नैनीताल : 1.10 करोड़ लेकर जमीन नहीं देने का आरोप, पति-पत्नी पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज

Bhimtal | FraudCase | Nainital : नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र में एक करोड़ रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। हल्द्वानी निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार हल्द्वानी के गौजाजाली बिचली क्षेत्र निवासी कमल जोशी ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2021 में दिनेश चंद्र पांडे और उनकी पत्नी विमला पांडे ने उनके पिता से 70 लाख रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि तय समय पर यह रकम वापस नहीं की गई। बाद में आरोपियों ने कारोबार में नुकसान का हवाला देते हुए दोबारा आर्थिक मदद मांगी…लेकिन इस बार परिवार ने इंकार कर दिया।

शिकायतकर्ता के अनुसार इसके बाद आरोपियों ने मेहरागांव स्थित अपनी जमीन बेचने का प्रस्ताव रखा। जमीन की कीमत करीब 1.18 करोड़ रुपये बताई गई…जिसके आधार पर उनके पिता ने 1.10 करोड़ रुपये दे दिए।

आरोप है कि जब जमीन की रजिस्ट्री कराने की प्रक्रिया शुरू हुई तो पता चला कि संबंधित भूमि पहले से ही बंधक है। इसके बाद न तो जमीन का मालिकाना हक दिया गया और न ही दी गई रकम वापस की गई।

भीमताल कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति-पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भारी बारिश के कारण मसूरी-देहरादून मार्ग प्रभावित, कई जगह भूस्खलन, सड़क में पड़ी दरारें

Mussoorie | HeavyRain | RedAlert : लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब मसूरी-देहरादून मार्ग पर साफ दिखाई देने लगा है। सोमवार को कोल्हुखेत से करीब तीन किलोमीटर नीचे ‘पानी वाले बैंड’ के पास मुख्य सड़क पर बड़ी दरारें पड़ गईं…जिससे सड़क के धंसने का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

बारिश के कारण मार्ग के कई हिस्सों में पहाड़ियों से मलबा और पत्थर गिर रहे हैं। इससे सड़क पर सफर करना जोखिम भरा हो गया है। कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और लंबा जाम लग गया…जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

लगातार बारिश का असर मसूरी शहर के जनजीवन पर भी पड़ा है। कई इलाकों में लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है और खराब मौसम के कारण आवाजाही में दिक्कतें बढ़ गई हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि यात्रा बेहद जरूरी न हो तो फिलहाल मसूरी-देहरादून मार्ग पर सफर करने से बचें। साथ ही मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।

इस बीच मौसम विज्ञान विभाग ने देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जिलों के लिए अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए स्थानीय लोगों और यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

नैनीताल में मौसम का बड़ा अलर्ट, 20 जुलाई को सभी स्कूल रहेंगे बंद

Nainital | SchoolHoliday | OrangeAlert : मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने 20 जुलाई 2026 (सोमवार) को जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

जिला प्रशासन के अनुसार 20 जुलाई को जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। लगातार हो रही वर्षा के कारण नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ सकता है। साथ ही भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

आदेश के अनुसार सोमवार को जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालय बंद रहेंगे…हालांकि नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित आवासीय विद्यालय इस आदेश से बाहर रहेंगें…क्योंकि वहां छात्र-छात्राएं परिसर में ही निवास करते हैं।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित संस्थान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन तथा मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

हल्द्वानी में हुआ बड़ा हेल्थ सेमिनार, CMD सागर जोशी ने दी बायोमैग्नेटिक हेल्थ थेरेपी की जानकारी

Haldwani News | Health Seminar | Motivation Event : रामपुर रोड स्थित एक निजी बैंक्वेट हॉल में टीम रॉयल ग्रुप के तत्वावधान में ई बायोटोरियम नेटवर्क प्रा. लि. की ओर से स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत एक बिजनेस एवं मोटिवेशनल सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत कंपनी के प्रबंध निदेशक (CMD) सागर जोशी के पारंपरिक उत्तराखंडी अंदाज में स्वागत के साथ हुई। इस दौरान महिलाओं ने उन्हें फूल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में धर्मांग पांड्या मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

