उत्तराखंड: अस्पताल के बाहर युवक को लगी गोली, पुलिसकर्मियों को कार ने कुचला

देहरादून: राजधानी देहरादून में एक ही दिन में दो अलग-अलग गंभीर घटनाओं ने शहर को दहला दिया। पहली घटना दून अस्पताल के गेट नंबर पांच के पास हुई, जहां एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। दूसरी घटना आराघर क्षेत्र की है…जहां तेज़ रफ्तार कार सवारों ने दो पुलिसकर्मियों को रौंद दिया और मौके से फरार हो गए।

घटना दून अस्पताल के गेट नंबर 5 के पास हुई जहां एक युवक को पेट में गोली लग गई। गोली लगने के बाद युवक को तुरंत अस्पताल की इमरजेंसी यूनिट में भर्ती कराया गया…जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई।

घायल युवक की पहचान दिशांत के रूप में हुई है। चिकित्सकों के ने कहा कि  गोली पेट में लगी थी..जिससे उसकी स्थिति नाजुक हो गई। प्रारंभिक उपचार के बाद उसे उच्च चिकित्सा केंद्र (हायर सेंटर) रेफर कर दिया गया है। गोली कैसे और किन हालात में चली, फिलहाल इसकी जांच जारी है।

दूसरी घटना देहरादून के आराघर क्षेत्र में घटी, जहां कार सवारों ने दो पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। हादसे के वक्त दोनों पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

दोनों ही घटनाओं ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है। अस्पताल गोलीकांड में शामिल व्यक्ति की पहचान और हमले की वजह जानने की कोशिश की जा रही है, वहीं आराघर की घटना में आरोपी कार सवारों की धरपकड़ के लिए टीमें लगाई गई हैं।

उत्तराखंड: दिवाली से पहले रोडवेज ने बढ़ाईं बसें, जानिए किन रूटों को मिली राहत

देहरादून: त्योहारी सीजन के चलते देहरादून ISBT में शनिवार को भारी भीड़ उमड़ पड़ी। खासतौर पर हल्द्वानी, बरेली, दिल्ली, गुड़गांव, टनकपुर और लखनऊ जाने वाले यात्रियों की संख्या में जबरदस्त इज़ाफा देखने को मिला। हल्द्वानी और बरेली काउंटर पर टिकट लेने के लिए लंबी-लंबी कतारें लग गईं।

शाम पांच बजे के बाद जैसे ही रेलवे स्टेशन पर भीड़ बढ़ी यात्रियों ने ISBT की ओर रुख किया। धीरे-धीरे टिकट काउंटरों पर भीड़ इतनी बढ़ गई कि कई जगहों पर धक्का-मुक्की और कहासुनी तक हो गई। कुछ यात्रियों ने तो लंबी लाइन से परेशान होकर सीधे चालक और परिचालकों से संपर्क करना शुरू कर दिया।

रोडवेज प्रशासन को भीड़ का अंदाज़ा पहले से था। शुक्रवार को जहां 14 अतिरिक्त बसें भेजी गईं वहीं शनिवार को चार वोल्वो, दो एसी और एक सामान्य बस दिल्ली, गुड़गांव और बरेली रूट पर भेजी गईं। यात्रियों की सुविधा के लिए 10 अतिरिक्त बसें रिज़र्व में भी रखी गई हैं..जिन्हें ज़रूरत पड़ने पर तुरंत रवाना किया जा सकता है।

ग्रामीण डिपो के सहायक महाप्रबंधक प्रतीक जैन ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त स्टाफ की मदद ली गई है। दिल्ली गुड़गांव और बरेली रूट पर सात बसें अतिरिक्त चलाई गईं। उन्होंने बताया कि देर शाम तक ISBT पूरी तरह यात्रियों से खचाखच भरा रहा।

उत्तराखंड: सुरकंडा देवी रोपवे दीपावली पर रहेगा बंद, श्रद्धालुओं को करनी पड़ेगी पैदल यात्रा

टिहरी गढ़वाल: दीपावली के दिन, यानी 20 अक्टूबर को सुरकंडा देवी रोपवे का संचालन पूरी तरह से बंद रहेगा। यह जानकारी रोपवे कंपनी के समन्वयक नरेश बिजल्वाण ने दी है। उन्होंने बताया कि दीपावली के शुभ अवसर पर रोपवे का संचालन नहीं किया जाएगा, और अगले दिन 21 अक्टूबर से यह सामान्य रूप से सुबह 8 बजे से पुनः शुरू हो जाएगा।

रोपवे सेवा बंद रहने के कारण इस दिन सुरकंडा देवी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को करीब डेढ़ किलोमीटर की पैदल चढ़ाई करनी पड़ेगी। श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि वे इस असुविधा को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

गौरतलब है कि सुरकंडा देवी मंदिर चारधाम यात्रा मार्ग के समीप स्थित है और पर्वतीय क्षेत्र में होने के कारण यहां रोपवे सेवा से श्रद्धालुओं को विशेष सहूलियत मिलती है। हालांकि पर्व-त्योहारों के दिन विशेषकर दीपावली जैसे त्योहार पर स्थानीय प्रबंधन और कर्मचारियों की छुट्टी को ध्यान में रखते हुए यह सेवा बंद रखी जाती है।

श्रद्धालुओं से अपेक्षा की गई है कि वे प्रशासन और प्रबंधन के फैसले का सम्मान करें और सुरक्षा व सुविधा के लिहाज से आवश्यक तैयारियों के साथ दर्शन के लिए निकलें।

उत्तराखंड में अग्निवीर बनने का सपना अब होगा सच! जानिए कैसे मिलेगी मुफ्त ट्रेनिंग!

देहरादून: उत्तराखंड के युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती होने का सपना देख रहे प्रदेश के युवाओं को अब शारीरिक परीक्षण की तैयारी के लिए खेल विभाग की ओर से निशुल्क प्रशिक्षण मिलेगा। शुक्रवार को खेल मंत्री रेखा आर्या ने विभाग के अधिकारियों को इस बात के निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर मौजूद खेल सुविधाएं, स्टेडियम और उपकरण अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुलेंगे।

मंत्री आर्या ने कहा कि यह प्रशिक्षण पूरी तरह मुफ्त होगा ताकि हर युवा देश सेवा का मौका पा सके। फिलहाल खेल विभाग के प्रशिक्षकों के जरिए यह तैयारी कराई जाएगी…लेकिन भविष्य में इस काम के लिए विशेष मानव संसाधन भी उपलब्ध कराने की योजना है।

बैठक में 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर निकाले जाने वाले एकता मार्च और प्रदेश के सभी जनपदों में आयोजित की जाने वाली पदयात्राओं की भी तैयारी की समीक्षा की गई। इसके अलावा, राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह के दौरान आयोजित किए जाने वाले युवा महोत्सव की भी योजना पर चर्चा हुई।

बैठक में खेल विभाग के प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्राचार्य राजेश मंमगाई, उपनिदेशक जयराज समेत कई अधिकारी मौजूद थे।

कैंप कार्यालय यमुना कॉलोनी में हुई बैठक के बाद मंत्री आर्या ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि हर युवा को देश की सेवा करने का मौका मिले…इसलिए यह योजना शुरू की जा रही है। सभी युवाओं से अपील है कि वे इस अवसर का लाभ जरूर उठाएं।

उत्तराखंड(दुखद ख़बर): दिवाली मनाने लौट रहे चार मजदूरों की सड़क हादसे में मौत!

नानकमत्ता (उत्तराखंड): शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब यूपी के संभल और अमरोहा जिले के सात मजदूर दिवाली मनाने अपने घर लौट रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार संभल जिले के हसनगढ़ निवासी गुरुमुख (17) पुत्र राजेंद्र, शीशपाल (22) पुत्र महावीर, जयवीर (31) पुत्र श्यामलाल, जयवीर पुत्र धर्मेंद्र, पुरुषोत्तम और अमरोहा निवासी अखिलेश सभी सड़ासड़ीया क्षेत्र से दिवाली की छुट्टी में घर लौट रहे थे। इसी दौरान नानकसागर डैम से पहले एक मोड़ पर, सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई।

हादसा इतना जोरदार था कि ट्रैक्टर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उस पर सवार सातों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही नानकमत्ता पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को बुलाकर सभी घायलों को खटीमा उप-जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने अखिलेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि गुरुमुख और जयवीर (पुत्र श्यामलाल) की इलाज के दौरान मौत हो गई।

वहीं शीशपाल की हालत गंभीर होने के चलते उसे हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही सितारगंज के पास एंबुलेंस में उसकी भी मौत हो गई। बाकी घायलों — जयवीर (पुत्र धर्मेंद्र), प्रदीप और पुरुषोत्तम  का अस्पताल में इलाज चल रहा है। चारों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है…और पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

ये मजदूर सड़ासड़ीया में काम करते थे और त्योहार पर अपने घर लौट रहे थे। लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने न सिर्फ चार परिवारों की खुशियां छीन लीं…बल्कि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है…जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।

देहरादून-टनकपुर ट्रेन हफ्ते में तीन दिन चलेगी ,गढ़वाल से पूर्णागिरी धाम पहुंचना होगा आसान

Dehradun: Tankpur: Train: उत्तराखंडवासियों के लिए खुशखबरी है। देहरादून–टनकपुर एक्सप्रेस (15019/15020), जो अब तक सप्ताह में एक दिन चलती थी, अब सप्ताह में तीन दिन चलाई जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर रेल मंत्रालय ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 8 अक्टूबर 2025 को नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के दौरान इस ट्रेन के संचालन की आवृत्ति बढ़ाने का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री के अनुरोध पर रेल मंत्रालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टनकपुर–देहरादून रेल सेवा को सप्ताह में तीन दिन चलाने की स्वीकृति प्रदान की है।

नई समय सारिणी के अनुसार, देहरादून–टनकपुर एक्सप्रेस (15019) अब बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी, जबकि टनकपुर–देहरादून एक्सप्रेस (15020) मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी।

इस निर्णय से प्रदेश के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है, विशेष रूप से कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों के बीच यात्रा करने वालों के लिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस निर्णय के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं रेलवे बोर्ड का आभार व्यक्त किया है।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार लगातार केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश के रेल नेटवर्क को और सुदृढ़ बनाने के लिए प्रयासरत है, ताकि यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक परिवहन सुविधा मिल सके।

उत्तराखंड: समारोह और शादी में महिलाएं पहनेंगी सिर्फ अब तीन गहने, ये है वजह

देहरादून: चकराता तहसील के कंदाड़ गांव में ग्रामीणों ने सामूहिक बैठक कर शादी और अन्य सामाजिक समारोहों में विवाहित महिलाओं द्वारा पहने जाने वाले सोने के आभूषणों को सीमित करने का बड़ा फैसला लिया है। इस निर्णय के तहत महिलाएं केवल तीन सोने के आभूषण…नाक की फूली, कान के बुंदे और मंगल सूत्र ही पहनेंगी।

ग्रामीणों का कहना है कि जौनसार-बावर क्षेत्र में पारंपरिक रूप से विवाहिता महिलाएं कई सोने के आभूषण पहनती रही हैं, लेकिन सोने की बढ़ती कीमतों ने इस परंपरा को गरीब परिवारों के लिए बोझ बना दिया है। इसलिए इस बोझ को कम करने और आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को सहज बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है।

बैठक में यह भी तय किया गया कि यदि कोई महिला इस नियम का उल्लंघन करती है, तो उस पर 50 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा। यह नियम पूरे गांव के सभी परिवारों के लिए अनिवार्य होगा। बैठक में कंदाड़ गांव के स्याणा मुन्ना सिंह रावत, टीकम सिंह रावत, गजेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह, भगवती रणवीर, अमित, शूरवीर सिंह, अनिल सिंह चौहान, जीत सिंह, भगत सिंह रावत, दौलत सिंह समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे।

ग्रामीणों का मानना है कि यह निर्णय सामाजिक समरसता बनाए रखने और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है। साथ ही इससे शादी समारोहों में अनावश्यक खर्च भी कम होगा।

उत्तराखंड: कैंची धाम के पास कर्मी की गोली लगने से मौत !

नैनीताल: कैंची धाम क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई जब किरौला रेस्टोरेंट में कार्यरत एक कर्मचारी की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आनंद सिंह (38 वर्ष), पुत्र लोक सिंह, निवासी पानकटारा सिमलखा के रूप में हुई है।

घटना रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आनंद ने किसी व्यक्ति से फोन पर बातचीत के बाद अचानक रेस्टोरेंट मालिक की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली कान के नीचे लगी….जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही श्यामखेत पुलिस और कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कमरे को सील कर दिया और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया…जो आवश्यक साक्ष्य जुटा रही है।

कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि रात के खाने के बाद सभी कर्मचारी अपने-अपने कमरों में चले गए थे…जबकि आनंद अक्सर होटल में ही रुकता था। उन्होंने यह भी बताया कि घटना से पहले आनंद किसी से फोन पर बात कर रहा था और बातचीत में खुद को नुकसान पहुंचाने जैसी बातें कह रहा था। गोली चलने की आवाज सुनकर स्टाफ के अन्य सदस्य कमरे की ओर दौड़े…लेकिन तब तक आनंद दम तोड़ चुका था। रेस्टोरेंट मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत होता है…लेकिन पूरी जांच फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के बाद ही साफ हो सकेगी। अभी तक परिजनों या किसी अन्य की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

कोतवाली पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक टीम के आने तक कमरे को सील किया गया है। सभी कर्मचारियों से पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मामला आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण छिपा है।

उत्तराखंड: नर्स से छेड़खानी करने पर अस्पताल में पूर्व सैनिक की हुई पिटाई

देहरादून: सीएमआई अस्पताल में एक महिला नर्स के साथ अभद्रता और छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार देर रात की है जब एक वृद्ध महिला के साथ आया पूर्व सैन्यकर्मी नर्स पर फब्तियां कसने लगा और आपत्तिजनक बातें करने लगा। नर्स ने पहले संयम बरता…लेकिन जब हदें पार हो गईं तो उसने आरोपी को सरेआम थप्पड़ जड़ दिए। जिसके बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

घटना में आरोपी की पहचान रमेश सिंह निवासी बंजारावाला देहरादून के रूप में हुई है। वह अपनी सास का इलाज कराने अस्पताल आया था…जो 13 अक्टूबर से भर्ती हैं। पुलिस के मुताबिक रमेश सिंह सेना से सेवानिवृत्त है और वर्तमान में दिल्ली में एक प्राइवेट नौकरी करता है।

नालापानी चौकी प्रभारी रीना वर्मा को मामले की जांच सौंपी गई है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि रमेश सिंह ने महिला नर्स से अश्लील बातें कीं और उसे अस्पताल परिसर में अकेला पाकर उसका पीछा किया। आरोपी ने नर्स से यह भी कहा कि वह अपनी पत्नी से परेशान है और अगर नर्स उसके साथ चलने को तैयार हो जाए…तो वह पत्नी और सास दोनों को “रास्ते से हटा देगा”।

सूत्रों के अनुसार आरोपी ने नर्स को पैसे देने की पेशकश भी की। इस पर नर्स ने स्टाफ को बुलाया और फिर रमेश सिंह की जमकर पिटाई की गई। बाद में पुलिस को सूचना दी गई और उसे छेड़छाड़ और अभद्रता की धाराओं में गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की खुद की दो बेटियां हैं इसके बावजूद उसने अस्पताल में जिस तरह का व्यवहार किया…वह गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।

हल्द्वानी में 18 से 20 अक्टूबर तक जारी रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, मंगलपड़ाव समेत कई जगह नो एंट्री !

Haldwani: Traffic: Diwali: Police: धनतेरस एवं दीपावली पर्व के दौरान शहर में बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए हल्द्वानी ट्रैफिक पुलिस ने तीन दिवसीय यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह प्लान 18 से 20 अक्टूबर 2025 तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा।

मालवाहक वाहनों पर रोक

इस अवधि में शहर क्षेत्र में किसी भी प्रकार के छोटे या बड़े मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
केवल दूध, गैस, तेल, सब्जी जैसी आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन ही बाईपास मार्गों से होकर गुजर सकेंगे।

रोडवेज / सिटी / सिडकुल / वॉल्वो बसों का डायवर्जन

रामपुर रोड से आने वाली बसें – टीपी नगर तिराहा से डायवर्ट होकर होंडा शोरूम तिराहा → तीनपानी गौलापार तिराहा → गौला रोड → नारीमन तिराहा → काठगोदाम → तिकोनिया चौराहा → नैनीताल बैंक तिराहा → रोडवेज स्टेशन तक जाएंगी।

बरेली रोड से आने वाली बसें – तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार रोड होते हुए उपरोक्त मार्ग से रोडवेज स्टेशन तक जाएंगी।

कालाढूंगी रोड से आने वाली बसें – ऊँचापुल / लालडॉट तिराहा से पनचक्की चौराहा → हाईडिल तिराहा → तिकोनिया चौराहा → नैनीताल बैंक तिराहा → रोडवेज स्टेशन जाएंगी।

काठगोदाम / पर्वतीय क्षेत्र से आने वाली बसें – नैनीताल रोड से तिकोनिया चौराहा होते हुए रोडवेज स्टेशन तक जाएंगी।

छोटे वाहनों का डायवर्जन

बरेली रोड से आने वाले वाहन – तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार रोड का प्रयोग कर नारीमन तिराहा काठगोदाम से आगे जाएंगे।

रामपुर रोड से आने वाले वाहन – आईटीआई तिराहा से मुखानी चौराहा / अटल रोड तिराहा की ओर डायवर्ट होंगे।

कालाढूंगी रोड से आने वाले वाहन – ऊँचापुल / लालडॉट तिराहा से पनचक्की → हाईडिल → कॉलटैक्स तिराहा होते हुए गन्तव्य को जाएंगे।

काठगोदाम क्षेत्र से आने वाले वाहन – महारानी होटल तिराहा से कुल्यालपुरा चौराहा या नैनीताल बैंक तिराहा से जेल रोड तिराहा के मार्ग का उपयोग करेंगे।

प्रवेश वर्जित क्षेत्र

धनतेरस और दीपावली के दौरान किसी भी प्रकार के वाहन (दो पहिया, चार पहिया या भारी वाहन) को
मंगलपड़ाव, सिंधी चौराहा, सिटी चौराहा, कालाढूंगी चौराहा, ओके होटल चौराहा एवं ताज चौराहा से बाजार क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

पार्किंग व्यवस्था

नैनीताल रोड/कालाढूंगी रोड से आने वाले दुपहिया वाहन – मिनी स्टेडियम रोड के बाईं ओर पार्किंग करेंगे।

मुख्य बाजार जाने वाले वाहन – रामलीला मैदान एवं रेलवे स्टेशन हल्द्वानी में पार्किंग करेंगे।

कालाढूंगी रोड से आने वाले वाहन – पर्वतीय उत्थान मंच, हीरानगर में पार्क करेंगे।

बरेली रोड से आने वाले वाहन – लक्ष्मी शिशु मंदिर (मंगलपड़ाव) में पार्किंग करेंगे।

रामपुर रोड से आने वाले वाहन – एच.एन. इंटर कॉलेज मैदान में पार्क करेंगे।

बाजार व्यापारी – सरस बाजार पार्किंग एवं सिंधी स्वीट्स के पास मैजिक स्टैंड पार्किंग का उपयोग करेंगे।

ऑटो / मैजिक स्टैंड व्यवस्था

कालाढूंगी चौराहा एवं जेल रोड तिराहा – भोलानाथ टैम्पू व ई-रिक्शा स्टैंड संचालित होंगे।

ओके होटल स्टैंड – बर्फ वाली गली से संचालित होंगे।

सिंधी स्वीट्स एवं सरगम ऑटो स्टैंड – एच.एन. इंटर कॉलेज, रामपुर रोड से संचालित होंगे।

मंगलपड़ाव के विक्रम व मैजिक स्टैंड – लक्ष्मी शिशु मंदिर से आगे रोड के बाईं ओर रहेंगे।

ट्रैफिक पुलिस की अपील:

शहरवासियों से अनुरोध है कि यातायात व्यवस्था में सहयोग करें, निर्धारित मार्गों का पालन करें और अव्यवस्था से बचें ताकि त्योहारों का आनंद सभी सुरक्षित और सुगमता से ले सकें।