नैनीताल जिले में बिना लाइसेंस और नियम तोड़ने वाले पर लगा करीब 8 लाख का जुर्माना

NainitalNews : FoodSafetyAction : FSSAI : PublicHealth : DistrictAdministration : नैनीताल जनपद में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत निस्तारित मामलों में 11 खाद्य कारोबारियों पर कुल 7 लाख 90 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह कार्रवाई जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में की गई जांच के बाद सामने आई है।

जांच के दौरान बिना लाइसेंस खुले में मुर्गा और मांस बेचने, सड़क किनारे जिंदा मुर्गे रखकर काटने, खुले में दूध और पनीर की बिक्री, एक्सपायर खाद्य सामग्री का उपयोग और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था न होने जैसे मामले पाए गए। कुछ खाद्य पदार्थों के सैंपल राज्य खाद्य एवं औषधि परीक्षण प्रयोगशाला में जांच के दौरान अधोमानक भी पाए गए।

प्रशासन की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी…ताकि लोगों को सुरक्षित और मानक खाद्य सामग्री मिल सके।

थर्टी फर्स्ट पर नैनीताल में पर्यटकों की संख्या में भारी कमी आई, कारोबारियों ने बताई असली वजह !

NainitalTourism : NewYearTourism : HotelBusiness : TouristDecline : ParkingIssue : UttarakhandNews : सरोवर नगरी नैनीताल में थर्टी फर्स्ट के मौके पर पर्यटकों की उम्मीद के मुताबिक आमद नहीं होने से होटल, रेस्टोरेंट और पर्यटन से जुड़े कारोबार पर बुरा असर पड़ा है। शहर के कारोबारियों का आरोप है कि पर्यटक वाहनों को डायवर्ट करने और एंट्री प्वाइंट पर पुलिस की सख्ती के कारण बड़ी संख्या में सैलानी नैनीताल नहीं पहुंच सके।

कारोबारियों के अनुसार शहर और आसपास के क्षेत्रों खुर्पाताल, नयना देवी बर्ड रिजर्व, ज्योलीकोट, गेठिया, बल्दियाखान, जोखिया और मंगोली में होटलों की बुकिंग केवल 50 से 70 प्रतिशत तक ही रह पाई। शहर के कई छोटे, मध्यम और बड़े होटलों में 30 से 40 प्रतिशत कमरे खाली रहे, जबकि रेस्टोरेंटों में भी कारोबार सामान्य से काफी कम रहा।

नैनीताल की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार पर्यटन है। शहर और आसपास करीब एक हजार होटल, गेस्ट हाउस और होम स्टे, 700 से अधिक टैक्सियां, झील में नौकायन से जुड़े करीब 500 परिवार, दर्जनों आउटडोर फोटोग्राफर और सैकड़ों पंजीकृत-अपंजीकृत टूर गाइड अपनी आजीविका पर्यटन से चलाते हैं। इसके अलावा स्नोव्यू, हिमालय दर्शन, बारापत्थर, केव गार्डन और सड़क किनारे मैगी प्वाइंट जैसे छोटे कारोबार भी पूरी तरह पर्यटकों पर निर्भर हैं।

मां नयना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन का कहना है कि पार्किंग समस्या और ऊंचे पार्किंग शुल्क के कारण पहले ही नैनीताल की छवि खराब हो चुकी है। शहर के 70 प्रतिशत से अधिक होटलों में पार्किंग की सुविधा नहीं है…जबकि पार्किंग शुल्क 500 रुपये तक होना पर्यटकों को खटकता है।

वहीं होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट का कहना है कि पुलिस की नकारात्मक व्यवस्था और एंट्री प्वाइंट पर सख्ती से पर्यटन कारोबार को नुकसान पहुंचा है। सोशल मीडिया पर नैनीताल को लेकर वायरल हो रही नकारात्मक रील्स ने भी स्थिति और बिगाड़ी।

हालांकि इस मामले पर एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि किसी भी पर्यटक को रोका या वापस नहीं भेजा गया। बिना बुकिंग वाले वाहनों को केवल पार्किंग उपलब्ध न होने की स्थिति में रोका गया और उन्हें शटल सेवा से भेजा गया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सिर्फ व्यवस्था बनाए रखने का काम किया है…पर्यटकों की कम आमद के अन्य कारण भी हो सकते हैं।

