उत्तराखंड: जीविका अंथवाल और नन्दिनी राजपूत के सपनों को DM सविन बंसल ने दी उड़ान

Uttarakhand : Dehradun : Girls Education : CSR Fund : DM Savin Bansal : Nanda-Sunanda Project : Student Support : Bright Future : जिलाधिकारी सविन बंसल ने विषम परिस्थितियों में होनहार बेटियों की शिक्षा को नया जीवन देते हुए उनके सपनों को साकार करने का मार्ग तैयार किया है।

जीविका अंथवाल (बी.कॉम द्वितीय वर्ष) के पिता गंभीर लीवर रोग से ग्रसित हैं और आईसीयू में भर्ती हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद जिलाधिकारी ने सीएसआर फंड से जीविका के बैंक खाते में 1 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी और उसे पढ़ाई के लिए लैपटॉप उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की। अब जीविका का सपना सीए बनने का पूरा करने का रास्ता साफ है।

वहीं नन्दिनी राजपूत (कक्षा 11) नीट की तैयारी कर डॉक्टर बनने का सपना देख रही हैं। उनके पिता का 2018 में निधन हो चुका है और परिवार की जिम्मेदारी उनकी मां पर है। नन्दिनी को भी सीएसआर फंड से 1 लाख रुपये की मदद दी गई है। साथ ही उनके स्कूल प्रोजेक्ट  नंदा-सुनंदा के माध्यम से उनकी 11वीं की पढ़ाई को पुनर्जीवित किया गया।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि शिक्षा की ‘स्पार्क’ को कभी बुझने नहीं देना चाहिए और बेटियों को हमेशा अपने सपनों की ओर बढ़ते रहना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि दी गई सहायता पूरी तरह बेटियों की पढ़ाई में उपयोग होगी।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी न्याय कुमकुम जोशी, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास जितेन्द्र कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट और दोनों बालिकाओं के अभिभावक उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राज्य प्रशासन का उद्देश्य ऐसे परिवारों की बेटियों को हर संभव मदद प्रदान करना है ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें।

नैनीताल में संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बुधवार तक अवकाश घोषित

Uttarakhand: Nainital: Holiday: जनपद नैनीताल क्षेत्र में लगातार घने कोहरे एवं शीतलहर की स्थिति बनी हुई है, जिससे विशेष रूप से छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

जारी आदेश के अनुसार जनपद नैनीताल में संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में दिनांक 10 जनवरी 2026 तथा 12 जनवरी 2026 से 14 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

जिला कार्यक्रम अधिकारी, जनपद नैनीताल को निर्देशित किया गया है कि वे समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से इस आदेश की सूचना सभी पंजीकृत बच्चों के अभिभावकों तक समय से पहुँचाना सुनिश्चित करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

प्रशासन के इस निर्णय से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि ठंड और कोहरे के कारण छोटे बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ गया था।

उत्तराखंड के दो दोस्त दिल्ली कोर्ट की पेशी में गए, आनंद विहार रेलवे ट्रेक पर मिले शव

Uttarakhand : Haldwani : RailwayTragedy : RaviGupta : Golusharma : Delhi Court : पत्नी से विवाद के चलते दिल्ली में कोर्ट की पेशी के लिए गए हल्द्वानी के युवक रवि गुप्ता और उसके दोस्त गोलू शर्मा का शव दिल्ली के आनंद विहार रेलवे ट्रेक पर मिला। घटना की जानकारी 5 और 6 जनवरी को सामने आई।

जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय रवि गुप्ता हल्द्वानी के वैलेजली लाज गली नंबर-2 शिव मंदिर निवासी थे और एक फाइनेंसियल कंपनी में कार्यरत थे। उनका दिल्ली में पत्नी के साथ विवाद चल रहा था और कोर्ट में केस भी था। 4 जनवरी को रवि अपने आठ साल के बेटे और दोस्त गोलू शर्मा के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुए।

5 जनवरी को रवि गुप्ता का शव रेलवे ट्रेक पर पाया गया। अगले दिन यानी 6 जनवरी को उसी घटना स्थल से लगभग 200 मीटर दूर 25 वर्षीय गोलू शर्मा का शव मिला। लोगों का कहना है कि रवि के शव पर मारपीट के निशान भी दिखाई दे रहे हैं।

दिल्ली पुलिस ने हल्द्वानी के स्वजनों से संपर्क किया। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को रवि गुप्ता का शव हल्द्वानी लाया गया और देर शाम उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। 

यह घटना हल्द्वानी में चिंता और चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शवों की स्थिति व मौत के कारणों की पूरी जानकारी जुटा रही है।

उत्तराखंड में अंकिता भंडारी मामले की होगी CBI जांच,CM धामी ने दी संस्तुति

AnkitaBhandari : CBI : PushkarSinghDhami : Uttarakhand : JusticeForAnkita : SITInvestigation : StateGovernment : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वर्गीय अंकिता भंडारी के माता–पिता से हाल ही में मुलाकात की और उनके अनुरोध व भावनाओं का सम्मान करते हुए अंकिता भंडारी प्रकरण की CBI जांच कराने की संस्तुति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शुरू से अंत तक निष्पक्ष, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध रही है। घटना की जानकारी मिलते ही राज्य सरकार ने महिला आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया और सभी अभियुक्तों को शीघ्र गिरफ्तार कराया गया। SIT की गहन जांच और अदालत के निर्णय के बाद अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में सोशल मीडिया पर फैल रही कुछ ऑडियो क्लिप्स के संबंध में भी अलग–अलग FIR दर्ज की गई हैं और जांच प्रक्रिया लगातार जारी है। उन्होंने दो टूक कहा कि सरकार की मंशा पूरी तरह स्पष्ट है और किसी भी तथ्य या साक्ष्य की अनदेखी नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने भावुक होकर कहा कि अंकिता केवल एक पीड़िता नहीं थी…बल्कि वह हमारी भी बहन और बेटी थी। उन्होंने पुनः स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पूरी दृढ़ता और संवेदनशीलता के साथ स्वर्गीय अंकिता को न्याय दिलाने के लिए संकल्पबद्ध है।

भूकंप जोन 4 में उत्तराखंड का हाईड्रो प्रोजेक्ट टनल रिसाव के कारण बंद, काम 4–6 महीने रुकेगा

UERC ; Hydropower : ManneriBhaliII : HRTRisk : HydropowerSafety : UJVN : Dehradun : EnergySecurity : TunnelRepair : उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग (UERC) ने मनेरी भाली-द्वितीय जलविद्युत परियोजना (304 मेगावाट) की हेड रेस टनल (HRT) में गैमरी गाड़ क्षेत्र से हो रहे गंभीर पानी के रिसाव को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए 12.27 करोड़ रुपये के पुनर्वास कार्यों की मंजूरी दे दी है।

आयोग ने कहा कि गैमरी गाड़ में टनल के ऊपर की मिट्टी की मोटाई केवल 20-22 मीटर है और यह क्षेत्र सक्रिय श्रीनगर थ्रस्ट के बेहद पास है। भू-भौगोलिक और भूकंपीय दृष्टि से यह जगह अत्यधिक संवेदनशील मानी जाती है। 2021 में यहाँ रिसाव 229 लीटर प्रति सेकेंड था….जो 2024 तक बढ़कर 1602 लीटर प्रति सेकेंड तक पहुंच गया है। आयोग ने चेताया कि समय रहते मरम्मत न होने पर न केवल टनल कमजोर होगी बल्कि परियोजना की सुरक्षित बिजली उत्पादन क्षमता और राज्य के ऊर्जा तंत्र पर गंभीर खतरा हो सकता है।

यूजेवीएन लिमिटेड ने बताया कि परियोजना भागीरथी नदी पर आधारित 304 मेगावाट की रन-ऑफ-द-रिवर योजना है…जो प्रतिवर्ष लगभग 1566 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन करती है। जल जोशियाड़ा बैराज से 16 किलोमीटर लंबी HRT के माध्यम से धरासू पावर हाउस तक पहुँचता है, जहां चार इकाइयों में 76-76 मेगावाट की क्षमता से बिजली बनाई जाती है।

विशेषज्ञों ने आयोग को कहा कि स्थायी मरम्मत में चार से छह माह तक परियोजना बंद रह सकती है…जिससे लगभग 50 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व नुकसान हो सकता है। आयोग ने यूजेवीएन को सशर्त मंजूरी देते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य न्यूनतम लागत, तय गुणवत्ता और विशेषज्ञों की निगरानी में किए जाएँ।

दिल की 20% क्षमता बची थी, AIIMS ने बिना सर्जरी बुजुर्ग का हार्ट वाल्व ठीक कर चमत्कार किया

