उत्तराखंड: एक जनवरी से आठ नए सचिव, नौ आईपीएस को मिलेगा नया पद

Uttarakhand : IAS : IPS : Promotion : Secretary : GovernmentNews : DPC : उत्तराखंड में प्रशासनिक और पुलिस पदों पर बड़े बदलाव होने जा रहे हैं। एक जनवरी 2026 से राज्य में आठ आईएएस अधिकारियों को सचिव पद की जिम्मेदारी दी जाएगी। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक हुई।

आईएएस अधिकारियों में 2010 बैच के डॉ. अहमद इकबाल, ईवा श्रीवास्तव, सोनिका, रंजना राजगुरु, आनंदस्वरूप, देवकृष्ण तिवारी, उमेश नारायण पांडे और राजेंद्र कुमार को सचिव बनाया जाएगा। वर्तमान में ये सभी अपर सचिव पद पर कार्यरत हैं। ईवा श्रीवास्तव वर्तमान में केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर हैं और उन्हें परफॉर्मा पदोन्नति दी गई है।

इसके अलावा पांच आईएएस अधिकारियों…….मयूर दीक्षित, वंदना, विनीत कुमार, रीना जोशी और आनंद श्रीवास्तव को सेलेक्शन ग्रेड में पदोन्नति दी गई है।

पुलिस विभाग में भी बड़े बदलाव होंगे। नौ आईपीएस अधिकारियों को पदोन्नति दी गई है। इनमें अभिनव कुमार को एडीजी से डीजी, निवेदिता कुकरेती को डीआईजी से आईजी, प्रहलाद मीणा को एसएसपी से डीआईजी और बरिंदरजीत सिंह व पी रेणुका देवी को डीआईजी से आईजी बनाया गया है। इसके अलावा प्रीति प्रियदर्शिनी, यशवंत चौहान को एसएसपी से डीआईजी और तृप्ति भट्ट व रामचंद्र राजगुरु को एसपी से एसएसपी पद पर पदोन्नति दी गई है।

बरिंदरजीत और पी रेणुका वर्तमान में प्रतिनियुक्ति पर हैं और उन्हें परफॉर्मा पदोन्नति दी गई है। इसके अलावा अर्पण यदुवंशी को सेलेक्शन ग्रेड दिया गया है। इससे पहले निशा यादव और जितेंद्र चौहान को एसपी रैंक मिल चुकी है।

मसूरी ओर देहरादून तैयार नए साल के जश्न के लिए, ट्रैफिक रूट बदला और पुलिस तैनात

Mussoorie : NewYear2026 : Tourism : TrafficPlan : Hotels : PoliceSafety : DehradunToMussoorie : UttarakhandNews : नए साल और 31 दिसंबर के जश्न को लेकर मसूरी पूरी तरह तैयार है। शहर के होटलों और दुकानों को सजाया गया है और पर्यटकों के लिए विशेष पैकेज भी तैयार किए गए हैं। मनोरंजन के लिए गीत-संगीत की व्यवस्था की गई है।

सैलानियों को ट्रैफिक जाम में फंसने से बचाने के लिए देहरादून से मसूरी जाने वाले रूट में बदलाव किया गया है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि नए साल पर दूसरे प्रदेशों से बड़ी संख्या में पर्यटक आ रहे हैं….इसलिए ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।

सीओ मसूरी मनोज असवाल ने कहा कि शहर में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। सभी डायवर्जन और महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस मौजूद रहेगी। बड़े वाहनों को किंग्रेग पर खड़ा किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर शटल सेवा भी शुरू की जाएगी। नए साल की रात देर तक पुलिस गश्त करेगी और हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि होटलों में एडवांस बुकिंग फिलहाल 50% है, जबकि बड़े और स्टार कैटेगरी के होटलों में लगभग 60% बुकिंग हो चुकी है।

