
TRENDING NEWS










Dehradun : BakeryFire : ArsonCase : Arrested : Investigation : करनपुर क्षेत्र में एक सिरफिरे युवक ने काम से हटाए जाने की रंजिश में ‘माहेश्वरी बेकर्स’ में आग लगाकर लाखों रुपये का नुकसान कर दिया। आगजनी में बेकरी का फर्नीचर, छह एसी, फ्रिज और कच्चा माल जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार ओल्ड डालनवाला निवासी शुभम माहेश्वरी की करनपुर चौक के पास बेकरी और कारखाना है। दो जनवरी को उन्होंने भगत सिंह कालोनी निवासी अभिषेक कुमार को सफाई के काम पर रखा था….लेकिन उसका व्यवहार ठीक न होने के कारण दो दिन बाद ही उसे हटा दिया गया। इससे नाराज होकर अभिषेक ने धमकी दी थी कि इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।
चार जनवरी की रात करीब एक बजे जब बेकरी बंद थी और मालिक घर जा चुके थे अभिषेक वहां पहुंचा और कारखाने में मौजूद दिव्यांग कर्मचारी विकास गुसाईं के साथ मारपीट की। इसके बाद उसने शटर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। घटना की पूरी वारदात बेकरी और कारखाने में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
आग इतनी भीषण थी कि इसकी लपटें बगल में स्थित एक पड़ोसी के घर तक पहुंच गई….जिससे वहां भी नुकसान हुआ। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
डालनवाला कोतवाली पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपित अभिषेक कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर संतोष कुंवर ने कहा कि मामले की जांच जारी है और भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए सुरक्षा उपायों पर भी ध्यान दिया जाएगा।
Village Success Story : Almora : Self Employment : Beekeeping : Honey Production : Atmanirbhar Village : Uttarakhand : अल्मोड़ा जिले के कनालबुंगा गांव का एक दंपति आज पहाड़ों में स्वरोजगार की मिसाल बन चुका है। कोविड काल के दौरान जब शहरों में हालात खराब थे….तब इस दंपति ने दिल्ली छोड़कर अपने गांव लौटने का फैसला किया। गांव पहुंचकर उन्होंने नया रास्ता चुना और मधुमक्खी पालन को अपना रोजगार बनाया।
शुरुआत में नारायण फर्त्याल ओर उनकी पत्नी निर्मला फर्त्याल के लिए यह काम आसान नहीं था। न उन्हें ज्यादा अनुभव था और न ही बाजार की पूरी जानकारी। कई बार नुकसान भी हुआ और मौसम की वजह से परेशानी झेलनी पड़ी…लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी। लगातार सीखते और मेहनत करते हुए आज वे मधुमक्खी पालन में पूरी तरह सफल हो चुके हैं।
एक मधुमक्खी बॉक्स तैयार होने में करीब तीन से चार महीने का समय लगता है और इसकी कीमत लगभग 6200 रुपये होती है। साल 2025 में उनके पास 365 बॉक्स थे और अब साल 2026 के लिए उन्होंने 400 बॉक्स का लक्ष्य रखा है। उनके द्वारा तैयार किया गया शुद्ध पहाड़ी शहद बाजार में 1100 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है…जिसकी अच्छी मांग है।
मधुमक्खी पालन से दंपति को अच्छी आमदनी हो रही है और वे आत्मनिर्भर बन चुके हैं। उनकी मेहनत को प्रशासन ने भी सराहा है। उन्हें जिलाधिकारी, राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा स्वरोजगार के लिए सम्मानित किया जा चुका है। साथ ही वे स्टार्टअप इंडिया उत्तराखंड से भी जुड़े रहे हैं।
आज कनालबुंगा गांव का यह दंपति पहाड़ों के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है। उनकी कहानी यह साबित करती है कि मेहनत और सही सोच के साथ गांव में रहकर भी सम्मानजनक रोजगार किया जा सकता है।
Uttarakhand : Almora : GreenFieldHighway : Infrastructure : Tourism : HalDWani : RoadConnectivity : कुमाऊं अंचल के लिए बड़ी सौगात के रूप में हल्द्वानी से अल्मोड़ा तक ग्रीन फील्ड हाईवे के निर्माण को केंद्र सरकार की मंजूरी मिल गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने के बाद पहाड़ों की कठिन यात्रा आसान हो जाएगी और हल्द्वानी-अल्मोड़ा की दूरी सिर्फ दो घंटे में पूरी की जा सकेगी।
