सोमेश्वर की मेनका बेटी बनी एयरफोर्स मे अधिकारी, बिना कोचिंग के मिली कामयाबी

Almora : FlyingOfficer : MenskhaBhojak : PrideOfSomeshwar : Uttarakhand News : वीरों की भूमि कही जाने वाली सोमेश्वर घाटी का नाम एक बार फिर पहाड़ की बेटी ने रोशन किया है। मेनका भोजक जो एयरफोर्स में फ्लाइंग ऑफिसर बनी हैं उन्होंने  न सिर्फ सोमेश्वर बल्कि पूरे उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और गाँव में खुशी का माहौल है। लोग उनके घर पर बधाई देने पहुंच रहे हैं।

मेनका मूल रूप से अल्मोड़ा जिले सोमेश्वर तहसील सुतोली गांव की रहने वाली हैं। वर्तमान में वह हल्द्वानी के ऊंचापुल में रहती हैं। मेनका के पिता कैप्टन बीएस भोजक ने कहा कि उनकी बेटी बचपन से ही मेधावी और मेहनती रही हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा पिथौरगढ़ से पूरी की…इसके बाद 10वीं और 12वीं पुणे से और फिर बीकॉम की पढ़ाई की।

मेनका के परिवार में देशभक्ति की भावना गहराई से निहित है। उनके दादा स्व. नीत सिंह सेना से रिटायर्ड थे पिता कैप्टन बीएस भोजक देशसेवा में सक्रिय हैं ताऊ राजेन्द्र सिंह भोजक 17 कुमाऊँ से सेवानिवृत्त और चाचा सूबेदार पद पर थे। बचपन से परिवार के इन प्रेरणादायक उदाहरणों ने मेनका के मन में देशभक्ति की लौ जगा दी।

मेनका ने बिना किसी कोचिंग के 400 यूट्यूब चैनलों की मदद से एयरफोर्स की तैयारी शुरू की। दो बार लिखित परीक्षा पास करने के बावजूद SSB में बाहर हो गईं…लेकिन तीसरे प्रयास में गुजरात से टॉपर बनकर चयन प्राप्त किया। 27 सितंबर 2024 को उनका चयन एयरफोर्स के लिए हुआ। उनकी ट्रेनिंग हैदराबाद में पूरी हुई और 13 दिसंबर 2025 को परेड में अंतिम पग भरते हुए उन्होंने सोमेश्वर का नाम रोशन किया।

इस खुशी के मौके पर मेनका के पिता कैप्टन बीएस भोजक, माता हीरा देवी, दादी और भाई ने उनके कंधों पर स्टार सजाए। इसके बाद परिवार अपने मूल गांव सुतोली सोमेश्वर पहुंचा…जहां पूरे गांव ने जोरदार स्वागत किया। मेनका की 80 साल की दादी भी हैदराबाद से यहां पहुंची और वर्दी में मेनका को देखा।

मेनका ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार के समर्थन और प्रेरणा को दिया और कहा कि उनके लिए यह गर्व की बात है कि उन्होंने सोमेश्वर और उत्तराखंड का नाम रोशन किया।

उत्तराखंड: मास्टर जी शराब के नशे में स्कूल पहुंचे, फिर कर दी बच्चों की छुट्टी

PauriUttarakhand  : TeacherSuspension : AlcoholIncident : SchoolSafety : EducationNews : Uttarakhand News : विकासखंड बीरोंखाल के राजकीय प्राथमिक विद्यालय नानस्यूं में तैनात एक शिक्षक शराब के नशे में स्कूल पहुंच गया और बच्चों को तुरंत छुट्टी देकर घर भेज दिया।

सूचना मिलने के बाद ग्राम प्रधान हिमांशु रावत ने घटना की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक शिक्षा पौड़ी नागेंद्र बर्वाल को दी। इसके बाद शिक्षक तत्काल निलंबित कर दिया गया और उन्हें उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय बीरोंखाल में संबद्ध किया गया।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह विद्यालय में पढ़ने आए सात बच्चे शिक्षक रूपचंद्र को नशे में देखकर हैरान रह गए। उन्होंने कुछ कहने की कोशिश की…लेकिन शिक्षक ने सभी को तुरंत घर भेज दिया।