मसूरी में पार्किंग स्थल

पिक्चर पैलेस, लंढौर रोड, कैम्प्टी टैक्सी स्टैंड, टाउनहॉल के नीचे, किंग्रेग, मसूरी स्थित होटल, अटल उद्यान रोड, मैसानिक लॉज बस अड्डा, विकास होटल पार्किंग कुलड़ी, गज्जी बैंड।

देहरादून में पार्किंग स्थल

रेंजर्स ग्राउंड, परेड ग्राउंड, पुराना रोडवेज बस अड्डा, काबुल हाउस, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग, एमडीडीए पार्किंग घंटाघर के पास, राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स तहसील चौक के पास।

उत्तराखंड: PM आवास ना बनने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त, अब होगी रिकवरी

UttarakhandNews : Roorkee : PMAY : HousingScheme : GovernmentRecovery : UrbanDevelopment : PMAYScam : HaridwarDistrict : प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभ लेने के बाद भी आवास का निर्माण पूरा न करने वाले लोगों पर अब कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। शहरी विकास निदेशालय ने साफ किया है कि जिन पात्रों ने सरकारी धन लेने के बावजूद मकान नहीं बनाए या अधूरे छोड़ दिए हैं….उनसे धन की रिकवरी की जाएगी। इसके लिए सभी नगर निकायों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

हरिद्वार जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद कुल 8120 आवास स्वीकृत किए गए थे। निर्माण के लिए लाभार्थियों को समय-समय पर किश्तें भी जारी की गईं। इनमें से 3772 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है और लोग उनमें रह भी रहे हैं। इस संबंध में रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा चुकी है।

जांच के दौरान सामने आया है कि जिले में 4348 आवास अब तक पूरे नहीं हो पाए हैं। कई मामलों में जारी की गई धनराशि का उपयोग प्रमाण पत्र भी जमा नहीं किया गया है। कहीं मकानों में खिड़की-दरवाजे नहीं लगे हैं तो कहीं शौचालय तक का निर्माण नहीं हुआ है।

शासन ने सभी ऐसे मामलों की रिपोर्ट तलब की है। कुछ लाभार्थियों ने जल्द निर्माण पूरा करने की बात कही है….जबकि कई ऐसे भी हैं जिन्होंने अब तक कोई काम शुरू नहीं किया है। ऐसे लोगों को योजना की सूची से बाहर कर उनसे सरकारी धन की वसूली की तैयारी की जा रही है।

शहरी विकास विभाग के निदेशक ने बताया कि सभी नगर निकायों को समय पर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। चेतावनी दी गई है कि रिपोर्ट में देरी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर वेतन भी रोका जा सकता है।

उत्तराखंड: पति ने दूसरी महिला के चक्कर में पत्नी को दिया तलाक, बच्चों समेत निकाला घर से बाहर

Haldwani : UttarakhandNews : DomesticViolence : IllegalRelationship : TripleTalaq : WomenRights : FamilyDispute : PoliceCase : गौलापार क्षेत्र में पति के दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से एक महिला का परिवार पूरी तरह टूट गया। इस मामले में महिला के दो मासूम बच्चों की पढ़ाई भी छूट गई है। पीड़िता ने पुलिस से ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।

बनभूलपुरा नई बस्ती निवासी महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति और ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न किया। महिला का कहना है कि उसे तीन तलाक देकर बच्चों सहित घर से निकाल दिया गया।

पीड़िता के अनुसार उसकी शादी 28 जनवरी 2014 को मुस्लिम रीति-रिवाज से गौलापार के बागजाला निवासी युवक से हुई थी। शुरुआती कुछ साल सब ठीक रहा….लेकिन बाद में पति के मोबाइल फोन में दूसरी महिला की तस्वीरें मिलने पर उसे शक हुआ। जांच करने पर पति के अवैध संबंधों की जानकारी सामने आई।

महिला ने कहा कि जब उसने इसका विरोध किया तो पति उसके साथ मारपीट करने लगा। कुछ समय बाद पति दूसरी महिला को घर लाने लगा और विरोध करने पर जान से मारने और घर से निकालने की धमकी देने लगा।

पीड़िता का आरोप है कि 6 मार्च 2025 को पति और ससुराल पक्ष ने उसके और बच्चों के साथ मारपीट की और तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। महिला ने यह भी कहा कि शादी के समय उसके पिता ने दहेज में बाइक, घरेलू सामान और जेवर दिए थे….लेकिन पति ने उन्हें लौटाने से इंकार कर दिया।

महिला का कहना है कि वह लंबे समय तक परिवार बचाने की उम्मीद में पुलिस के पास नहीं गई….लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी ससुराल पक्ष की ओर से कोई मदद नहीं मिली। फिलहाल वह अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही है।

इस मामले में काठगोदाम थानाध्यक्ष ने कहा कि महिला की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।

उत्तराखंड: जंगल में घास काट रही महिला पर तेंदुए ने किया हमला, मौत के बाद गांव में भारी आक्रोश

Bhimtal : Okhalkanda : LeopardAttack : WildlifeAlert : UttarakhandNews : ForestDepartment # Nainital News : धारी ब्लॉक के बाद अब ओखलकांडा ब्लॉक में तेंदुए के हमले की घटना सामने आई है। ओखलकांडा क्षेत्र के चमोली गांव के कीटोड़ा तोक में दिनदहाड़े तेंदुए ने एक महिला पर हमला कर दिया….जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार रेखा देवी पत्नी पान सिंह गांव की अन्य महिलाओं के साथ घास काटने गई थीं। इसी दौरान जंगल में घात लगाए तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर साथ मौजूद महिलाओं ने शोर मचाया लेकिन तेंदुआ महिला को छोड़कर नहीं गया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। डीएफओ के साथ ही भीमताल विधायक और सीएमओ नैनीताल भी घटनास्थल पर पहुंचने की तैयारी में हैं।

महिला की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतका के परिजन गहरे सदमे में हैं, वहीं ग्रामीणों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। ग्रामीण वन विभाग से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं….ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

उत्तराखंड पुलिस में आरक्षी भर्ती अंतिम चरण में, 2000 नए पदों पर जल्द होगी नियुक्ति

Dehradun : UttarakhandPolice : UKSSSC : ConstableRecruitment : PoliceJobs : MeritList : FinalSelection : PoliceVacancy : UttarakhandNews : उत्तराखंड पुलिस विभाग में लंबे समय से रिक्त पड़े आरक्षी पदों पर भर्ती प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने शारीरिक नाप-जोख और लिखित परीक्षा के आधार पर अभ्यर्थियों की संयुक्त श्रेष्ठता सूची जारी कर दी है।

सूची के साथ अभ्यर्थियों के अभिलेखों की स्क्रूटनी की तारीख भी तय कर दी गई है। अभिलेखों की जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया के पूरा होने के बाद पुलिस विभाग को करीब 2000 नए आरक्षी मिलेंगे।

भर्ती प्रक्रिया पहले शुरू हो चुकी थी….लेकिन न्यायालय में मामला जाने के कारण इसमें देरी हुई। कोर्ट ने 19 दिसंबर 2025 को रोक हटाई….जिससे आयोग ने भर्ती प्रक्रिया को गति दी।

आयोग ने कुल 2545 अभ्यर्थियों की सूची जारी की है। यह सूची शारीरिक नाप-जोख, दक्षता परीक्षा और लिखित परीक्षा के अंकों के आधार पर तैयार की गई है। भर्ती के दौरान संभावित कटौती को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त अभ्यर्थियों को सूची में शामिल किया गया है।

सभी अभ्यर्थियों को 12 जनवरी 2026 को आयोग के कार्यालय में अपने मूल अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए बुलाया गया है। अभिलेखों की जांच के बाद ही अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी।

भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 30 अक्टूबर 2024 को विज्ञप्ति जारी होने के साथ हुई थी। शारीरिक परीक्षा फरवरी से अप्रैल 2025 के बीच 17 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 3 अगस्त 2025 को संपन्न हुई थी।

