कब पूरा होगा रामनगर पोर्ट का काम, निर्माण की 22 करोड़ बढ़ी लागत !

RamNagar : BusTerminal : UttarakhandNews : InfrastructureProject : TransportUpdate : Roadways : रामनगर में बन रहे उत्तराखंड के पहले पांच मंजिला आधुनिक बस टर्मिनल के निर्माण कार्य पर बजट नहीं मिलने से फिलहाल ब्रेक लग गया है। निर्माण कार्य में देरी और प्रोजेक्ट के डिजाइन में आंशिक बदलाव के बाद अतिरिक्त बजट का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है…लेकिन अभी तक स्वीकृति नहीं मिल सकी है।

रामनगर में आधुनिक बस टर्मिनल निर्माण का कार्य वर्ष 2020 में शुरू हुआ था। पेयजल निर्माण निगम इस परियोजना की कार्यदायी संस्था है। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय ने यात्री सुविधाओं से लैस बस टर्मिनल के लिए राज्यों से प्रस्ताव मांगे थे…जिसके तहत उत्तराखंड परिवहन मुख्यालय ने रामनगर को चयनित कर केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा था।

केंद्र सरकार ने योजना को मंजूरी देते हुए 28.57 करोड़ रुपये का बजट जारी किया था। करीब तीन एकड़ क्षेत्र में फैले रोडवेज परिसर में बस टर्मिनल का निर्माण शुरू हुआ और इसे वर्ष 2024-25 तक पूरा किया जाना था। बाद में डिजाइन में बदलाव और नई सुविधाएं जोड़ने के कारण परियोजना की लागत और समयसीमा बढ़ाकर मार्च 2026 तक कर दी गई।

अतिरिक्त बजट की मांग

नई सुविधाएं जोड़ने और बढ़ती महंगाई को देखते हुए कार्यदायी संस्था ने संशोधित प्रस्ताव में कुल 50.14 करोड़ रुपये की लागत का अनुमान लगाया है। पहले मिले बजट के अतिरिक्त 21.57 करोड़ रुपये की मांग शासन से की गई है। पिछले तीन माह से बजट के अभाव में निर्माण कार्य रुका हुआ है।

बजट मिलने पर होंगे ये कार्य

अतिरिक्त बजट मिलने के बाद अग्निशमन सुरक्षा प्रणाली, मिट्टी भरान, परिसर का समतलीकरण, चाहरदीवारी का विस्तार, सीवेज के लिए एसटीपी व ईटीपी निर्माण, बिजली फिटिंग और फिनिशिंग सहित कई कार्य पूरे किए जाएंगे।

यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

बस टर्मिनल बनने के बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। यहां अलग-अलग बस प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे…जिससे यात्रियों को रूट और बस की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। पूरा भवन सेंट्रल एसी होगा…जिसमें बड़ा प्रतीक्षालय, तीन लिफ्ट, स्वचालित सीढ़ियां, सामान जांच के लिए स्कैनर, रेस्टोरेंट और दुकानें उपलब्ध होंगी। इसके अलावा करीब 100 छोटी कारों के लिए बेसमेंट पार्किंग और रोडवेज बसों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था होगी।

रोडवेज डिपो रामनगर के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नवीन आर्या ने कहा कि संशोधित प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है और बजट स्वीकृत होने के बाद ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा।

उत्तराखंड को नई ट्रेन का तोहफा,खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को भी मिलेगा लाभ

NewTrainService : IndianRailways : UttarakhandNews : RajasthanNews : RailwayUpdate : TrainUpdate : रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने उत्तराखंड और राजस्थान के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने का ऐलान किया है। टनकपुर से अजमेर के दौराई तक चलने वाली यह नई ट्रेन 30 मार्च से अपनी पहली यात्रा शुरू करेगी। यह ट्रेन सप्ताह में चार दिन संचालित होगी…जिससे उत्तराखंड, हरियाणा और राजस्थान के यात्रियों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह सेवा खासतौर पर गुड़गांव, रेवाड़ी और नारनौल के यात्रियों को उत्तराखंड से जोड़ेगी। साथ ही खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह ट्रेन काफी सुविधाजनक साबित होगी।

यह रहेगा ट्रेन का समय

रेलवे के मुताबिक गाड़ी संख्या 15092 टनकपुर से सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को शाम 6:20 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 1:55 बजे दौराई पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 15091 दौराई से सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को शाम 4:05 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 9:35 बजे टनकपुर पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

यह ट्रेन टनकपुर से खटीमा होते हुए उत्तर प्रदेश के पीलीभीत, भोजीपुरा, इज्जतनगर, बरेली सिटी, बरेली जंक्शन, चंदौसी, मुरादाबाद और गाजियाबाद के बाद दिल्ली जंक्शन, दिल्ली कैंट, गुड़गांव, रेवाड़ी, नारनौल, नीम का थाना, श्रीमाधोपुर, रींगस, फुलेरा, किशनगढ़ और अजमेर स्टेशनों से होकर गुजरेगी।

16 कोच वाली आधुनिक ट्रेन

नई रेल सेवा में कुल 16 डिब्बे लगाए जाएंगे। इनमें एक फर्स्ट एसी सह सेकेंड एसी, एक सेकेंड एसी, तीन थर्ड एसी इकोनॉमी, पांच स्लीपर, चार सामान्य श्रेणी, एक पावर कार और एक गार्ड बोगी शामिल होगी।

इस नई ट्रेन सेवा के शुरू होने से उत्तराखंड, हरियाणा और राजस्थान के बीच यात्रा आसान होगी। खासतौर पर गुड़गांव और रेवाड़ी के लोगों के लिए उत्तराखंड जाना अब पहले से अधिक सुविधाजनक हो जाएगा।

उत्तराखंड समेत 10 राज्यों में होगी झमाझम बारिश, सामने आया नया अपडेट

WeatherUpdate : IMDAlert : RainAlert : IndiaWeather : WeatherNews : WesternDisturbance : RainfallAlert : Snowfall : UttarakhandWeather : UPWeather : DelhiWeather : WeatherForecast : ClimateUpdate : BreakingNews : WeatherReport : देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। फरवरी में ही मार्च जैसी गर्मी महसूस होने लगी है और तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग ने 17 से 19 फरवरी तक देश के 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

इन राज्यों में बारिश की संभावना

बारिश की संभावना वाले राज्यों में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, राजस्थान, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और तमिलनाडु शामिल हैं। इसके अलावा ओडिशा में 18 फरवरी तक कुछ स्थानों पर सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश का मौसम

पश्चिमी विक्षोभ का असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में देखने को मिल सकता है। 17 और 18 फरवरी को मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, शामली, गाजियाबाद और नोएडा समेत कई जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। हालांकि पूरे प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी नहीं है।

उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड में 17 और 18 फरवरी को कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में वर्षा हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी रहने के आसार हैं…जबकि 18 और 19 फरवरी को भी कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

दिल्ली में 17 फरवरी को तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी होने से दिन में गर्मी का अहसास हो सकता है। हालांकि अगले 24 घंटे में मौसम बदल सकता है और हल्की बारिश के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश का मौसम

हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन, ऊना, हमीरपुर और कुल्लू जिलों में 17 और 18 फरवरी को बारिश के आसार हैं। वहीं 18 और 19 फरवरी को कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

जम्मू-कश्मीर और राजस्थान

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, जम्मू, कुलगाम, कुपवाड़ा, बारामूला, बांदीपोरा और अनंतनाग में 17 फरवरी को बारिश की संभावना है। राजस्थान में दोपहर बाद मौसम बदलने के साथ हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर और चूरू में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

मध्य प्रदेश और बिहार का मौसम

मध्य प्रदेश में 18 और 19 फरवरी को सिवनी, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और होशंगाबाद में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, जबकि 17 फरवरी को मौसम सामान्य रहेगा। बिहार में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन मिथिलांचल और सीमांचल के कुछ क्षेत्रों में मध्यम कोहरा और ठंड का असर बना रह सकता है।

नैनीताल में राशनकार्ड धारकों को लिए अपडेट, 28 फरवरी तक करा ले KYC

RationCard : eKYC #RationCardEKYC : Haldwani : Nainital : UttarakhandNews : हल्द्वानी में राशन कार्डधारकों को ई-केवाईसी कराने के लिए अंतिम अवसर दिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी मनोज वर्मन ने बताया कि उपभोक्ता 28 फरवरी तक ही ई-केवाईसी करा सकेंगे। निर्धारित समय सीमा तक प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले कार्डधारकों की यूनिट निरस्त कर दी जाएगी।

जिले में 664 सस्ता गल्ला दुकानों के माध्यम से बीपीएल, अंत्योदय और पीले राशन कार्ड की कुल 9,60,410 यूनिटों को खाद्यान्न वितरित किया जाता है। इनमें से अब तक 6,37,520 यूनिटों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है…जो कुल का लगभग 66 प्रतिशत है। शेष यूनिटों के सत्यापन के लिए विभाग ने प्रक्रिया तेज कर दी है।

जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार एआरओ कार्यालय हल्द्वानी विकासखंड में 3,03,276, रामनगर में 1,13,813, नैनीताल में 77,319, धारी में 63,073, कालाढूंगी में 41,863 और कौश्याकुटौली ब्लॉक में 38,176 यूनिटों का सत्यापन किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि राशन कार्डधारक किसी भी सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान पर आधार कार्ड के साथ जाकर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। विभाग ने सभी पात्र उपभोक्ताओं से समय सीमा के भीतर सत्यापन कराने की अपील की है, ताकि राशन वितरण में किसी प्रकार की बाधा न आए।

बनभूलपुरा में कोर्ट की सुनवाई से पहले एक घर से अवैध हथियार बरामद !

Banbhulpura: Haldwani:बनभूलपुरा रेलवे भूमि प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट में 24 फरवरी को प्रस्तावित सुनवाई से पहले क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता के बीच अवैध हथियार बरामद होने का मामला सामने आया है। थाना बनभूलपुरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गौजाजाली उत्तर स्थित आयशा मस्जिद के पास एक मकान में छापेमारी कर दो अवैध तमंचे, कई जिंदा कारतूस तथा प्रतिबंधित श्रेणी का एक कारतूस बरामद किया।

पुलिस के अनुसार आरोपित मोबिन खान के कब्जे से .315 बोर का तमंचा और दो कारतूस, 12 बोर का तमंचा व चार कारतूस, 7.62 एमएम का एक कारतूस तथा 7.65 एमएम के दस कारतूस मिले। तलाशी के दौरान हथियार अलमारी के ऊपर छिपाकर रखे पाए गए। परिवार के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि आरोपित लंबे समय से हथियार दिखाकर उन्हें डराता-धमकाता था।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले पॉक्सो से जुड़े मामले में जेल जा चुका है, जिसके बाद उसे नैनीताल के एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक की नौकरी से हटा दिया गया था। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान उसकी मानसिक स्थिति संदिग्ध प्रतीत हुई और उसने मौके पर खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी की।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि प्रतिबंधित कारतूस उसे कहां से मिला और उसका उद्देश्य क्या था।

सीमांत गांव में स्वरोजगार, पशुपालकों की हुई साढ़े तीन लाख रुपए से ज्यादा की कमाई

Uttarakhand News: Champawat: BSF:सीमांत क्षेत्र के पशुपालकों के लिए आर्थिक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) और पशुपालन विभाग के बीच हुए समझौते (एमओयू) के तहत स्थानीय पशुपालकों ने आईटीबीपी को 1183 किलोग्राम जीवित बकरियों की सफल सप्लाई की, जिससे उन्हें कुल 3,54,900 रुपये की शुद्ध आमदनी प्राप्त हुई।

प्रशासन के अनुसार, पूरी सप्लाई प्रक्रिया को पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। बकरियों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु पशुपालन विभाग के डॉ. दीपक तथा आईटीबीपी के सेकेंड-इन-कमांड डॉ. सूबे सिंह मौके पर मौजूद रहे और प्रत्येक पशु की बारीकी से जांच की गई।

तौल और गुणवत्ता की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए लाइन कमेटी के सदस्यों के साथ आईटीबीपी की विजिलेंस टीम भी तैनात रही, जिनकी निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल ने बताया कि इस प्रकार के एमओयू से स्थानीय पशुपालकों को अपने उत्पाद का उचित और लाभकारी मूल्य सीधे प्राप्त हो रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।

हल्द्वानी में नया नियम लागू, मंडी में कैंटीन रात 9 बजे बाद बंद रहेगी

Nainital: Police: Action: Haldwani: Mandi: जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और मंडी क्षेत्र में अराजक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने हल्द्वानी स्थित कार्यालय में कृषि उत्पादन मंडी समिति के सचिव व पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में मंडी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।

एसएसपी ने निर्देश दिया कि मंडी समिति और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त समिति गठित की जाएगी, जिसमें मंडी प्रशासन, फायर विभाग, पुलिस तथा संचार से जुड़े हितधारक शामिल होंगे। यह समिति मंडी परिसर का विस्तृत सुरक्षा ऑडिट करेगी और निगरानी के लिए सीसीटीवी ग्रिड तैयार किया जाएगा।

मंडी परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सचिव को निर्देशित किया गया है। साथ ही मुख्य प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। मंडी में कार्यरत सभी मजदूरों और कर्मचारियों का सत्यापन कराया जाएगा तथा प्रत्येक आढ़ती, श्रमिक और कर्मचारी को अलग-अलग पहचान पत्र जारी किए जाएंगे।

निर्णय के अनुसार, मंडी परिसर की कैंटीन रात 9 बजे से सुबह 3 बजे तक बंद रहेगी। इसके अलावा भवनों की छतों और ऊंचे स्थानों तक जाने वाले रास्तों व सीढ़ियों को भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल, मंडी समिति के सचिव दिग्विजय सिंह देव, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी तथा मंडी समिति के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

रामनगर में नई पारी शुरू, पहले ही दिन नवनियुक्त एसडीएम चौहान ने जनता के लिए बोली बड़ी बात

Uttarakhand News: Haldwani News: Nainital: SDM Gopal Singh Chauhan: ईमानदार और कर्मठ छवि वाले पीसीएस अधिकारी गोपाल चौहान ने सोमवार को रामनगर के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए क्षेत्र के समग्र विकास और प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था पर विशेष बल दिया।

नवनियुक्त एसडीएम चौहान ने कहा कि रामनगर पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने तथा जनता के प्रति संवेदनशील बने रहने का आह्वान किया।

स्थानीय लोगों ने भी नए एसडीएम के पदभार ग्रहण करने पर आशा व्यक्त की है कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी और प्रशासनिक कार्यप्रणाली अधिक सुदृढ़ होगी।

राजस्थान और गुजरात की दूरी होगी कम, अब हफ्ते में 6 दिन चलेगी यह नई वंदे भारत ट्रेन

Vande Bharat Train Gujarat : Udaipur Ahmedabad Vande Bharat : Asarwa Udaipur Train : Western Railway India : Vande Bharat Express Update : रेलवे बोर्ड ने गुजरात के लिए छठी वंदे भारत ट्रेन को मंजूरी दे दी है। यह नई वंदे भारत ट्रेन अहमदाबाद के असरवा स्टेशन और राजस्थान के उदयपुर सिटी के बीच चलेगी। वेस्टर्न रेलवे के अनुसार ट्रेन का उद्घाटन 16 फरवरी 2026 को किया जाएगा…जबकि नियमित सेवा 18 फरवरी से शुरू होगी।

रेलवे के मुताबिक इस नई ट्रेन का उद्देश्य क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाना, यात्रियों की सुविधा बेहतर करना और पर्यटन व व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

यह आधुनिक वंदे भारत ट्रेन रिक्लाइनिंग सीट, ऑटोमैटिक स्लाइडिंग दरवाजे, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, बायो-टॉयलेट, ऑटोमैटिक एंट्री-एग्जिट सिस्टम और सीसीटीवी जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी।

ट्रेन संख्या 09663 उदयपुर सिटी से दोपहर 12:25 बजे रवाना होकर शाम 5:15 बजे असरवा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन असरवा से शाम 5:45 बजे चलकर रात 10 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी।

यह ट्रेन जावर, डूंगरपुर और हिम्मतनगर स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी और मंगलवार को इसका संचालन नहीं होगा।

रेलवे ने कहा कि इस ट्रेन की टिकट बुकिंग 15 फरवरी 2026 से IRCTC की वेबसाइट और रेलवे काउंटर पर शुरू हो गई है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस नई सेवा के शुरू होने के साथ ही उदयपुर–जयपुर और उदयपुर–आगरा कैंट वंदे भारत ट्रेनों को बंद किया गया है…क्योंकि इन रूट्स पर यात्रियों की संख्या कम थी।

रेलवे का कहना है कि नई वंदे भारत सेवा से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा और दोनों राज्यों के बीच आवाजाही आसान होगी।

रेलवे का बड़ा फैसला, राजस्थान से चलने वाली कई ट्रेनों को किया बंद

Vande Bharat Train Rajasthan : Udaipur Jaipur Vande Bharat: Udaipur Agra Vande Bharat : North Western Railway : Rajasthan Railway News : राजस्थान से चलने वाली दो वंदे भारत ट्रेनों का संचालन 14 और 15 फरवरी 2026 से बंद किया जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने संबंधित रूट पर कम यात्री संख्या के कारण यह फैसला लिया है। इस निर्णय से उदयपुर से जयपुर और आगरा कैंट जाने वाले यात्रियों पर असर पड़ेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन संख्या 20979/80 उदयपुर सिटी–जयपुर–उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस 14 फरवरी 2026 से बंद कर दी जाएगी। वहीं ट्रेन संख्या 20981/82 उदयपुर सिटी–आगरा कैंट–उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस 15 फरवरी 2026 से संचालित नहीं होगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने कहा कि इन रूट्स पर लंबे समय से यात्रीभार कम मिल रहा था। वंदे भारत ट्रेनों में सीटें खाली जा रही थीं…जबकि अन्य ट्रेनों में ज्यादा भीड़ देखी जा रही थी। इसी कारण रेलवे ने इन ट्रेनों को फिलहाल बंद करने और ज्यादा मांग वाले रूट पर चलाने का निर्णय लिया है।

हालांकि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे बोर्ड ने उदयपुर सिटी से असारवा (अहमदाबाद) के बीच नई वंदे भारत ट्रेन को मंजूरी दी है। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी मंगलवार को इसका संचालन नहीं होगा।

नई ट्रेन (संख्या 26963) उदयपुर सिटी से सुबह 6:10 बजे रवाना होकर 10:25 बजे असारवा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 26964 शाम 5:45 बजे असारवा से चलकर रात 10 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। यह ट्रेन जावर, डूंगरपुर और हिम्मतनगर स्टेशनों पर भी रुकेगी।

रेलवे को उम्मीद है कि इस नए रूट पर यात्रियों की संख्या अधिक होगी और लोगों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।