
TRENDING NEWS










UttarakhandCricket : WomenUnder15Team : LalkuanNews : GirlPowerInSports : RisingCricketer : लालकुआं की बेटी कुमारी सोनाक्षी लोटनी ने खेल जगत में क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सोनाक्षी का चयन उत्तराखंड महिला अंडर-15 क्रिकेट टीम में हुआ है….जिससे लालकुआं और बिंदुखत्ता क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
कुमारी सोनाक्षी लोटनी नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की पुत्री हैं और वर्तमान में श्रीमती अमृति देवी क्रिकेट अकादमी, बिंदुखत्ता में नियमित क्रिकेट प्रशिक्षण ले रही हैं। यह अकादमी महिला खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराती है और अब तक यहां से 15 से 20 खिलाड़ी उत्तराखंड महिला क्रिकेट बोर्ड की विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुकी हैं। अकादमी ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बालिकाओं को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।
खेल के साथ-साथ सोनाक्षी पढ़ाई में भी अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। वह एच.सी.एम. स्कूल, हल्दूचौड़ (लालकुआं) की छात्रा हैं और पढ़ाई व खेल के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ रही हैं।
सोनाक्षी के चयन पर उनके परिवारजनों, प्रशिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है। लोगों का कहना है कि उनकी यह सफलता क्षेत्र की अन्य बालिकाओं के लिए प्रेरणा बनेगी और भविष्य में वह राज्य व देश का नाम और ऊंचा करेंगी।
RationCard : FoodSecurity : NainitalNews : PublicDistributionSystem : UttarakhandUpdates : नैनीताल जिले के पीले राशन कार्डधारकों के लिए राहत भरी खबर है। इस महीने से उन्हें गेहूं भी उपलब्ध कराया जाएगा। शासन के निर्देशों के अनुसार अब पीले राशन कार्ड पर उपभोक्ताओं को 5 किलोग्राम गेहूं और 2.5 किलोग्राम चावल दिया जाएगा।
अब तक पीले राशन कार्डधारकों को केवल साढ़े सात किलोग्राम चावल ही मिलता था, लेकिन नए प्रावधान के तहत खाद्यान्न में बदलाव किया गया है। यह व्यवस्था राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना और राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत लागू की जा रही ह…जिसके तहत अंत्योदय और प्राथमिक परिवार कार्डधारकों को सस्ते दामों पर राशन उपलब्ध कराया जाता है।
सस्ता गल्ला विक्रेताओं के माध्यम से राशन वितरण किया जाएगा। खाद्यान्न की उपलब्धता होने पर सामान्य पीले कार्डधारकों को कम कीमत पर चना, मसूर की दाल और अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री भी दी जाती है।
क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय जोशी ने कहा कि जनवरी माह से पीले राशन कार्डधारकों को गेहूं का वितरण भी शुरू कर दिया जाएगा। इस बदलाव से उपभोक्ताओं को संतुलित खाद्यान्न मिल सकेगा और उनकी जरूरतें बेहतर तरीके से पूरी होंगी।
Dial112 : HaldwaniPolice : EmergencyServiceMisuse : UttarakhandNews : RoadSafety : हल्द्वानी में डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवा का गलत इस्तेमाल करना एक रोडवेज बस चालक को भारी पड़ गया। लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने पर कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने बस चालक पर 5000 का चालान किया है।
दरअसल रोडवेज बस चालक ब्रज किशोर ने डायल 112 पर सूचना दी थी कि टांडा जंगल क्षेत्र में एक ऑल्टो कार ने बस रोककर मारपीट की और पैसे लूट लिए। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और कार को रामपुर रोड स्थित गन्ना सेंटर के पास रोककर दोनों पक्षों को चौकी लाया गया।
जांच के दौरान बस में बैठे यात्रियों से पूछताछ की गई, जिसमें सामने आया कि बस और ऑल्टो कार की हल्की टक्कर हुई थी। इसके बाद दोनों चालकों में विवाद और मारपीट हुई…लेकिन लूट जैसी कोई घटना नहीं हुई थी।
पुलिस ने झूठी सूचना देने पर रोडवेज बस चालक ब्रज किशोर के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 83 में 5000 का चालान किया। वहीं मारपीट के मामले में ऑल्टो चालक हैरी सिंह और दीप सिंह पर धारा 81 के तहत कार्रवाई कर कार को सीज कर दिया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आपातकालीन सेवाओं का दुरुपयोग न करें, इससे जरूरतमंदों को मदद मिलने में देरी हो सकती है।
Haldwani : UttarakhandRoadways : NewRoadwaysBuses : PassengerSafety : SmartTransport : नव वर्ष के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई 100 नई रोडवेज बसों में से हल्द्वानी, भवाली और रानीखेत डिपो के लिए स्वीकृत दो-दो बसें शुक्रवार को हल्द्वानी पहुंच गईं। ये बसें आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं और पहाड़ी मार्गों पर यात्रियों को सुरक्षित व आरामदायक सफर उपलब्ध कराएंगी।
हल्द्वानी रोडवेज डिपो पहुंचे इन वाहनों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, ई-टिकटिंग सिस्टम, फ्लीट मॉनिटरिंग और समयबद्ध रखरखाव जैसी सुविधाएं दी गई हैं। सभी बसें 37 सीटर हैं और 174 व्हील बेस पर आधारित हैं, जिन्हें खास तौर पर पहाड़ी रास्तों के अनुसार डिजाइन किया गया है।
काठगोदाम रोडवेज डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक संजय पांडे ने कहा कि फिलहाल बसों का पंजीकरण देहरादून में है। हल्द्वानी आरटीओ में रजिस्ट्रेशन और परमिट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इनका नियमित संचालन शुरू किया जाएगा। नई बसों का संचालन मुख्य रूप से हल्द्वानी-गंगोलीहाट मार्ग पर प्रस्तावित है।
हालांकि काठगोदाम डिपो को फिलहाल कोई नई बस नहीं मिल पाई है। नई बसों के आने से यात्रियों को बेहतर सुविधा और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा।
Bhavli : Leveshal : LeopardAttack : WildlifeAlert : DehradunDistrict : GoatAttack : ForestDepartment : SafetyAlert : WildlifeAwareness : भीमताल रोड के पास स्थित डोब ल्वेशाल ग्रामसभा में एक गुलदार ने अचानक हमला कर तीन बकरियों को मार डाला। घटना दोपहर करीब 11 बजे हुई…जब बकरियां घर के पास चर रही थीं। हमले के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल फैल गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की आवाजाही लगातार बनी हुई है। आसपास के जंगलों में दो से तीन गुलदार सक्रिय हैं और अक्सर आबादी के नजदीक दिखाई देते हैं। इससे बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पीड़ित हरीश चंद्र ने कहा कि उनकी बकरियां रोज की तरह घर के समीप चर रही थीं….तभी घात लगाए गुलदार ने अचानक हमला किया और तीनों बकरियों को मार डाला।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी वन विजय मेलकानी ने कहा कि निगरानी बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को वन्यजीवों से सावधानी बरतने की हिदायत दी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि रात के समय घर से बाहर न निकलें और बच्चों को अकेले बाहर न भेजें।
पीड़ित परिवार ने हुई क्षति के एवज में मुआवजे की मांग भी की है।
Uttarakhand: Cm Pushkar Singh Dhami: उत्तराखंड में परिवार (कुटुंब) रजिस्टर में सामने आ रही गंभीर गड़बड़ियों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में पूरे प्रदेश में निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के स्पष्ट आदेश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में मौजूद परिवार रजिस्टर की प्रतियां तुरंत जिलाधिकारी के पास सुरक्षित रखी जाएं, ताकि किसी भी तरह की छेड़छाड़ न हो सके। इन रजिस्टरों की गहन जांच CDO और ADM स्तर के अधिकारियों से कराई जाएगी।
बैठक में यह भी तय हुआ कि जांच का दायरा वर्ष 2003 से अब तक रहेगा, जिससे पुराने मामलों में हुई गड़बड़ियों का भी पता लगाया जा सके। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नाम दर्ज कराने वालों पर नियमों के अनुसार विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि परिवार रजिस्टर से जुड़ी प्रक्रिया पंचायत राज नियमावली के तहत चलती है, जिसके अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले हर परिवार का नाम रजिस्टर में दर्ज होना जरूरी है। अब इन प्रविष्टियों की जांच और नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया को और ज्यादा सख्त और पारदर्शी बनाया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज करने का अधिकार सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के पास होता है, जबकि अपील उप जिलाधिकारी के यहां की जा सकती है। फिलहाल ये सेवाएं अपणी सरकार पोर्टल के माध्यम से भी उपलब्ध हैं।
बैठक में यह बात भी सामने आई कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य की सीमाओं से सटे मैदानी जिलों के ग्रामीण इलाकों में अवैध बसावट के आधार पर परिवार रजिस्टर में नाम जोड़े गए, जिससे जनसंख्या संतुलन प्रभावित होने की आशंका है। इसी को देखते हुए सरकार नियमों में बदलाव की तैयारी कर रही है।
पंचायती राज विभाग के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2025 में परिवार रजिस्टर से जुड़ी सेवाओं के लिए बड़ी संख्या में आवेदन आए। 1 अप्रैल से 31 दिसंबर 2025 के बीच नए परिवार जोड़ने के लिए 2 लाख 66 हजार से ज्यादा आवेदन मिले, जिनमें से अधिकांश स्वीकृत किए गए, जबकि करीब 5 हजार आवेदन नियमों के उल्लंघन और अधूरे दस्तावेजों के कारण खारिज हुए। इसे फर्जी प्रविष्टियों की आशंका से जोड़कर देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सीमावर्ती जिलों सहित पूरे प्रदेश में एक समान जांच हो, ताकि किसी भी क्षेत्र में लापरवाही न हो। आगे चलकर परिवार रजिस्टर में नाम जोड़ने की प्रक्रिया को स्पष्ट नीति के तहत कैबिनेट में लाने का भी निर्णय लिया गया।
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि सरकारी रिकॉर्ड से किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
इस बैठक में गृह सचिव शैलेश बगौली, डीजीपी दीपम सेठ, डीजीपी इंटेलिजेंस अभिनव कुमार सहित पंचायती राज विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Gaurav Joshi: BJP: Uttarakhand: भारतीय जनता युवा मोर्चा में लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ता गौरव जोशी को संगठन ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा युवा मोर्चा ने उन्हें प्रदेश मीडिया सह संयोजक के पद पर नियुक्त किया है। उनकी इस नियुक्ति पर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
गौरव जोशी का जन्म 1 जुलाई 1994 को हल्द्वानी में हुआ। उनके पिता का नाम संतोष जोशी है। उन्होंने बी.ए. और एल.एल.बी. तक शिक्षा प्राप्त की है। छात्र जीवन से ही संघ से जुड़े गौरव जोशी इंटर पास करने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सक्रिय कार्यकर्ता रहे और महाविद्यालय में विद्यार्थी परिषद के प्रत्याशियों को जिताने के लिए लगातार कार्य किया।
वर्ष 2012 में उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी शुरू की और सबसे पहले लालकुआं विधानसभा के पूर्व मंडल में युवा मोर्चा कार्यकर्ता के रूप में जिम्मेदारी निभाई। इसके बाद उन्होंने संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए अपनी सक्रियता और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।
गौरव जोशी 2015 से 2017 तक संगठन की दृष्टि से हल्द्वानी जिले के जिला मीडिया प्रभारी रहे। 2017 से 2018 तक उन्होंने हल्द्वानी जिले में जिला उपाध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वर्ष 2019 से 2020 तक वे प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रहे। 2021 से 2023 तक उन्होंने नैनीताल जिले के जिला उपाध्यक्ष के रूप में संगठन को मजबूती दी। इसके पश्चात 2023 से 2025 तक वे प्रदेश सह मीडिया प्रभारी के पद पर कार्यरत रहे।
सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय गौरव जोशी ने 2012 से 2017 तक कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लगातार आंदोलन किए, जिसके चलते उनके विरुद्ध कई धाराओं में मुकदमा भी दर्ज हुआ और वर्ष 2018 में उन्हें 6 दिन का कारावास भी भुगतना पड़ा।
भाजपा युवा मोर्चा में प्रदेश मीडिया सह संयोजक बनने पर गौरव जोशी ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करेंगे।
