीब 150 प्रकार की दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। इसके बावजूद बाहर की दवाएं लिखने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं।

डॉ. तितियाल ने साफ कहा है कि बाहर की दवा लिखते पकड़े जाने पर इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना जाएगा और संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीनस्थ चिकित्सकों की नियमित निगरानी करें। किसी भी मरीज को अनावश्यक रूप से बाहर की दवा लिखे जाने पर संबंधित विभागाध्यक्ष और चिकित्सक स्वयं जिम्मेदार होंगे। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि यह निर्णय मरीजों को राहत देने और पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

उत्तराखंड में ऑपरेशन कालनेमि में पकड़े गए कई बांग्लादेशी, पूरी रिपोर्ट सामने आई

Uttarakhand: Operation Kalnemi: Report: उत्तराखंड में देवभूमि की अस्मिता और कानून-व्यवस्था की रक्षा के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाया जा रहा “ऑपरेशन कालनेमि” लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। 10 जुलाई से प्रदेशभर में शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य धर्म और आस्था की आड़ में पाखंड, ठगी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना है।

अभियान के तहत हरिद्वार, देहरादून और ऊधमसिंहनगर जिलों में व्यापक स्तर पर सत्यापन और प्रवर्तन की कार्रवाई की गई। हरिद्वार जिले में 3,091 लोगों का सत्यापन किया गया, जिसमें 715 मामलों में मुकदमे दर्ज हुए और 305 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

देहरादून जिले में 1,711 लोगों का सत्यापन हुआ। यहां 206 गिरफ्तारियां की गईं, 9 मुकदमे दर्ज किए गए और 380 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई। इसके साथ ही अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

ऊधमसिंहनगर जिले में 220 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज किए गए।

प्रदेश स्तर पर अब तक 4,802 से अधिक लोगों का सत्यापन किया जा चुका है। इस दौरान 724 मुकदमे दर्ज हुए और 511 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा अवैध रूप से रह रहे 19 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया है, जिनमें से 10 को डिपोर्ट किया जा चुका है, जबकि 9 मामलों में कानूनी प्रक्रिया जारी है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान किसी भी वर्ग या समुदाय के खिलाफ नहीं है, बल्कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और देवभूमि की गरिमा की रक्षा के लिए चलाया जा रहा है। सरकार का कहना है कि आस्था की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।

रेलवे का अपडेट, 15 दिन तक बंद रहेगा अंडरपास, नैनीताल रोड का होगा इस्तेमाल !

Railway: Update: इज्जतनगर मंडल के अंतर्गत इज्जतनगर–दोहना स्टेशनों के मध्य किमी संख्या 305/5-6 पर स्थित अंडरपास संख्या 232 (दोहना स्टेशन के निकट) में जल भराव की समस्या को दूर करने के लिए मरम्मत कार्य किया जाएगा। यह कार्य 01 जनवरी 2026 को प्रातः 10:00 बजे से प्रारंभ होगा।

मरम्मत कार्य के चलते उक्त अंडरपास से सड़क यातायात 01 जनवरी 2026 को प्रातः 10:00 बजे से 15 जनवरी 2026 को सायं 5:00 बजे तक अस्थायी रूप से बंद रहेगा। इस अवधि में आमजन को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

रेल प्रशासन के अनुसार, दोहना से भोजीपुरा की ओर जाने वाले वाहन दोहना से बैकुंठापुर मार्ग होते हुए अभयपुर स्थित समपार संख्या 230 से नैनीताल रोड पर आ सकते हैं। वहीं दोहना से बरेली की ओर जाने वाले वाहन दोहना से पट्टी एवं भगवंतापुर होते हुए शैदपुर चुन्नीलाल से बड़े बाईपास के रास्ते बिलवा स्थित समपार संख्या 233 का उपयोग कर सकते हैं।

रेल परिवहन प्रशासन ने सड़क उपयोगकर्ताओं को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है और सहयोग की अपील की है।

देहरादून का संडे बाजार अब शहर से बाहर! जानें नई लोकेशन

Dehradun : SundayBazaar : TrafficManagement : DistrictAdministration : MetroLand : शहर में संडे बाजार के कारण लगातार यातायात जाम और आमजन की परेशानियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी सविन बसंल के निर्देश पर अब लैंसडाउन चौक के निकट रेंजर्स ग्राउंड में लगने वाला रविवार साप्ताहिक बाजार आईएसबीटी देहरादून के पास उत्तराखण्ड मेट्रो रेल लिमिटेड की भूमि पर स्थानांतरित कर दिया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि रेंजर्स ग्राउंड में हर रविवार भारी संख्या में आमजन और वाहनों के आने से लैंसडाउन चौक, दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक, दून अस्पताल चौक और क्रॉस रोड तिराहे सहित आसपास के मार्गों में यातायात जाम की स्थिति बन जाती थी। इससे बुजुर्ग, बच्चे, मरीज और आकस्मिक सेवाओं में बाधा उत्पन्न होती थी।

स्थानांतरण के बाद अब बाजार संचालन ऐसे क्षेत्र में होगा जो वर्तमान में खाली है और एमडीडीए के कब्जे में है। यह व्यवस्था तब तक लागू रहेगी जब तक उस भूमि पर मेट्रो परियोजना से संबंधित कोई कार्य शुरू नहीं होता।

जिला प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163(1) के तहत यह आदेश जारी किया है ताकि सार्वजनिक परिवहन और आवश्यक सेवाओं का संचालन निर्बाध बना रहे।

इस फैसले से आमजन को सुविधाजनक यातायात, मरीजों और आकस्मिक सेवाओं को सुचारु संचालन सुनिश्चित होगा और शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी।