ग्राम प्रधान ने शिक्षक का वीडियो बनाकर उप शिक्षा अधिकारी बीरोंखाल वर्षा को भेजा। उप शिक्षा अधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक शिक्षा पौड़ी को कार्रवाई की सिफारिश भेजी।

प्रकरण में यह भी उजागर हुआ कि शिक्षक अगस्त माह में भी नशे में स्कूल आए थे उस समय कड़ी चेतावनी दी गई थी। बावजूद इसके उनकी कार्यशैली में कोई सुधार नहीं आया। इस घटना से विद्यालय और विभाग की छवि धूमिल हुई।

विद्यालय में कुल दो शिक्षक तैनात हैं…लेकिन दूसरा शिक्षक किसी प्रशिक्षण में शामिल होने के कारण उस दिन मौजूद नहीं थे।

उत्तराखंड के कोटद्वार में 5 जनवरी से 30 जनवरी तक होगी अग्निवीर भर्ती

AgniveerRecruitment : IndianArmy : Kotdwar : LansdowneARO : DefenseCareers : UttarakhandYouth : लैंसडौन स्थित सेना भर्ती कार्यालय (ARO) ने अग्निवीर भर्ती रैली की तारीखों का ऐलान कर दिया है। यह रैली 15 जनवरी से 30 जनवरी तक कोटद्वार के गबर सिंह कैंप में आयोजित की जाएगी।

जानकारी के अनुसार बीती 30 जून से 10 जुलाई के बीच उत्तराखंड के 26 हजार बच्चों ने ऑनलाइन सीईई परीक्षा दी थी। इसमें 14 हजार अभ्यर्थी रैली में हिस्सा लेने के योग्य पाए गए हैं।

अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.com से डाउनलोड कर सकते हैं।

आरओ के मुताबिक रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी, अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन पदों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यह युवाओं के लिए देश सेवा में शामिल होने का सुनहरा अवसर है।

लोहाघाट के हर्षित को बधाई, ओड़िशा राज्यपाल के नए एडीसी बने

UttarakhandYouth : Champawat : LieutenantHarshitDev : OdishaGovernorADC : ProudMoment : IndianNavy : DefenseAchievement : उत्तराखंड के चम्पावत जिले के लोहाघाट विकासखंड के बिशुंग गांव के लेफ्टिनेंट हर्षित देव ने समूचे प्रदेश का गौरव बढ़ा दिया है। भारतीय नौसेना के प्रतिभाशाली अधिकारी हर्षित देव को ओडिशा के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति का नया एडीसी (Aide-De-Camp) नियुक्त किया गया है। सोमवार को भुवनेश्वर स्थित लोक भवन में आयोजित गरिमामय समारोह में उन्हें औपचारिक रूप से यह दायित्व सौंपा गया।

लेफ्टिनेंट हर्षित देव वर्तमान में आईएनएस आदित्य पर वॉच कीपिंग ऑफिसर (WKO) के रूप में तैनात थे और उन्होंने अपने नौसैनिक करियर में जिम्मेदारी अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया है। हर्षित ने वर्ष 2020 में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) खड़कवासला से प्रशिक्षण पूरा किया और 2021 में भारतीय नौसेना अकादमी (INA), एझिमाला से पास आउट हुए। उन्होंने एप्लाइड इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बी.टेक की डिग्री हासिल की है।

हर्षित के परिवार ने कहा कि उनके पिता नरेश सिंह देव शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त लेक्चरर हैं और राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित रह चुके हैं…जबकि उनकी मां चंद्रकला देव एक कुशल गृहिणी हैं। हर्षित ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई डीएवी इंटर कॉलेज लोहाघाट से पूरी की।

इस नियुक्ति के साथ ही लेफ्टिनेंट हर्षित देव ने न केवल अपने परिवार और क्षेत्र का मान बढ़ाया है….बल्कि पूरे उत्तराखंड का गौरव भी बढ़ाया है। उनके भाई बहन, पूर्व विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, और क्षेत्रवासियों ने हर्षित देव को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी है।

उत्तराखंड में मौसम का अलर्ट, अब बढ़ गई है बारिश-बर्फबारी की संभावना

UttarakhandWeather : Dehradun : WesternDisturbance : SnowAlert : ColdWave : IMDUpdate : Pithoragarh : Chamoli : Rudraprayag : Uttarkashi : FogAlert : Winter2025 : उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन के समय तेज धूप निकल रही है और ठंड का एहसास कम हो रहा है….लेकिन सुबह और शाम के समय राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ी जिलों में पाला पड़ रहा है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में हल्की धुंध (Fog) भी दिखाई देने लगी है।

पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में बदलाव
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 17 दिसंबर की रात से उत्तराखंड समेत पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव दिख सकता है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि इसका असर 21 दिसंबर को स्पष्ट रूप से देखा जाएगा। इस दिन उच्च पर्वतीय जिलों में मौसम करवट लेगा और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग ने विशेष रूप से चार जिलों – उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ – के लिए अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के 3500 मीटर से ऊँचे क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। निचले और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है…जिससे ठंड और बढ़ सकती है।

ठंड बढ़ने की संभावना
पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आती है, जिससे प्रदेश में ठंड और बढ़ सकती है। 21 दिसंबर के बाद शीतलहर जैसे हालात बन सकते हैं। मौसम विभाग ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

राज्य के जिलों का मौसम
आज प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों जैसे हरिद्वार और उधम सिंह नगर में कोहरा छाए रहने के आसार हैं। देहरादून में आज आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।

देहरादून: अधिकतम 25°C, न्यूनतम 7°C

पंतनगर: अधिकतम 16.1°C, न्यूनतम 10.1°C

मुक्तेश्वर: अधिकतम 20.7°C, न्यूनतम 7.0°C

नई टिहरी: अधिकतम 22.0°C, न्यूनतम 7.8°C

प्रदेशवासियों और पर्यटकों को मौसम के अनुसार तैयार रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

गजब की प्रेम कहानी, मंगेतर सेना में है कैप्टन और अब लेफ्टिनेंट बने आयुष पाठक

Dehradun : IndianMilitaryAcademy : IMA #LieutenantAyushPathak : IndianArmy : MilitaryFamily : NationService : ArmyLoveStory : UttarakhandNews : FamilyDedication : जिस रिश्ते की शुरुआत ही वर्दी से हो, वहां देश सेवा खुद-ब-खुद जीवन का उद्देश्य बन जाती है। उत्तर प्रदेश के मथुरा के आयुष पाठक….जिनकी मंगेतर पहले से ही भारतीय सेना में कैप्टन हैं इंडियन मिलिट्री एकेडमी (IMA) से पासआउट होकर खुद भी लेफ्टिनेंट बन गए।

आयुष पाठक की कहानी इसलिए भी खास है….क्योंकि उनका प्रेम वर्दी और देशभक्ति से जुड़ा है। उनकी मंगेतर पहले से भारतीय सेना में तैनात हैं और दोनों एक-दूसरे की प्रेरणा बनकर सेवा का मार्ग चुन चुके हैं।

पाठक परिवार में देशभक्ति की परंपरा गहरी है। आयुष के पिता महादेव पाठक भारतीय वायुसेना में अधिकारी हैं उनकी बड़ी बहन निधि पाठक भारतीय सेना में कैप्टन हैं….और उनके जीजा भी वायुसेना में अधिकारी हैं। इस तरह परिवार का हर सदस्य किसी न किसी रूप में देश की रक्षा में समर्पित है।

IMA की पीपिंग सेरेमनी के दौरान जब परिवार सैन्य वर्दी में एक साथ नजर आया वह दृश्य भावुक कर देने वाला था। बेटे के कंधों पर सितारे सजते देख मां मंजू पाठक की आंखें भर आईं। यह पल गर्व, त्याग और प्रेम का अद्भुत संगम था।

बनभूलपुरा में बिजली चोर एक्टिव, अब दर्ज होगी FIR!

Uttarakhand: Banbhulpura: UPCL: हल्द्वानी नगर क्षेत्र में अत्यधिक लाइन लॉस को लेकर कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने विद्युत विभाग पर सख्त नाराजगी जताई है। आज़ादनगर विद्युत फीडर में 87 प्रतिशत और गांधी नगर फीडर में 70 प्रतिशत लाइन लॉस सामने आने पर आयुक्त ने इसे गंभीर लापरवाही बताया।

मंगलवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए आयुक्त ने निर्देश दिए कि बिजली चोरी रोकने के लिए प्रशासन की मदद से विशेष टीमें गठित कर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए। दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

आयुक्त ने कहा कि जिन क्षेत्रों में लाइनमैन कई वर्षों से तैनात हैं, उनका अन्यत्र स्थानांतरण किया जाए। साथ ही अधिकारियों के साथ-साथ संबंधित क्षेत्रों के लाइनमैनों की भी जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर स्मार्ट मीटर लगाए जाएं।

मुख्य अभियंता आर.सी. गुंज्याल ने बताया कि हल्द्वानी क्षेत्र में सबसे अधिक लाइन लॉस आज़ादनगर और गांधी नगर फीडर में दर्ज किया गया है, जिस पर आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई के निर्देश दिए।

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी पर किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विजिलेंस और विभागीय टीमें सक्रिय होकर छापेमारी करेंगी और उन्हें प्रशासन की ओर से पूरी सुरक्षा दी जाएगी। बैठक में विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

हल्द्वानी की बेटी साउथ अफ्रीका में चमकी, देश के लिए हासिल किए तीन पदक

Haldwani : Press15News : BharghaviRawat : WoodlandsSchool : Under15WorldChampionship : Triathlon : Biathlon : LaserRun : InternationalAchievement : UttarakhandYouth : SportsExcellence : हल्द्वानी के वुडलैंड्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रतिभाशाली छात्रा भार्गवी रावत ने एक बार फिर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। दक्षिण अफ्रीका में 7 से 13 दिसंबर 2025 तक आयोजित अंडर-15 गर्ल्स वर्ल्ड चैंपियनशिप में भार्गवी ने बायथलॉन, ट्रायथलॉन और लेज़र रन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर तीन कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा।

भार्गवी की इस उपलब्धि से न केवल वुडलैंड्स स्कूल बल्कि पूरे हल्द्वानी और उत्तराखंड में खुशी की लहर दौड़ गई है। कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाती है।

वुडलैंड्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की कक्षा 9 की छात्रा भार्गवी के पिता दीपक रावत जीआईसी बनभूलपुरा में प्रवक्ता और मां मोनी रावत जीआईसी मोतीनगर में शिक्षिका हैं।

भार्गवी अब तक राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में 50 से अधिक पदक जीत चुकी हैं। वर्ष 2024 में गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित नेशनल गेम्स में भी उन्होंने तीन स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था।

भार्गवी की सफलता यह साबित करती है कि यदि संकल्प मजबूत हो और मार्गदर्शन सही मिले….तो छोटे शहरों से निकलकर भी अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई जा सकती है। आज वह प्रदेश की युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी हैं।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन प्रधानाचार्य और शिक्षकगण ने भार्गवी को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

उत्तराखंड रोडवेज की 180 बसों की दिल्ली में एंट्री बंद…

Delhi: Uttarakhand: Polution: Buses: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। गुरुवार से BS-6 मानकों से कम उत्सर्जन वाले वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। इस फैसले के तहत उत्तराखंड रोडवेज की लगभग 180 BS-4 श्रेणी की बसों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। सरकार का कहना है कि यह कदम प्रदूषण को नियंत्रित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। ( Delhi Government on Pollution )

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा ने प्रदूषण संकट को लेकर कहा कि कोई भी सरकार दो-तीन महीनों में प्रदूषण को पूरी तरह नियंत्रित नहीं कर सकती। उन्होंने स्वीकार किया कि बढ़ता प्रदूषण खासकर बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है, हालांकि सरकार लगातार इसे नियंत्रित करने के प्रयास कर रही है। ( Uttarakhand buses no entry in Delhi)

मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि दिल्ली के बाहर पंजीकृत BS-6 से कम श्रेणी के वाहनों को ग्रैप-3 और ग्रैप-4 लागू होने की स्थिति में राजधानी में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (PUC) के बिना किसी भी वाहन को पेट्रोल पंप से ईंधन नहीं दिया जाएगा। सरकार का दावा है कि हाल के दिनों में प्रदूषण का स्तर बढ़ा है, लेकिन यह पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर स्थिति में है। मौसम में बदलाव और दृश्यता कम होने के कारण दिल्ली से 131 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि कई ट्रेनें भी देरी से चलीं। दिल्ली सरकार ने लोगों से प्रदूषण नियंत्रण उपायों में सहयोग करने की अपील की है। ( Uttarakhand Roadways Buses In Delhi)

बड़ी खबर: हल्द्वानी में चलेगी सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसें

CNG:Electric: Buses: Haldwani: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आ रही है। केंद्र सरकार और एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) के सहयोग से हल्द्वानी शहर में जल्द ही इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसों का संचालन शुरू होने की संभावना है। नैनीताल रोड और कालाढूंगी रोड के चौड़ीकरण कार्य के पूरा होने के बाद शहर की सड़कों पर ये आधुनिक बसें दौड़ती नजर आ सकती हैं।

जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से ADB करीब 40 नई इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसें उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। इन बसों के संचालन से न केवल यात्रियों को आरामदायक सफर मिलेगा, बल्कि पर्यावरण प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।

हालांकि, इन बसों के संचालन और रखरखाव को लेकर अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है। इस बात पर मंथन जारी है कि जिम्मेदारी परिवहन विभाग, उत्तराखंड परिवहन निगम, जिला प्रशासन या किसी अन्य सक्षम एजेंसी को सौंपी जाए। जिम्मेदार संस्था तय होने के बाद ही प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया जाएगा।

गौरतलब है कि वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हल्द्वानी में आयोजित एक जनसभा के दौरान शहर के विकास के लिए लगभग 2 हजार करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की थी। यह राशि विभिन्न विकास कार्यों के लिए ADB के माध्यम से उपलब्ध कराई जानी है।

इसी बजट के तहत हल्द्वानी शहर में सीवर और पेयजल लाइनों का विस्तृत नेटवर्क बिछाया जा रहा है। वहीं तहसील के पुराने भवन को हटाकर अत्याधुनिक “नमो भवन” के निर्माण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ चुकी है। इस बहुउद्देशीय भवन में तहसील और एसडीएम कार्यालय, रजिस्ट्री दफ्तर, बड़ा सभागार, पुस्तकालय, पार्किंग और सिटी बस स्टैंड जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

इसके अलावा नैनीताल रोड और कालाढूंगी रोड के चौड़ीकरण व सुंदरीकरण के साथ यूटिलिटी डक्ट का निर्माण भी प्रस्तावित है। यूटिलिटी डक्ट बनने के बाद भविष्य में केबल या पाइपलाइन डालने के लिए सड़कों को बार-बार खोदने की समस्या से निजात मिलेगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसों की योजना धरातल पर उतरती है, तो हल्द्वानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा और शहर स्मार्ट व ग्रीन ट्रांसपोर्ट की दिशा में एक अहम कदम बढ़ाएगा।