सेमिनार को संबोधित करते हुए सागर जोशी ने बायोमैग्नेटिक हेल्थ थेरेपी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह प्राकृतिक और संतुलन आधारित पद्धति है…जिसका उद्देश्य लोगों को बेहतर जीवनशैली और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि अनुशासन, सकारात्मक सोच और सही मार्गदर्शन के साथ व्यक्ति अपने जीवन में बेहतर परिणाम हासिल कर सकता है।

इस अवसर पर प्रतीक कथूरिया ने शिक्षा, प्रशिक्षण और व्यक्तित्व विकास के महत्व पर अपने विचार रखे। वहीं त्रिलोक फर्त्याल ने टीमवर्क, लक्ष्य निर्धारण और निरंतर प्रयास से सफलता हासिल करने के अनुभव प्रतिभागियों के साथ साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले सहयोगियों को सम्मानित किया गया। साथ ही संगठन से जुड़े नए सदस्यों का स्वागत भी किया गया।

आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और टीम सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता और प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में त्रिलोक फर्त्याल, गोविंद प्रसाद, सुरेंद्र बोहरा, चंदन राम, अनूप रावल, अनिल टम्टा, ललित पांडे, राजू फर्त्याल, शंभू कुशवाहा, नवीन शर्मा, कमलेश, रमेश, विजेंद्र और गणेश कोहली सहित अनेक सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हल्द्वानी की मुद्रिका खुशी ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, बॉक्सिंग में एनटीओ परीक्षा पास कर मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान

Haldwani News | Boxing News | World Record : उत्तराखंड के हल्द्वानी की रहने वाली मुद्रिका गुरुरानी ने खेल जगत में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बॉक्सिंग में नेशनल टेक्निकल ऑफिशियल (एनटीओ) बनने पर उन्हें वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक की ओर से आधिकारिक मान्यता और प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया है।

मुद्रिका ने यह सफलता असम के गुवाहाटी में आयोजित आठवीं अंडर-19 राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के दौरान एनटीओ परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद हासिल की। उनकी इस उपलब्धि को विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया गया है।

मुद्रिका गुरुरानी केवल एक सफल बॉक्सर ही नहीं…बल्कि एक प्रतिभाशाली तैराक भी हैं। वह अब तक पांच बार राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुकी हैं और अंतरराष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व भी कर चुकी हैं।

वर्तमान में मुद्रिका मास्टर ऑफ फाइन आर्ट्स (एमएफए) की पढ़ाई कर रही हैं। पढ़ाई के साथ-साथ वह खेलों में भी लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं और नई उपलब्धियां अपने नाम कर रही हैं।

मुद्रिका की इस सफलता से उत्तराखंड के खेल जगत में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है।

उत्तराखंड: युवती से मिलने आए युवक के साथ मारपीट, गले में डाला पट्टा…आखिर क्यों भड़की भीड़?

Haridwar News | Kankhal News | Crime News : हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र स्थित गणपति धाम कॉलोनी में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। युवती से मिलने पहुंचे युवक के साथ कुछ लोगों ने कथित तौर पर घर में घुसकर मारपीट की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस के अनुसार घटना शनिवार की है। बताया जा रहा है कि युवक एक युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था। इस दौरान कुछ लोगों को उस पर शक हुआ और देखते ही देखते वहां भीड़ जुट गई। आरोप है कि भीड़ ने युवक से पूछताछ के बाद उसके साथ मारपीट की…जिससे वह घायल हो गया।