Uttarakhand: BJP: Kartik Harbola: भारतीय जनता पार्टी ने नैनीताल जिले में युवा नेतृत्व को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए कार्तिक हर्बोला को भाजपा युवा मोर्चा का प्रदेश मंत्री नियुक्त किया है। इस नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। गौरतलब है कि कार्तिक हर्बोला अभी तक भाजपा युवा मोर्चा नैनीताल के जिलाध्यक्ष के रूप में सफलतापूर्वक अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनके कार्यकाल में संगठनात्मक मजबूती, युवाओं की भागीदारी और जनसंपर्क के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए।
कार्तिक हर्बोला ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से की। छात्र जीवन से ही वे राष्ट्रवादी और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। उनकी पहचान एक स्पष्ट विचारधारा वाले हिंदुत्ववादी नेता के रूप में होती है, जो लगातार युवाओं के बीच सक्रिय रहते हैं।
उनकी संगठन के प्रति निष्ठा, कार्यकुशलता और समर्पण को देखते हुए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश स्तर पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। नियुक्ति के बाद कार्तिक हर्बोला ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए युवाओं को भाजपा की विचारधारा से जोड़ने का कार्य पूरी प्रतिबद्धता से करेंगे। उनकी नियुक्ति पर भाजपा पदाधिकारियों, युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।
NainitalSports : HockeySelection : NationalSchoolHockey : Under14 : RekhaArya : UttarakhandTeam : नैनीताल की मेधावी खिलाड़ी रेखा आर्या ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है। नगर के मोहन लाल साह बालिका विद्या मंदिर इंटर कालेज की छात्रा रेखा का चयन विद्यालयी नेशनल स्कूल हॉकी प्रतियोगिता अंडर 14 के लिए उत्तराखंड राज्य की टीम में हुआ है।
रेखा अब 2 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक ग्वालियर में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर रही है। उनकी इस अहम सफलता पर स्कूल की प्रधानाचार्या शबनम अहमद, मैनेजर विनय साह, स्पोर्ट्स टीचर पुष्पा दर्मवाल, साथ ही हॉकी कोच सुनील कुमार, भगवत मेर और कमल बिष्ट, छात्रा के परिवार और शुभचिंतकों ने खुशी व्यक्त की और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
इस उपलब्धि से न केवल रेखा की मेहनत और लगन का परिचय मिलता है…बल्कि नैनीताल की खेल प्रतिभाओं के उज्जवल भविष्य की उम्मीद भी और मजबूत होती है।
UttarakhandDevelopment : PushkarSinghDhami : InfrastructureProjects : IrrigationProjects : DisasterManagement : RoadWidening : HumanWildlifeConflict : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में विभिन्न विकास और आपदा प्रबंधन योजनाओं को मंजूरी दी है। इसके तहत सिंचाई परियोजनाओं, सड़कों के चौड़ीकरण और मानव-वन्य जीव संघर्ष को कम करने के प्रयासों में तेजी लाने के साथ संवेदनशील जिलों में संचार सुविधाओं के विकास के लिए कुल 160.54 करोड़ रुपये के अनुमोदन प्रदान किए गए हैं।
नाबार्ड वित्त पोषण से संबंधित विभिन्न जिलों के अंतर्गत सिंचाई विभाग की 16 योजनाओं की कुल लागत 53.68 करोड़ रुपये तय की गई। वहीं उधम सिंह नगर जिले की किच्छा विधानसभा क्षेत्र में नगला-किच्छा मोटर मार्ग (राज्य मार्ग 44) के कि.मी. 4.850 से कि.मी. 12.600 तक के हिस्से को दो लेन से चार लेन करने के लिए 80.63 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की गई।
मानव-वन्य जीव संघर्ष की रोकथाम के लिए वन प्रभागों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने और अन्य संबंधित गतिविधियों के लिए राज्य आपदा मोचन निधि से 11.00 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। इसके अलावा आपदा की दृष्टि से संवेदनशील पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और बागेश्वर जिलों में पुलिस संचार नेटवर्क को उन्नत बनाने के लिए 15.23 करोड़ रुपये की योजना भी मंजूर की गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने इन योजनाओं के माध्यम से न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने पर जोर दिया है, बल्कि मानव-वन्य जीव संघर्ष कम करने और आपदा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया है।