हल्द्वानी: उजाला नगर प्रकरण में हिंदूवादी नेता विपिन पाण्डे को मिली जमानत

Haldwani: Ujala Nagar: Case: Vipin Pandey: हल्द्वानी में उजाला नगर में हुई हालिया घटना के मामले में गिरफ्तार हिंदूवादी नेता विपिन पाण्डे को अदालत ने जमानत दे दी है। गुरुवार को पुलिस ने पाण्डे को कुसुमखेड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद कोर्ट में पेश किया था। सुनवाई के दौरान अदालत ने उन्हें नैनीताल जेल भेजने के आदेश दिए थे।

शुक्रवार को मामले की अगली सुनवाई में पाण्डे की ओर से जमानत याचिका दायर की गई, जिस पर अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जमानत मंजूर कर ली। आदेश जारी होने के साथ ही उनकी रिहाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उजाला नगर प्रकरण को लेकर शहर में राजनीतिक और सामाजिक हलचल बनी हुई थी। पाण्डे की गिरफ्तारी के बाद समर्थकों ने विरोध जताया था, जबकि जमानत मिलने के बाद तनाव में कुछ कमी देखी जा रही है। पुलिस मामले की जांच जारी रखे हुए है।

छात्रों के लिए बड़ी खबर, उत्तराखण्ड बोर्ड ने बदला परीक्षा पैटर्न

Uttarakhand Board Exam 2026 :  High Order Thinking Skill : UBSE : Uttarakhand News : उत्तराखंड हाई स्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को लेकर इस बार उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (UBSE) ने एक बड़ा कदम उठाया है। परिषद ने 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में प्रश्न पत्रों में 20 फ़ीसदी हाई ऑर्डर थिंकिंग स्किल (HOTS) से जुड़े प्रश्न जोड़ने का निर्णय लिया है। यह नया बदलाव छात्रों की वास्तविक समझ, विश्लेषण क्षमता और तर्कबुद्धि को परखने के उद्देश्य से किया गया है।

शिक्षा परिषद की ओर से मिली जानकारी के अनुसार इस साल हाई स्कूल और इंटरमीडिएट के सभी विषयों में HOTS आधारित प्रश्न शामिल होंगे। परिषद का कहना है कि नई शिक्षा प्रणाली में केवल रटने पर आधारित उत्तर पर्याप्त नहीं, इसलिए छात्रों की वास्तविक क्षमता सामने लाने के लिए यह बड़ा फैसला लिया गया है। इन प्रश्नों से यह स्पष्ट होगा कि परीक्षार्थी ने उत्तर को समझकर लिखा है या सिर्फ याद किया है।

परिषद ने बताया कि हाई ऑर्डर थिंकिंग स्किल वाले प्रश्न इस तरह तैयार किए जाएंगे कि वे इंटरमीडिएट के बाद विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा में छात्रों की मदद करें। इससे छात्रों की विश्लेषण, मूल्यांकन और निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कौशलों का मूल्यांकन किया जा सकेगा।

HOTS वाले प्रश्न छात्रों को केवल याद करने के बजाय समस्याओं का समाधान ढूँढने, विचारों को जोड़ने और सीखी गई जानकारी को वास्तविक परिस्थितियों में लागू करने की ओर प्रेरित करेंगे। परिषद का मानना है कि इस बदलाव से उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएँ और अधिक गुणवत्तापूर्ण, प्रगतिशील और भविष्य उन्मुख बनेगा।

जागेश्वर धाम में शादी के दौरान गजब का हंगामा, हैरान कर देगा मामला

Almora : Jageshwar Temple : Paternity Dispute: DNA Test : Uttarakhand News : उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जागेश्वर धाम के शांत और पवित्र वातावरण में अचानक हंगामा मच गया, जब एक परिवार अपने नवजात बच्चे के असली पिता का फैसला कराने मंदिर पहुंचा।

जानकारी के अनुसार, यह विवाद लंबे समय से चल रहा था। परिवार की सास का दावा था कि बच्चा उसका बेटे का नहीं….बल्कि बहू के कथित प्रेमी का है। बुधवार को कथित प्रेमी भी पूरे आत्मविश्वास के साथ मंदिर पहुंचे।

मंदिर की परंपरा के अनुसार सत्य सिद्ध करने के लिए महामृत्युंजय के समक्ष जल पीना होता है। सास ने झिझक के बिना जल पीने की हामी भरी….लेकिन बहू ने इसे ठुकरा दिया और कहा कि अब केवल डीएनए परीक्षण ही सच्चाई बताएगा।

इस पर सास का गुस्सा बढ़ गया और दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए मंदिर के पुजारी बीच-बचाव में आए और सभी को बाहर का मार्ग दिखाया, तब जाकर मामला शांत हुआ।

काठगोदाम–हावड़ा एक्सप्रेस के संचालन में बदलाव, रेलवे के अपडेट पर डाले नजर

Uttarakhand: Railways: Kathgodam: रेलवे प्रशासन ने परिचालनिक सुगमता बढ़ाने के उद्देश्य से वाराणसी मंडल के चैनवा और सीवान स्टेशन यार्ड में प्वाइंट एवं क्रासिंग बदलाव का कार्य शुरू किया है। इसको लेकर निर्धारित BLOCK के दौरान कुछ ट्रेनों के समय में बदलाव और नियंत्रण किया गया है। इसकी जानकारी वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, इज्जतनगर संजीव शर्मा ने दी।

पुनर्निर्धारण

  • 13020 काठगोदाम–हावड़ा एक्सप्रेस 22 नवंबर 2025 को काठगोदाम से 60 मिनट विलंब से चलेगी।
  • इसी ट्रेन को 24 नवंबर 2025 को भी 60 मिनट देरी से प्रस्थान कराया जाएगा।

नियंत्रण

  • 15110 मथुरा–छपरा एक्सप्रेस 25 नवंबर 2025 को मार्ग में 30 मिनट नियंत्रित रहेगी।
  • 13020 काठगोदाम–हावड़ा एक्सप्रेस 27 नवंबर 2025 को मार्ग में 40 मिनट नियंत्रित की जाएगी।

रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पूर्व ट्रेन समय सारिणी की जानकारी सुनिश्चित कर लें, ताकि inconvenience से बचा जा सके।

मुख्यमंत्री धामी रुड़की में पांच दिवसीय धार्मिक और सामाजिक महोत्सव में हुए शामिल

Uttarakhand News: Roorkee : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज रुड़की के जीवनदीप आश्रम में आयोजित पांच दिवसीय धार्मिक एवं सामाजिक महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने पद्मभूषण ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

मुख्यमंत्री ने संत-महात्माओं, धर्माचार्यों और श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि संत समाज जीवन्त तीर्थ के समान होता है और समाज को सदैव सत्पथ की ओर प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि जीवन दीप सेवा न्यास के इस महोत्सव में आयोजित शतचंडी महायज्ञ, भक्तमाल कथा, 1100 बालिकाओं का पूजन, पाठ्य सामग्री वितरण और पांच कन्याओं के सामूहिक विवाह जैसे कार्यक्रम समाज में सेवा और मानवता का संदेश दे रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी सभागार सिद्धबली हनुमान द्वार और शहीद चौक का लोकार्पण किया। उन्होंने घोषणा की कि मुख्य मार्ग से सुनहरा मार्ग चौराहे को अब शहीद चौक कहा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सनातन संस्कृति का गौरव विश्वभर में बढ़ रहा है। उत्तराखंड सरकार राज्य को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। इसके लिए केदारखण्ड और मानसखण्ड मंदिर क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण, यमुनातीर्थ स्थल का पुनरुद्धार, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स शुरू किए गए हैं।

उन्होंने राज्य में सांस्कृतिक और सामाजिक संरचना की रक्षा के लिए लागू किए गए कानूनों का जिक्र किया। युवाओं के हित में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किए गए हैं और मदरसा बोर्ड को समाप्त करने का निर्णय लिया गया। सनातन धर्म को बदनाम करने वालों पर “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत कठोर कार्रवाई की गई।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 11 कन्याओं का पूजन किया और उन्हें उपहार एवं दक्षिणा भेंट की। उन्होंने 6 कन्याओं के सामूहिक विवाह में उन्हें शुभकामनाएं और आशीर्वाद भी दिए। उनकी धर्मपत्नी गीता धामी ने कन्याओं को सुखमय और समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं दी। जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यतिद्रनंद गिरी महाराज ने कार्यक्रम में शामिल सभी जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत-महात्माओं के आशीर्वाद और जनसहयोग से उत्तराखंड एक आदर्श एवं अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित होगा।

बधाई दीजिए… उत्तराखंड के ऋषभ पंत बनें टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान

Rishabh Pant: Test: Captain: India: South Africa: भारत के कप्तान शुभमन गिल साउथ अफ्रीका के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज को बड़ा झटका देते हुए दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। गिल की जगह अब विकेटकीपर-बैटर ऋषभ पंत शनिवार से गुवाहाटी में शुरू हो रहे मुकाबले में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। बता दें कि पंत मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले हैं और उनके कप्तान नियुक्त होने पर राज्य के लोग काफी खुश हैं।

गिल कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान चोटिल हुए थे। पहली पारी में तीसरी गेंद पर चौका लगाने के बाद उन्हें अचानक गर्दन में तेज दर्द महसूस हुआ, जिसके कारण वह रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ने को मजबूर हो गए। इसके बाद वह मैच में दोबारा बल्लेबाजी के लिए नहीं उतर सके।

बीसीसीआई ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर गिल के उपलब्ध न होने की पुष्टि करते हुए कहा, “पहले टेस्ट में लगी गर्दन की चोट के कारण शुभमन गिल दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उनकी अनुपस्थिति में ऋषभ पंत टीम की अगुवाई करेंगे।” दूसरे टेस्ट से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंत ने बताया कि गिल खेलने के लिए उत्सुक थे, पर स्थिति अनुकूल नहीं थी। उन्होंने कहा, “शुभमन मैदान पर उतरना चाहते थे, लेकिन शरीर ने साथ नहीं दिया। हमने प्लेइंग इलेवन लगभग फाइनल कर दी है और जो खिलाड़ी खेल रहा है, उसे इसकी जानकारी दे दी गई है।”

सूत्रों के मुताबिक, गिल को आगे की रिकवरी के लिए मुंबई में विशेषज्ञ से सलाह लेने भेजा जा सकता है। ऐसे में उनके 30 नवंबर से शुरू हो रही वनडे सीरीज से भी बाहर होने की संभावना बढ़ गई है।

सीरीज के पहले टेस्ट में टीम इंडिया ने मजबूत स्थिति बनाने के बावजूद हार का सामना किया था। दक्षिण अफ्रीका के 159 रन के जवाब में भारत ने 189 रन बनाकर 30 रन की बढ़त हासिल की थी। लेकिन दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए और मेजबान टीम 93 रन पर सिमट गई। अफ्रीका ने यह मुकाबला 30 रन से जीत लिया।

गौलापार निवासी पवन सम्मल को बधाई, अंतर्राष्ट्रीय इंटर्नशिप प्रोग्राम में हुआ चयन

Kaushal Academy: Haldwani: Hotel Mangement: गौलापार देवपुर सनवाल निवासी पवन सम्मल ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। पवन का चयन दुबई में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय इंटर्नशिप प्रोग्राम के लिए हुआ है। पवन ने विगत वर्ष नवाबी रोड स्थित कौशल एकेडमी इंटरनेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ होटल मैनेजमेंट (KAIIMT) में अंतर्राष्ट्रीय होटल मैनेजमेंट (IDHM) कोर्स में प्रवेश लिया था। इस कोर्स के तहत संस्थान छात्रों को दो वर्ष का विदेश इंटर्नशिप अवसर प्रदान करता है।

संस्थान के प्रिंसिपल डायरेक्टर डॉ. रवी शंकर शर्मा ने बताया कि कौशल एकेडमी आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से विंटर बैच में 100 छात्रों को निःशुल्क प्रवेश दिया जा रहा है। इच्छुक छात्र 15 दिसम्बर तक आवेदन कर सकते हैं। डॉ. शर्मा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर करियर बनाने का यह एक सुनहरा अवसर है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को वैश्विक मंच पर पहचान मिल सकेगी।

KAIIMT छात्रों का यह चयन न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है। पवन का दुबई इंटर्नशिप के लिए चयन इस बात का उदाहरण है कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर ग्रामीण परिवेश के युवा भी अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं।

जरूरी सूचना: बागेश्वर में राशन कार्ड धारकों को 30 नवंबर तक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य

Bageshwar: Ration Card: KYC: बागेश्वर जनपद में सभी राशन कार्ड धारकों को 30 नवंबर तक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी जीबी पांडे ने बताया कि तय तिथि के भीतर ई-केवाईसी न होने पर आगामी राशन वितरण में बाधा आ सकती है।

अधिकारी के अनुसार, सभी कार्डधारकों को अपने नजदीकी उचित दर विक्रेता (राशन डीलर) की दुकान पर जाकर परिवार के प्रत्येक सदस्य की ई-केवाईसी पूरी करानी होगी। यह प्रक्रिया अनिवार्य रूप से आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से की जाएगी।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो लोग अत्यधिक बुजुर्ग, दिव्यांग, बीमार हैं या किसी अन्य कारणवश दुकान तक जाने में असमर्थ हैं, वे अपने ग्राम पंचायत क्षेत्र में मौजूद उचित दर विक्रेता को अपना नाम, पता, आधार नंबर और राशन कार्ड नंबर उपलब्ध करा सकते हैं। इसके बाद विक्रेता उनकी ई-केवाईसी प्रक्रिया आगे बढ़ाएंगे।

जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी राशन कार्ड धारकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ई-केवाईसी करवाने की अपील की है, ताकि भविष्य में राशन प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

नैनीताल डीएम ने साफ शब्दों में कहा, होम स्टे संचालकों ने नियम तोड़े तो रद्द होगा पंजीकरण

Homestay: Nainital: Inspection: Registration: जिले में पर्यटन विकास को गति देने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने होमस्टे योजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने पर्यटन विभाग से जानकारी लेते हुए कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही यह योजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को ही योजना का लाभ मिले, इसके लिए सभी उपजिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित होमस्टे का स्थलीय निरीक्षण अवश्य करें।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि जो होमस्टे निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरते—जैसे जिनमें स्वामी स्वयं नहीं निवास करता या पार्किंग की व्यवस्था नहीं है—उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने जिला पर्यटन अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले के सभी होमस्टे में स्थानीय संस्कृति की पहचान दर्शाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके तहत होमस्टे में स्थानीय महिला समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को प्रदर्शित किया जाए, जिससे पर्यटकों को यहां की परंपराओं और जीवनशैली से रूबरू होने का अवसर मिले।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले में नए वेडिंग डेस्टिनेशन चिन्हित करने और उन्हें विकसित कर व्यापक पैमाने पर प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने और प्रभावी कदम उठाने के लिए पर्यटन अधिकारी को निर्देशित किया।

जिलाधिकारी के इन निर्देशों से उम्मीद है कि जिले में पर्यटन गतिविधियों का न सिर्फ विस्तार होगा, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।

हल्द्वानी में आटे में मिलावट की शिकायत, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावक के पास पहुंची शिकायत

Uttarakhand News: Haldwani: Food Safety: Kumaon Commissioner: Ration Shop: Consumer Protection: Inspection: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एक दुकानदार द्वारा घुन और कीड़े युक्त आटा बेचने के मामले में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने खाद्य विभाग को तुरंत जांच के आदेश दे दिए हैं। साथ ही आटे के सैंपलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार बीती 18 नवंबर को कुमाऊं कमिश्नर के जनता दरबार में हल्द्वानी की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उसने 4 नवंबर को नैनीताल रोड स्थित एक राशन की दुकान से आटा खरीदा था। दुकान में दावा किया गया था कि आटा चक्की में पिसा हुआ है।

आटे से बनी रोटियां खाने के बाद महिला और उनके पति की तबीयत बिगड़ गई। कुछ दिन केवल खिचड़ी खाकर गुज़ारा। 12 नवंबर को जब महिला ने उसी आटे से दोबारा रोटी बनाई, तो उसमें कई घुन और कीड़े पाए गए। इस घटना ने महिला को स्तब्ध कर दिया।

महिला ने उपभोक्ता फोरम में भी वाद दायर किया और 18 नवंबर को आटे का सैंपल लेकर कुमाऊं कमिश्नर से मुलाकात की। घटना सुनते ही कमिश्नर ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को आटे का सैंपल लेने और मामले की जांच के निर्देश दिए।

राशन की दुकान के स्वामी ने बकहा कि  उनकी चक्की खराब है…इसलिए वह दूसरी कंपनी का चक्की वाला आटा बेच रहे हैं।

कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने स्पष्ट कहा कि किसी के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि आसपास के CCTV फुटेज भी निकाले जाएं और संबंधित राशन की दुकान से तत्काल सैंपल लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाए।