उत्तराखंड: बारिश से गर्मी कम हुई लेकिन बिजली गुल हो गई

Nainital Power Cut : Storm Damage : Electricity Breakdown : Uttarakhand News : Tourism Impact : शहर में रविवार रात आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। कई जगह पेड़ गिरने से बिजली के पोल और लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं…जिससे पूरे शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में बिजली सप्लाई ठप हो गई।

सोमवार शाम को ऊर्जा निगम की कोशिशों के बाद कुछ इलाकों में बिजली आई…लेकिन मेनलाइन में फिर से ब्रेकडाउन होने से पूरा शहर एक बार फिर अंधेरे में डूब गया।

करीब 40 घंटे बाद भी बिजली बहाल नहीं हो पाई…जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल फोन शोपीस बन गए हैं और पर्यटन कारोबार पर भी इसका बुरा असर पड़ा है।

बिजली न होने के कारण बाजारों और रेस्टोरेंट में पर्यटक मोमबत्ती और वाहनों की लाइट में खाना खाने को मजबूर नजर आए।

बताया जा रहा है कि इस संकट के दौरान ऊर्जा निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे…जिससे लोगों में नाराजगी है। सोशल मीडिया पर भी लोग सिस्टम को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

ऊर्जा निगम के अनुसार मेनलाइन में फॉल्ट की तलाश की जा रही है और जल्द ही सप्लाई बहाल करने की कोशिश की जा रही है।

उत्तराखंड: गैस जमाखोरी पर लगेगा ब्रेक, प्रदेश में बढ़ी निगरानी और छापेमारी

LPG Supply : Black Marketing Crackdown : Anand Bardhan : Uttarakhand Government : Gas Supply Monitoring : प्रदेश में एलपीजी गैस और आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी पर अब सख्ती बढ़ा दी गई है।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने साफ कहा है कि गैस की अवैध बिक्री और जमाखोरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमित रूप से छापेमारी, स्टॉक की जांच और निगरानी अभियान चलाए जाएं।

बैठक में पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने कहा कि राज्य में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को मांग के अनुसार समय पर आपूर्ति दी जा रही है।

अधिकारियों ने अब तक की गई कार्रवाई, छापेमारी और दर्ज एफआईआर का भी ब्यौरा प्रस्तुत किया।

मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों से लगातार फीडबैक लेने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में गैस आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए और आम जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए।

पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के साथ गिर सकती है बिजली

Uttarakhand Weather Update : Rain Alert : Snowfall Forecast : Mountain Districts : IMD Warning : उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने आज राज्य के सभी पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। वहीं 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

आज 17 मार्च को पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है…जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम फिलहाल शुष्क रहेगा।

18 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। मैदानी जिलों में भी बारिश हो सकती है।

19 और 20 मार्च को पूरे प्रदेश में बारिश का दायरा बढ़ेगा। पहाड़ों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रहेगी….जबकि मैदानी इलाकों में भी कई जगह बारिश देखने को मिल सकती है।

21 और 22 मार्च को भी पूरे राज्य में मौसम ऐसा ही बना रहेगा। इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है…इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

उत्तराखंड के कई पर्वतीय जिलों में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी

Uttarakhand News: Weather: उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अगले 15 घंटों के लिए बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।
मौसम विभाग के अनुसार 16 मार्च शाम 7 बजकर 29 मिनट से 17 मार्च सुबह 10 बजे तक इन जिलों के कई इलाकों में मौसम खराब रहने की प्रबल संभावना है। बड़कोट, पुरोला, भटवारी, गंगोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ, जोशीमठ, थराली, नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान, कपकोट, मुनस्यारी और गंगोलीहाट सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

इसके साथ ही इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और तूफान आने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने स्थानीय प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और ऊंचे इलाकों में जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। यात्रियों और स्थानीय निवासियों को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

गैस एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज, सिलेंडर भी कर दिए जब्त

Dehradun: IAS Savin Bansal: LPG Cylinder: गैस की कालाबाजारी रोकने तथा शत प्रतिशत होम डिलिविरी सुनिश्चित करवाने के जिलाधिकारी सविन बसंल के निर्देशों के अनुपालन में जिले में क्षेत्रवार क्यूआरटी टीम गठित की गई है। क्यूआरटी टीम आज क्षेत्रवार गैस एजेंसियों के निरीक्षण करते हुए एलपीजी गैस की मांग, आपूर्ति आदि सभी गतिविधियों देखी। जिलाधिकारी जिलें में गैस आपूर्ति/वितरण बैकलॉक की स्वयं मॉनिटिरिंग कर रहे है।


जिला प्रशासन के आदेशों की नाफरमानी पर शहीद हीरा गैस एजेंसी शिमला बाईपास रोड के सिलेंडर जिला प्रशासन ने जब्त कर लिए तथा गैस एजेंसी स्वामी के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर दिया है। जिलाधिकारी को शिकायत प्राप्त हुई कि हीरा गैस एजेंसी द्वारा जिला प्रशासन के होमडिलिविरी सम्बन्धी आदेश की अहवेलना करते हुए उपभोक्ताओं को ऐजेंसी से ही गैस सिलेंडर वितरित किये जा रहे हैं, जिससे भारी भीड़ लग गई है तथा कानून व्यवस्था पर विपरित असर पड़ने की संभावना है। जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल गैस एजेंसी पर कार्यवाही के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार क्यूआरटी टीम सहित मौके पर पंहुचे।


हीरा गैस सर्विस, नया गांव पेलियो, देहरादून द्वारा होम डिलीवरी न करते हुये घरेलू गैस सिलेण्डर का वितरण गैस गोदाम में ट्रक के माध्यम से किया जा रहा था। तत्काल प जिलाधिकारी, विकासनगर, तहसीलदार विकासनगर एवं जिला पूर्ति कार्यालय के पूर्ति निरीक्षकों कि संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर उक्त प्रकरण के सम्बन्ध में जांच की गई।


जिलाधिकारी द्वारा विगत दिवस सभी गैस एजेंसियों को गैस की होम डिलीवरी के निर्देश दिये गये है किन्तु गैस एजेन्सी द्वारा गोदाम से उपभोक्ताओं को गैस वितरित की जा रही थी, जिससे ऐजेंसी पर भारी भीड़ लग गई तथा कानून व्यवस्था बिगड़ने की प्रबल संभावना बन रही थी। जिला प्रशासन ने सम्बन्धित गैस एजेन्सी के विरूद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 (यथा संशोधित), आपदा प्रबन्धन अधिनियम-2005 एवं भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत थाना पटेलनगर में वाद दर्ज कराया गया तथा गैस सिलेण्डर आदि को जब्त कर लिया गया जिसे जिला पूर्ति अधिकारी एवं सम्बन्धित तेल कम्पनी की सुपुर्दगी में दे दिये गये हैं।


जिला प्रशासन द्वारा प्रसारित 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 के माध्यम से 05 बजे तक कुल 111 शिकायतें एलपीजी गैस की आपूर्ति के सम्बन्ध में दर्ज हुई है, वही कंट्रोल रूम में मौजूद जिला खाद्य पूर्ति विभाग, देहरादून में एलपीजी गैस की आपूर्ति, सिलेंडर उपलब्धता या अन्य किसी प्रकार की समस्या को लेकर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में आज लगभग 18120 अधिक उपभोक्ताओं कोे घरेलू तथा 21 अपभोक्ताओं को व्यवसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई है। जबकि घरेलू गैस सिलेंडर में 75 हजार के लगभग बैकलॉग है।


जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में अपर जिलाधिकारी वित्त एंव राजस्व के के मिश्रा कन्ट्रोलरूम से जिले में गैस वितरण, आपूर्ति की मॉनिटिरिंग जनमानस की समस्या के निस्तारण हेतु निगरानी बनाए हुए है।
–0–
कार्यालय जिला सूचना अधिकारी देहरादून।

हल्द्वानी में Malabar Gold & Diamonds की ब्रांच शुरू, ग्राहकों को मिलेगा ये लाभ

हल्द्वानी: विश्वसनीय ज्वेलरी ब्रांड Malabar Gold & Diamonds ने रविवार को हल्द्वानी में अपने पहले शोरूम का भव्य उद्घाटन किया। इस नए शोरूम के साथ कंपनी ने उत्तराखंड में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करते हुए उत्तर भारत में अपने रिटेल नेटवर्क का विस्तार किया है। लॉन्च के बाद अब राज्य में कंपनी के दो शोरूम और उत्तर क्षेत्र में कुल 47 शोरूम संचालित हो रहे हैं।

हल्द्वानी के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में स्थित यह शोरूम लगभग 7,000 वर्ग फीट क्षेत्रफल में G+1 फ्लोर पर फैला हुआ है। आधुनिक रिटेल मानकों के अनुसार डिज़ाइन किए गए इस शोरूम में ग्राहकों को सुव्यवस्थित डिस्प्ले, आसान चयन और व्यक्तिगत सेवा का बेहतर अनुभव मिलेगा।

शोरूम का उद्घाटन Gajraj Singh Bisht ने किया। इस अवसर पर कंपनी की प्रबंधन टीम, विशिष्ट अतिथि और बड़ी संख्या में ग्राहक भी मौजूद रहे। नए शोरूम में सोना, डायमंड, प्लैटिनम, जेमस्टोन और सिल्वर ज्वेलरी की विस्तृत रेंज उपलब्ध कराई गई है। इसमें ब्राइडल ज्वेलरी, पारंपरिक डिज़ाइन, त्योहारों के लिए विशेष आभूषण, दैनिक उपयोग के हल्के डिज़ाइन और आधुनिक स्टाइल की ज्वेलरी भी शामिल है।

इस मौके पर M. P. Ahammed ने कहा कि उत्तराखंड उनके लिए एक महत्वपूर्ण बाजार है, जहां ग्राहक ज्वेलरी खरीदते समय विश्वास, पारदर्शिता और गुणवत्ता को विशेष महत्व देते हैं। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में शोरूम शुरू होने से कंपनी को क्षेत्र के ग्राहकों के और करीब आने का अवसर मिलेगा और उन्हें विश्वस्तरीय रिटेल अनुभव प्रदान किया जा सकेगा।

कंपनी के सभी शोरूम में ग्राहकों को HUID अनुपालन वाला सोना, प्रमाणित डायमंड्स और बिलिंग में पूर्ण पारदर्शिता के साथ विस्तृत ब्रेक-अप उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही “वन इंडिया वन गोल्ड रेट” नीति के तहत पूरे देश में सोने की कीमत एक समान रहती है। इसके अलावा ग्राहकों को गोल्ड और माइन डायमंड्स पर 100 प्रतिशत एक्सचेंज वैल्यू, कॉम्प्लिमेंट्री इंश्योरेंस और लाइफटाइम मेंटेनेंस सपोर्ट भी दिया जाता है।

कंपनी का कहना है कि स्थानीय बाजार की जरूरतों के अनुरूप अपने रिटेल फॉर्मेट को ढालते हुए वह विभिन्न क्षेत्रों में समान गुणवत्ता मानकों और व्यवस्थित प्रक्रियाओं के साथ अपने विस्तार को आगे बढ़ाती रहेगी।

उत्तराखंड में बदला मौसम, बारिश के बाद बढ़ गई है ठंड

Uttarakhand News: Weather: Rain:  उत्तराखंड में रविवार सुबह से ही प्रदेश के मौसम ने अचानक करवट ले ली है, जिससे पूरे राज्य में ठंड का अहसास बढ़ गया है। पहाड़ों पर जहां बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है, वहीं मैदानी इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि ने तापमान में भारी गिरावट ला दी है। बदरीनाथ, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब की ऊंची चोटियों पर हिमपात शुरू हो गया है। पिथौरागढ़ की उच्च चोटियों ने भी बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है, जिससे सीमांत क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गोपेश्वर, रुद्रप्रयाग और श्रीनगर में रुक-रुक कर वर्षा दर्ज की गई है।

केवल पहाड़ ही नहीं, बल्कि राज्य के निचले और मैदानी इलाकों में भी मौसम के कड़े तेवर देखने को मिले । नैनीताल और ऊधम सिंह नगर (बाजपुर) के कुछ क्षेत्रों में अचानक हुई ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित हुआ है। रुड़की, ऋषिकेश, हल्द्वानी और मसूरी में हल्की बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चलीं। कोटद्वार समेत अन्य इलाकों में बारिश के कारण तापमान लुढ़क गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 48 घंटों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने वाला है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे आने वाले दिनों में तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

वहीं कुमाऊं में सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। अधिकांश स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई। पिथौरागढ़ की चोटियों पर बर्फबारी और नैनीताल में ओलावृष्टि के बाद अब अन्य मैदानी जिलों में भी वर्षा के प्रबल आसार बने हुए हैं।

हल्द्वानी इंटरनेशनल स्टेडियम में 10 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए मैच का टिकट मुफ्त

Haldwani: Legends Cricket League: शनिवार को गौलापार स्थित Indira Gandhi International Sports Complex के क्रिकेट मैदान में चौथे दिन मुंबई स्पार्टन्स और इंडिया टाइगर्स के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर मुंबई स्पार्टन्स ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। मुंबई स्पार्टन्स ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया टाइगर्स टीम निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 143 रन ही बना सकी और मुकाबला 17 रन से हार गई।

मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचे। अचानक भीड़ बढ़ने से गेट पर टिकट स्कैनिंग व्यवस्था बाधित हो गई और लोगों को अंदर जाने के लिए लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ा। धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी, जिसके बाद पुलिस ने बारी-बारी से दर्शकों को प्रवेश कराया। करीब 3000 लोग मैच देखने पहुंचे। स्थिति संभालने के लिए सीओ सिटी सुमित पांडे भी मौके पर पहुंचे। दर्शकों के उत्साह को देखते हुए आयोजकों ने रविवार को 10 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए मैच का टिकट मुफ्त करने का ऐलान किया है।

नैनीताल जिले में आदेश जारी,ग्राहकों को गोदाम या गैस ऑफिस से डायरेक्ट सिलेंडर नहीं मिलेगा

Uttarakhand News: Haldwani: Gas: DM Nainital: जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल की स्वीकृति के बाद अपर जिला मजिस्ट्रेट ने एक नया आदेश जारी किया है, जिसके तहत अब गैस एजेंसियों से सीधे सिलेंडर वितरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

प्रशासन के अनुसार, वर्तमान वैश्विक परिदृश्य और तकनीकी कारणों से ऑनलाइन बुकिंग, DSC और OTP जनरेशन की प्रक्रिया में भारी फोन कॉल के कारण बाधा आ रही थी।

उपभोक्ता अपने परिजनों और वाहनों के साथ भारी संख्या में गैस एजेंसियों पर जमा हो रहे थे। भीड़ के कारण जनपद की कानून एवं शांति व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना बन रही थी। एजेंसियों पर भीड़ जुटने से होम डिलीवरी सेवा में भी अनावश्यक देरी हो रही थी।

सीधे वितरण पर रोक: गैस एजेंसियों के गोदाम या ऑफिस से सीधे गैस सिलेंडर का वितरण तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है।

अनिवार्य होम डिलीवरी: सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे उपभोक्ताओं को अनिवार्य रूप से ‘डोर-टू-डोर’ (Home Delivery) गैस सिलेंडर पहुंचाना सुनिश्चित करें।

बुकिंग के लिए राहत: जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग फोन, एसएमएस या ऐप के माध्यम से नहीं हो पा रही है, वे केवल बुकिंग कराने के लिए गैस एजेंसी जा सकते हैं। वहां से सिलेंडर साथ ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

जिला प्रशासन ने आम जनमानस से सहयोग की अपील की है ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे और अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके। यह आदेश तत्काल प्रभाव से पूरे नैनीताल जनपद में लागू हो गया है।

केरल की फैरूज फातिमा को मिली UPSC में सफलता लेकिन जश्न उत्तराखंड निवासी ने मना दिया !

Uttarakhand: Upsc Result: Farooz Fatima: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार में कुछ ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें एक ही रैंक पर कई लोगों ने दावा किया। इन घटनाओं के कारण सोशल मीडिया और मीडिया में काफी चर्चा हो रही है।

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की शिखा गौतम ने खुद को यूपीएससी में सफल बताते हुए 113वीं रैंक हासिल करने का दावा किया और अपनी सफलता का जश्न भी मनाया। हालांकि बाद में पता चला कि यह रैंक हरियाणा के रोहतक की एक अन्य शिखा को मिली है। इसी तरह 301वीं रैंक को लेकर भी दो अलग-अलग उम्मीदवारों, दोनों का नाम आकांक्षा सिंह, ने दावा किया था।

अब एक और मामला उत्तराखंड से सामने आया है। यहां की फैरूज फातिमा ने दावा किया था कि उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 708 हासिल की है। रिजल्ट आने के बाद उनका स्थानीय स्तर पर स्वागत किया गया और लोगों ने उनकी उपलब्धि का जश्न मनाया। रोज़े के कारण दिन की बजाय रात में जश्न मनाने की भी बात सामने आई थी।

बाद में जांच में पता चला कि असल में 708वीं रैंक केरल की फैरूज फातिमा एम. को मिली है। जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड की फैरूज प्रारंभिक परीक्षा (प्री) भी पास नहीं कर पाई थीं। आरोप है कि उन्होंने रोल नंबर में बदलाव कर खुद को सफल उम्मीदवार बताया था।

केरल के जिस कोचिंग संस्थान में असली सफल उम्मीदवार फैरूज फातिमा एम. ने तैयारी की थी, वहां से रोल नंबर के आधार पर सही जानकारी सामने आई। संस्थान ने उन्हें बधाई देते हुए पोस्टर भी जारी किए हैं।

इस पूरे मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस विषय को लेकर काफी चर्चा हो रही है। उल्लेखनीय है कि संघ लोक सेवा आयोग ने 6 मार्च को सिविल सेवा परीक्षा का परिणाम घोषित किया था। इस परीक्षा में कुल 958 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया, जिनमें 659 पुरुष और 299 महिलाएं शामिल हैं।