AIIMS Rishikesh : Heart Valve Surgery : TEER Procedure : Mitral Valve Leakage : Non-surgical Heart Repair : Uttarakhand News : एम्स ऋषिकेश के चिकित्सकों ने 65 वर्षीय मरीज का जीवन बचाया…जिनके हृदय के माइट्रल वाल्व में गंभीर लीकेज होने के कारण हृदय की पंपिंग क्षमता मात्र 20 प्रतिशत रह गई थी। मरीज ओपन हार्ट सर्जरी के लिए भी जोखिम में थे।

एम्स के कार्डियोलाजिस्ट एडिशनल प्रोफेसर बरुण कुमार के नेतृत्व में टीम ने अत्याधुनिक ट्रांसकैथेटर एज-टू-एज रिपेयर (टीईईआर) तकनीक से वाल्व में लीकेज को ठीक किया। मरीज अब स्वस्थ हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

रुड़की तहसील के मोहनपुर जट गांव निवासी जगत वीर सिंह ने कहा कि 2023 में उनके हृदय में स्टंट डाले गए थे…लेकिन पिछले महीनों में सांस फूलने और थकान की समस्या बढ़ गई थी। कई अस्पतालों ने माइट्रल वाल्व में गंभीर लीकेज और तत्काल सर्जरी की सलाह दी थी…लेकिन उम्र और पहले की सर्जरी के कारण मामला जोखिम भरा था।

टीईईआर प्रक्रिया में बिना छाती खोले, जांघ की नस के माध्यम से हृदय तक छोटी क्लिप पहुंचाई जाती है। यह क्लिप वाल्व के लीकेज हिस्सों को जोड़कर रक्त के उल्टे प्रवाह को कम करती है, जिससे हृदय की कार्यक्षमता बेहतर होती है।

टीम में प्रो. बरुण कुमार, डॉ. सुवेन कुमार, वरिष्ठ सर्जन डॉ. अंशुमान दरबारी और एनेस्थेसिया विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार शामिल रहे। एम्स के कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि यह सफलता संस्थान की अत्याधुनिक हृदय चिकित्सा क्षमताओं का उदाहरण है।

जरूरी सूचना, काठगोदाम से संचालन होने वाली दो ट्रेन मार्च तक रहेगी निरस्त

Train: Uttarakhand: Kathgodam: रेलवे प्रशासन द्वारा परिचालनिक सुगमता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के जम्मूतवी मंडल में विभिन्न स्थानों पर पुलों पर इंजीनियरिंग कार्य किया जाना प्रस्तावित है। इस कार्य के तहत कठुआ–माधोपुर (पंजाब) स्टेशनों के मध्य पुल संख्या–17, शहीद कप्तान तुषार महाजन उधमपुर–चक रखवाल स्टेशनों के मध्य पुल संख्या–163 तथा पठानकोट कैंट–कंद्रोरी स्टेशनों के मध्य पुल संख्या–137 एवं 232 पर मरम्मत एवं अन्य तकनीकी कार्य किए जाएंगे।

उक्त इंजीनियरिंग कार्य के कारण कुछ ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से निरस्त किया गया है, जिसका विवरण निम्नलिखित है-

निरस्त की गई ट्रेनें:

काठगोदाम से 31 मार्च 2026 तक चलने वाली 12207 काठगोदाम–जम्मूतवी एक्सप्रेस

जम्मूतवी से 29 मार्च 2026 तक चलने वाली 12208 जम्मूतवी–काठगोदाम एक्सप्रेस

कानपुर सेंट्रल से 31 मार्च 2026 तक चलने वाली 12209 कानपुर सेंट्रल–काठगोदाम एक्सप्रेस

काठगोदाम से 30 मार्च 2026 तक चलने वाली 12210 काठगोदाम–कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। असुविधा के लिए खेद प्रकट करते हुए प्रशासन ने बताया कि यह कार्य यात्रियों की सुरक्षा एवं बेहतर रेल संचालन के लिए आवश्यक है।

श्रीकोट स्थित राजकीय नर्सिंग कॉलेज अब स्वर्गीय अंकिता भंडारी के नाम से जाना जाएगा

Uttarakhand: Late Ankita Bhandari Nursing College: पौड़ी जिले के डोभ (श्रीकोट) स्थित राजकीय नर्सिंग कॉलेज का नाम अब बदल दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर कॉलेज का नया नाम “स्व. अंकिता भंडारी राजकीय नर्सिंग कॉलेज डोभ (श्रीकोट) पौड़ी” रखा गया है। इस फैसले को लेकर शासन की ओर से आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

हाल ही में मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय अंकिता भंडारी के माता-पिता से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है और अंकिता को न्याय दिलाना उसकी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा था कि पीड़ित परिवार की मांगों पर निष्पक्ष और तेज़ कार्रवाई की जाएगी। कॉलेज का नाम अंकिता भंडारी के नाम पर रखने को लेकर क्षेत्र में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखी जा रही है।

बता दें कि  नर्सिंग कॉलेज का नाम स्व. अंकिता भंडारी राजकीय नर्सिंग कॉलेज डोभ (श्रीकोट) पौड़ी रख दिया है। वहीं, सीएम धामी के निर्देश के बाद शासन ने शासनादेश भी जारी कर दिए हैं। हालांकि राज्य के कई हिस्सों में प्रदर्शन हो रहे हैं और मामले की सीबीआई जांच की मांग हो रही है।

देहरादून में शुरू हुई ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ की शूटिंग, महाकुंभ वायरल गर्ल मोनालिसा याद है ना !

Bollywood : Uttarakhand : Dehradun : TheDiaryOfManipur : Monalisa : Shooting : Debut : FilmNews : बॉलीवुड की चर्चित निर्माता-निर्देशक सनोज मिश्रा की महत्वाकांक्षी फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ की शूटिंग उत्तराखंड में जोर-शोर से चल रही है। फिल्म के प्रमुख हिस्से देहरादून, विकासनगर, मसूरी और आसपास के खूबसूरत इलाकों में शूट किए जा रहे हैं।

इस फिल्म से महाकुंभ में वायरल हुईं मोनालिसा बॉलीवुड में अपने डेब्यू कर रही हैं। उनके साथ अभिनेता अभिषेक त्रिपाठी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। वहीं बॉलीवुड स्टार राजकुमार राव के बड़े भाई अमित राव भी फिल्म का हिस्सा हैं। स्थानीय कलाकार विष्णु दुबे ने भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं।

देहरादून में शूटिंग स्थल पर पहुंची मोनालिसा का भव्य स्वागत किया गया। फिल्म के सह-निर्माता पंजाब सिंह मजीठिया ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। प्रोडक्शन हेड पवन सिंह ने मोनालिसा को विशेष रूप से अभिनय की बारीकियों में प्रशिक्षित किया है…ताकि वे इस बड़े मौके के लिए पूरी तरह तैयार रहें।

मोनालिसा ने कहा कि उत्तराखंड की हवा-पानी और लोग बेहद अच्छे हैं। यहां की प्राकृतिक सुंदरता ने मुझे बहुत प्रभावित किया है। मैं यहां शूटिंग करके बेहद खुश हूँ।

फिल्म की शूटिंग जल्द ही पूरी होने के बाद बड़े पर्दे पर इसका दमदार प्रदर्शन देखने को मिलेगा।

यात्रियों के लिए अच्छी खबर, उत्तराखंड के इस स्टेशन पर रूकेगी अमृत भारत और दुर्गियाना एक्सप्रेस

RailwayUpdate : LuxarStation : Amrit Bharat & Durgiana Express : Stop : Uttarakhand : यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी रेलवे ने अमृत भारत और दुर्गियाना एक्सप्रेस ट्रेनों के लक्सर स्टेशन पर ठहराव की नई समयसारिणी जारी कर दी है। लंबे समय से यात्रियों और स्थानीय लोगों की मांग रही थी कि इन दोनों साप्ताहिक ट्रेनों को लक्सर में रोका जाए…जिससे उन्हें यात्रा में सुविधा मिल सके।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने कहा कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। सहरसा-छैहरटा अमृत भारत एक्सप्रेस अब हर मंगलवार शाम 6:32 बजे लक्सर स्टेशन पहुंचेगी और दो मिनट रुकने के बाद अमृतसर के छैहरटा स्टेशन के लिए प्रस्थान करेगी। वापसी में यह ट्रेन बुधवार सुबह 6:21 बजे लक्सर पहुंचेगी।

इसी तरह, कोलकाता से अमृतसर जाने वाली साप्ताहिक दुर्गियाना एक्सप्रेस भी अब लक्सर रेलवे स्टेशन पर रुकेगी। यह ट्रेन बुधवार सुबह 9:42 बजे लक्सर पहुंचेगी और दो मिनट ठहरने के बाद अमृतसर के लिए प्रस्थान करेगी। वापसी में गुरुवार को अमृतसर से कोलकाता जाते समय यह ट्रेन दोपहर 12:18 बजे लक्सर स्टेशन पर ठहराव करेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस ठहराव से यात्रियों को समय की बचत होगी और लक्सर क्षेत्र के लोगों के लिए यात्रा करना आसान हो जाएगा।