घटना के बाद युवती ने कनखल थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने कहा कि उसका परिवार पिछले आठ वर्षों से हरिद्वार में रह रहा है और करनाल (हरियाणा) निवासी युवक से उसकी कई वर्षों से दोस्ती है। युवती के अनुसार युवक उससे मिलने आया था….तभी 10 से 12 लोग घर में घुस आए और उसके साथ मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर मौके से चले गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। मामले में युवती की तहरीर के आधार पर 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

कनखल थाना के एसएसआई अनुज सिंह ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

उत्तराखंड: बारिश के दौरान नाली के पाइप में फंसने से 6 साल के मासूम की मौत

Vikasnagar News | Dehradun News | Uttarakhand Rain : उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में छह साल के मासूम की जान चली गई। घटना कोतवाली विकासनगर क्षेत्र की खादर बस्ती में हुई…जहां बारिश के दौरान खेल रहा बच्चा नाली के पाइप में फंस गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारिश के समय बच्चा मस्जिद के पास सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान तेज बहाव के साथ वह नाली के पास पहुंच गया और करीब 10 इंच चौड़े पाइप में फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

काफी देर तक चले रेस्क्यू के बाद जेसीबी मशीन की मदद से पाइप को तोड़कर बच्चे को बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तुरंत उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया…लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क निर्माण और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सड़क का ढाल अधिक होने और नालियों की खराब स्थिति के कारण बारिश का पानी तेज गति से बहता है…जिससे यह हादसा हुआ।

ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सड़क निर्माण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

बाजार पुलिस चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह गुंसाईं ने कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार बच्चा बारिश के दौरान खेलते समय हादसे का शिकार हुआ। उन्होंने कहा कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।

मुख्यमंत्री धामी का बड़ा फैसला, सहमति बनने तक देहरादून-ऋषिकेश परियोजना में नहीं कटेंगे पेड़

Dehradun | Rishikesh Road Project | Pushkar Singh Dhami : देहरादून–ऋषिकेश 4-6 लेन सड़क परियोजना को लेकर उठ रही पर्यावरण संबंधी चिंताओं के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने कहा है कि जब तक सभी पक्षों के साथ संतोषजनक सहमति और विश्वास का माहौल नहीं बन जाता…तब तक परियोजना के तहत प्रस्तावित पेड़ों की कटाई पर रोक रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की प्रकृति, जनभावनाएं और विकास सरकार की समान प्राथमिकताएं हैं। इसलिए किसी भी निर्णय में पर्यावरण और स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी नहीं की जाएगी।

उन्होंने प्रमुख सचिव और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पर्यावरण विशेषज्ञों और अन्य हितधारकों के साथ दोबारा विस्तृत संवाद किया जाए। सभी पक्षों की राय और सुझावों पर विचार करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं में शामिल है। इसके लिए आवश्यक वैधानिक और पर्यावरणीय स्वीकृतियां ली गई है…तथा उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही थी।

उन्होंने कहा कि परियोजना में वन्यजीवों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। इसके तहत करीब 3.5 किलोमीटर लंबा हाथी अंडरपास बनाया जाना प्रस्तावित है। साथ ही छोटे वन्यजीवों के सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष कल्वर्ट (पुलिया) भी बनाई जाएंगी…ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष और सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार उच्च न्यायालय के सभी निर्देशों और निर्णयों का पूरा सम्मान करेगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को आगे बढ़ाते समय जनभावनाओं, पर्यावरण संरक्षण और व्यापक जनहित के बीच संतुलन बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।

राहुल गांधी का संवाद, पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरा !

Rahul Gandhi | Paper Leak | Students Protest : कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देहरादून में आयोजित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में देशभर में सामने आए पेपर लीक के मामलों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित होनी चाहिए…ताकि मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय न हो।

शुक्रवार को देहरादून पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने सबसे पहले दिवंगत कांग्रेस नेता अमर मेहता के घर जाकर श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ बैठक की और शाम को रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों से सीधा संवाद किया।

कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक होने की घटनाओं ने मेहनती अभ्यर्थियों का भरोसा कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा कराने की जिम्मेदारी सरकार की होनी चाहिए…और पूरी प्रक्रिया सुरक्षित तथा पारदर्शी बनाई जानी चाहिए।

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि देश में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की जरूरत है। उनके अनुसार सरकारी नौकरियों में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष होनी चाहिए…ताकि योग्य उम्मीदवारों को उनकी मेहनत के आधार पर अवसर मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान नीट परीक्षा से जुड़ी अभ्यर्थी रिया थापा के पिता राजेश गुरुंग भी मंच पर पहुंचे। उन्होंने अपनी बेटी की कहानी साझा करते हुए कहा कि परीक्षा के बाद वह काफी खुश थी…लेकिन पेपर लीक की खबर सामने आने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी। अपनी बात बताते समय वह भावुक हो गए। राहुल गांधी ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि जिन छात्रों का नुकसान पेपर लीक जैसी घटनाओं से हुआ है उन्हें न्याय मिलना चाहिए।

इस दौरान कई प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत के बावजूद पेपर लीक जैसी घटनाओं के कारण उनका भविष्य प्रभावित हुआ। छात्रों ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

राहुल गांधी ने सुझाव दिया कि परीक्षा प्रणाली छात्र-केंद्रित होनी चाहिए, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए मजबूत व्यवस्था बनाई जाए और यदि किसी परीक्षा में गड़बड़ी होती है…तो जिम्मेदार लोगों पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा संस्थानों को स्वतंत्र रूप से कार्य करने का अवसर मिलना चाहिए।

कार्यक्रम में भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में युवा पहुंचे। बारिश के बीच भी छात्रों ने परीक्षा प्रणाली में सुधार, पारदर्शिता और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की मांग उठाई।

उत्तराखंड नर्सिंग भर्ती में आया बड़ा अपडेट, कई अभ्यर्थियों पर पड़ेगा असर

UKMSSB | Nursing Officer Recruitment | Uttarakhand Jobs | Age Limit : उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड (यूकेएमएसएसबी) ने चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत नर्सिंग अधिकारी के 587 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। राज्य सरकार द्वारा अधिकतम आयु सीमा में अतिरिक्त छूट देने से इनकार किए जाने के बाद बोर्ड ने हाईकोर्ट के आदेश पर लिए गए ऑफलाइन आवेदनों को निरस्त कर दिया है।

बोर्ड ने कहा है कि 17 नवंबर 2025 को राजकीय मेडिकल कॉलेजों में नर्सिंग अधिकारी के 587 पदों पर सीधी भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया था। इसके बाद 2 जुलाई 2026 को लिखित परीक्षा की अधिसूचना जारी की गई।

भर्ती के दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने अधिकतम आयु सीमा में छूट की मांग करते हुए उत्तराखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट के निर्देश पर इन अभ्यर्थियों के ऑफलाइन आवेदन स्वीकार किए गए…और उनका मामला राज्य सरकार के पास भेजा गया।

राज्य सरकार ने कार्मिक विभाग से परामर्श के बाद स्पष्ट किया कि उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विभाग (मेडिकल कॉलेज) नर्सिंग संवर्ग सेवा नियमावली-2020 और उत्तराखंड सेवाओं में भर्ती (आयु सीमा) नियमावली-2014 के अनुसार इस भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 42 वर्ष निर्धारित है। नियमों में अतिरिक्त आयु छूट का कोई प्रावधान नहीं है।

सरकार ने यह भी कहा कि यदि इस भर्ती में आयु सीमा में अतिरिक्त छूट दी जाती है…तो अन्य विभागों की भर्तियों में भी ऐसी मांग उठ सकती है। इसलिए नियमों से हटकर छूट देना उचित नहीं माना गया।

सरकार के फैसले के बाद चयन बोर्ड ने हाईकोर्ट के आदेश के तहत जमा किए गए सभी ऑफलाइन आवेदन निरस्त कर दिए हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इन अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी नहीं किए जाएंगे और वे भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकेंगे।