
TRENDING NEWS











Uttarakhand Secretariat | Security Breach | Dehradun News : उत्तराखंड सचिवालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गुरुवार को एक मामला सामने आया…जिसने सुरक्षा प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए। एक कारोबारी के साथ आया निजी सुरक्षा गार्ड लाइसेंसी पिस्टल लेकर सचिवालय परिसर में प्रवेश कर गया। बताया जा रहा है कि वह कुछ समय तक परिसर में घूमता रहा…जिसके बाद सुरक्षा अधिकारियों को इसकी जानकारी मिली।
जानकारी के अनुसार एक कारोबारी किसी अधिकारी से मुलाकात के लिए सचिवालय पहुंचा था। उसके साथ उसका निजी सुरक्षा गार्ड भी वाहन में मौजूद था। बताया जा रहा है कि अधिकारी से हुई बातचीत के आधार पर वाहन को परिसर में प्रवेश की अनुमति दे दी गई। इस दौरान सुरक्षा जांच सामान्य स्तर पर की गई और वाहन को अंदर जाने दिया गया।
कारोबारी अधिकारी से मिलने भवन के अंदर चला गया….जबकि उसका सुरक्षा गार्ड परिसर में ही मौजूद रहा। इसी दौरान सुरक्षा कर्मियों की नजर उसके पास मौजूद पिस्टल पर पड़ी…जिसके बाद तुरंत सुरक्षा और खुफिया अधिकारियों को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सुरक्षा टीम ने गार्ड को रोककर उससे पूछताछ की और वाहन की भी जांच की। बाद में उसे सचिवालय सुरक्षा अधिकारी के कार्यालय ले जाया गया…जहां उसके लाइसेंसी हथियार से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई।
सचिवालय सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि गार्ड के पास लाइसेंसी पिस्टल थी। आवश्यक पूछताछ के बाद उसे वाहन सहित सचिवालय परिसर से बाहर भेज दिया गया। घटना के बाद सचिवालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

LIU Inspector | Ramnagar News | Uttarakhand Police: उत्तराखंड पुलिस के एलआईयू इंस्पेक्टर मनोज मनराल को गुरुवार को पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनका बुधवार को देहरादून में हृदयाघात के कारण निधन हो गया था। गुरुवार को जब उनका पार्थिव शरीर रामनगर स्थित उनके आवास पहुंचा तो परिवार और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
दुख की इस घड़ी में कुमाऊं आईजी निवेदिता कुकरेती ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। इसके बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए स्थानीय विश्राम घाट ले जाया गया।
विश्राम घाट पर उत्तराखंड पुलिस ने पूरे राजकीय सम्मान के साथ दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि दी। पुलिस जवानों ने शस्त्र झुकाकर शोक सलामी दी और पुष्पचक्र अर्पित कर अपने साथी को अंतिम विदाई दी। इस दौरान मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
दिवंगत मनोज मनराल अपने पीछे बेटी सहित परिवार को छोड़ गए हैं। अंतिम संस्कार की रस्म उनके चचेरे भाई आदित्य मनराल ने निभाई।
अंतिम विदाई के दौरान पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत अधिकारी को याद करते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठ और सरल स्वभाव की सराहना की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

UTU Paper Leak | Dehradun News | Assistant Professor Arrested : उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सेमेस्टर परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के एक सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। उन पर परीक्षा से पहले छात्रों को ऐसे सवाल भेजने का आरोप है…जो बाद में परीक्षा के प्रश्नपत्र से काफी हद तक मेल खाते पाए गए।
जानकारी के अनुसार पूरे मामले का खुलासा परीक्षा के बाद विश्वविद्यालय को मिले एक ई-मेल से हुआ। इसमें दावा किया गया था कि परीक्षा से पहले एक व्हाट्सएप ग्रुप में छात्रों के साथ महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए गए थे। जब परीक्षा संपन्न होने के बाद इन सवालों का मिलान प्रश्नपत्र से किया गया तो कई प्रश्न समान पाए गए।
इसके बाद विश्वविद्यालय ने आंतरिक जांच कराई। जांच समिति की रिपोर्ट में सामने आया कि आरोपी ने परीक्षा से पहले छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप और आंतरिक पोर्टल पर परीक्षा से संबंधित प्रश्न साझा किए थे। रिपोर्ट के आधार पर कॉलेज प्रबंधन ने उन्हें सेवा से हटा दिया और विश्वविद्यालय ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
परीक्षा नियंत्रक की शिकायत पर प्रेमनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह भी पता लगा रहे हैं कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति या संगठित गिरोह शामिल था या नहीं। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी कार्रवाई की जा सकती है।

Uttarakhand Labour Welfare | CM Dhami | Construction Workers: उत्तराखंड सरकार ने पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए कई नई कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को इन योजनाओं का शुभारंभ करते हुए श्रमिकों के स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने पर जोर दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रमिक स्वास्थ्य योजना के तहत दो आधुनिक मोबाइल मेडिकल वैन को भी रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। नई योजनाओं के तहत श्रमिक परिवारों को पोषण सहायता दी जाएगी…जबकि उनके बच्चों को शिक्षा सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी ताकि पढ़ाई में किसी तरह की परेशानी न हो।
सरकार ने स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए श्रमिक परिवारों में हाईजीन किट वितरित करने की योजना भी शुरू की है। इसके अलावा योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना के माध्यम से पात्र छात्र-छात्राओं को निःशुल्क योग और वेलनेस का प्रशिक्षण दिया जाएगा। हर साल 210 बच्चों को आवासीय सुविधा के साथ प्रशिक्षण मिलेगा। तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 70 युवाओं को प्रशिक्षण पूरा होने के बाद रोजगार से जोड़ने की भी व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के तहत शुरू की गई मोबाइल मेडिकल वैन दूर-दराज के इलाकों में जाकर श्रमिकों के कार्यस्थल और घर पर ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगी। इन वैन में एक्स-रे, ईसीजी सहित 44 प्रकार की जांचें निःशुल्क होंगी। साथ ही टेली-कंसल्टेशन के जरिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह भी मिलेगी और जांच के बाद तीन महीने तक स्वास्थ्य की निगरानी की जाएगी। फिलहाल इसकी शुरुआत पौड़ी गढ़वाल और चंपावत से की गई है…जिसे बाद में पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार श्रमिकों को काम के लिए जरूरी औजार, साइकिल और सिलाई मशीन उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को घर बनाने या खरीदने के लिए आर्थिक सहायता और वृद्ध श्रमिकों को मासिक पेंशन जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों के कल्याण के लिए बोर्ड पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रहा है…ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंद श्रमिकों तक पहुंच सके।

Uttarakhand: Paper Leak: पेपर लीक को लेकर पूरे देश में प्रदर्शन हो रहा है। इस बीच एक खबर उत्तराखंड से भी सामने आ रही है। वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) में परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक हुआ है। मामले के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय ने जांच के बाद दो विषयों की परीक्षाएं रद कर दी हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक्शन लिया है। इसी क्रम में प्रश्नपत्र तैयार करने वाले शिवालिक कॉलेज आफ इंजीनियरिंग, देहरादून के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को सात साल तक परीक्षा संबंधी कार्यों से बैन किया गया है।
बता दें कि मामला सत्र 2025-26 की सम सेमेस्टर परीक्षाओं का है। विश्वविद्यालय को मैकेनिकल लर्निंग फार इंटरनेट ऑफ थिंग्स विषय के प्रश्नपत्र को लेकर शिकायत मिली थी। इसके बाद विश्वविद्यालय ने उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की। इसके साथ ही शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग ने भी अपने स्तर पर मामले की जांच की। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि इस विषय के बाह्य प्रश्नपत्र निर्माता आशीष कुमार गुप्ता ने परीक्षा से पहले प्रश्न छात्रों के आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सएप के माध्यम से साझा किए।
जांच समिति ने इसे परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता और नियमों का गंभीर उल्लंघन माना। वहीं ये भी सामने आया कि इसी शिक्षक की ओर से तैयार किए गए इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड थ्योरी विषय का प्रश्नपत्र भी लीक हुआ। ऐसे में विश्वविद्यालय ने दोनों विषयों की पहले आयोजित परीक्षाओं को निरस्त करने का फैसला लिया।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डा. वीके पटेल ने बताया कि निरस्त की गई दोनों परीक्षाओं का आयोजन अगस्त के तीसरे सप्ताह में कराया जाएगा। परीक्षा की तिथि और केंद्रों की जानकारी अलग से जारी की जाएगी। प्रभावित छात्रों को संबंधित कालेजों के माध्यम से इसकी सूचना दी जा रही है।

Teenpani: Lalkuan: Haldwani: Flyover: तीनपानी से लालकुआं जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेई के निर्देश पर एनएचएआई ने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे बेहतर लाइटिंग, कन्वैक्स मिरर, रंबल स्ट्रिप और थर्मोप्लास्ट रोड मार्किंग का काम पूरा कर लिया है। साथ ही मार्ग पर दिशा-सूचक और चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं, ताकि वाहन चालकों को रास्ते की सही जानकारी मिल सके।
हाईवे पर हर समय रोशनी बनी रहे, इसके लिए एनएचएआई ने चार डीजी सेट भी खरीदे हैं। इनका ट्रायल चल रहा है। बिजली गुल होने पर इन्हीं डीजी सेटों से पूरे हाईवे की लाइटें चालू रखी जाएंगी, जिससे रात के समय भी सफर सुरक्षित रहेगा और हादसों की संभावना कम होगी।
नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेई ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, तय गति सीमा में वाहन चलाएं, रॉन्ग साइड वाहन न चलाएं और रात के समय सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। सभी के सहयोग से ही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

NEET UG 2026 | Chamoli News | MBBS Student | Success Story : चमोली जिले के बरसाली गांव के रहने वाले अनुराग पुरोहित ने अपनी मेहनत और लगन से सफलता की नई मिसाल कायम की है। एमबीबीएस की पढ़ाई जारी रखते हुए उन्होंने इस वर्ष नीट (NEET) परीक्षा में 720 में से 655 अंक प्राप्त किए…और देशभर में 1202वीं रैंक हासिल की।
अनुराग वर्तमान में देहरादून के दून मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र हैं। डॉक्टर बनने के अपने लक्ष्य को और आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ नीट की तैयारी भी जारी रखी। लगातार मेहनत का परिणाम उन्हें शानदार रैंक के रूप में मिला।
अनुराग ने कर्णप्रयाग स्थित श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल से इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी की। उन्होंने अब तक चार बार नीट परीक्षा दी है…जिनमें दो बार सफलता हासिल की। उनका कहना है कि उन्होंने तैयारी के दौरान मुख्य रूप से सेल्फ स्टडी पर भरोसा किया और जरूरत पड़ने पर ऑनलाइन माध्यम से अध्ययन सामग्री व मार्गदर्शन लिया।
अनुराग का परिवार एक सामान्य मध्यमवर्गीय परिवार है। उनके पिता अशोक पुरोहित का निधन हो चुका है। इसके बाद उनकी मां गीता देवी ने सब्जी बेचकर परिवार की जिम्मेदारी संभाली और बच्चों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। अनुराग की छोटी बहन भी अपनी पढ़ाई कर रही है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य बी.बी. डोभाल ने अनुराग की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता जरूर मिलती है।
अनुराग की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार…बल्कि पूरे चमोली जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है।

HigherEducation | NEP2020
| Uttarakhand : उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने राज्य के सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों की प्रगति, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के क्रियान्वयन और शिक्षा की गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न विषयों पर कुलपतियों के साथ चर्चा की।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप विकसित किया जाए। उन्होंने सभी सरकारी विश्वविद्यालयों को अगले पांच वर्षों की स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में विश्वविद्यालयों को NAAC और NIRF जैसी राष्ट्रीय मान्यता और रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। इसके लिए अल्पकालिक, मध्यमकालिक और दीर्घकालिक योजनाएं बनाने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों की पढ़ाई पूरी होने के बाद उनकी प्रगति पर नजर रखने के लिए ट्रेसिंग मैकेनिज्म विकसित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ इंटर्नशिप को भी बढ़ावा दिया जाए और इसके लिए उद्योगों, गैर-सरकारी संस्थाओं तथा सामाजिक संगठनों के साथ विश्वविद्यालयों की साझेदारी मजबूत की जाए।
उन्होंने विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए विदेशी भाषाओं के अध्ययन पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में सचिव डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, अपर सचिव मनुज गोयल सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

CorbettTigerReserve | Ramnagar | ForestDepartment : कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज में वनकर्मियों पर एक ग्रामीण के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। विरोध में एक युवक वन चौकी की छत पर चढ़ गया और संबंधित वनकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई तथा निलंबन की मांग करने लगा। सूचना मिलने पर वन अधिकारी, पुलिस और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और काफी समझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।
जानकारी के अनुसार ढेला गांव निवासी शिव गिरी और वन गुर्जर नंदू जंगल किनारे जलाऊ लकड़ी लेने गए थे। इसी दौरान वन विभाग की टीम उन्हें पकड़कर ढेला वन चौकी ले आई। वहां वन अधिनियम के तहत चालान काटकर जुर्माना वसूला गया।
आरोप है कि इसके बाद कुछ वनकर्मियों ने दोनों ग्रामीणों के साथ मारपीट की…जिससे वे घायल हो गए। जब इस घटना की जानकारी शिव गिरी के भतीजे चंदन गिरी को मिली तो वह पेट्रोल लेकर वन चौकी पहुंचा और विरोध स्वरूप चौकी की छत पर चढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी रेंज कार्यालय पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद एक महिला वनकर्मी ने भी उनके साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, वन विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। काफी समझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर संबंधित वनकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने कहा कि पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं रामनगर कोतवाली के प्रभारी सुशील कुमार ने कहा कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Dehradun | DelhiExpressway | KanwarYatra : कांवड़ यात्रा के दौरान देहरादून से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम ने बड़ा फैसला लिया है। अब यात्रा अवधि में देहरादून से दिल्ली जाने वाली सभी रोडवेज बसों का संचालन दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के जरिए किया जाएगा।
अभी तक केवल वॉल्वो और एसी बसें ही एक्सप्रेसवे से संचालित हो रही थीं…जबकि साधारण बसें पुराने मार्ग से चलाई जा रही थीं। अब कांवड़ मेले को देखते हुए साधारण बसों को भी एक्सप्रेसवे से भेजने की तैयारी की गई है।
देहरादून से दिल्ली जाने वाली साधारण बसें पहले बिहारीगढ़, छुटमलपुर, रुड़की, पुरकाजी, मुजफ्फरनगर, मेरठ और मोहन नगर होते हुए दिल्ली पहुंचती थीं। इस मार्ग पर बीच-बीच में यात्रियों के चढ़ने-उतरने से रोडवेज को अतिरिक्त आय होती थी।
हालांकि एक्सप्रेसवे पर बीच में बसों के ठहराव की सुविधा नहीं है। ऐसे में सभी बसों को एक्सप्रेसवे से चलाने पर परिवहन निगम के राजस्व पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
ग्रामीण डिपो के सहायक महाप्रबंधक प्रतीक जैन ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की जा रही है। देहरादून आईएसबीटी से प्रतिदिन करीब 95 बसें दिल्ली के लिए संचालित होती हैं…जिनमें वॉल्वो, एसी और साधारण बसें शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि उत्तराखंड परिवहन निगम पहले से ही करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय देनदारी का सामना कर रहा है। इसके बावजूद कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए यह कदम उठाया गया है।