नैनीताल जिले में एक और महिला पर बाघ का हमला, मौके पर ही हो गई मौत

TigerAttack : CorbettTigerReserve : Ramnagar : DhelaRange : HumanWildlifeConflict : UttarakhandForest : WildlifeAttack : VillageNews : ForestDepartment : SafetyAlert : कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ढेला रेंज के सांवल्दे गांव निवासी एक महिला पर जंगल में लकड़ी लेने के दौरान टाइगर ने हमलाकर दिया…जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक महिला की पहचान सुखिया देवी के रूप में हुई है। वह रोज की तरह जंगल में लकड़ी लेने गई थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे टाइगर ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमले में महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। वन विभाग की टीम और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद महिला के शव को जंगल से बाहर निकाला गया।

इस हृदयविदारक घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं महिला की मौत से ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने, जंगल में गश्त तेज करने और टाइगर की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है। वन विभाग की ओर से घटना की जांच की जा रही है।

उत्तराखंड में इंटर कॉलेज प्रवक्ता के 808 पदों पर निकली भर्ती

UKPSCRecruitment : UttarakhandJobs : LecturerVacancy : GovernmentJobs : TeacherRecruitment : उत्तराखंड में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नए साल की शुरुआत खुशखबरी के साथ हुई है। उत्तराखंड लोकसेवा आयोग (UKPSC) ने राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता के 808 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इन पदों को लेकर शिक्षा निदेशालय की ओर से कुछ महीने पहले प्रस्ताव भेजा गया था..जिसे अब मंजूरी मिल गई है।

आयोग की विज्ञप्ति के अनुसार, कुल 808 पदों में से 725 पद सामान्य शाखा और 83 पद महिला शाखा के लिए आरक्षित हैं। प्रवक्ता भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आयोग की वेबसाइट पर किए जा सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 31 दिसंबर 2025 से 20 जनवरी 2026 तक चलेगी। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 21 से 42 वर्ष निर्धारित की गई है।

विषयवार पदों की बात करें तो सामान्य शाखा में सबसे अधिक पद नागरिक शास्त्र (111) के हैं। इसके बाद हिंदी (78), फिजिक्स (73), अर्थशास्त्र (72) और जीव विज्ञान (67) के पद शामिल हैं। वहीं महिला शाखा के 83 पदों में सबसे ज्यादा अंग्रेजी विषय के 14 पद रखे गए हैं। लिखित परीक्षा की तिथि बाद में घोषित की जाएगी।

गौरतलब है कि उत्तराखंड के राजकीय इंटर कॉलेजों में लंबे समय से प्रवक्ताओं के कई पद खाली चल रहे थे। अब 808 पदों पर भर्ती होने से शिक्षकों की कमी कुछ हद तक दूर होने की उम्मीद जताई जा रही है…जिससे शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

केदारनाथ धाम में हुई बर्फबारी, उत्तराखंड में अब बदलेगा मौसम

UttarakhandWeather : KedarnathSnowfall : RudraprayagNews : ColdWave : SnowfallUpdate : शुक्रवार को दोपहर बाद मौसम में बदलाव के चलते केदारनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई। हालांकि धाम में बर्फबारी हल्की रही…लेकिन पूरे जनपद में बादल छाए रहने से ठंड और शीत लहर का असर बना रहा।

सुबह के समय केदारनाथ धाम में मौसम साफ था…लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली। देर शाम से ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी देखने को मिली। स्थानीय स्तर पर उम्मीद जताई जा रही है कि रात के समय धाम में अच्छी बर्फबारी हो सकती है।

जिला मुख्यालय समेत जनपद के कई इलाकों में सुबह हल्की धूप खिली रही…लेकिन दोपहर बाद सर्द हवाएं चलने से ठंड बढ़ गई। ठंड के चलते कई कस्बों में लोगों ने अलाव जलाकर ठंड से बचाव किया।

केदारनाथ में वुड स्टोन के प्रभारी सोबन सिंह बिष्ट ने कहा कि दोपहर बाद से धाम की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि बीते दो दिनों से आसमान पूरी तरह बादलों से ढका हुआ है और देर रात तक धाम में बर्फबारी होने की संभावना बनी हुई है।