कल से लापता था होमगार्ड, आज मिली खाई में दर्दनाक हालत में लाश

Uttarakhand News : Uttarkashi : HomeGuard : Accident : SDRF : BreakingNews : उत्तरकाशी जनपद के मोरी क्षेत्र के मोताड पुल के पास गुरुवार को एक होमगार्ड जवान की मोटरसाइकिल नदी में गिरने से मौत हो गई। पुलिस और SDRF की टीम ने शुक्रवार को लापता जवान का शव बरामद किया।

जानकारी के अनुसार होमगार्ड जवान भरत सिंह (57) पुत्र स्वर्गीय सब्बल सिंह निवासी ग्राम बलाड़ी, नौगांव मोटरसाइकिल से पुरोला की ओर जा रहे थे। अचानक वाहन का नियंत्रण खो जाने के कारण मोटरसाइकिल नदी में गिर गई।

गुरुवार से लापता जवान के बारे में थाना मोरी को सूचना मिली कि नदी के पास एक मोटरसाइकिल दुर्घटना ग्रस्त अवस्था में पाई गई है। इसके बाद SDRF और पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया।

खोज के दौरान पुष्टि हुई कि मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति वही होमगार्ड जवान थे…जो गुरुवार से लापता थे। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

नैनीताल के जंगल में तेंदुए का कहर! 35 वर्षीय महिला को घसीटकर ले गया

Uttarakhand News : Nainital : LeopardAttack : Bhimtal : ForestDepartment : जिले के धारी विकासखंड क्षेत्र में तेंदुए के हमले से दहशत फैल गई है। जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर भीमताल-शहरफाटक मार्ग के पास स्थित तल्ली दीनी गांव में तेंदुए ने 35 वर्षीय महिला की जान ले ली। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे तल्ली दीनी ग्राम पंचायत के तोक गांव धुरा निवासी गोपाल सिंह बर्गली की पत्नी हेमा घर के पास जंगल में जानवरों के लिए पत्ते लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे…लेकिन तब तक तेंदुआ जंगल में ओझल हो चुका था।

महिला के देवर ने तेंदुए को उसे ले जाते हुए देखा और शोर मचाकर पत्थर फेंककर बचाने की कोशिश की, लेकिन तेंदुआ महिला को छोड़कर नहीं भागा। घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने जंगल में खोजबीन शुरू की…जिसके बाद महिला का शव बरामद किया गया।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार, एसडीओ और वन क्षेत्राधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसडीओ ममता चंद ने कहा कि शव बरामद कर लिया गया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और सैंपलिंग की कार्रवाई भी की जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में रोष है। जिला पंचायत सदस्य पूनम बिष्ट सहित ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से तेंदुए को पकड़ने और आदमखोर घोषित करने की मांग की है। क्षेत्र में बढ़ते वन्यजीव हमलों को लेकर लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

हल्द्वानी:आर्यन जुयाल ने विजय हजारे ट्रॉफी में जड़ा शतक,227 रनों से जीती टीम

Aryan Juyal: Century: Vijay Hazare Trophy: Uttar Pradesh: Chandigarh: विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश ने चंडीगढ़ पर विशाल जीत हासिल की है। पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तर प्रदेश में आर्यन जुयाल और रिंकू सिंह की शतकीय पारी के बदौलत निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 367 बनाए। जवाब में चंडीगढ़ की टीम केवल 140 रनों पर ऑल आउट हो गई और मुकाबला 227 रनों से उत्तर प्रदेश के पक्ष में रहा। 

मुकाबला की समरी पर गौर करें तो पहले बल्लेबाजी करने उतरी उत्तर प्रदेश की शुरुआत खराब रही और अभिषेक गोस्वामी केवल एक रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज आर्यन जुयाल और ध्रुव जुरैल के बीच दूसरे विकेट के लिए अच्छी साझेदारी हुई। ध्रुव ने 67 रनों की पारी खेली। इसके बाद समीर रिजवी ने भी 32 रन बनाए। जबकि आर्यन जुयाल और रिंकू सिंह के बीच 134 रनों की साझेदारी हुई जिसने उत्तर प्रदेश को मजदूर स्थिति पर लाकर खड़ा कर दिया। 

आर्यन जुयाल ने 118 गेंद में 134 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 छक्के और 7  चौके निकले तो वही रिंकू सिंह ने 60 गेंद में नाबाद 106 रन बनाए, उनके बल्ले से चार छक्के और 11 चौके निकले। पिछले मुकाबले में भी उत्तर प्रदेश के आर्यन ध्रुव और रिंकू के बल्ले से अर्धशतकीय पारी निकली थी।

उत्तराखंड मौसम अपडेट: बारिश-बर्फबारी के साथ ठंड बढ़ने का अलर्ट

UttarakhandWeather : ColdWave : FogAlert : DehradunNews : उत्तराखंड में इन दिनों पहाड़ और मैदान दोनों ही ठंड की चपेट में हैं। पर्वतीय जिलों में सुबह कोहरा और दिन में धूप खिल रही है….जबकि मैदानी क्षेत्रों में कोहरे की चादर छाई हुई है। लोग दिन में धूप का आनंद ले रहे हैं….लेकिन सुबह और शाम ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। 3500 मीटर और उससे अधिक ऊँचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की आशंका जताई गई है। प्रदेश के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

विशेष रूप से हरिद्वार उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, देहरादून और पौड़ी के मैदानी क्षेत्रों में शीत दिवस की स्थिति बन सकती है। घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी शून्य हो गई है….जिससे हाईवे पर वाहन धीमे चल रहे हैं। लोगों को अलर्ट रहने की अपील की गई है।

देहरादून में आज आसमान मुख्यत साफ रहेगा, आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान लगभग 21°C और न्यूनतम 8°C रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से सलाह दी है कि वे ठंड से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाएं और सड़कों पर वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें।