उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना शुरू

Uttarakhand Youth Scheme | CM Dhami | Free Online Coaching : उत्तराखंड के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ की शुरुआत की। इस योजना के जरिए प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और बेहतर अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

सरकार का उद्देश्य आर्थिक परेशानियों के कारण किसी प्रतिभाशाली युवा की तैयारी प्रभावित न हो, इसके लिए उन्हें घर बैठे जरूरी मार्गदर्शन और पढ़ाई के संसाधन उपलब्ध कराना है।

विश्वविद्यालय और कॉलेज के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

इस योजना का लाभ राज्य के विश्वविद्यालयों के साथ-साथ शासकीय और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा। छात्र अलग-अलग प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग का लाभ उठा सकेंगे।

योजना के तहत संघ लोक सेवा आयोग और राज्य लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षाओं के अलावा रक्षा सेवाओं, बैंकिंग, रेलवे और कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी।

इन परीक्षाओं की तैयारी में भी मिलेगी मदद

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के तहत युवाओं को सामान्य प्रवेश परीक्षा, प्रबंधन अभिरुचि परीक्षा, अभियांत्रिकी में स्नातक अभिरुचि परीक्षा, राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा और वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा जैसी परीक्षाओं के लिए भी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं के लिए खास फायदा

यह योजना खासतौर पर उत्तराखंड के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उन्हें बड़े शहरों में जाकर महंगी कोचिंग लेने की जरूरत नहीं होगी।

युवा घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से विशेषज्ञों का मार्गदर्शन ले सकेंगे और अपनी तैयारी को बेहतर बना सकेंगे। सरकार का मानना है कि इस पहल से प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *