चौखुटिया में 50 बेड का अस्पताल बनेगा, अब नहीं करनी पड़ेगी शहरों की दौड़

Almora: Uttarakhand: Hospital: Chaukhutiya: अल्मोड़ा जिले के चौखुटिया क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 30 बेड से बढ़ाकर 50 बेड के अस्पताल में विस्तारित किया जाएगा। इसके साथ ही अस्पताल में अत्याधुनिक डिजिटल एक्स-रे मशीन भी लगाई जाएगी, जिससे मरीजों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

सरकार का लक्ष्य है कि पहाड़ी इलाकों के लोगों को इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भर न रहना पड़े। इसी दिशा में चौखुटिया में उप जिला चिकित्सालय के निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने की जिम्मेदारी उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन परिषद को दी गई है।

अस्पताल के विस्तार से चौखुटिया और आसपास के ग्रामीण इलाकों के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। पहले जहां लोगों को गंभीर बीमारियों या एक्स-रे जैसी जांचों के लिए दूर जाना पड़ता था, अब ये सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि मरीजों को समय पर उपचार भी मिल पाएगा।

सरकार का कहना है कि प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाना उसकी प्राथमिकता है, और आने वाले समय में ऐसी कई योजनाएं अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में भी शुरू की जाएंगी।

कैंची धाम में पहुंचेंगी राष्ट्रपति,दोपहर 12 बजे तक मंदिर में आम श्रद्धालुओं के दर्शन बंद रहेंगे

Kaichi Dham: Nainital: President: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आज नैनीताल जिले पहुंच रही हैं। अपने प्रवास के दूसरे दिन यानी 4 नवंबर की सुबह लगभग 8:30 बजे वह प्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी तैयारियां कर ली हैं।

मंदिर प्रशासन ने बताया कि राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए दर्शन व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। 4 नवंबर को सुबह से दोपहर 12 बजे तक मंदिर में आम श्रद्धालुओं के दर्शन बंद रहेंगे। दोपहर 12 बजे के बाद मंदिर के द्वार दोबारा श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

हर दिन हजारों की संख्या में भक्त बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन के लिए कैंची धाम पहुंचते हैं। राष्ट्रपति मुर्मू की यात्रा को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष योजनाएं तैयार की हैं ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे 4 नवंबर को दोपहर 12 बजे के बाद ही मंदिर पहुंचें।

पिथौरागढ़ की खुशी चंद ने देश के लिए जीता स्वर्ण पदक

Pithoragarh, Uttarakhand: Young boxer Khushi Chand has made India proud by winning a gold medal at the Asian Boxing Championship in Bahrain: उत्तराखंड की बेटियां लगातार खेल जगत में अपना परचम लहरा रही हैं। बैडमिंटन, फुटबॉल, क्रिकेट या बॉक्सिंग हर क्षेत्र में राज्य की प्रतिभाशाली बेटियां देश का नाम ऊंचा कर रही हैं। इसी कड़ी में अब पिथौरागढ़ की खुशी चंद ने इतिहास रच दिया है। खुशी चंद ने बहरीन के मनामा में आयोजित एशियन यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2025 में अंडर-17 बालिका वर्ग (44-46 किग्रा भार वर्ग) में स्वर्ण पदक जीतकर देश का झंडा बुलंद किया है।

चीन की बॉक्सर को फाइनल में हराया

खुशी ने अपने फाइनल मुकाबले में चीन की बॉक्सर लूओ जिन्शियु को शानदार तरीके से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इससे पहले उन्होंने पहले राउंड में जॉर्डन की अल रहमई रीम, क्वार्टर फाइनल में सऊदी अरब की खिलाड़ी, और सेमीफाइनल में मंगोलिया की अल्तानजुल को मात दी थी। उनके इस प्रदर्शन से भारत को गर्व का एक और सुनहरा पल मिला है।

परिवार में जश्न, बहन निकिता भी रही मेडल विनर

खुशी की इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे पिथौरागढ़ में खुशी की लहर है। परिजनों और ग्रामीणों में गर्व और उत्साह का माहौल है। खास बात यह है कि खुशी की बड़ी बहन निकिता चंद भी बॉक्सिंग में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुकी हैं। दोनों बहनों की इस उपलब्धि ने सीमांत जिले पिथौरागढ़ का नाम पूरे देश में रोशन कर दिया है।

पटियाला में लिया विशेष प्रशिक्षण

प्रतियोगिता से पहले खुशी ने एनआईएस पटियाला में 23 सितंबर से 20 अक्टूबर तक विशेष प्रशिक्षण लिया था। खुशी का कहना है कि यह ट्रेनिंग उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने और खेल में सुधार लाने में बेहद मददगार रही। खुशी चंद की इस शानदार उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उत्तराखंड की बेटियां हर क्षेत्र में नया इतिहास रचने का सामर्थ्य रखती हैं।

उत्तराखंड: त्योहार की छुट्टी खत्म हुई तो ट्रेन और बसों को नहीं मिल रहे हैं यात्री

HALDWANI LIVE NEWS: दीपावली और छठ पर्व के बाद अब यात्रियों की भीड़ में कमी देखने को मिल रही है। इस वीकेंड रोडवेज बसों और ट्रेनों में पहले की तुलना में कम यात्री सफर कर रहे हैं। दिल्ली मार्ग पर रोडवेज बसों का संचालन करीब 40 फीसदी तक घट गया है। वहीं काठगोदाम रेलवे स्टेशन से आने-जाने वाली ट्रेनों में अब सीटें आसानी से मिल रही हैं।

शताब्दी, संपर्क क्रांति, रानीखेत और बाघ एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में इस सप्ताह पर्याप्त सीटें उपलब्ध हैं। पिछले हफ्ते तक इन ट्रेनों में टिकट मिलना मुश्किल था।

काठगोदाम डिपो के एआरएम गणेश पंत ने बताया कि रविवार को दिल्ली मार्ग पर केवल 15 बसें संचालित की गईं…जबकि बीते वीकेंड यह संख्या 30 थी। हल्द्वानी डिपो के एआरएम संजय पांडे के अनुसार शनिवार और रविवार को भी यात्रियों की संख्या सामान्य से कम रही। उन्होंने बताया कि आमतौर पर भीड़भाड़ के समय दिल्ली मार्ग पर 28 बसें चलाई जाती हैं…लेकिन इस बार सिर्फ 17 बसें ही भेजी गईं।

त्योहारों के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ से रोडवेज और रेलवे दोनों को अच्छी आमदनी हुई थी…लेकिन अब यात्रियों की संख्या में आई गिरावट से सफर सामान्य हो गया है।

नैनीताल जिले में कई स्कूल रहेंगे बंद, प्रशासन ने जारी किया आदेश

Nainital/Uttarakhand New: Schools to remain closed on November 4 due to President Murmu visit: उत्तराखंड के नैनीताल जिले से बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासन ने 4 नवंबर (मंगलवार) को आंशिक अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं के मद्देनज़र कुछ क्षेत्रों के सभी विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।

आदेश के मुताबिक नैनीताल नगर क्षेत्र एवं भवाली नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय, अशासकीय, अर्धशासकीय विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र 4 नवंबर को पूर्ण रूप से बंद रहेंगे। वहीं हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में काठगोदाम से आर्मी हैलीपैड हल्द्वानी तक के मार्ग में स्थित विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र केवल अपराह्न 1:00 बजे तक ही संचालित होंगे।

हालांकि 3 नवंबर (सोमवार) को जिले के सभी विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र अपने निर्धारित समयानुसार खुलेंगे।

उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, सबसे पहले इन जिलों में महसूस होगी ठंड !

देहरादून: उत्तराखंड में अब मौसम करवट लेने वाला है। पर्वतीय इलाकों में शीतलहर का असर दिखने लगेगा तो वहीं मैदानी हिस्सों में घना कोहरा ठंडक बढ़ा सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार सोमवार से राज्य में मौसम का मिजाज बदल जाएगा।

चार और पांच नवंबर को उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने कहा कि बारिश और बर्फबारी के चलते सुबह और शाम के समय पर्वतीय जिलों में शीतलहर बढ़ सकती है।

छह से आठ नवंबर के बीच प्रदेशभर में मौसम फिर से शुष्क रहने का अनुमान है। उधर, मैदानी इलाकों में कोहरे का असर बढ़ने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। रविवार को देहरादून समेत कई मैदानी हिस्सों में दिन भर धूप खिली रही। दून में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

नैनीताल में राष्ट्रपति, पूरे जिले के ट्रैफिक को किया गया डायवर्ट

President: Nainital: Haldwani: Traffic Police भारत की राष्ट्रपति महोदया के जनपद नैनीताल भ्रमण एवं प्रवास कार्यक्रम के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने 3 और 4 नवम्बर 2025 को पूरे क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। यह प्लान 3 नवम्बर को सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक और 4 नवम्बर को सुबह 6 बजे से प्रभावी रहेगा। राष्ट्रपति महोदया के भ्रमण के दौरान सुरक्षा कारणों से 17 प्रमुख स्थानों पर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। दोनों दिनों वीवीआईपी रूट पर सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।

3 नवम्बर को राष्ट्रपति महोदया के हल्द्वानी से नैनीताल भ्रमण के दौरान शहर में सख्त ट्रैफिक नियंत्रण रहेगा। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्र की ओर जाने वाले वाहनों को कालाढूंगी या रामनगर मार्ग से भेजा जाएगा। रोडवेज और केमू स्टेशन से पर्वतीय क्षेत्र को जाने वाली बसों और टैक्सियों को उनके स्टैंड से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। रोडवेज की ओर से काठगोदाम की तरफ जाने वाले वाहनों को नैनीताल बैंक तिराहा या अटल मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसी तरह भीमताल, भवाली, और कालाढूंगी की ओर से आने-जाने वाले वाहनों को विभिन्न बिंदुओं पर रोका या वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान नैनीताल शहर को पूरी तरह से “जीरो जोन” घोषित किया जाएगा, ताकि यातायात पूरी तरह नियंत्रित रहे।

4 नवम्बर को राष्ट्रपति महोदया के नैनीताल से भवाली एवं पुनः हल्द्वानी भ्रमण के दौरान भी ट्रैफिक प्लान प्रभावी रहेगा। इस दिन भारी वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से वर्जित रहेगी। कालाढूंगी रोड, शेरवुड कॉलेज, मस्जिद तिराहा, ऑल सेंट तिराहा, टोलटैक्स तल्लीताल और ज्योलीकोट नंबर-1 बैंड जैसे स्थानों पर वाहनों को रोकने या डायवर्ट करने की व्यवस्था की गई है। भवाली, भीमताल, रामगढ़, खैरना, कैंचीधाम, और क्वारब क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से वीवीआईपी रूट पर आवाजाही न करें, पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करें और निर्धारित डायवर्जन रूट का उपयोग करें, ताकि राष्ट्रपति महोदया के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित बनी रहे।

नैनीताल: एक महीने में दो हजार से ज्यादा दोपहिया वाहन चालकों के चालान काटे

रामनगर: परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए पिछले एक माह में यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले 2192 दोपहिया वाहन चालकों के चालान काटे हैं। यह कार्रवाई मुख्य रूप से शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों और दुर्घटना संभावित मार्गों पर की गई।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, बिना हेलमेट, तेज रफ्तार, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने और तीन सवारी बैठाने जैसी लापरवाहियों पर सबसे ज्यादा चालान किए गए। इनमें 975 चालान बिना हेलमेट, 154 चालान तीन सवारी बैठाने और 67 चालान तेज गति से वाहन चलाने वालों के काटे गए हैं।

सड़क सुरक्षा को बढ़ाने और नियम उल्लंघन पर नजर रखने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों पर अत्याधुनिक एएनपीआर कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे स्वतः ही नियम तोड़ने वाले वाहनों की पहचान कर चालान प्रक्रिया शुरू कर देते हैं।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़क हादसों को कम करने और लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने दोपहिया चालकों से अपील की कि वे हेलमेट अवश्य पहनें और यातायात नियमों का पालन करें, वरना भारी जुर्माना भुगतना पड़ सकता है।

उत्तराखंड: राज्य लोकसेवा आयोग की भर्ती रद्द, 8 फरवरी को होनी थी परीक्षा

देहरादून: राज्य लोक सेवा आयोग ने राजकीय इंटर कॉलेजों और राजकीय बालिका इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्य व प्रधानाचार्या पदों के लिए चल रही विभागीय भर्ती प्रक्रिया को रद्द कर दिया है। आयोग ने यह निर्णय शिक्षा सचिव के अनुरोध पर लिया है।

शिक्षा सचिव ने 30 अक्टूबर को आयोग को पत्र भेजकर शासन द्वारा भेजे गए अधियाचन को वापस लेने की मांग की थी। इस पर कार्रवाई करते हुए आयोग ने 8 फरवरी 2026 को प्रस्तावित सीमित विभागीय परीक्षा को निरस्त करने की सूचना दी है। आयोग के सचिव आलोक पांडेय ने इस निर्णय की पुष्टि करते हुए कहा कि शिक्षा सचिव को इस संबंध में औपचारिक पत्र भेजा गया है।

गौरतलब है कि प्रदेश के राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्य के कुल 1385 पदों में से 1184 पद लंबे समय से खाली हैं। सरकार ने इन रिक्तियों को भरने के लिए 50 प्रतिशत पदों पर सीमित विभागीय परीक्षा कराने का फैसला लिया था।

इधर, राजकीय शिक्षक संघ ने अपनी प्रस्तावित रैली फिलहाल स्थगित कर दी है। संघ के अध्यक्ष राम सिंह चौहान और महामंत्री रमेश चंद्र पैन्यूली ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक को पत्र भेजकर बताया कि नौ अक्टूबर को शिक्षा मंत्री के साथ हुई वार्ता के बाद संगठन ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है। हालांकि, यदि 34 सूत्रीय मांगपत्र पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होती है, तो संघ पुनः आंदोलन शुरू करेगा।

हल्द्वानी से कैंची जाने को लेकर अपडेट, भवाली से आगे नहीं जा पाएंगे वाहन

Kaichi Dham: Haldwani: Uttarakhand: Traffic: कैची धाम रूट पर रविवार को पर्यटकों के वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन लागू रखा है। शनिवार की तरह रविवार को भी यह व्यवस्था प्रभावी रहेगी।

पुलिस के अनुसार, हल्द्वानी से कैची धाम की ओर जाने वाले पर्यटकों के वाहन भवाली से आगे नहीं जा पाएंगे। इन वाहनों को भवाली सेनेटोरियम में पार्क कराया जाएगा और श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैची धाम दर्शन के लिए भेजा जाएगा।

एसएसपी नैनीताल ने बताया कि हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले भारी वाहनों को भीमताल रोड से खुटानी, मुक्तेश्वर व रामगढ़ होते हुए अपने गंतव्य तक जाने की अनुमति दी जाएगी। हालांकि आवश्यक सेवा जैसे एम्बुलेंस, पुलिस, अग्निशमन व अन्य आपातकालीन वाहनों को रूट डायवर्जन से मुक्त रखा गया है।

उन्होंने सभी वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों से अपील की है कि रविवार को ट्रैफिक व्यवस्था में सहयोग करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।