वर्तमान में कुमाऊं के प्रवेश द्वार से अल्मोड़ा तक यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। संकरे मार्ग और पर्यटकों की भीड़ के कारण जगह-जगह जाम लगते हैं। खासकर भीमताल और कैंची धाम के पास जाम आम समस्या बन गया है….जिससे हल्द्वानी-अल्मोड़ा की यात्रा लगभग पांच घंटे तक लग जाती है।
नई दिल्ली के भारत मंडपम में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने परियोजना पर चर्चा की।
हल्द्वानी से भवाली तक डबल लेन रोड बनाई जाएगी।
गुलाब घाटी में डबल लेन के साथ एलिवेटेड पुल प्रस्तावित।
भीमताल के टॉप से सड़क निकाली जाएगी।
रामगढ़-मुक्तेश्वर होते हुए मौना-लाट-सरसों तक सड़क जाएगी।
पहाड़ी मार्गों की दूरी कम करने के लिए टनल निर्माण का भी प्रस्ताव है।
भारत सरकार की मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी। इसमें ड्रोन सर्वे भी कराया जाएगा ताकि निर्माण में कोई परेशानी न आए।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि सीमांत जिलों को जोड़ने के लिए ग्रीन फील्ड हाईवे को मंजूरी मिली है। यह परियोजना यातायात सुगम करेगी और पर्यटन को भी बढ़ावा देगी।
Uttarakhand : PoliceRanking : ICJS2 : DigitalPolicing : SDRF : Dehradun : CrimeControl : उत्तराखंड पुलिस ने इंटर ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (ICJS) 2.0 मासिक रैंकिंग में पहले स्थान का दर्जा हासिल किया है। यह मुकाम उत्तराखंड पुलिस ने हरियाणा पुलिस को पीछे छोड़कर पाया। इस उपलब्धि की जानकारी पुलिस प्रवक्ता आईजी कानून व्यवस्था सुनील कुमार मीणा ने पत्रकार वार्ता में दी।
आईजी मीणा ने बताया कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की CCNTNS-ICJS प्रगति डैशबोर्ड रिपोर्ट में उत्तराखंड पुलिस को 93.46 अंक मिले हैं। वहीं दूसरे स्थान पर हरियाणा को 93.41 और तीसरे स्थान पर असम को 93.16 अंक मिले हैं।
उत्तराखंड पुलिस ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर केस डायरी, चार्जशीट, डिजिटल साक्ष्य और न्यायिक प्रक्रियाओं को समेकित किया है। आईजी मीणा ने कहा कि इस सफलता में राज्य के सभी जिलों के समन्वित प्रयास और तकनीकी दक्षता का बड़ा योगदान है।
बृहस्पतिवार को पटेल भवन में प्रयागराज महाकुंभ में ड्यूटी देने वाली उत्तराखंड एसडीआरएफ टीम को सम्मानित किया गया। कमांडेंट अर्पण यदुवंशी के नेतृत्व में 112 सदस्यीय दल ने 24 जनवरी से 27 फरवरी तक संगम में तैनाती के दौरान कई रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार और लापता लोगों की सहायता जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए। उत्तर प्रदेश सरकार ने इस टीम को मेडल प्रदान किए।
Haridwar : MundlanaShooting : PoliceAction : CrimeUpdate : Arrested : Roorkee : हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली पुलिस ने मुंडलाना गोलीकांड का खुलासा कर दिया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है…जिनमें पति-पत्नी और जेठ शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
मुंडलाना गांव निवासी सतीश कुमार ने पुलिस को तहरीर दी थी कि पुरानी रंजिश के चलते तीन लोगों ने उनके घर पर फायरिंग की और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से गांव और आसपास के क्षेत्र में भय का माहौल बन गया।
हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर मंगलौर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। मुखबिर की सूचना पर हर्ष उर्फ बिगड़ा, विशाल और महिला पत्नी हर्ष को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से एक-एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद हुई।
मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने कहा कि मुंडलाना गोलीकांड में शामिल और आमजन में दहशत फैलाने वाले पति-पत्नी व जेठ को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
CM Pushkar Singh Dhami: Uttarakhand: Ankita Bhandari Case:मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वर्गीय अंकिता भंडारी के माता-पिता से भेंट कर उनसे संवेदनशील एवं गंभीर संवाद किया। इस अवसर पर अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी एवं माता सोनी देवी ने प्रकरण से जुड़ी अपनी पीड़ा, भावनाएं और चिंताएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने पूरे ध्यान और संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवार की बातों को सुना और उन्हें ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री धामी ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में न्याय सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोषियों को कानून के दायरे में लाकर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग प्रदान करने और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर सकारात्मक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार न्याय की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आगे बढ़ाएगी।
Pithoragarh : Tejam : RignuniaVillage : GramPradhan : AccidentalDeath : UttarakhandNews : सीमांत जिला पिथौरागढ़ के तेजम तहसील अंतर्गत रिगुनिया गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। गांव के युवा ग्राम प्रधान रमेश थापा (35 वर्ष) की पहाड़ी से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे से पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर है।
ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार दोपहर गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित होने पर ग्राम प्रधान रमेश थापा घर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित पेयजल स्रोत को देखने गए थे। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों की चिंता बढ़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान रमेश थापा गहरी खाई में गिरे हुए मृत अवस्था में मिले।
बताया जा रहा है कि पहाड़ी रास्ते में पैर फिसलने से वह खाई में गिर गए…जिससे उनके पेट में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। जैसे ही घटना की सूचना मिली परिवार में कोहराम मच गया। वृद्ध माता-पिता, पत्नी और छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बुधवार को थल में रामगंगा नदी के तट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया…जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। ग्रामीणों ने रमेश थापा को मिलनसार, मददगार और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि बताया। उनकी असमय मौत से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
Dehradun : YouthWelfare : SwamiVivekananda : NationalYouthDay : ReelCompetition : UttarakhandYouth : YouthAwards : RekhaArya : युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों, जीवन दर्शन और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने के लिए युवा कल्याण विभाग ने एक नई पहल की है। विभाग की ओर से विशेष इंस्टाग्राम रील प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है….जिसमें भाग लेकर युवा नगद पुरस्कार जीत सकते हैं।
