
TRENDING NEWS










ElectricVehicle| EVPolicy| Uttarakhand| EVChargingStation|GreenMobility|TransportDepartment : उत्तराखंड में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए नई ईवी (इलेक्ट्रिक व्हीकल) नीति को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उद्योग विभाग द्वारा तैयार की गई इस नीति का वित्त विभाग परीक्षण कर चुका है और अब परिवहन विभाग से सुझाव मांगे गए हैं। इसके बाद नीति को मंजूरी के लिए जल्द कैबिनेट के सामने रखा जा सकता है।
प्रस्तावित नीति के तहत इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वालों को रजिस्ट्रेशन शुल्क और रोड टैक्स में पूरी छूट देने की तैयारी है। इसके अलावा महिलाओं के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन देने का भी प्रावधान रखा गया है।
सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश का अग्रणी ईवी-अनुकूल पर्वतीय राज्य बनाना है। इसके लिए दोपहिया, सार्वजनिक परिवहन, व्यावसायिक वाहनों और लास्ट माइल डिलीवरी सेवाओं में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।
नई नीति में राज्यभर में चार्जिंग स्टेशनों का नेटवर्क मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। मैदानी क्षेत्रों में चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने पर निवेश लागत का 80 प्रतिशत और पर्वतीय क्षेत्रों में 90 प्रतिशत तक प्रोत्साहन देने का प्रस्ताव है।
इसके अलावा उच्च क्षमता वाले चार्जिंग प्वाइंट स्थापित करने पर भी आर्थिक सहायता देने की योजना बनाई गई है। राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों पर प्रत्येक 50 किलोमीटर की दूरी पर चार्जिंग स्टेशन विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है…ताकि इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को बेहतर सुविधा मिल सके।
सरकार को उम्मीद है कि नई नीति से ईवी क्षेत्र में बड़े निवेश आकर्षित होंगे और हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ हरित परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।
परिवहन विभाग ने कहा कि नीति के विभिन्न प्रावधानों का अध्ययन किया जा रहा है और जल्द ही अपना सुझाव सरकार को सौंप दिया जाएगा।
UttarakhandSTF | OnlineBetting | CyberCrime | PushkarSinghDhami | UttarakhandGamblingLaw2026 | Dehradun : उत्तराखंड में ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध जुए के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। राज्य की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 86 अवैध सट्टेबाजी वेबसाइटों को ब्लॉक कराया है।
एसटीएफ के अनुसार ये वेबसाइटें लोगों को कम समय में अधिक पैसा कमाने का लालच देकर ऑनलाइन सट्टेबाजी के जाल में फंसा रही थीं। साइबर टीम ने तकनीकी जांच के बाद इन वेबसाइटों के खिलाफ कार्रवाई की।
राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए “उत्तराखंड गैंबलिंग लॉ 2026” के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। नए कानून में अवैध सट्टा नेटवर्क चलाने वालों के लिए कड़ी सजा का प्रावधान किया गया है।
कानून के अनुसार यदि कोई व्यक्ति मोबाइल एप या डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टेबाजी का संचालन करता पाया जाता है…तो उसे तीन से पांच वर्ष तक की सजा और भारी आर्थिक दंड का सामना करना पड़ सकता है। वहीं अवैध जुआ अड्डों के संचालन या उन्हें आर्थिक सहायता देने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की व्यवस्था की गई है।
कानून में बार-बार अपराध करने वालों के लिए और अधिक कड़े प्रावधान रखे गए हैं। दोबारा अपराध साबित होने पर सजा और जुर्माना दोनों बढ़ाए जा सकते हैं। साथ ही अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।
एसटीएफ ने लोगों से ऑनलाइन सट्टेबाजी और संदिग्ध गेमिंग एप्स से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जल्दी पैसा कमाने का लालच कई लोगों को आर्थिक नुकसान और कानूनी परेशानियों में डाल सकता है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी संदिग्ध सट्टेबाजी वेबसाइट, एप या ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत संबंधित एजेंसियों को दें…ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
PushkarSinghDhami | DhamiGovernment | UttarakhandPolitics | DineshAgarwal | JotSinghBisht | GovernmentAppointments : उत्तराखंड सरकार ने विभिन्न परिषदों और आयोगों में कई नेताओं, पूर्व सैनिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सरकार की ओर से जारी आदेशों के तहत छह लोगों को महत्वपूर्ण पदों पर नामित किया गया है।
इन नियुक्तियों को संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं और अनुभवी लोगों को जिम्मेदारी देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। सरकार का कहना है कि विभिन्न क्षेत्रों के अनुभव और समाज सेवा से जुड़े लोगों को इन पदों के माध्यम से जनहित के कार्यों में योगदान का अवसर मिलेगा।
पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल को सेतु आयोग में सलाहकार बनाया गया है। वहीं जोत सिंह बिष्ट को ग्रामीण अभियंत्रण सेवा परिषद का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
उत्तराखंड राज्य पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद में शमेशर सिंह बिष्ट को उपाध्यक्ष और कैप्टन गंभीर सिंह धामी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। दोनों लंबे समय से पूर्व सैनिकों और उनके कल्याण से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं।
गोरखा कल्याण परिषद में ज्योति कोटिया को अध्यक्ष तथा अभिषेक शाही को उपाध्यक्ष बनाया गया है। इन नियुक्तियों से गोरखा समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों में खुशी का माहौल है।
सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी नामित पदाधिकारियों को निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उनके अधिकार, दायित्व और कार्यकाल से संबंधित विस्तृत आदेश संबंधित विभागों द्वारा अलग से जारी किए जाएंगे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन नियुक्तियों के माध्यम से सरकार ने अनुभवी नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और संगठन से जुड़े लोगों को नई जिम्मेदारियां देकर प्रशासनिक और सामाजिक कार्यों को और मजबूत बनाने का प्रयास किया है।
UttarakhandWeather | WeatherAlert | RainAlert | Dehradun | Chamoli | Rudraprayag : उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। कुछ पर्वतीय क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है।
विभाग का कहना है कि 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून और टिहरी जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है। इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि, तेज बारिश और खराब मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने कहा कि पर्वतीय इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश भी हो सकती है।
विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को भी मौसम की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
NandaniNegi | UKPSC | UKSSSC | SamikshaAdhikari | Chamoli | SuccessStory : सीमांत जनपद चमोली के गैरसैंण क्षेत्र की नंदनी नेगी ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर उत्तराखंड की प्रतियोगी परीक्षाओं में शानदार सफलता हासिल की है। बिना किसी कोचिंग संस्थान की मदद के उन्होंने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) की परीक्षा उत्तीर्ण कर समीक्षा अधिकारी पद पर चयन हासिल किया है।
33 वर्षीय नंदनी नेगी जो दो बच्चों की मां हैं उन्होंने परिवार की जिम्मेदारियों के साथ अपनी पढ़ाई और तैयारी को भी जारी रखा। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
नंदनी मूल रूप से गैरसैंण विकासखंड के कुनीगाड़ क्षेत्र की सहजकोट गांव की निवासी हैं। उनका मायका गैरसैंण के खत्रियाणा गांव में है। वर्तमान में वह अपने दो बच्चों के साथ गैरसैंण में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं।
हाल ही में घोषित यूकेपीएससी और यूकेएसएसएससी दोनों परीक्षाओं में उन्होंने सफलता प्राप्त की। बताया जा रहा है कि यूकेपीएससी परीक्षा में उन्होंने 96 प्रतिशत और यूकेएसएसएससी परीक्षा में 99.25 प्रतिशत अंक हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
नंदनी की प्रारंभिक शिक्षा गैरसैंण में हुई। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता खिमुली देवी, दिवंगत पिता बलवंत सिंह खत्री, पति भवान सिंह नेगी तथा ससुराल पक्ष के सहयोग को दिया है। उनके पति हैदराबाद में निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं।
इस सफलता के बाद उन्हें एडवोकेट जनरल कार्यालय, हाईकोर्ट नैनीताल तथा सचिवालय में समीक्षा अधिकारी के रूप में कार्य करने का अवसर मिला है। नंदनी ने कहा कि बचपन से ही उन्हें न्याय व्यवस्था के प्रति विशेष सम्मान रहा है और भविष्य में वह न्यायिक सेवाओं के क्षेत्र में भी आगे बढ़ना चाहती हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए इसे मेहनत, आत्मविश्वास और पारिवारिक सहयोग का बेहतरीन उदाहरण बताया है।
Tanisha Bisht | IIT Selection | JEE Advanced | Chamoli News | Nandanagar | Success Story | Uttarakhand News : चमोली जिले के विकासखंड नंदानगर के दूरस्थ गांव लुणतरा की रहने वाली तनीषा बिष्ट ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान आईआईटी (इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) में प्रवेश प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
तनीषा बिष्ट ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में शामिल जेईई एडवांस्ड में सफलता हासिल कर आईआईटी में जगह बनाई है। इसी वर्ष उन्होंने 12वीं की परीक्षा में 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लुणतरा गांव शिक्षा के क्षेत्र में हमेशा आगे रहा है। गांव के कई युवा सेना और शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। अब तनीषा की सफलता ने गांव का नाम एक बार फिर रोशन कर दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार जेईई एडवांस्ड जैसी कठिन परीक्षा को पास करना बड़ी उपलब्धि है। तनीषा की सफलता से क्षेत्र की अन्य बेटियों और युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
तनीषा ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता…जो पेशे से शिक्षिका हैं…और अपने गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में वह तकनीक के क्षेत्र में ऐसा काम करना चाहती हैं जिससे पहाड़ के लोगों को लाभ मिल सके और क्षेत्र के विकास में योगदान दिया जा सके।
तनीषा की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Kritika Kulashri | PCS Result | Finance Officer | Ramnagar News | Uttarakhand PCS | Success Story : रामनगर के भरतपुरी क्षेत्र की रहने वाली कृतिका कुलाश्री ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए वित्त अधिकारी पद पर चयन प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
कृतिका वर्तमान में टिहरी में उद्योग विभाग में सहायक निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वर्ष 2021 में उन्होंने पहली बार पीसीएस परीक्षा दी थी…जिसमें उनका चयन सहायक निदेशक उद्योग विभाग के पद पर हुआ था।
हालांकि कृतिका ने इससे भी बेहतर लक्ष्य निर्धारित किया और अपनी तैयारी जारी रखी। लगातार मेहनत और समर्पण के बल पर उन्होंने दोबारा पीसीएस परीक्षा दी और इस बार वित्त अधिकारी पद पर चयनित होकर नई सफलता हासिल की।
कृतिका ने अपनी स्कूली शिक्षा लिटिल स्कॉलर स्कूल, काशीपुर से पूरी की। इसके बाद उन्होंने वनस्थली विद्यापीठ, राजस्थान से बीटेक की पढ़ाई की। छात्र जीवन से ही वह पढ़ाई में मेधावी और मेहनती रही हैं।
उनकी माता ज्योति कुलाश्री पूर्व शिक्षिका हैं, जबकि पिता राजेंद्र प्रसाद पूर्व प्रधानाचार्य रह चुके हैं। बेटी की इस सफलता से परिवार बेहद खुश है।
कृतिका के परिवार में शिक्षा का माहौल रहा है। उनकी छोटी बहन वर्तिका भोपाल से एमएस की पढ़ाई कर रही हैं…जबकि भाई कार्तिकेय ने देहरादून से एलएलबी करने के बाद वकालत के क्षेत्र में कदम रखा है।
कृतिका की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि निरंतर प्रयास, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
Manish Mohan Negi | Tehri News | UKPSC Result | Deputy Education Officer | Success Story | Uttarakhand PCS : उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) की अपर पीसीएस परीक्षा में टिहरी जिले के ग्राम चौठारा, पट्टी गोनगढ़ निवासी मनीष मोहन नेगी ने शानदार सफलता हासिल करते हुए उप शिक्षाधिकारी पद पर चयन प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
मनीष मोहन नेगी इससे पहले लोअर पीसीएस परीक्षा में सफल होकर मार्केटिंग निरीक्षक पद पर चयनित हो चुके हैं। अब उप शिक्षाधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर चयनित होकर उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा का एक बार फिर परिचय दिया है।
मनीष के पिता भरत सिंह नेगी सेवानिवृत्त प्रवक्ता हैं…जबकि उनकी माता भगवानी नेगी** गृहिणी हैं। परिवार ने हमेशा उन्हें शिक्षा और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मनीष की प्रारंभिक शिक्षा चमियाला में हुई। इसके बाद उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज, भटगांव से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। छात्र जीवन से ही वह पढ़ाई में मेधावी और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे हैं।
उनकी सफलता की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि मनीष की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह साबित करती है कि लगातार मेहनत और सकारात्मक सोच से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
क्षेत्र के लोगों और शुभचिंतकों ने मनीष मोहन नेगी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।
SakshamNautiyal | UttarakhandPCS | DSP | DeputySuperintendentOfPolice | TehriGarhwal | Thouldhar | SuccessStory | UttarakhandNews | PoliceOfficer | YouthInspiration | CivilServices | GovernmentJob | EducationSuccess | Achievement | CompetitiveExams | CareerSuccess | Motivation | ProudMoment | UttarakhandYouth : थौलधार विकासखंड की नगुण पट्टी के बयाड़गांव निवासी सक्षम नौटियाल ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता हासिल कर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
सक्षम नौटियाल की प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, कंडीसौड़ से हुई। उन्होंने वर्ष 2017 में हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश स्तर पर 21वीं रैंक हासिल की थी। इसके बाद वर्ष 2019 में इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश में दूसरी रैंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
उच्च शिक्षा के लिए सक्षम ने दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से बीएससी ऑनर्स (फिजिक्स) की पढ़ाई पूरी की। स्नातक के बाद उन्होंने स्वयं अध्ययन और ऑनलाइन माध्यमों से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की। उनकी मेहनत और लगन का परिणाम रहा कि उनका चयन पुलिस उपाधीक्षक पद पर हुआ।
सक्षम के पिता अरविंद नौटियाल जूनियर हाईस्कूल में प्रधानाध्यापक हैं…जबकि उनकी माता अनीता देवी गृहिणी हैं। उनकी छोटी बहन समीक्षा मेडिकल शिक्षा प्राप्त कर रही हैं।
पढ़ाई के साथ-साथ सक्षम विभिन्न मंचीय कार्यक्रमों, भाषण प्रतियोगिताओं और शैक्षणिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहे हैं। उनकी सफलता से परिवार, मित्रों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
सक्षम की इस उपलब्धि पर शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
ShubhamShah | SnehilAgari | UKPSC2024 | StateTaxOfficer | Chamoli | Joshimath | Nandanagar | SuccessStory | UttarakhandPCS | GovernmentJob | YouthInspiration | FirstAttemptSuccess | CivilServices | UttarakhandNews | CareerSuccess : उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) द्वारा घोषित सम्मिलित राज्य सिविल एवं प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 के अंतिम परिणाम में चमोली जिले के दो युवाओं ने शानदार सफलता हासिल की है। मलारी निवासी शुभम शाह और रामणी निवासी स्नेहिल आगरी का चयन राज्य कर अधिकारी पद के लिए हुआ है।
खास बात यह है कि दोनों युवाओं ने अपने पहले ही प्रयास में यह सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है।
ज्योतिर्मठ विकासखंड के मलारी गांव निवासी शुभम शाह ने राज्य कर अधिकारी बनकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शुभम के पिता हरीश शाह वन विभाग में वन क्षेत्राधिकारी हैं…जबकि उनकी माता राजेश्वरी शाह गृहिणी हैं।
शुभम ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई पूरी की है। पढ़ाई के दौरान उनका चयन एक प्रतिष्ठित एयरलाइन कंपनी में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर के पद पर हुआ था…जहां उन्हें आकर्षक वेतन पैकेज मिला था। इसके बावजूद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का फैसला किया और पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर ली।
शुभम का कहना है कि सही दिशा में मेहनत और उचित मार्गदर्शन सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
वहीं नंदानगर विकासखंड के रामणी गांव निवासी स्नेहिल आगरी ने भी पहले प्रयास में पीसीएस परीक्षा पास कर राज्य कर अधिकारी पद हासिल किया है। स्नेहिल के पिता राकेश कुमार ऊर्जा निगम में अधीक्षण अभियंता हैं और उनकी माता शकुंतला आगरी गृहिणी हैं।
स्नेहिल ने स्नातक की पढ़ाई एसजीआरआर से और परास्नातक की शिक्षा डीएवी कॉलेज देहरादून से प्राप्त की है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और मार्गदर्शकों को दिया है।
स्नेहिल का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए एकाग्रता, अनुशासन और सही मार्गदर्शन बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि तैयारी के दौरान मोबाइल और अन्य ध्यान भटकाने वाली चीजों से दूरी बनाकर पढ़ाई पर पूरा ध्यान देना चाहिए।
दोनों युवाओं की सफलता से चमोली जिले में खुशी का माहौल है और उनकी उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।