अब उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही पुलिस विभाग को नए आरक्षी मिलेंगे और लंबे समय से रिक्त पदों पर नियुक्ति पूरी होगी।

उत्तराखंड: दूसरों की जगह परीक्षा देने वाला सॉल्वर पकड़ा गया, जांच जारी

Dehradun : Uttarakhand News : IBPS Exam Fraud : Patel Nagar Police : Fake Candidate Arrest : Government Job Scam : Rishi Kumar Case : कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने पटेल नगर स्थित आईबीपीएस परीक्षा केंद्र पर फर्जी अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऋषि कुमार (37 वर्ष) ने अब तक कम से कम 12 लोगों को फर्जीवाड़े के जरिए सरकारी नौकरी दिलाई थी। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को पटेल नगर के आई क्रिएट सॉल्यूशन केंद्र में आईबीपीएस आरआरबी ऑफिसर स्केल-3 की परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान परीक्षा केंद्र को आईबीपीएस की ओर से सूचना मिली कि एक अभ्यर्थी का बायोमेट्रिक और फोटो संदिग्ध है। आरोपी ने एडमिट कार्ड पर अपनी फोटो बदलकर कई परीक्षाएं दी थीं। केंद्रीय व्यवस्थापक ने परीक्षा के बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पैसे लेकर दूसरों की जगह परीक्षा देता था। राजस्थान और बिजनौर के कई अभ्यर्थियों के लिए उसने परीक्षा दी, जो अब सरकारी नौकरी में हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

ऋषि कुमार ने दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से बीटेक और सिंबोसिस पुणे से एमबीए किया था। 2016 से 2021 तक नेशनल इंश्योरेंस कंपनी में अधिकारी के पद पर काम किया। आरोपी ने कम समय में जल्दी अमीर बनने के लिए फर्जीवाड़े का रास्ता अपनाया। उसने फोटो मिक्सिंग तकनीक का इस्तेमाल कर एडमिट कार्ड में छेड़छाड़ की।

पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी ने किसी अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने के लिए 5 से 6 लाख रुपए तक लिए। वह बैंकिंग सेक्टर और स्टाफ सिलेक्शन कमिशन की परीक्षाओं में युवाओं को नौकरी दिलाने का काम करता रहा है। आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी है….2022 में वह राजस्थान में एसएससी परीक्षा में नकल करने के आरोप में जेल जा चुका था।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में लगी है कि इस फर्जीवाड़ा सिंडिकेट में और कौन शामिल हैं।

काठगोदाम से चलने वाली कई ट्रेनों की बदली टाइमिंग, तुरंत नोट करें

Kathgodam: Train: Uttarakhand: Lalkuan: पूर्वोत्तर रेलवे पर 01 जनवरी 2025 से नई समय-सारणी लागू की जा रही है, जिसके तहत कुल 107 गाड़ियों के आगमन एवं प्रस्थान समय में परिवर्तन किया गया है। इस बदलाव का सीधा असर काठगोदाम और लालकुआं रेलखंड पर भी पड़ेगा। नई समय-सारणी के अनुसार काठगोदाम से चलने वाली प्रमुख ट्रेनों में 12039 काठगोदाम–नई दिल्ली एक्सप्रेस अब 15:15 बजे, 12207 काठगोदाम–जम्मूतवी एक्सप्रेस और 12210 काठगोदाम–कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस 18:15 बजे प्रस्थान करेंगी, जबकि 13020 काठगोदाम–हावड़ा एक्सप्रेस के समय में भी गोरखपुर जंक्शन पर परिवर्तन किया गया है।

वहीं लालकुआं से संचालित सवारी और एक्सप्रेस ट्रेनों के समय में भी उल्लेखनीय बदलाव हुए हैं। लालकुआं–मुरादाबाद सवारी गाड़ियां अब पहले की तुलना में जल्दी प्रस्थान करेंगी, वहीं लालकुआं–कासगंज और कासगंज–लालकुआं सवारी गाड़ियों के समय में भी संशोधन किया गया है।

इसके अलावा रामनगर, टनकपुर और बरेली सिटी से जुड़ी कई डेमू और मेमू गाड़ियों के समय में भी परिवर्तन किया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले संशोधित समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

उत्तराखंड सरकार ने एंजेल चकमा के परिवार को पहुंचाई सहायता,सीएम धामी ने किया पिता को फोन

देहरादून: त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या के बाद उसके परिवार को आर्थिक सहायता मिलना उनके लिए थोड़ी राहत लेकर आया है। उत्तराखंड सरकार ने एंजेल के पिता तरुण प्रसाद चकमा को पहली किश्त के रूप में 4 लाख 12 हजार 500 रुपये की सहायता राशि दी है। यह मदद उस परिवार के लिए बेहद अहम है, जिसने अपने बेटे को असमय और दर्दनाक तरीके से खो दिया।

एंजेल चकमा पढ़ाई के लिए उत्तराखंड आया था और बेहतर भविष्य के सपने देख रहा था। लेकिन एक हिंसक घटना ने न सिर्फ उसकी जिंदगी छीन ली, बल्कि पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया पूरी की गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद एंजेल के पिता से फोन पर बात की और बेटे की हत्या पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि वे इस घटना से व्यक्तिगत रूप से आहत हैं और परिवार के दर्द को समझते हैं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव मदद दी जाएगी।

इस मामले में पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और उस पर इनाम भी घोषित किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को कानून के सामने लाया जाएगा।

एंजेल के परिवार को उम्मीद है कि उन्हें न्याय मिलेगा और उनके बेटे के दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी। आर्थिक सहायता से भले ही बेटे की कमी पूरी न हो सके, लेकिन यह संदेश जरूर गया है कि सरकार और समाज इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़े हैं। यह मामला एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि छात्रों की सुरक्षा को लेकर और अधिक गंभीर कदम उठाने की जरूरत है।

देहरादून के कुनाल ने जड़ा शतक, उत्तराखंड को टूर्नामेंट में मिली पहली जीत

Uttarakhand: Cricket: Kunal Chandela: Vijay Hazare Trophy: विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तराखंड को पहली जीत मिल गई है। पंजाब के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उत्तराखंड को 5 विकेट से जीत मिली। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 269 रन बनाए।

जवाब में उत्तराखंड ने 5 विकेट और 14 गेंद शेष रहते मुकाबले को अपने नाम कर लिया। मुकाबले की समरी पर गौर करें तो पंजाब के लिए सलील अरोड़ा ने 65 और कृष भगत ने 51 रनों की पारी खेली। दूसरी ओर उत्तराखंड के लिए जगमोहन नगरकोटी और मयंक मिश्रा को सर्वाधिक 2-2 विकेट हासिल हुए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तराखंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और लगा कि पंजाब इस मैच पर हावी हो रहा है, पर कप्तान कुनाल चंदेला के शतक ने मैच का रुख मोड़ दिया। कुनाल चंदेला के बल्ले से 114 गेंदों में 118 रन निकले। उनके एकदिवसीय करियर का ये पहला शतक रहा। चंदेला का फॉर्म सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार रहा था।

पंजाब के खिलाफ कुनाल के अलावा युवा शाश्वत डंगवाल के बल्ले से 38 गेंदों में नाबाद 51 रनों की पारी निकली और मुकाबला उत्तराखंड के पक्ष में रहा। उत्तराखंड के लिए हर्ष राणा ने 28, सुचित ने 28 और सौरभ रावत ने नाबाद 12 रनों का योगदान दिया। पिछले दो मुकाबलों में उत्तराखंड को हार का सामना करना पड़ा था और टूर्नामेंट में पंजाब के खिलाफ मिली ये जीत टीम का आत्मविश्वास बढ़ाएगी।