बर्फबारी की शुरुआत से जहां मौसम में ठंड बढ़ गई है…वहीं पहाड़ों में सर्दियों का अहसास और गहरा हो गया है।

उत्तराखंडवासियों ने अगर ये काम किया तो नए वाहन पर मिलेगी 50% की छूट

UttarakhandCabinet : VehicleScrappagePolicy : MotorVehicleTax : TaxRelief #GreenVehicle : TransportNews : उत्तराखंड सरकार ने पुराने वाहनों को लेकर एक अहम फैसला लिया है। कैबिनेट के निर्णय के अनुसार अगर कोई वाहन मालिक अपना पुराना वाहन स्क्रैप कराकर उसी श्रेणी का नया वाहन खरीदता है…तो उसे मोटर व्हीकल टैक्स में 15 से 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी।सरकार का उद्देश्य पुराने वाहनों को सड़क से हटाकर पर्यावरण अनुकूल नए वाहनों को बढ़ावा देना है।

यह महत्वपूर्ण फैसला 10 दिसंबर 2025 को हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया था…जिसकी अधिसूचना अब परिवहन सचिव बृजेश कुमार संत द्वारा जारी कर दी गई है। लंबे समय से स्क्रैप नीति को लागू करने की प्रक्रिया चल रही थी। वित्त विभाग के अनुसार इस निर्णय से राज्य को केंद्र सरकार से करीब 50 करोड़ रुपये की विशेष प्रोत्साहन राशि मिलने का रास्ता साफ हुआ है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि टैक्स छूट का लाभ तभी मिलेगा…जब वाहन को किसी मान्यता प्राप्त स्क्रैप सेंटर में स्क्रैप कराया जाएगा। स्क्रैपिंग के बाद केंद्र सरकार की ओर से जारी सर्टिफिकेट अनिवार्य होगा। इसी प्रमाण पत्र के आधार पर वाहन मालिक नए वाहन की खरीद पर टैक्स छूट का लाभ ले सकेगा। यह छूट परिवहन वाहनों के लिए 8 वर्ष और गैर-परिवहन वाहनों के लिए 15 वर्ष तक मान्य रहेगी।
राज्य में दोपहिया और चारपहिया वाहनों पर अलग-अलग दरों से टैक्स लगाया जाता है। निजी वाहनों पर 25 प्रतिशत, व्यावसायिक वाहनों पर 15 प्रतिशत, जबकि बीएस-1 और बीएस-2 श्रेणी के वाहनों पर 50 प्रतिशत तक टैक्स छूट का प्रावधान किया गया है।

फिलहाल 10 लाख रुपये तक के वाहन पर जहां 90 हजार रुपये टैक्स देना पड़ता है वहीं अब अलग-अलग श्रेणियों में 10,800 रुपये से लेकर 45 हजार रुपये तक की छूट मिलेगी। 20 लाख रुपये से अधिक कीमत वाले वाहनों पर भी कीमत के अनुसार 30 हजार से एक लाख रुपये तक की राहत दी जाएगी।

सरकार का मानना है कि इस फैसले से न केवल प्रदूषण कम होगा…बल्कि ऑटोमोबाइल सेक्टर को भी बढ़ावा मिलेगा और राज्य की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी।

उत्तराखंड में मौसम विभाग का अपडेट, 5 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी के आसार !

UttarakhandWeather : ColdWave : YellowAlert : FogAlert : Snowfall : उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक शीत लहर का असर तेज हो गया है। मौसम विभाग ने 5 जनवरी तक मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे और पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

बीते गुरुवार को चमोली जिले की नीती–मलारी घाटी, बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई…हालांकि यह पिछले वर्षों की तुलना में काफी कम रही। दिसंबर माह बीतने के बावजूद प्रदेश में बारिश नहीं हुई…जिससे सूखी ठंड बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, देहरादून और पौड़ी गढ़वाल के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं 2 जनवरी को 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी…जबकि 5 जनवरी को 3000 मीटर से ऊपर फिर से बर्फबारी हो सकती है।

सूखी ठंड और प्रदूषण के कारण स्वास्थ्य समस्याएं भी बढ़ रही हैं। डॉक्टरों के अनुसार खांसी, जुकाम, एलर्जी और सांस के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है।

महंगी होगी सिगरेट, सरकार के नए फैसले से इतनी बढ़ जाएगी कीमत

CigarettePriceHike : ExciseDuty : TobaccoTax : UnionGovernment : GST : SmokingCost : IndiaNews : केंद्र सरकार ने तंबाकू और तंबाकू से बने उत्पादों पर एक्साइज ड्यूटी लगाने का ऐलान किया है…जो 1 फरवरी 2026 से लागू होगी। इस फैसले के बाद सिगरेट पीने वालों की जेब पर सीधा असर पड़ने वाला है। अब सिगरेट खरीदने के लिए पहले से ज्यादा पैसे चुकाने होंगे और यह बढ़ोतरी सिर्फ ब्रांड पर नहीं…बल्कि सिगरेट की लंबाई और फिल्टर पर भी निर्भर करेगी।

साल 2017 में जीएसटी लागू होने के बाद सिगरेट पर यह अब तक का सबसे ज्यादा टैक्स माना जा रहा है। सिगरेट पर पहले से लग रहे 40 प्रतिशत जीएसटी के अलावा अब एक्साइज ड्यूटी भी लगेगी। जितनी लंबी सिगरेट होगी..उतनी ज्यादा एक्साइज ड्यूटी देनी होगी।

एक्साइज ड्यूटी की नई दरें

नए नियमों के तहत एक्साइज ड्यूटी प्रति 1000 सिगरेट के हिसाब से लागू होगी…

नॉन-फिल्टर सिगरेट (65 मिमी तक): 2,050 प्रति हजार

नॉन-फिल्टर सिगरेट (65–70 मिमी): 3,600 प्रति हजार

फिल्टर सिगरेट (65 मिमी तक): 2,100 प्रति हजार

फिल्टर सिगरेट (65–70 मिमी): 4,000 प्रति हजार

फिल्टर सिगरेट (70–75 मिमी): 5,400 प्रति हजार

अन्य सिगरेट: 8,500 प्रति हजार तक

इसके अलावा तंबाकू विकल्प वाले सिगरेट पर 4,006 प्रति हजार एक्साइज ड्यूटी लगेगी। सिगारिलो और अन्य तंबाकू विकल्पों पर 12.5 प्रतिशत या 4,006 प्रति हजार, जो भी अधिक होगा…वही टैक्स लागू किया जाएगा।

हर सिगरेट पर कितना बढ़ेगा दाम

एक्साइज ड्यूटी के हिसाब से अगर गणना करें तो….

नॉन-फिल्टर छोटी सिगरेट (65 मिमी तक): 2.05 प्रति सिगरेट बढ़ोतरी

फिल्टर छोटी सिगरेट (65 मिमी तक): 2.10 की बढ़ोतरी

65–70 मिमी सिगरेट: 3 से ₹4 तक महंगी

प्रीमियम सिगरेट (70–75 मिमी): करीब 5 तक महंगी हो सकती है

10 रुपये की सिगरेट अब कितने की?

विशेषज्ञों के अनुसार इस फैसले से सिगरेट के दामों में 20 से 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है।

10 रुपये की सिगरेट: 12 रुपये तक

15 रुपये की सिगरेट: 18–19 रुपये

20 रुपये की सिगरेट: 23 से 25 रुपये तक मिल सकती है

किन सिगरेट पर पड़ेगा ज्यादा असर

एक्साइज ड्यूटी का सबसे ज्यादा असर प्रीमियम, लंबी और फ्लेवर वाली सिगरेट पर पड़ सकता है। माना जा रहा है कि कंपनियां टैक्स का पूरा बोझ ग्राहकों पर डाल सकती हैं…जिससे सिगरेट पीना और महंगा हो जाएगा।

सरकार का कहना है कि इस फैसले का मकसद तंबाकू बाजार में टैक्स चोरी रोकना, राजस्व बढ़ाना और तंबाकू उत्पादों की खपत को हतोत्साहित करना है।

ये देखिए…नए साल पर यहां 35 करोड़ की शराब बिक्री ने तोड़े पुराने रिकॉर्ड

Noida New Year Celebration : Liquor Sale Record : Excise Department : Gautam Buddh Nagar : UP News : नए साल की खुशियों में नोएडा के लोग इस बार जश्न मनाने में बिल्कुल पीछे नहीं रहे। नववर्ष के मौके पर शहर में जमकर जाम छलका और शराब की बिक्री ने पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। आबकारी विभाग के अनुसार, इस बार शराब की बिक्री पिछले वर्षों की तुलना में कई गुना बढ़ गई है।

आबकारी अधिकारियों ने कहा कि सिर्फ दो दिनों में हुई शराब बिक्री ने नए कीर्तिमान स्थापित कर दिए। गौतमबुद्ध नगर जिला प्रदेश में सबसे ज्यादा शराब बिक्री वाला जिला बनकर सामने आया है। बढ़ती मांग को देखते हुए आबकारी विभाग ने अपने सभी आउटलेट्स पर कड़ी निगरानी रखी और हर स्तर पर व्यवस्थाएं मजबूत की गईं।

नए साल को लेकर आबकारी विभाग पहले से पूरी तरह तैयार था। विभाग के अधिकारी सुबोध कुमार ने कहा कि इस बार जिस स्तर पर बिक्री हुई है…उससे साफ है कि नोएडा वासियों ने नए साल के जश्न में कोई कमी नहीं छोड़ी। लोगों ने बड़ी संख्या में शराब की खरीदारी की, जिससे बाजारों और दुकानों पर रौनक बनी रही।

इस दौरान शराब की बिक्री सिर्फ मात्रा में ही नहीं बढ़ी…बल्कि नकदी के मामले में भी नया रिकॉर्ड बना। अधिकारियों के मुताबिक करीब 35 करोड़ रुपये की शराब बिक्री हुई…जबकि चार लाख लीटर से अधिक शराब दो दिनों में बिक गई। इसने नए साल के उत्सव को और भी भव्य बना दिया।

आबकारी विभाग का कहना है कि इस साल नए साल पर शराब की मांग में जो उछाल देखने को मिला है…वह पिछले कई वर्षों में नहीं देखा गया। नोएडा के लोगों ने बड़े पैमाने पर शराब खरीदकर यह साबित कर दिया कि नववर्ष का जश्न यहां पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया गया।

उत्तराखंड: कोहरे ने रोकी ट्रेनों की रफ्तार, जनता एक्सप्रेस हुई रद्द

TrainDelay : DenseFog : Dehradun : RailwayDisruption : PublicInconvenience : Uttarakhand News : घने कोहरे ने देहरादून रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की रफ्तार को रोक दिया है। जनता एक्सप्रेस के पहिये पूरी तरह थम गए…जबकि कुंभ एक्सप्रेस और लिंक एक्सप्रेस की गति काफी धीमी हो गई। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्टेशन पर जानकारी लेने के लिए यात्रियों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई यात्रियों ने अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अन्य ट्रेनों का रुख किया…तो कुछ ने बस या निजी वाहन से यात्रा करना बेहतर समझा।

वाराणसी जंक्शन से आने वाली जनता एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 15119) शुक्रवार को निर्धारित समय प्रातः 6:35 बजे तक देहरादून नहीं पहुंची। इसके चलते वहीं से रात्रि 18:30 बजे रवाना होने वाली जनता एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 15120) रद्द कर दी गई।

लिंक एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 14113) अपने निर्धारित समय सुबह 12:20 बजे देहरादून नहीं पहुंच सकी और लगभग दो घंटे देरी से चल रही है।

हावड़ा जंक्शन से आने वाली कुंभ एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12369) अपने निर्धारित समय शाम 18:10 बजे तक स्टेशन पर नहीं पहुंच सकी। अनुमान है कि कुंभ एक्सप्रेस रात 12 बजे के बाद ही स्टेशन पहुंच पाएगी। इसी कारण देहरादून से हावड़ा जंक्शन के लिए रवाना होने वाली कुंभ एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12370) भी निर्धारित समय रात्रि 9:45 बजे के बजाय देर से चली।

यात्री अब मौसम और रेलवे प्रशासन की जानकारी पर नजर बनाए हुए हैं, जबकि कोहरे के कारण आगे भी ट्रेन सेवा प्रभावित रहने की संभावना है।