इस प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों पर आधारित 30 से 60 सेकंड की रील बनाएंगे। रील को इंस्टाग्राम पर सार्वजनिक रूप से अपलोड करना अनिवार्य होगा। साथ ही #nationalyouthday2026 हैशटैग का प्रयोग करते हुए @rekhaaryaoffice, @officialukprd और @uksports-dept को टैग करना होगा।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता शुरू की गई है। प्रतियोगिता में आवेदन की अंतिम तिथि 9 जनवरी तय की गई है…जबकि विजेताओं की घोषणा 10 जनवरी को की जाएगी। चयनित विजेताओं को 12 जनवरी, स्वामी विवेकानंद जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 11 हजार, द्वितीय 7 हजार और तृतीय पुरस्कार 5 हजार रुपये रखा गया है। इसके अलावा युवा दिवस समारोह में तीन युवा मंगल दल और तीन महिला मंगल दलों को भी नगद पुरस्कार दिए जाएंगे।
UttarakhandEducation : SchoolTimings : SCERT : StateCurriculum : GovernmentSchools : Student : उत्तराखंड में सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में एकरूपता लाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) ने नई राज्य पाठ्यचर्या रूपरेखा (SCF) के तहत अब सभी सरकारी विद्यालयों की समयसारिणी एक समान करने का फैसला किया है।
अब ग्रीष्म और शीतकालीन अवकाश के बावजूद स्कूल सुबह 8:50 बजे खुलेंगे और दोपहर 3:15 बजे बंद होंगे। प्रतिदिन सुबह 25 मिनट की प्रार्थना सभा होगी और दोपहर में 40 मिनट का इंटरनल अवकाश रहेगा। नई समयसारिणी के तहत कम से कम 220 शिक्षण दिवस सुनिश्चित किए जाएंगे। इससे शीतकालीन और ग्रीष्मकालीन लंबी छुट्टियों में कटौती की जाएगी।
नई व्यवस्था 16 जनवरी से मॉडल के रूप में कुछ स्कूलों में शुरू की जा रही है। वर्तमान में अधिकांश सरकारी स्कूल औसतन 200 दिन पढ़ाई कर पाते हैं…जबकि NEP-2020 के अनुसार न्यूनतम 220 दिन आवश्यक हैं।
बैठक में SCERT की निदेशक बंदना गर्ब्याल के अलावा अपर निदेशक पदमेंद्र सकलानी, सीमेट विशेषज्ञ डॉ. मोहन बिष्ट, डॉ. अंकित जोशी और डॉ. रमेश बड़ोनी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों का मानना है कि नई समयसारिणी और पाठ्यचर्या से प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और एकरूपता में सुधार आएगा।
साथ ही कक्षा 11 के छात्रों को अब अपनी रुचि के अनुसार विषय चुनने की स्वतंत्रता दी जाएगी….जिससे वे अपनी अभिरुचि और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुसार पढ़ाई कर सकेंगे।
डा. बंदना गर्ब्याल ने कहा कि प्रतिदिन न्यूनतम 6 घंटे 25 मिनट का कार्यदिवस तय किया गया है…जो स्कूलों की कार्य संस्कृति और शैक्षणिक प्रक्रियाओं में सकारात्मक बदलाव लाने में मदद करेगा।
Dehradun : GovernmentHospital : DMCH : ScanAndShare : OnlineRegistration : PatientID : HospitalUpdate : DigitalHealthRecords : लंबी लाइन और कागजी प्रक्रिया से छुटकारा पाने के लिए राजकीय दून मेडिकल कालेज (DMCH) अस्पताल ने सभी पर्चा काउंटरों पर “स्कैन एंड शेयर” सुविधा शुरू कर दी है। मंगलवार को पहले दिन कर्मचारियों और मरीजों को नई प्रक्रिया समझने में थोड़ा समय लगा…जिससे दोपहर तक काउंटर पर लंबी लाइन लगी रही।
अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 2000 से 2200 मरीज आते हैं। अब मरीज ऑनलाइन पर्चा बनाकर सीधे काउंटर पर जा सकते हैं और लंबी लाइन से बच सकते हैं। इसके लिए अस्पताल में “आभा आइडी” बनाई जा रही है। मंगलवार को पहले दिन 500 मरीजों ने स्कैन एंड शेयर के माध्यम से पर्चा बनाया।
चिकित्सा अधीक्षक डा. आर.एस. बिष्ट ने कहा कि एक बार आभा आइडी बनने के बाद मरीजों का पूरा इलाज, जांच रिपोर्ट और प्रिस्क्रिप्शन इस पर दर्ज रहेगा। किसी भी सरकारी अस्पताल में मरीज अपनी आइडी नंबर बताकर इलाज करवा सकते हैं। इसके लिए केवल आधार कार्ड और पंजीकृत मोबाइल नंबर जरूरी है।